आईपीएल 2022 के 56वें मुकाबले में दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 52 रन से हरा दिया है। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन बनाए।
जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 10 रन देकर पांच विकेट झटके। इसके जवाब में मुंबई की टीम 17.3 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। बुमराह के प्रदर्शन पर पैट कमिंस भारी पड़े। कमिंस ने मुंबई की पारी के 15वें ओवर में तीन विकेट झटके। उन्होंने अर्धशतक जमा चुके ईशान किशन, डेनियल सैम्स और मुरुगन अश्विन को पवेलियन भेजा।
इस जीत के साथ कोलकाता की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार हैं। कोलकाता के अब 12 मैचों में पांच जीत और सात हार के साथ 10 अंक हैं। टीम अंक तालिका में नौवें से सातवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे है। मुंबई की यह इस सीजन नौवीं हार रही।
टीम 11 में से दो मैच जीतकर और चार अंक के साथ 10वें स्थान पर बरकरार है। यह आईपीएल इतिहास में मुंबई के लिए सबसे खराब सीजन बन गया है। इससे पहले टीम ने 2009, 2014 और 2018 में आठ-आठ मैच हारे थे। टीम आईपीएल इतिहास में पहली बार एक सीजन में नौ मैच हारी है।
17वें ओवर में 112 के स्कोर पर मुंबई को आठवां झटका लगा। इस ओवर की आखिरी गेंद पर कुमार कार्तिकेय रन आउट हुए। उन्हें रहाणे के थ्रो पर विकेटकीपर जैक्सन ने रन आउट किया। फिलहाल कीरोन पोलार्ड और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।
जसप्रीत बुमराह के बाद मैच में पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। 15वें ओवर में कमिंस ने तीन विकेट झटके। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन को पवेलियन भेजा। ईशान 43 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद चौथी गेंद पर कमिंस ने डेनियल सैम्स को विकेटकीपर जैक्सन के हाथों कैच कराया। सैम्स एक रन बना सके। ओवर की आखिरी गेंद पर कमिंस ने मुरुगन अश्विन को वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच कराया। अश्विन खाता भी नहीं खोल सके। 15 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर सात विकेट पर 102 रन है।
14 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने चार विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। अब मुंबई को 36 गेंदों पर 66 रन की जरूरत है। ईशान किशन ने आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 41 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। सुनील नरेन के इसी ओवर में श्रेयस अय्यर ने कीरोन पोलार्ड का कैच भी छोड़ दिया। नरेन की शॉर्ट ऑफ लेंथ बॉल को पोलार्ड ने पुल किया और 30 यार्ड के सर्कल में मिड विकेट पर खड़े श्रेयस के पास गेंद पहुंची। हालांकि, स्पीड की वजह से गेंद श्रेयस के हाथों से निकल गई।
13वें ओवर में 83 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को चौथा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने टिम डेविड को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। डेविड नौ गेंदों पर 13 रन बना सके। इसमें तीन चौके शामिल हैं। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 90 रन है। फिलहाल कीरोन पोलार्ड तीन गेंदों पर सात रन और ईशान किशन 39 गेंदों पर 43 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
11वें ओवर में 69 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका लगा। आंद्रे रसेल ने रमनदीप सिंह को नीतीश राणा के हाथों कैच कराया। वह 16 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। रसेल ने अपना दूसरा विकेट झटका। इससे पहले उन्होंने तिलक वर्मा को पवेलियन भेजा था। 11 ओवर के बाद मुंबई ने तीन विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। रमनदीप के आउट होने के बाद क्रीज पर आए टिम डेविड ने रसेल की लगातार तीन गेंदों पर तीन चौके जड़े। फिलहाल डेविड तीन गेंदों पर 12 रन और ईशान किशन 36 गेंदों पर 42 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
10 ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 34 गेंदों पर 39 रन और रमनदीप सिंह 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कप्तान रोहित शर्मा दो रन और तिलक वर्मा छह रन बनाकर आउट हुए। मुंबई को फिलहाल 60 गेंदों पर 100 रन की जरूरत है।
सात ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 46 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 26 गेंदों पर 29 रन और रमनदीप सिंह पांच गेंदों पर चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। कप्तान रोहित शर्मा दो रन और तिलक वर्मा छह रन बनाकर आउट हुए।
पांचवें ओवर में मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका लगा। आंद्रे रसेल ने तिलक वर्मा को नीतीश राणा के हाथों कैच कराया। वह पांच गेंदों पर छह रन बना सके। इससे पहले रोहित भी दो रन बनाकर आउट हुए थे। पांच ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 32 रन है। फिलहाल ईशान किशन और रमनदीप सिंह क्रीज पर हैं।
चार ओवर के बाद मुंबई ने एक विकेट गंवाकर 26 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 17 गेंदों पर 19 रन और तिलक वर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। कप्तान रोहित शर्मा दो रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। टिम साउदी की शॉर्ट ऑफ लेंथ बॉल पर रोहित ने बल्ला लगाना चाहा, लेकिन गेंद उनसे मिस होकर विकेटकीपर शेल्डन जैक्सन के पास पहुंची। इसके बाद कोलकाता के खिलाड़ियों ने कॉट बहाइंड की अपील की। इस पर फील्ड अंपायर ने नॉटआउट करार दिया। कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने डिसीजन रिव्यू सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए थर्ड अंपायर से फैसला करने को कहा। इसके बाद रिव्यू में अल्ट्राएज में बल्ले के पास से गुजरते वक्त मीटर में क्लीयर स्पाइक दिखा। इतना ही नहीं गेंद के बल्ले तक पहुंचने से पहले भी अल्ट्राएज में स्पाइक दिखे। थर्ड अंपायर ने 'स्पाइक्स एवरीवेयर' का फायदा बॉलिंग साइड को दिया। इस तरह रोहित आउट हुए। रोहित इससे नाखुश नजर आए। वह छह गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 166 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। 13 ओवर तक कोलकाता की टीम मजबूत स्थिति में थी और 123 रन पर सिर्फ दो विकेट गंवाए थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपना विकेट गंवाया और फिर जसप्रीत बुमराह ने कहर बरपाया। बुमराह ने चार ओवर के स्पेल में 10 रन दिए और पांच विकेट झटके।
यह टी-20 क्रिकेट में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। इससे पहले उन्होंने 2020 में दिल्ली के खिलाफ दुबई में 14 रन देकर चार विकेट झटके थे। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने पहली बार पारी में पांच विकेट झटके। कोलकाता ने आखिरी 42 रन बनाने में सात विकेट गंवा दिए। टीम 123 पर दो से 165 पर नौ विकेट तक पहुंची। आखिरी पांच ओवर में कोलकाता ने 25 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। मुंबई की टीम अगर ये मैच जीतती है, तो कोलकाता प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी।
19वें ओवर में कोलकाता को नौवां झटका लगा। डेनियल सैम्स ने टिम साउदी को कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच कराया। साउदी शून्य पर आउट हुए। फिलहाल रिंकू सिंह और वरुण चक्रवर्ती क्रीज पर हैं।
जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। पहले 15वें ओवर में बुमराह ने आंद्रे रसेल और नीतीश राणा को पवेलियन भेजा था। इसके बाद 18वें ओवर में बुमराह ने शेल्डन जैक्सन, पैट कमिंस और सुनील नरेन को पवेलियन भेजा। शेल्डन पांच रन बना सके। वहीं, नरेन और कमिंस खाता भी नहीं खोल सके। बुमराह अब तक तीन ओवर में नौ रन देकर पांच विकेट ले चुके हैं। यह टी-20 में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी भी है। 18वें ओवर में उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। यह ट्रिपल विकेट मेडन रहा। 18 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर आठ विकेट पर 156 रन है।
15वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने इसी ओवर में कोलकाता को दो झटके दिए। पहले उन्होंने आंद्रे रसेल और फिर नीतीश राणा को पवेलियन भेजा। 136 के स्कोर पर कोलकाता को चौथा झटका लगा। बुमराह ने ओवर की पहली ही गेंद आंद्रे रसेल को यॉर्कर फेंकी। रसेल इस पर गिरते गिरते बचे। इसके बाद अगली गेंद बुमराह ने लेंथ बॉल फेंकी, जिसपर रसेल बड़े शॉट के लिए गए और कीरोन पोलार्ड को कैच थमा बैठे। रसेल पांच गेंदों पर नौ रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर शॉर्ट बॉल पर नीतीश राणा को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। नीतीश 26 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में नीतीश ने तीन चौके और चार छक्के लगाए। 15 ओवर के बाद कोलकाता ने पांच विकेट गंवाकर 140 रन बना लिए हैं। फिलहाल शेल्डन जैक्सन और रिंकू सिंह क्रीज पर हैं।
14वें ओवर में 123 के स्कोर पर कोलकाता को तीसरा झटका लगा। कप्तान श्रेयस अय्यर एकबार फिर फेल रहे। वह आठ गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन ने विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। श्रेयस इस सीजन रिस्ट स्पिनर्स को खेलने में नाकाम रहे हैं। श्रेयस ने रिस्ट स्पिनर्स के खिलाफ सात पारियों में 100 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 36 रन ही बनाए और और छह बार आउट हुए हैं। 14 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 136 रन है। नीतीश राणा 25 गेंदों पर 43 रन और आंद्रे रसेल तीन गेंदों पर नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
13 ओवर के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा 23 गेंदों पर 39 रन और श्रेयस अय्यर छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। पोलार्ड ने 13वें ओवर में 17 रन लुटाए। इस ओवर में नीतीश ने दो छक्के और एक चौका लगाया।
11 ओवर के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा 16 गेंदों पर 22 रन और श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 11वें ओवर में कुमार कार्तिकेय ने अजिंक्य रहाणे को क्लीन बोल्ड किया। रहाणे रिवर्स स्वीप लगाने के चक्कर में आउट हुए। उन्होंने 24 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली। अपनी पारी में कोलकाता ने तीन चौके लगाए। इस ओवर की आखिरी दो गेंदों पर नीतीश ने लगातार दो छक्के लगाए।
नौ ओवर के बाद कोलकाता ने एक विकेट गंवाकर 78 रन बना लिए हैं। फिलहाल अजिंक्य रहाणे 18 गेंदों पर 18 रन और नीतीश राणा 12 गेंदों पर आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। कोलकाता को पहला झटका वेंकटेश अय्यर के रूप में लगा। वह 24 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए।
छह ओवर के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक विकेट गंवाकर 64 रन बना लिए हैं। यह इस सीजन कोलकाता का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। इससे पहले उन्होंने ब्रेबोर्न में राजस्थान के खिलाफ एक विकेट गंवाकर 57 रन बनाए थे। फिलहाल नीतीश राणा चार रन और अजिंक्य रहाणे नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। इसी ओवर में कोलकाता को पहला झटका लगा।
तूफानी बल्लेबाजी कर रहे वेंकटेश अय्यर को कुमार कार्तिकेय ने डेनियल सैम्स के हाथों कैच कराया। वेंकटेश 24 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। वेंकटेश और रहाणे के बीच 60 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई, जो कि इस सीजन कोलकाता के लिए सर्वश्रेष्ठ है। इन दोनों ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। रहाणे और वेंकटेश ने वानखेड़े में चेन्नई के खिलाफ 43 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी।
चार ओवर के बाद कोलकाता ने बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेंकटेश अय्यर 16 गेंदों पर 20 रन और अजिंक्य रहाणे आठ गेंदों पर नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोलकाता ने इस मैच में पांच बदलाव किए और उन्हें इस मैच में जीत दर्ज करना जरूरी है। हारने पर उन पर प्लेऑफ की रेस से बाहर होने का खतरा मंडराने लगेगा।
कोलकाता के सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। दोनों ने दो ओवर में 16 रन जोड़ लिए हैं। वेंकटेश 10 गेंदों पर 13 रन और रहाणे दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। मुंबई को बड़ा झटका लगा है। सूर्यकुमार यादव बाकी बचे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रमनदीप सिंह को प्लेइंग-11 में जगह मिली है।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नीतीश राणा, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, शेल्डन जैक्सन (विकेटकीपर), पैट कमिंस, टिम साउदी, वरुण चक्रवर्ती।
मुंबई इंडियंस: ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), तिलक वर्मा, टिम डेविड, कीरोन पोलार्ड, रमनदीप सिंह, डेनियल सैम्स, मुरुगन अश्विन, कुमार कार्तिकेय, जसप्रीत बुमराह, राइली मेरेडिथ।
मुंबई की प्लेइंग-11
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मुंबई के कप्तान रोहित ने प्लेइंग-11 में सिर्फ एक बदलाव किया है। सूर्यकुमार यादव चोट की वजह से बाकी बचे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में रमनदीप सिंह को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है। वहीं, कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम में पांच बदलाव किए हैं। अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, पैट कमिंस, वरुण चक्रवर्ती और शेल्डन जैक्सन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
डीवाई पाटिल स्टेडियम में पिछले पांच मैचों में पहले बैटिंग करने वाली टीम दो मैच जीती है। वहीं, बाद में बैटिंग करने वाली टीम को तीन मैचों में जीत हासिल हुई है। इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों की इकोनॉमी रेट शानदार रही है। पिछले पांच मैचों में पहले इनिंग्स का स्कोर कुछ इस प्रकार रहा है- 181, 155, 158, 143, 208 रन।
रोहित भी मुंबई की तरफ से आईपीएल में 5000 रन पूरे करने से 88 रन दूर हैं और वह सोमवार को इस मुकाम तक पहुंच सकते हैं। मुंबई के बल्लेबाज रोहित, किशन और सूर्यकुमार यादव जहां पावरप्ले का अच्छी तरह से उपयोग करने में माहिर हैं वहीं केकेआर पहले छह ओवरों में रन बनाने के लिए जूझ रहा है।
केकेआर के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कहा कि हम पावरप्ले में संघर्ष करते रहे हैं जो इस पूरे सत्र में हमारे लिए निराशाजनक रहा। पूरे टूर्नामेंट में बीच के ओवरों में हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा तथा डेथ ओवरों में भी हमने बुरा खेल नहीं दिखाया।
मुंबई की टीम प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। वह अब अन्य टीमों के समीकरण बिगाड़ सकती है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम के 10 मैचों में चार अंक हैं। वह अधिक से अधिक 12 अंक तक पहुंच सकती है जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के 12 अंक हैं, जबकि तीन अन्य टीम के 16 और 14 अंक हैं।
नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में केकेआर को शनिवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स से बड़ी हार झेलनी पड़ी। उसके 11 मैचों में आठ अंक है। वह बाकी बचे तीन मैच में अधिकतम 14 अंक तक पहुंच सकता है, लेकिन इससे भी उसकी चौथे स्थान पर रहने की गारंटी नहीं दी जा सकती।
कोलकाता को यदि आईपीएल में अपनी धुंधली उम्मीदें जिंदा रखनी हैं तो उसे जल्द से जल्द सही प्लेइंग कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरना होगा। पिछले मैच में गुजरात पर मिली जीत के बाद मुंबई इंडियंस का मनोबल बढ़ा होगा और टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ आज मैदान पर उतरेगी।
शीर्ष क्रम में कई संयोजन आजमाना और टीम में लगातार बदलाव करना इस सीजन केकेआर को भारी पड़ा है। वह तालिका में शीर्ष पर काबिज लखनऊ सुपर जाएंट्स से 75 रन से करारी हार झेलने के बाद इस मैच में उतरेगा। दूसरी तरफ मुंबई की टीम ने दूसरे नंबर की टीम गुजरात टाइटंस पर पांच रन से जीत दर्ज की थी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 56वें मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) का सामना दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से है। डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले इस मैच में कोलकाता को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए जीत जरूरी है। वहीं, मुंबई की टीम केकेआर के समीकरण को बिगाड़ने के लिए मैदान पर उतरेगी। मुंबई की टीम प्लेऑफ के रेस से बाहर हो चुकी है।