फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs RCB Highlights: लखनऊ ने आरसीबी को नौ रन से हराया, प्रिंस यादव को मिले तीन विकेट

Fri, 08 May 2026 12:37 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

लखनऊ ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी को नौ रन से हरा दिया।

डीएलएस नियम के तहत 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 19 ओवर में 203/6 ही बना सकी, जिससे एलएसजी ने सीजन की अपनी तीसरी जीत दर्ज की।

विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:35 AM, 08-May-2026

लखनऊ ने आरसीबी को हराया

आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले मे गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को नौ रनों से हराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस (डीएलएस) नियम के तहत मिले 213 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 19 ओवर में छह विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी। एलएसजी की यह इस सीजन की तीसरी जीत है।  

बारिश के कारण हुए समय की बर्बादी की वजह से ओवरों में कटौती की गई और मुकाबले को 19-19 ओवर का किया गया। एलएसजी से मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जैकब बेथेल सिर्फ चार रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने। इसके बाद प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंद पर विराट कोहली को 46 पारियों के बाद 'डक' पर पवेलियन भेजा।

हालांकि, दो विकेट नौ रनों के स्कोर पर गिरने के बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 95 रनों की अहम साझेदारी निभाई। पडिक्कल 25 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रजत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में रजत ने तीन चौके और छह छक्के लगाए। जितेश शर्मा का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह सिर्फ एक रन ही बना सके।

टिम डेविड ने 17 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। क्रुणाल पांड्या 16 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रोमरियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए। हालांकि, क्रुणाल-शेफर्ड की दमदार पारी भी आरसीबी को जीत नहीं दिला सकी। गेंदबाजी में एलएसजी की ओर से प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, शाहबाज अहमद ने दो विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद शमी ने एक विकेट निकाला।

12:09 AM, 08-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी को छठा झटका

आरसीबी को छठा झटका शाहबाज अहमद ने दिया। उन्होंने दिग्वेश के हाथों टिम डेविड को कैच कराया। वह 17 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब क्रुणाल पांड्या का साथ देने रोमारियो शेफर्ड आए हैं।

11:47 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी की आधी टीम लौटी पवेलियन

आरसीबी को पांचवां झटका शाहबाज अहमद ने दिया। उन्होंने रजत पाटीदार को अर्शिन के हाथों कैच कराया। वह 61 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। अब टिम डेविड का साथ देने क्रुणाल पांड्या आए हैं। 

विज्ञापन
11:41 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी को चौथा झटका

आरसीबी को चौथा झटका प्रिंस यादव ने दिया। उन्होंने जितेश शर्मा को पंत के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। अब टिम डेविड आए हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर चार विकेट पर 107 रन है।

11:38 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: पडिक्कल आउट हुए

आरसीबी को तीसरा झटका प्रिंस यादव ने दिया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल का शिकार किया। वह 25 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। अब रजत पाटीदार का साथ देने जितेश शर्मा आए हैं।

विज्ञापन
10:58 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी की झटके से शुरुआत

आरसीबी की शुरुआत झटकों से हुई है। मोहम्मद शमी ने जैकब बेथेल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना पाए। इसके बाद प्रिंस यादव ने किंग कोहली को बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। अब देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार क्रीज पर मौजूद हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 20 रन है।

10:42 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। जैकब बेथेल और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं।

10:33 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ की पारी समाप्त

लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच इकाना स्टेडियम  में खेले जा रहे मुकाबले में बारिश ने कई बार बाधा डाली। बारिश के कारण मैच तीन बार रोका गया, जिसके बाद अंपायर्स ने ओवरों में कटौती की। इसके बाद लखनऊ ने 19 ओवर में तीन विकेट खोकर 209 रन बनाए। उनके लिए मिचेल मार्श ने शानदार शतकीय पारी खेली। अब डीएलएस नियम के तहत आरसीबी को जीत के लिए 213 रनों का लक्ष्य मिला है।

10:17 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ को दूसरा झटका

लखनऊ को दूसरा झटका हेजलवुड ने दिया। उन्होंने बेथेल के हाथों मिचेल मार्श को कैच कराया। वह 56 गेंदों में 111 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब निकोलस पूरन का साथ देने ऋषभ पंत आए हैं।

10:03 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: मैच फिर शुरू हुआ

बारिश रुकने के बाद एक बार फिर मुकाबला शुरू हो गया है। मिचेल मार्श और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं। अब 19 ओवर का खेल खेला जाएगा।

09:26 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: बारिश के कारण तीसरी बार रुका मैच

बारिश के कारण मुकाबला तीसरी बार रोका गया है। इससे पहले मिचेल मार्श ने 49 गेंदों में शतक पूरा किया। वह दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वह 51 गेंदों में 107 रन और निकोलस पूरन 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 14 ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 145 रन है।

09:01 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ को पहला झटका

लखनऊ को पहला झटका क्रुणाल पांड्या ने दिया। उन्होंने अर्शिन कुलकर्णी को रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। वह 24 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। अब मिचेल मार्श का साथ देने निकोलस पूरन आए हैं।

08:55 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ में बारिश रुकी और कवर्स हटाए गए

लखनऊ में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटाए जा चुके हैं। नौ बजे खेल दोबारा शुरू होगा। ओवर्स में कोई कटौती नहीं होगी।

08:23 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: बारिश के कारण फिर रुका मैच

बारिश के कारण एक बार फिर मैच रुक गया है। नौ ओवर का खेल पूरा हो चुका है और लखनऊ ने बिना कोई विकेट गंवाए 95 रन बना लिए हैं। मिचेल मार्श अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं और 32 गेंदों में 76 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनका साथ देने के लिए अर्शिन कुलकर्णी भी क्रीज पर डटे हैं। वह 17 रन बनाकर नाबाद हैं।

07:47 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ में रुकी बारिश

लखनऊ में बारिश रुक गई है। मुकाबला एक बार फिर शुरू हो गया है।

07:39 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

आरसीबी और लखनऊ के बीच खेला जा रहा मुकाबला बारिश के कारण रुक गया है। मैदान को कवर्स से ढका गया है। इससे पहले आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। 1.3 ओवर में लखनऊ ने बिना कोई विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं और मिचेल मार्श सात और अर्शिन कुलकर्णी चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ की पारी शुरू

लखनऊ की पारी शुरू हो चुकी है। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी क्रीज पर हैं। भुवनेश्वर कुमार आज अपने आईपीएल करियर का 200वां मुकाबला खेल रहे हैं। वह ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए।

07:06 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: मयंक यादव, मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, एम सिद्धार्थ, आवेश खान।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार, जोश हेजलवुड।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: टिम डेविड, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, विक्की ओत्सवाल, वेंकटेश अय्यर।

07:02 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। कप्तान रजत पाटीदार ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि एकादश में तीन बदलाव हुए हैं। अर्शिन कुलकर्णी को जोश इंग्लिस की जगह मौका मिला है। मोहसिन खान की जगह मयंक यादव आए हैं और शहबाज अहमद को मणिमारन सिद्धार्थ की जगह मौका मिला है। 

06:48 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: आरसीबी का प्रदर्शन

एलएसजी का ओवरऑल रिकॉर्ड भी आरसीबी के खिलाफ बेहद खराब रहा है। दोनों टीमों के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं। इसमें 5 बार आरसीबी जीती है, जबकि एलएसजी को 2 मैचों में जीत मिली है। सीजन के पहले मुकाबले में आरसीबी ने एलएसजी को 5 विकेट से हराया था। आरसीबी का सीजन बेहतरीन रहा है। टीम 9 मैचों में 6 मैच जीतकर 12 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। आरसीबी को अपने आखिरी मुकाबले में गुजरात जायंट्स (जीटी) के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। लखनऊ के खिलाफ आरसीबी जीत की पटरी पर फिर से लौटना चाहेगी। जीत के साथ आरसीबी अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच सकती है। 

06:48 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: हेड-टु-हेड

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में एलएसजी और आरसीबी के बीच अब तक दो मुकाबले खेले गए हैं। दोनों ही मुकाबलों में एलएसजी को हार का सामना करना पड़ा है। लखनऊ और बेंगलुरु के बीच इकाना में पहला मुकाबला 2023 में खेला गया था। इस मैच को बेंगलुरु ने 18 रन से जीता था। दोनों टीमों के बीच इसी मैदान पर दूसरा मुकाबला 2025 में खेला गया था। आरसीबी ने इस मैच को 6 विकेट से जीता था। आईपीएल 2026 में इकाना के संघर्ष में बाजी किसके हाथ लगेगी, इसका पता गुरुवार रात को चलेगा। 

06:47 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ का प्रदर्शन

एलएसजी का आईपीएल 2026 में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। टीम 9 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज कर सकी है और अंकतालिका में आखिरी स्थान (दसवें नंबर) पर है। टीम अपने पिछले 6 मैच लगातार हारी है। इसलिए आरसीबी जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी से किसी करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा रही है। एलएसजी का अपने घरेलू मैदान पर आरसीबी के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहद खराब रहा है। 

06:47 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Live Score: लखनऊ की आरसीबी से टक्कर

आईपीएल 2026 का 50वां मुकाबला इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच गुरुवार की शाम को खेला जाएगा। इकाना एलएसजी का होम ग्राउंड है, लेकिन इस मैदान पर आरसीबी के खिलाफ एलएसजी का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। एलएसजी इकाना में आरसीबी के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई है। 

06:17 PM, 07-May-2026

LSG vs RCB Highlights: लखनऊ ने आरसीबी को नौ रन से हराया, प्रिंस यादव को मिले तीन विकेट

IPL Live Cricket Score, LSG vs RCB Indian Premier League 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का 50वां मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में आरसीबी की नजरें अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें