सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की शानदार साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को नौ विकेट से हराया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए थे, लेकिन रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट लिए शतकीय साझेदारी की जिससे मुंबई ने 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित 45 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 68 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रियान रिक्लेटन और रोहित ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। मुंबई को पहला झटका रिक्लेटन के रूप में लगा जो 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। पिछले कुछ बार की तरह इस मैच में भी मुंबई ने रोहित का इस्तेमाल इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर किया। रोहित पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे थे, लेकिन इस मैच में वह अलग ही लय में नजर आए।
रोहित ने इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक 33 गेंदों पर जड़ा और फॉर्म में जबरदस्त तरीके से वापसी की। रोहित का साथ सूर्यकुमार ने बखूबी निभाया जो शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते दिखे। सूर्यकुमार ने महज 26 गेंदों पर पचासा पूरा किया। इसके बाद तो सूर्यकुमार अलग ही गियर में नजर आए। सूर्यकुमार और रोहित ने 16वां ओवर डालने आए मथीशा पथिराना को आड़े हाथों लिया और तीन छक्के लगाकर मैच अपने नाम कर लिया। रोहित और सूर्यकुमार के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की अविजित साझेदारी हुई। सीएसके के लिए एकमात्र सफलता रवींद्र जडेजा को मिली। मुंबई की यह आठ मैचों में चौथी जीत है और वह आठ अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर आ गई है। वहीं, सीएसके को आठ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है।
सूर्यकुमार यादव ने सीएसके के खिलाफ 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। सूर्यकुमार और रोहित के बीच दूसरे विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे मुंबई का स्कोर 140 के पार पहुंच गया है।
रोहित शर्मा ने 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। सीएसके के खिलाफ रोहित ने शानदार बल्लेबाजी की और सीजन का पहला अर्धशतक जड़ा। रोहित की शानदार बल्लेबाजी की मदद से मुंबई का स्कोर 110 के पार पहुंच गया है। मुंबई ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 112 रन बना लिए हैं।
मुंबई इंडियंस को रियान रिक्लेटन के रूप में पहला झटका लगा है। रिक्लेटन 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छ्क्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। रिक्लेटन को जडेजा ने अपना शिकार बनाया।
सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए रियान रिक्लेटन और रोहित शर्मा ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई है। पावरप्ले समाप्त होने के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 62 रन हो गया है। मुंबई को अब जीत के लिए 84 गेंदों पर 115 रन और बनाने हैं।
सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने अच्छी शुरुआत की है। मुंबई ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 35 रन बना लिए हैं।
सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो गई है। मुंबई के लिए एक बार फिर रोहित इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं। सीएसके ने मुंबई को 177 रनों का लक्ष्य दिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे के अर्धशतकों की मदद से मुंबई इंडियंस के सामने 177 रनों का लक्ष्य रखा है। मुंबई ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। सीएसके ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए। जडेजा 35 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए, जबकि दीपक चाहर, अश्विनी कुमार और मिचेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने रचिन रवींद्र का विकेट जल्द गंवा दिया जो नौ गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अपना पहला मुकाबला खेल रहे आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी की और पावरप्ले तक मुंबई को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। म्हात्रे का साथ शेख राशिद ने भी अच्छी तरह निभाया और सीएसके का स्कोर 50 के पार पहुंचाया। चाहर ने हालांकि म्हात्रे को आउट कर सीएसके को दूसरा झटका दिया जो 15 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए।
फिर राशिद भी 20 गेंदों पर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सीएसके की पारी लड़खड़ा गई थी, लेकिन जडेजा ने शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की जिससे सीएसके का स्कोर 140 के पार पहुंच गया। दुबे ने इस दौरान 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वह 32 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। फिर धोनी आए जो चार रन बनाकर आउट हुए। अंत में जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक पूरा किया। यह जडेजा का पिछली 14 आईपीएल पारी के बाद पहला पचासा था। जडेजा की ही मदद से सीएसके 175 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। जैमी ओवरटन तीन गेंदों पर एक चौके की मदद से चार रन बनाकर नाबाद रहे।
जसप्रीत बुमराह ने महेंद्र सिंह धोनी को आउट कर सीएसके को पांचवां झटका दिया। धोनी छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। सीएसके का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है।
शिवम दुबे अर्धशतक लगाकर आउट हो गए हैं। शिवम और जडेजा के बीच चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों पर 79 रनों की साझेदारी हुई। इन दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी की मदद से ही सीएसके का स्कोर 140 रन के पार पहुंच गया है। शिवम 32 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उतरे हैं।
शिवम दुबे ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। शिवम और जडेजा के बीच चौथे विकेट के लिए 70+ रनों की साझेदारी हो गई है जिससे सीएसके का स्कोर 140 रन के पार पहुंच गया है। सीएसके ने 16 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 142 रन बनाए हैं।
रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे के बीच साझेदारी पनप रही है जिस कारण सीएसके ने 14 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 103 रन बना लिए हैं। मुंबई ने सीएसके को तीन झटके दिए, लेकिन शिवम और जडेजा क्रीज पर टिके हुए हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके ने 11 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 73 रन बनाए हैं। मुंबई ने सीएसके को तीन झटके दिए, जिससे उसकी रन गति धीमी पड़ गई है। फिलहाल क्रीज पर शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा मौजूद हैं।
सीएसके को सलामी बल्लेबाज शेख राशिद के रूप में तीसरा झटका लगा है। राशिद मिचेल सैंटनर की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। राशिद 20 गेंदों पर एक चौका की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए।
दीपक चाहर ने आयुष म्हात्रे को आउट कर सीएसके को दूसरा झटका दिया है। आयुष का यह पहला आईपीएल मुकाबला है और वह 15 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। सीएसके ने सात ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 58 रन बनाए हैं।
सीएसके ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पावरप्ले समाप्त होने के बाद छह ओवर में एक विकेट पर 48 रन बनाए हैं। सीएसके के लिए डेब्यू कर रहे आयुष म्हात्रे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और राशिद भी उनका बखूबी साथ निभा रहे हैं।
अश्विनी कुमार ने रचिन रवींद्र को आउट कर सीएसके को पहला झटका दिया है। रचिन नौ गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। रचिन रवींद्र और शेख रशीद क्रीज पर मौजूद हैं।
सीएसकेः शेख रशीद, रचिन रवींद्र, आयुष म्हात्रे, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, विजय शंकर, जैमी ओवरटन, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना।
इम्पैक्ट प्लेयरः अंशुल कंबोज, कमलेश नागरकोटी, रामाकृष्णा घोष, सैम करन, रविचंद्रन अश्विन।
मुंबई इंडियंसः रियान रिक्लेटन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयरः रोहित शर्मा, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, सत्यनारायण राजू, रॉबिन मिंज।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुंबई ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। सीएसके ने इस मैच के लिए एक बदलाव किया है और राहुल त्रिपाठी की जगह आयुष म्हात्रे को मौका दिया है। म्हात्रे इस मैच से आईपीएल में डेब्यू करेंगे।
चेन्नई के खिलाफ सत्र का पहला मैच गंवाने के बावजूद मौजूद फॉर्म के आधार पर मुंबई का पलड़ा भारी है। रोहित शर्मा ने अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बनाया है, लेकिन सनराइजर्स के खिलाफ उनकी तेज शुरुआत ने टीम को बिना किसी दबाव के लक्ष्य का पीछा करने की आजादी दी। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी है लेकिन रियान रिक्लेटन ने शीर्ष क्रम में अच्छा योगदान दिया है। अनुभवी जसप्रीत बुमराह की वापसी से मुंबई की गेंदबाजी मजबूत हुई है। ट्रेंट बोल्ट भी अपने पुराने अंदाज में दिख रहे है। हार्दिक ने गेंदबाज और बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका अच्छी तरह निभाई है, लेकिन आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए वह नमन धीर पर निर्भर रहेंगे।
मुंबई ने शुरुआती मैचों की निराशा को पीछे छोड़ते हुए अपने पिछले दो मैचों में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद को मात देकर अच्छी वापसी की है। हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम तालिका में सातवें पायदान पर है और वह मौजूदा सत्र में जीत की हैट्रिक लगाने के साथ सत्र के अपने पहले मैच में इस टीम से मिली हार का बदला चुकता करना चाहेगी। मुंबई इंडियंस ने अपने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद की आक्रामक बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। टीम ने इसके बाद आसानी से जीत के लिए मिले 163 रन के लक्ष्य को छह विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।
IPL Live Cricket Score, MI vs CSK Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज दिन के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना मुंबई इंडियंस से हो रहा है। सीएसके इस सीजन मुंबई को एक बार हरा चुकी है और वह घरेलू मैदान पर मेजबान टीम की नजरें पिछली हार का बदला लेने पर होंगी।