कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 24 रनों से हरा दिया। मुंबई की इस हार ने उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया है। वहीं, केकेआर के खाते में 14 अंक हो गए हैं। अंक तालिका में श्रेयस अय्यर की टीम दूसरे स्थान पर है और प्लेऑफ के लिए क्वलीफाई करने की कगार पर है। मुंबई -0.356 नेट रनरेट के साथ नौवें पायदान पर है।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। पावरप्ले में एमआई ने 46 रनों के स्कोर पर तीन विकेट खो दिए। ईशान किशन 13, नमन धीर और रोहित शर्मा 11-11 रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे सूर्यकुमार यादव ने विस्फोटक प्रदर्शन किया। उन्होंने 35 गेंदों में 56 रन बनाए। 360 डिग्री बल्लेबाज ने 30 गेंदों में पचासा लगाया। यह उनके आईपीएल करियर का 24वां अर्धशतक है। वहीं, टिम डेविड 24 रन बनाने में कामयाब हुए। मुंबई के लिए तिलक ने चार, नेहल ने छह, पांड्या ने एक, गेराल्ड ने आठ, पीयूष शून्य और जसप्रीत (नाबाद) ने एक रन बनाया। मुंबई की टीम 18.5 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
19वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट चटकाए। उन्होंने टिम डेविड, पीयूष चावला और गेराल्ड कोएत्जी को आउट किया। इस मैच में उन्होंने चार विकेट चटकाए। वहीं, वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ने दो-दो विकेट लिए।
मुंबई को आठवां झटका मिचेल स्टार्क ने दिया। उन्होंने टिम डेविड को श्रेयस अय्यर को आउट कराया। वह 20 गेंदों में 24 रन बनाकर लौटे।
मुंबई को सातवां झटका आंद्रे रसेल ने दिया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को 120 रन के स्कोर पर आउट किया। वह 35 गेंदों में 56 रन बनाकर लौटे। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए गेराल्ड कोएत्जी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए टिम डेविड क्रीज पर मौजूद हैं।
30 गेंदों में सूर्या ने जोरदार पचासा जड़ा है। वह दमदार बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का 24वां अर्धशतक लगाया है। सूर्या अब कोलकाता के गेंदबाजों को आड़े हाथों लेते नजर आ रहे हैं।
कोलकाता के गेंदबाज इस मैच में कहर बरपा रहे हैं। आंद्रे रसेल ने पारी के 12वें ओवर में कप्तान हार्दिक पांड्या को आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टिम डेविड उतरे हैं। टीम को जीत के लिए 51 गेंदों में 91 रनों की जरूरत है।
मुंबई का पांचवां विकेट नेहल वढेरा के रूप में लगा। उन्हें सुनील नरेन ने बोल्ड किया। वह सिर्फ छह रन बना सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं।
तिलक वर्मा चार रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने सुनील नरेन के हाथों कैच कराया। मुंबई का बल्लेबाजी क्रम कोलकाता के गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करता दिख रहा है। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नेहल वढेरा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 61/4 है।
छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर सुनील नरेन ने रोहित शर्मा को आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। इसी के साथ पावरप्ले भी समाप्त हो गया। छह ओवर में मुंबई ने तीन विकेट खो दिए। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 46/3 है।
मुंबई को दूसरा झटका वरुण चक्रवर्ती ने दिया। उन्होंने नमन धीर को 38 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। पांचव ओवर के बाद टीम का स्कोर 41/2 है।
मुंबई को पहला झटका मिचेल स्टार्क ने दिया। उन्होंने पारी के दूसरे और अपने पहले ओवर में ईशान किशन को बोल्ड किया। वह सिर्फ 13 रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नमन धीर उतरे हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 16/1 है।
170 रन का पीछा करने को मुंबई तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए रोहित शर्मा और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। हिटमैन इस मैच में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर उतरे हैं। पारी का पहला ओवर वैभव अरोड़ा फेंक रहे हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स का बल्लेबाजी क्रम मुंबई इंडियंस के खिलाफ संघर्स करते दिखा। 57 रन के स्कोर पर टीम ने पांच विकेट खो दिए। सॉल्ट-नरेन जैसे बल्लेबाज मुंबई की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। इस मैच में सॉल्ट ने पांच, रघुवंशी ने 13, श्रेयस अय्यर ने छह, सुनील नरेन ने आठ और रिंकू सिंह ने नौ रन बनाए।
इसके बाद मोर्चा मयंक पांडे और वेंकटेश अय्यर ने संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 62 गेंदों में 83 रनों की साझेदारी हुई। इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतरे पांडे को हार्दिक पांड्या ने आउट किया। वह 42 रन बनाकर लौटे। 17वें ओवर में कोलकाता को दो झटके लगे। आंद्रे रसल इस ओवर में सिर्फ सात रन बना सके।
मुंबई के गेंदबाजों ने इस मैच में कहर बरपाया। जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट चटकाए। वानखेड़े स्टेडियम पर उन्होंने अपने 50 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क और वेंकटेश अय्यर को आउट किया। अय्यर ने मुंबई के खिलाफ 70 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और तीन छक्के निकले। मुंबई के लिए नुवान तुषारा ने तीन, कप्तान पांड्या ने दो और पीयूष चावला ने एक विकेट चटकाया। कोलकाता की टीम 19.5 ओवर में 169 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
हार्दिक पांड्या ने आंद्रे रसेल को रन आउट कर दिया। वह सिर्फ सात रन बना सके। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 153/7 है।
कोलकाता को छठा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने मनीष पांडे को पारी 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। वह इस मैच में 42 रन बनाने में कामयाब हुए। मनीष ने वेंकटेश अय्यर के साथ 83 रनों की साझेदारी निभाकर कोलकाता को संकट से उबारा।
वेंकटेश अय्यर और मनीष पांडे दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों कोलकाता को मुश्किल की परिस्थिति से निकालने में जुटे हैं। दोनों के बीच 71 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 128/5 है।
57 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स को वेंकटेश अय्यर और मनीष पांडे ने संभाला है। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। अय्यर 30 और पांडे 16 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 11 ओवर के बाद टीम का स्कोर 91/5 है।
कोलकाता को पांचवां झटका पीयूष चावला ने दिया। उन्होंने रिंकू सिंह को 57 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ नौ रन बना सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मनीष पांडे उतरे हैं। सात ओवर के बाद टीम का स्कोर 60/5 है।
कोलकाता को चौथा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने सुनील नरेन को बोल्ड किया। वह सिर्फ आठ रन बना सके। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह उतरे हैं। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 51/4 है।
कोलकाता को तीसरा झटका भी नुवान तुषारा ने ही दिया। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर को टिम डेविड के हाथों को कैच आउट कराया। वह सिर्फ छह रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वेंकटेश अय्यर उतरे हैं।
कोलकाता को दूसरा झटका 22 रन के स्कोर पर लगा। नुवान तुषारा ने अंगकृष रघुवंशी को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 13 रन बना सके। सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच पकड़ा। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए श्रेयस अय्यर उतरे हैं।
कोलकाता को पहला झटका फिल सॉल्ट के रूप में लगा। पारी के पहले ओवर में नुवान तुषारा ने उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अंगकृष रघुवंशी उतरे हैं। एक ओवर के बाद टीम का स्कोर 14/1 है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स बल्लेबाजी के लिए तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए सुनील नरेन और फिल सॉल्ट उतरे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पारी का पहला ओवर नुवान तुषारा फेंक रहे हैं।
मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नेहल वढेरा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, टिम डेविड, गेराल्ड कोएत्जी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा।
इम्पैक्ट सब : रोहित शर्मा, शम्स मुलानी, शिवालिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, रोमारियो शेफर्ड।
कोलकाता नाइट राइडर्स : फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट सब : अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, श्रीकर भरत, शेरफेन रदरफोर्ड, चेतन सकारिया।
मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि इस मैच में मुंबई एक बदलाव के साथ उतरेगी। नमन धीर की टीम में वापसी हुई है। उन्हें मोहम्मद नबी की जगह मौका मिला है। वहीं,कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि उनकी टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के खेलती नजर आएगी।
ईशान किशन लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और पावरप्ले में विकेट गंवाना मुंबई की कमजोरी रही है।भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 158. 29 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, लेकिन लगातार बड़ी पारियां नहीं खेल सके हैं। टी-20 विश्व कप से पहले उनके फॉर्म पर भी नजरें होंगी। वहीं सूर्यकुमार यादव ने दो अर्धशतक बनाए हैं, लेकिन अपनी क्षमता के साथ पूरी तरह न्याय नहीं कर सके हैं। कप्तान हार्दिक पंड्या बल्ले या गेंद किसी से भी कमाल नहीं कर सके हैं। हालांकि, टी-20 विश्व कप टीम का उपकप्तान बनाए जाने से उनका मनोबल बढ़ा होगा।
दूसरी ओर मुंबई प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर लग रही है। हालांकि, उसे चार मैच और खेलने हैं और इनमें सभी जीतने पर भी उसके 14 ही अंक होंगे जो प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए शायद कम होंगे। मुंबई के लिए प्लेऑफ की उम्मीदों को बनाए रखने के लिए यहां से सभी मैच जीतने होंगे और उम्मीद करनी होगी कि बाकी टीमें अपने मैच बड़े अंतर से हारें।
जसप्रीत बुमराह ( 14 विकेट ) और गेराल्ड कोएत्जी (13 विकेट ) मुंबई के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं, लेकिन एक ईकाई के रूप में टीम गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी है। बल्लेबाजी में तिलक वर्मा ने तीन अर्धशतक समेत 343 रन बनाए हैं, लेकिन बाकी बल्लेबाज नाकाम ही रहे हैं।
बल्लेबाजी में अति आक्रामक रवैये का केकेआर को फायदा मिला है, लेकिन गेंदबाजी में सुधार की गुंजाइश है। मिचेल स्टार्क प्रति ओवर 12 की दर से रन लुटा रहे हैं और उन्हें सात ही विकेट मिले हैं। बल्लेबाजों की मददगार पिचों पर ऑस्ट्रेलिया का यह तेज गेंदबाज कोई कमाल नहीं कर पा रहा। हर्षित राणा ने सर्वाधिक 11 विकेट लिए हैं, लेकिन दिल्ली के अभिषेक पोरेल के विकेट पर अति आक्रामक जश्न मनाने के कारण उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगा है। वैभव अरोड़ा ने पांच मैचों में नौ विकेट लिए हैं।
वानखेड़े स्टेडियम बल्लेबाजों की मददगार पिच के लिए मशहूर है और इस पर 200 से अधिक का स्कोर बनना तय है। नजरें रिंकू सिंह पर भी होंगी जिन्हें टी-20 विश्व कप के लिए भारत की मुख्य टीम में जगह नहीं मिलने से काफी बहस हो रही है। उन्हें इस साल आईपीएल में खेलने का अधिक समय ही नहीं मिल सका।
खराब फॉर्म से जूझ रही मुंबई इंडियंस के खिलाफ शुक्रवार को आईपीएल के मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स अपनी कमजोरियों से पार पाने के इरादे से उतरेगी। नौ मैचों में छह जीत के बाद 12 अंक लेकर केकेआर तालिका में दूसरे स्थान पर है और प्लेऑफ में उसकी जगह लगभग पक्की लग रही है। हालांकि, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को हर विभाग में लगातार अच्छा प्रदर्शन करके किसी तरह की कोताही से बचना होगा। केकेआर ने पिछले छह में से तीन मैच गंवाए हैं और पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करके उसे हराया, लेकिन फिर केकेआर ने वापसी करके दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से मात दी।