चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस को 20 रन से हराकर अंक तालिका में आठ अंकों के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स की बराबरी कर ली है। टीम 0.726 के नेट रनरेट के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। वहीं, मुंबई की टीम चार अंकों के साथ आठवें पायदान पायदन पर बनी है। आईपीएल के 29वें मैच में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 206 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 186 रन बनाए।
सूर्या शून्य पर आउट हुए
मुंबई की शुरुआत इस मैच में दमदार हुई थी। ईशान किशन और रोहित शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी हुई। पथिराना ने एमआई के खिलाफ घातक गेंदबाजी की। उन्होंने इस मुकाबले में चार विकेट हासिल किए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सूर्या को 21 वर्षीय गेंदबाज ने शून्य पर आउट किया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद तिलक वर्मा और हिटमैन के बीच तीसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी हुई। वह पांच चौकों की मदद से 31 रन बनाने में कामयाब हुए। इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या का बल्ला नहीं चला। उन्होंने सिर्फ दो रन बनाए और आउट हो गए। तुषार देशपांडे ने उन्हें अपना शिकार बनाया। चेन्नई के खिलाफ टिम डेविड ने 13 रन, रोमारियो शेफर्ड ने एक रन और मोहम्मद नबी चार रन बनाकर नाबाद रहे।
रोहित ने लगाया आईपीएल करियर का दूसरा शतक
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने दमदार प्रदर्शन किया और अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 60 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस मैच में 36 वर्षीय बल्लेबाज ने 63 गेंदों में 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। हालांकि, वह अपनी टीम को लगातार तीसरी जीत नहीं दिला सके। चेन्नई के लिए इस मैच में मथीशा पथिराना ने चार विकेट लिए जबकि तुषार देशपांडे और मुस्तफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मुंबई को छठा झटका पथिराना ने दिया। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को क्लीन बोल्ड किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। फिलहाल रोहित शर्मा 86 रन और मोहम्मद नबी बिना खाता खोले क्रीज पर डटे हैं। टीम को जीत के लिए 13 गेंदों में 49 रन की जरूरत है।
मुंबई को पांचवां झटका टिम डेविड के रूप में लगा। वह दो छक्कों की मदद से 13 रन बनाने में कामयाब हुए। फिलहाल रोहित शर्मा और रोमारियो शेफर्ड क्रीज पर मौजूद हैं। टीम को जीत के लिए 18 गेंदों में 53 रन की जरूरत है।
मुंबई को चौथा झटका तुषार देशपांडे ने दिया। उन्होंने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान हार्दिक पांड्या को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। वह छह गेंदों में सिर्फ दो रन बना सके। मुंबई के हाथ से ये मैच फिसलता दिख रहा है। टीम को जीत के लिए 27 गेंदों में 73 रनों की जरूरत है।
मुंबई ने तिलक वर्मा को तीसरा झटका दिया। उन्होंने तिलक वर्मा को 130 रन के स्कोर पर आउट किया। युवा बल्लेबाज ने पांच चौकों की मदद से 31 रन बनाए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा के साथ 60 रन की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या आए हैं।
मुंबई इंडियंस 207 रन के लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ रही है। रोहित शर्मा 75 रन और तिलक वर्मा 26 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। दोनों के बीच 50 रनों से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 124/2 है।
रोहित शर्मा अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के इस सीजन का पहला अर्धशतक लगा दिया है। अब तक उनके बल्ले से सात चौके और दो छक्के निकल चुके हैं। यह उनके आईपीएल करियर का 43वां पचासा है। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 81/2 है।
मुंबई को दूसरा झटका भी पथिराना ने ही दिया। उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार यादव को मुस्तफिजुर रहमान के हाथों कैच कराया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। बाउंड्री पर खड़े रहमान ने शानदार कैच पकड़ा। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं।
मुंबई को पहला झटका मथीशा पथिराना ने दिया। उन्होंने 70 रन के स्कोर पर ईशान किशन को आउट किया। वह तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर लौटे। फिलहाल क्रीज पर रोहित शर्मा 47 रन बनाकर मौजूद हैं। वहीं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव आए हैं।
पॉवरप्ले खत्म हो चुका है। रोहित शर्मा और ईशान किशन के बीच छह ओवर में 63 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। मुंबई को जीत के लिए 83 गेंदों में 143 रन की जरूरत है।
चेन्नई द्वारा दिए गए 207 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए मुंबई इंडियंस तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए रोहित शर्मा और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 25/0 है।
आईपीएल के 29वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 ओवर में चार विकेट खोकर 206 रन बनाए हैं। इस मैच में ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे ने अर्धशतक लगाए। चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए अजिंक्य रहाणे सिर्फ पांच रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, रचिन रवींद्र भी 21 रन बना सके। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए दुबे और गायकवाड़ के बीच 90 रन की साझेदारी हुई, जिसे हार्दिक पांड्या ने तोड़ा। उन्होंने सीएसके के कप्तान को 150 रन के स्कोर पर आउट किया। ऋतुराज ने इस मैच में 40 गेंदों का सामना किया और 69 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और पांच छक्के निकले। टीम को चौथा झटका डेरिल मिचेल के रूप में लगा। वह 17 रन बनाकर लौटे। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर पांड्या ने उन्हें नबी के हाथों कैच कराया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए धोनी ने आखिरी चार गेंदों में 20 रन बनाए। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 500 का रहा। फैंस धोनी को मैदान पर देखकर गद-गद हो गए। इस मैच में मुंबई के लिए हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिए जबकि गेराल्ड और गोपाल को एक-एक सफलता मिली।
चेन्नई को तीसरा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को निशाना बनाया। वह 69 रन बनाकर लौटे। तीसरे विकेट के लिए कप्तान ने शिवम दुबे के साथ 90 रन की विशाल साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेरिल मिचेल उतरे हैं। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 151/3 है।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए शिवम दुबे दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 28 गेंदों में लगाया है। अब तक उनके बल्ले से पांच चौके और पांच छक्के निकल चुके हैं। फिलहाल उनका साथ ऋतुराज गायवाड़ दे रहे हैं।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने जोरदार अर्धशतक लगाया है। 33 गेंदों में उनके बल्ले से यह पचासा आया। शिवम दुबे भी जबरदस्त फॉर्म में नजर रहे हैं। वह 27 रन बना चुके हैं और मुंबई के गेंदबाजों की जमकर खबर ले रहे हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 110/2 है।
10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। चेन्नई का स्कोर 80/2 है। फिलहाल गायकवाड़ 36 रन और दुबे 19 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा झटका श्रेयस गोपाल ने दिया। उन्होंने आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर रचिन रवींद्र को निशाना बनाया। सलामी बल्लेबाज स मुकाबले में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिवम दुबे आए हैं।
पॉवरप्ले समाप्त हो चुका है। चेन्नई ने एक विकेट खोकर 48 रन बना लिए हैं। टीम को पहला झटका अजिंक्य रहाणे के रूप में लगा जो सिर्फ पांच रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर रचिन रवींद्र 12 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 29 रन बनाकर डटे हैं। पारी का सातवां ओवर मोहम्मद नबी फेंकने के लिए आए हैं।
चेन्नई को पहला झटका गेराल्ड कोएत्जी ने दिया। उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में अजिंक्य रहाणे को शिकार बनाया। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए अनुभवी बल्लेबाज सिर्फ पांच रन बना सके। हार्दिक पांड्या ने उनका कैच पकड़ा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ उतरे हैं। दो ओवर के बाद सीएसके का स्कोर 9/1
चेन्नई की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए अजिंक्य रहाणे और रचिन रवींद्र आए हैं। सीएसके ने अपने ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव किया है। ऋतुराज गायकवाड़ की जगह रहाणे को मौका मिला है। पारी का पहला ओवर मोहम्मद नबी ने फेंका। इस ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने छह रन चुराए।
चेन्नई सुपर किंग्स: रचिन रवींद्र, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिचेल, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, समीर रिजवी, एमएस धोनी (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, मुस्तफिजुर रहमान। इम्पैक्ट सब: मथीशा पथिराना, निशांत सिंधु, मिचेल सेंटनर, मोइन अली, शेख रशीद।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, रोमारियो शेफर्ड, श्रेयस गोपाल, गेराल्ड कोएत्जी, जसप्रीत बुमराह, आकाश मधवाल। इम्पैक्ट सब: सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, नमन धीर, नेहल वढेरा, हार्विक देसाई।
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इस मैच में एमआई बिना किसी बदलाव के खेलती नजर आएगी जबकि चेन्नई सुपर किंग्स में महीश तीक्ष्णा की जगह मथीशा पथिराना को शामिल किया गया है। मुंबई की तरफ से चार विदेशी खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे जिनमें टिम डेविड, मोहम्मद नबी, रोमारियो शेफर्ड और गेराल्ड कोएत्जी शामिल हैं। वहीं, चेन्नई में रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, और मुस्तफिजुर रहमान को शामिल किया गया है। सीएसके ने तीन विदेशी खिलाड़ियों को मौका दिया है।
मुंबई के फैंस के लिए एक और खास अवसर होगा। MI और CSK दोनों ही बदलाव के दौर से गुजर रही हैं। दोनों ही टीमों का कप्तान बदला गया है। ऐसे में एक मैदान पर धोनी और रोहित दोनों को देखना मुंबई के फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा। रोहित और धोनी मैदान पर फैंस को एंटरटेन करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती भी रही है। ऐसे में वानखेड़े इन दोनों को एक साथ देखने और इनके स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगा।
टीम की बात करें मुंबई की पूरी टीम फिलहाल फिट है। सूर्यकुमार यादव की वापसी के बाद से टीम का मध्यक्रम काफी मजबूत हुआ है। ईशान किशन और रोहित शर्मा अच्छी शुरुआत दे रहे हैं। तिलक वर्मा भी अच्छे शॉट्स खेल रहे हैं। जसप्रीत बुमराह ने पिछले मैच में पांच विकेट लिए थे और वह फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं। इसके अलावा आकाश मधवाल और श्रेयस गोपाल भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। गेराल्ड कोएत्जी थोड़े महंगे जरूर रहे हैं, लेकिन विकेट निकालने में कामयाब हुए हैं।
वहीं, चेन्नई की टीम के लिए सबसे बड़ी परेशानी मथीशा पथिराना को लेकर। वह पिछले दो मैच में नहीं खेले थे और इस मैच में भी उनके बेंच पर बैठने की संभावना है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने कहा है कि सभी खिलाड़ी चुने जाने के लिए उपलब्ध हैं। कोलकाता के खिलाफ पिछले मैच में चेन्नई की गेंदबाजी शानदार रही थी। हालांकि, उससे पहले हैदराबाद और दिल्ली के खिलाफ सीएसके के गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए थे। मुंबई की बैटिंग काफी मजबूत है। ऐसे में तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी। वानखेड़े इन दोनों का होम ग्राउंड भी है। शिवम दुबे की बल्लेबाजी पर सबकी नजरें होंगी।
खास बात तो यह है कि दोनों टीमों के कप्तान नए हैं। मुंबई की टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या और चेन्नई की टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ कर रहे हैं। अंक तालिका में चेन्नई की टीम छह अंक लेकर तीसरे स्थान पर है, जबकि मुंबई की टीम चार अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। चेन्नई ने अपने पांच में से तीन मुकाबले जीते हैं। वहीं, मुंबई के लिए सीजन की शुरुआत खराब रही थी। उसने लगातार तीन मैच गंवाए थे। लेकिन टीम फिर लय में लौटी और अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं। वहीं, सीएसके की टीम ने शुरू में अपने दोनों मुकाबले जीते। इसके बाद दिल्ली और हैदराबाद के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, कोलकाता को हराकर सीएसके की टीम जीत की पटरी पर वापस आई।
दोनों टीमों के बीच आंकड़े की बात करें तो मुंबई और चेन्नई के बीच अब तक आईपीएल में कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से मुंबई ने 20 और चेन्नई ने 16 मैच खेले हैं। वानखेड़े में दोनों टीमें 12 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से मुंबई ने सात और चेन्नई ने पांच मुकाबले जीते हैं। हालांकि, दोनों टीमों के बीच पिछले दो मुकाबलों की बात करें तो चेन्नई ने दोनों में जीत हासिल की है। सीएसके ने ये दोनों मैच चेज करते हुए जीते हैं। ऐसे में आज चेन्नई की टीम मुंबई के खिलाफ लगातार तीसरा मैच जीतने उतरेगी।
आईपीएल 2024 में आज वह मुकाबला खेला जाएगा, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। दो चिर प्रतिद्वंद्वी टीमें आज आमने-सामने होंगी। इन दोनों टीमों का आईपीएल पर राज रहा है और पांच-पांच बार खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। आईपीएल के 17वें सीजन के 'सुपर संडे' में आज डबल हेडर का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े में खेला जाएगा। इस मैच को आईपीएल का 'एल क्लासिको' भी कहा जाता है, क्योंकि दोनों लीग की सबसे सफल टीमें हैं। एल क्लासिको स्पेनिश शब्द है, जिसका मतलब होता है उत्कृष्ट। स्पेनिश फुटबॉल में बार्सिलोना-रियल मैड्रिड के मैच को एल क्लासिको कहा जाता है, क्योंकि दोनों ला लीगा की सबसे सफल क्लब हैं।