फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs KKR Highlights: मुंबई ने घर पर चखा जीत का स्वाद, कोलकाता को आठ विकेट से हराया; अश्विनी कुमार चमके

Mon, 31 Mar 2025 10:51 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता 20 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 116 रन ही बना सकी थी। जवाब में मुंबई ने महज 12.5 ओवर में दो विकेट गंवाकर 121 रन बनाए और आठ विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम की यह इस सत्र की पहली जीत है।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:26 PM, 31-Mar-2025

मुंबई आठ विकेट से जीती

मुंबई इंडियंस (एमआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आठ विकेट से हराकर जीत का खाता खोल लिया। सोमवार को वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता केकेआर ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 116 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने रेयान रिकेल्टन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत महज 12.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर प्रशंसकों को चेहरे पर मुस्कान ला दी। इससे पहले गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स ने हराया था।

आईपीएल में यह मुंबई की केकेआर पर 24वीं जीत है। वहीं, वानखेड़े स्टेडियम पर एमाई ने 10वीं बार कोलकाता को मात दी है। 43 गेंदों के शेष रहते मुंबई ने जीत हासिल कर अंक तालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया है। दो अंक और 0.309 के नेट रन रेट के साथ मुंबई छठे पायदान पर पहुंच गई जबकि केकेआर 10वें स्थान पर लुढ़क गई। उनका खाते में दो अंक जरूर हैं लेकिन केकेआर का नेट रन रेट -1.428 हो गया। आईपीएल 2025 की अंक तालिका में शीर्ष पर फिलहाल आरसीबी है जिसने अपने दोनों मैचों में जीत के साथ चार अंक हासिल किए हैं। उनका नेट रन रेट भी +2.266 का है।

117 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी हुई। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। आंद्रे रसेल ने हिटमैन को हर्षित राणा के हाथों कैच आउट कराया। वह 12 गेंदों में 13 रन बना सके। पूर्व भारतीय कप्तान एक बार फिर इस सत्र में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इसके बाद रेयान को विल जैक्स का साथ मिला। रसेल ने 91 के स्कोर पर मुंबई को दूसरा झटका दिया। जैक्स 16 रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार यादव ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और महज नौ गेंदों में 27* रन बनाए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज 62 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

10:14 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: विल जैक्स आउट हुए

मुंबई को दूसरा झटका आंद्रे रसेल ने दिया। उन्होंने विल जैक्स को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। वह 16 रन बनाकर आउट हुए। अब रेयान रिकेल्टन का साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव आए हैं।

10:10 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: रेयान रिकेल्टन का अर्धशतक

रेयान रिकेल्टन ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दूसरे छोर पर विल जैक्स 15 रन बनाकर डटे हुए हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 89/1 है।

विज्ञापन
09:48 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: मुंबई को पहला झटका लगा

मुंबई को पहला झटका आंद्रे रसेल ने दिया। उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को हर्षित राणा के हाथों कैच कराया। हिटमैन इस मैच में 13 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए विल जैक्स उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

09:44 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: मुंबई की सधी शुरुआत

रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई है। दोनों के बीच 40+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। चार ओवर के बाद स्कोर 42/0 है।

विज्ञापन
09:19 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: मुंबई की पारी शुूरू

मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

09:00 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता ने मुंबई के सामने रखा 117 रन का लक्ष्य

अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 116 रन के स्कोर पर रोक दिया। यह इस सत्र का पहला सबसे न्यूनतम स्कोर है। केकेआर आईपीएल में 10वीं बार 120 से कम के स्कोर पर ऑलआउट हुई है। दिलचस्प बात यह है कि छह बार केकेआर, मुंबई इंडियंस के खिलाफ ही आउट हुई है। वानखेड़े में अपना पहला मैच खेल रही मुंबई के गेंदबाजों ने घातक प्रदर्शन किया। उनके लिए दीपक चार ने दो विकेट झटके जबकि ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पांड्या, विग्नेश पुथुर और मिचेल सेंटनर को एक-एक सफलता मिली।

इस मैच के जरिए आईपीएल में डेब्यू करने वाले अश्विनी कुमार ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने महज तीन ओवर के स्पैल में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए चार विकेट झटके। यह आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय गेंदबाज का डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

आईपीएल में डेब्यू पर गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

गेंदबाज ओवर रन विकेट टीम विरोधी टीम वर्ष
अल्जारी जोसेफ 3.4 12 6 मुंबई इंडियंस (MI) सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 2019
एंड्रू टाई 4 17 5 गुजरात लायंस (GL) राइजिंग पुणे सुपरजायंट (RPS) 2017
शोएब अख्तर 3 11 4 कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) दिल्ली डेयरडेविल्स (DD) 2008
अश्विनी कुमार 4 24 4 मुंबई इंडियंस (MI) कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 2025*
केवोन कूपर 4 26 4 राजस्थान रॉयल्स (RR) किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) 2012
डेविड वीज 4 33 4 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) मुंबई इंडियंस (MI) 2015

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता के बल्लेबाजों ने लचर प्रदर्शन किया। पावरप्ले में ही टीम 41 के स्कोर पर चार विकेट खो दिए थे। उनके लिए अंगकृष रघुवंशी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 11, रिंकू सिंह ने 17, मनीष पांडे ने 19 और रमनदीप सिंह ने 22 रन बनाए। वहीं, पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।

08:49 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता को नौवां झटका लगा

99 पर कोलकाता का नौवां विकेट भी गिर गया। विग्नेश पुथुर ने हर्षित राणा को नमन धीर के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए स्पेंसर जॉनसन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रमनदीप सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।

08:38 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: अश्विनी कुमार को चौथी सफलता मिली

इस मैच के जरिए आईपीएल में डेब्यू करने वाले अश्विनी कुमार घातक फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी चौथी सफलता आंद्रे रसेल को बोल्ड कर हासिल की है। फिलहाल क्रीज पर रमनदीप सिंह और हर्षित राणा मौजूद हैं।

08:29 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता को सातवां झटका लगा

कोलकाता को सातवां झटका भी अश्विनी कुमार ने दिया। उन्होंने मनीष पांडे को बोल्ड किया। अब बल्लेबाजी के लिए रमनदीप सिंह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए आंद्रे रसेल क्रीज पर मौजूद हैं।

08:26 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता को छठा झटका

कोलकाता को छठा झटका अश्विनी कुमार ने दिया। उन्होंने रिंकू सिंह को नमन धीर के हाथों कैच कराया। अब बल्लेबाजी के लिए आंद्रे रसेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए मनीष पांडे क्रीज पर मौजूद हैं।

08:06 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: केकेआर की आधी टीम पवेलियन लौटी

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है और केकेआर की आधी टीम महज 45 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गई है। हार्दिक पांड्या ने अंगकृष रघुवंशी को आउट कर कोलकाता को पांचवां झटका दिया जो 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। 

08:00 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: वेंकटेश पवेलियन लौटे

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की शुरुआत काफी खराब रही है और उसने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए हैं। केकेआर के उपकप्तान वेंकटेश अय्यर भी पवेलियन लौट गए हैं। 

07:47 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता को तीसरा झटका

कोलकाता को तीसरा झटका इस मैच में डेब्यू करने वाले अश्विनी कुमार ने दिया। उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) को अपना शिकार बनाया। अब बल्लेबाजी के लिए उपकप्तान वेंकटेश अय्यर उतरे हैं।

07:38 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता का दूसरा विकेट गिरा

कोलकाता को दूसरा झटका दीपक चाहर ने दिया। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब रहाणे का साथ देने के लिए अंगकृष रघुवंशी उतरे हैं।

07:33 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता को पहला झटका

कोलकाता को पहला झटका पहले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने दिया। उन्होंने सुनील नरेन को बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। अब बल्लेबाजी के लिए अजिंक्य रहाणे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: कोलकाता की पारी शुरू हुई

कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। क्विंटन डिकॉक और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:08 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

कोलकाता नाइट राइडर्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट सब: एनरिक नॉर्त्जे, अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, लवनीथ सिसोदिया।

मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेल्टन, विल जैक्स (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, विग्नेश पुथुर।
इम्पैक्ट सब: रोहित शर्मा, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, रॉबिन मिंज, सत्यनारायण राजू।

07:01 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: मुंबई ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि विल जैक्स की वापसी हुई है और अश्वनि कुमार को डेब्यू का मौका मिला है। वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया कि सुनील नरेन इस मैच में खेलेंगे। वह पिछले मुकाबले में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे।

06:51 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...

मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, रियान रिक्लेटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, विल जैक्स, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, विग्नेश पुथुर। 
केकेआरः क्विटंन डिकॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती। 

06:50 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: केकेआर अच्छी फॉर्म में

अजिंक्य रहाणे की अगुआई में केकेआर के पास अपेक्षित ताकत है लेकिन क्विंटन डिकॉक के सलामी जोड़ीदार के रूप में नरेन की अनुपस्थिति में मोईन अली सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे। टीम के बल्लेबाजी क्रम में रहाणे, वेंकटेश अय्यर और अंगकृष रघुवंशी शामिल हैं। रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल की मौजूदगी में केकेआर के पास डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी हैं, जबकि टीम की गेंदबाजी भी उतनी ही आकर्षक है।

06:48 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: नरेन का खेलना फिटनेस पर निर्भर

केकेआर के अनुभवी ऑलराउंडर सुनीर नरेन का इस मैच में खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। नरेन राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में तबीयत ठीक नहीं होने के कारण नहीं खेल पाए थे।नरेन ने शनिवार को ट्रेनिंग की जो बीमारी से उबरने का संकेत है और उनकी संभावित वापसी केकेआर को उत्साहित करेगी क्योंकि उन्होंने आईपीएल में तीन बार की विजेता टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हर्षित राणा और वैभव अरोड़ा ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्पेंसर जॉनसन के साथ मिलकर नई गेंद का मजबूत आक्रमण बनाते हैं लेकिन केकेआर की असली ताकत उनके स्पिन आक्रमण में है जिसमें नरेन और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं। 

06:47 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: हार्दिक पर रहेंगी निगाहें

कप्तान हार्दिक पांड्या व्यक्तिगत मोर्चे पर लगातार सफलता के बाद वानखेड़े स्टेडियम में फिर से जोश से भरकर लौटेंगे जहां के दर्शक पिछले साल रोहित से उनके मुंबई की कमान संभालने पर पूरी तरह से उनके खिलाफ थे। जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति मुंबई इंडियंस को बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों ट्रेंट बोल्ट और रीस टॉप्ले के साथ अपने नए गेंद के आक्रमण को उतारने से रोकेगी क्योंकि दीपक चाहर को न्यूजीलैंड के अनुभवी गेंदबाज के साथ तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी साझा करनी होगी।

06:46 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: रोहित की फॉर्म चिंता का विषय

मुंबई के लिए पूर्व कप्तान रोहित शर्मा फॉर्म चिंता का विषय है। रोहित बल्ले से लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जबकि आक्रामक बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन अपने पहले आईपीएल टूर्नामेंट में भारतीय पिचों पर अभी तक लय हासिल नहीं कर पाए हैं। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने अपनी प्रतिभा की झलक तो दिखाई है लेकिन वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। दूसरी ओर रोहित दोनों मैच में दोहरे अंक में पहुंचने में नाकाम रहे जिसमें एक बार वह खाता भी नहीं खोल पाए। सूर्यकुमार यादव टाइटंस के खिलाफ 48 रन बनाकर फॉर्म में लौटते दिख रहे थे लेकिन यह पारी वैसी नहीं थी, जिसके लिए भारतीय टी20 कप्तान को पहचाना जाता है।

06:45 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: मुंबई के लिए आईपीएल की शुरुआत लगातार हार के साथ करना कोई नई बात नहीं

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल सत्र की शुरुआत लगातार हार के साथ करना कोई नई बात नहीं है। टीम को अब तक चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के खिलाफ दो मैच में हार झेलनी पड़ी है। टूर्नामेंट में हमेशा धीमी शुरुआत करने वाली यह टीम ट्रॉफी जीतने के लिए एकजुट होकर खेलने के लिए जानी जाती है लेकिन अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए मुंबई को अपने गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन और बल्लेबाजों से निरंतरता की आवश्यकता होगी, विशेषकर तब जब उनके पास निचले क्रम में विशेषज्ञ फिनिशर की कमी है। 

06:36 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Live Score: हेड टु हेड रिकॉर्ड

केकेआर की कोशिश होगी कि वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस लय को बरकरार रखे। वहीं, अगर केकेआर के खिलाफ वापसी नहीं कर सकी तो वह हार की हैट्रिक लगा लेगी। केकेआर और मुंबई के बीच आईपीएल में अब तक 34 मैच हुए हैं जिसमें से पांच बार की चैंपियन मुंबई ने 23 बार जीत हासिल की है, जबकि कोलकाता की टीम सिर्फ 11 मुकाबले ही जीत सकी है। दोनों के बीच हेड टु हेड रिकॉर्ड में मुंबई अपने प्रतिद्वंद्वी केकेआर से काफी आगे है, लेकिन कोलकाता का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से शानदार चल रहा है। 

06:25 PM, 31-Mar-2025

MI vs KKR Highlights: मुंबई ने घर पर चखा जीत का स्वाद, कोलकाता को आठ विकेट से हराया; अश्विनी कुमार चमके

IPL Live Cricket Score, MI vs KKR Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 का रोमांच जारी है। 18वें सत्र का 12वां मुकाबला गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच वानखेड़े में खेला जाएगा। इस मैच में केकेआर अपनी लय बरकरार रखने उतरेगी जबकि पांच बार की विजेता मुंबई को अपनी पहली जीत की तलाश होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें