रोहित शर्मा (78) और रेयान रिकेल्टन (81) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई ने 14 साल से चले आ रहे हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया। दरअसल, मुंबई ने पिछली बार 2012 में सत्र का ओपनिंग मुकाबला जीता था। इसके बाद से वह लगातार 14 साल तक ओपनिंग मैच नहीं जीत पाई थी। अब टीम ने केकेआर को हराकर इस अनचाहे रिकॉर्ड से पीछा छुड़ा लिया है।
रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की शतकीय साझेदारियों की सहायता से 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मुंबई को तीसरा झटका रेयान रिकेल्टन के रूप में लगा। वह रनआउट हो गए। उन्होंने 43 गेंदों में चार चौके और आठ छक्के की मदद से 81 रन बनाए। अब तिलक वर्मा का साथ देने कप्तान हार्दिक पांड्या आए हैं।
मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। वह 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब रिकेल्टन का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।
वैभव अरोड़ा ने रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के बीच पहले विकेट के लिए हुई 148 (71 गेंदों) रनों की साझेदारी तोड़ दी। उन्होंने हिटमैन को अनुकूल रॉय के हाथों कैच कराया। वह 38 गेंदों में छह चौके और इतने ही छक्के लगाकर आउट हुए। अब रेयान रिकेल्टन का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए हैं। 12 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 152 रन है।
रोहित शर्मा के बाद रेयान रिकेल्टन ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 24 गेंदों में पचासा जड़ा। नौ ओवर के बाद मुंबई ने बिना किसी नुकसान के 110 रन बना लिए हैं।
रोहित शर्मा ने शानदार अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का 50वां अर्धशतक 23 गेंदों में जड़ा। वह रेयान रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।
चार ओवर का खेल पूरा हो चुका है और मुंबई इंडियंस ने बिना किसी नुकसान के 49 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर डटे हैं। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद है।
अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की अर्धशतकीय साझेदारियों की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन बना लिए हैं। एमआई के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए जबकि हार्दिक पांड्या को एक सफलता मिली।
आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने एमआई को 221 रन का लक्ष्य दिया है। एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर को फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 69 रन जोड़े। एलन पहले विकेट के रूप में 17 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
इसके बाद रहाणे और ग्रीन के बीच दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी हुई। टीम का स्कोर जब 109 था, उस समय ग्रीन 10 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रहाणे ने तीसरे विकेट के लिए अंगकृष रघुवंशी के साथ 36 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 145 तक पहुंचा दिया। रहाणे तीसरे विकेट के रूप में 40 गेंदों पर पांच छक्कों और तीन चौकों की मदद से 67 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए।
रहाणे का विकेट गिरने के बाद रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 60 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 205 तक पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में रघुवंशी 29 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेलकर आउट हुए। रिंकू सिंह 21 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 33 और रमनदीप सिंहचार रन बनाकर नाबाद रहे।
16 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और केकेआर ने तीन विकेट पर 177 रन बना लिए हैं। अंगकृष और रिंकू के बीच चौथे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
मुंबई को तीसरा झटका भी शार्दुल ठाकुर ने दिया। उन्होंने अजिंक्य रहाणे को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वह 40 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए। अब अंगकृष का साथ देने रिंकू सिंह आए हैं।
12 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी क्रीज पर मौजूद हैं। केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 136 रन है।
अजिंक्य रहाणे ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और अंगकृष के साथ साझेदारी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
केकेआर को दूसरा झटका भी शार्दुल ठाकुर ने दिया। उन्होंने रदरफोर्ड के हाथों कैमरन ग्रीन को कैच आउट कराया। वह 10 गेंदों में 18 रन बनाकर लौटे। अब रहाणे का साथ देने अंगकृष रघुवंशी आए हैं। नौ ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 110 रन है।
केकेआर को पहला झटका शार्दुल ठाकुर ने दिया। उन्होंने फिन एलन को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। अब अजिंक्य रहाणे का साथ देने कैमरन ग्रीन आए हैं।
पारी का चौथा ओवर फेंकने आए हार्दिक पांड्या को अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने निशाने पर लिया। दोनों ने चौके-छक्कों की बरसात करते हुए 26 रन बटोरे। इसी के साथ केकेआर का स्कोर 50 के पार पहुंच गया।
केकेआर की पारी शुरू हो चुकी है। अजिंक्य रहाणे और फिन एलन क्रीज पर मौजूद हैं।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडेय, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा, अश्विनी कुमार।
कोलकाता नाइट राइडर्स: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, तेजस्वी दहिया।
मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इस स्थिति में कोलकाता नाइट राइडर्स पहले बल्लेबाजी करती दिखेगी। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में खेलते दिखेंगे।
नीलामी के समय केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण अच्छा नजर आ रहा था, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर कर दिया था, जबकि उसके दो भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी प्रतिभाशाली हैं लेकिन उन पर दबाव हो सकता है। ऐसे में गेंदबाजी विभाग की बड़ी जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती को निभानी पड़ेगी जो टी20 विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। केकेआर की टीम में सीएसके के दो पूर्व खिलाड़ी रचिन रविंद्र और मथीशा पथिराना भी शामिल हैं। टिम सीफर्ट विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर एकमात्र शुरुआती विकल्प हैं, जबकि उनके पास कैमरन ग्रीन और सुनील नरेन के रूप में दो बेहतरीन ऑलराउंडर भी मौजूद हैं। वहीं, फिन एलेन के तौर पर भी टीम के पास एक अच्छा बल्लेबाज है।
मुंबई के लिए सबसे बड़ी चुनौती प्लेइंग-11 में उचित संयोजन तैयार करना होगा। उसकी टीम शुरुआत में कुछ मैच जीतने के लिए प्रतिबद्ध होगी क्योंकि अक्सर वह अच्छी शुरुआत करने में नाकाम रही है। मुंबई में खेलने के कारण कोलकाता नाइट राइडर्स में कप्तान अजिंक्य रहाणे और युवा अंगकृष रघुवंशी के रूप में कुछ स्थानीय खिलाड़ी भी नजर आएंगे लेकिन उसका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आता है जिसका मुंबई इंडियंस पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगा।
मुंबई इंडियंस ने 2013 से लेकर 2020 के बीच पांच बार खिताब जीता था, लेकिन वह पिछले कुछ वर्षों से चैंपियन नहीं बन पाया है। इस बार उसकी निगाह अपना छठा खिताब जीतने पर होगी और इसके लिए वह शानदार शुरुआत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। पिछले साल हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम क्वालिफायर दो में पंजाब किंग्स से हारने के बाद तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन मुंबई इंडियंस इस बार अच्छी तैयारी के साथ मैदान पर उतर रही है।
खिलाड़ियों की चोट के कारण मुश्किल में दिख रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना रविवार को आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस से होगा। आंकड़ों और कागजों पर मुंबई की टीम बेहद मजबूत दिख रही है, लेकिन टी20 का खेल ऐसा है कि इसमें किसी एक टीम को पूरी तरह से दावेदार बताना भारी पड़ सकता है। मुंबई और केकेआर दोनों ही टीमें पिछले कई दिनों से आईपीएल के 19वें सीजन की तैयारियों में जुटी थीं और यह देखना दिलचस्प होगा कि वानखेड़े स्टेडियम पर कौन सी टीम अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करती है।
IPL Live Cricket Score Today, MI vs KKR 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले में जीत के साथ अभियान की शुरुआत करने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।