फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs RCB: लखनऊ सुपर जाएंट्स का सफर समाप्त, दूसरे क्वॉलिफायर में राजस्थान से भिड़ेगी बैंगलोर

Thu, 26 May 2022 12:26 AM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

IPL 2022 Eliminator LSG vs RCB (Lucknow vs Bangalore): रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 14 रन से जीत हासिल की। बैंगलोर की टीम ने 207 रन के स्कोर को सफलतापूर्वक बचाव किया और लखनऊ के बल्लेबाजों को 193 रन पर ही रोक दिया। फाफ डुप्लेसी की अगुआई वाली आरसीबी अब दूसरे क्वॉलिफायर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। वहीं लखनऊ की टीम हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
विज्ञापन
लखनऊ सुपरजायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर लाइव स्कोर - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:21 AM, 26-May-2022

बैंगलोर ने लखनऊ को 14 रन से हराया

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 14 रन से जीत हासिल की। बैंगलोर की टीम ने 207 रन के स्कोर को सफलतापूर्वक बचाव किया और लखनऊ के बल्लेबाजों को 193 रन पर ही रोक दिया। फाफ डुप्लेसी की अगुआई वाली आरसीबी अब दूसरे क्वॉलिफायर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। वहीं लखनऊ की टीम हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। बैंगलोर की तरफ से रजत पाटीदार ने सर्वाधिक 112 रन बनाए और नाबाद रहे जबकि जोस हेजलवुड ने तीन विकेट झटके। इनके अलावा दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल ने भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। 

12:14 AM, 26-May-2022

आखिरी छह गेंदों का खेल बाकी

लखनऊ को जीत के लिए छह गेंदों में 24 रन की जरूरत है। एविन लुईस क्रीज पर हैं। 

12:10 AM, 26-May-2022

हैट्रिक से चूके हेजलवुड

जोस हेजलवुड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 19वें ओवर में महज नौ रन दिए और दो विकेट भी लिए। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर केएल राहुल और क्रुणाल पांड्या को आउट किया। राहुल 58 गेंदों में 79 रन बनाकर पवेलियन लौटे जबकि क्रुणाल खाता भी नहीं खोल पाए। 19 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 184/6, दुष्मंथा चमीरा (4*), एविन लुईस (2*)

विज्ञापन
11:58 PM, 25-May-2022

स्टोइनिस नौ रन बनाकर आउट

हर्षल पटेल ने छह अतिरिक्त रन देने के बाद शानदार वापसी की और ओवर की तीसरी गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। 

11:51 PM, 25-May-2022

लखनऊ के लिए एक और अच्छा ओवर

वनिंदु हसरंगा का एक और महंगा ओवर। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में 14 रन खर्चे। उनके ओवर में केएल राहुल ने एक चौका और एक छक्का लगाया। लखनऊ को जीत के लिए 18 गेंदो में 41 रन की दरकार। 17 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 167/3, केएल राहुल (77*), मार्कस स्टोइनिस (9*)

विज्ञापन
11:46 PM, 25-May-2022

लखनऊ को 24 गेंदों में 55 रन की जरूरत

मोहम्मद सिराज ने अपने आखिरी ओवर में 10 रन दिए। लखनऊ को जीत के लिए 24 गेंदों में 55 रन की जरूरत। केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर। 16 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 153/3, केएल राहुल (65*), मार्कस स्टोइनिस (7*)

11:42 PM, 25-May-2022

आखिरी 30 गेंदों का रोमांच

लखनऊ के लिए 15वां ओवर मिलाजुला रहा। हसरंगा के इस ओवर में उसने तीन छक्के की मदद से 18 रन बनाए। हालांकि उसे दीपक हुड्डा के रूप में एक बड़ा झटका भी लगा। लखनऊ को जीत के लिए आखिरी 30 गेंदों में 65 रन की दरकार है। 15 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 143/3, केएल राहुल (57*), मार्कस स्टोइनिस (6*)

11:38 PM, 25-May-2022

दीपक हुड्डा अर्धशतक से चूके

दीपक हुड्डा जबरदस्त बल्लेबाजी करने के बाद पवेलियन लौट गए। उन्हें हसरंगा ने अपने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड कर दिया। हसरंगा के ओवर में हुड्डा ने शुरू की तीन गेंदों पर दो छक्के लगाए और फिर अगली गेंद पर हवाई शॉट खेलने के चक्कर में बोल्ड होकर चलते बने। हुड्डा ने आउट होने से पहले 26 गेंदों में 45 रन की आतिशी पारी खेली। 

11:31 PM, 25-May-2022

राहुल का 43 गेंदों में अर्धशतक

केएल राहुल ने एक बार फिर कप्तानी पारी खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने छक्का लगाकर 43 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। यह उनका इस सीजन का चौथा अर्धशतक भी है। राहुल ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान दौ चौके और तीन छक्के लगाए। 14 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 125/2, केएल राहुल (57*), दीपक हुड्डा (33*)

11:22 PM, 25-May-2022

राहुल-हुड्डा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

कप्तान केएल राहुल और दीपक हुड्डा साथ मिलकर टीम को शुरुआती झटकों से उबारने में लगे हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है और टीम के स्कोर को 100 के पारी पहुंचा दिया है। 12 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 102/2, केएल राहुल (45*), दीपक हुड्डा (22*)
 

11:17 PM, 25-May-2022

10 ओवर का खेल समाप्त

हर्षल पटेल ने अपने पहले ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए महज पांच रन दिए। इसी के साथ 10 ओवर का खेल पूरा हो गया है। 10 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 89/2, केएल राहुल (37*), दीपक हुड्डा (19*)

10:54 PM, 25-May-2022

पहला पावरप्ले समाप्त, लखनऊ का स्कोर 62/2

लखनऊ ने शुरू के छह ओवर यानी पहले पावरप्ले में दो विकेट गंवाने के बावजूद 62 रन बनाए। केएल राहुल और दीपक हुड्डा की जोड़ी क्रीज पर है। छह ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 62/2, केएल राहुल (26*), दीपक हुड्डा (4*)

10:53 PM, 25-May-2022

सिराज ने लुटाए 17 रन, लखनऊ के 50 रन पूरे

मोहम्मद सिराज ने अपने तीसरे ओवर में 17 रन लुटा दिए। उनके ओवर में केएल राहुल ने दो छक्के और एक चौका लगाया। इसी के साथ लखनऊ के 50 रन भी पूरे हो गए हैं। 

10:46 PM, 25-May-2022

मनन वोहरा आउट

मनन वोहरा मिले हुए मौके का फायदा नहीं उठा पाए और 11 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मनन ने हेजलवुड के दूसरे ओवर की शुरू को दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाया। लेकिन वह अगली ही गेंद पर पुल करने के चक्कर में शाहबाज को कैच दे बैठे। पांच ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 45/2, केएल राहुल (9*), दीपक हुड्डा (4*)

10:37 PM, 25-May-2022

मनन वोहरा को मिला जीवनदान

मनन वोहरा को चार रन के व्यक्तिगत स्कोर पर बड़ा जीवनदान मिला। शाहबाज के पहले ओवर की पहली गेंद पर दिनेश कार्तिक ने वोहरा की आसान स्टंपिंग छोड़ दी। चार ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर: 31/1, केएल राहुल (9*), मनन वोहरा (9*)

10:23 PM, 25-May-2022

LSG vs RCB Live: लखनऊ को पहले ही ओवर में लगा झटका

लखनऊ सुपर जाएंट्स को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर क्विंटन डिकॉक को कप्तान फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। डिकॉक पांच गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। एक ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर आठ रन है। फिलहाल मनन वोहरा और कप्तान केएल राहुल क्रीज पर हैं।

10:03 PM, 25-May-2022

बैंगलोर ने लखनऊ को दिया 208 रन का लक्ष्य

आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने जीत के लिए 208 रन का लक्ष्य रखा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 207 रन बनाए। बैंगलोर ने आखिरी पांच ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 84 रन बनाए। रजत पाटीदार 112 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 41 गेंदों पर 92 रन की अटूट साझेदारी की। 
 

09:54 PM, 25-May-2022

चमीरा के ओवर में आए 21 रन

दुश्मांता चमीरा भी अपने आखिरी ओवर में महंगे रहे। उनके ओवर में कार्तिक और पाटीदार ने मिलकर 21 रन बटोरे। दोनों ने मिलकर इस ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाए। 19 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 194/4, रजत पाटीदार (111*), दिनेश कार्तिक (30*)

09:46 PM, 25-May-2022

रजत पाटीदार का 49 गेंदों में शतक

रजत पाटीदार को मोहसिन खान के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर 92 के स्कोर पर जीवनदान मिला। इसके बाद उन्होंने अगली ही गेंद पर छक्का लगाकर आईपीएल करियर का अपना पहला शतक लगाया। उन्होंने 49 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और छह छक्के लगाए। पाटीदार आईपीएल के प्लेऑफ मुक़ाबले में शतक जड़ने वाले पहले अनकैप्ड बल्लेबाज़ भी बन गए हैं।
 

09:36 PM, 25-May-2022

बिश्नोई ने लुटाए 27 रन

रवि बिश्नोई अपने आखिरी ओवर में काफी महंगे साबित हुए। उनके ओवर में रजत पाटीदार ने लगातार पांच गेंदों में तीन छक्के और दो चौके लगाए और कुल 27 रन बटोरे। इसी के साथ बैंगलोर के 150 रन भी पूरे हो गए हैं। 16 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 150/4, रजत पाटीदार (92*), दिनेश कार्तिक (6*)

09:29 PM, 25-May-2022

दिनेश कार्तिक को मिला जीवनदान

दिनेश कार्तिक को बड़ा जीवनदान मिला है। मोहसिन खान के तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर कार्तिक ने ड्राइव किया लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर हवा में चली गई। केएल राहुल ने कैच पकड़ने की कोशिश की लेकिन पकड़ नहीं पाए। कार्तिक को चार के व्यक्तिगत स्कोर पर यह जीवनदान मिला। 15 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 123/4, रजत पाटीदार (66*), दिनेश कार्तिक (5*)

09:22 PM, 25-May-2022

लोमरोर 14 रन बनाकर आउट

महिपाल लोमरोर तेज तर्रार शुरुआत के बाद पारी को आगे नहीं बढ़ा पाए और नौ गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रवि बिश्नोई ने अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। बिश्नोई का एक सफल ओवर रहा, उन्होंने महज दो रन देकर एक विकेट भी लिया। 14 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 117/4, रजत पाटीदार (64*), दिनेश कार्तिक (1*)

09:12 PM, 25-May-2022

बैंगलोर के 100 रन पूरे

महिपाल लोमरोर और रजत पाटीदार ने मिलकर दुष्मंथा चमीरा के तीसरे ओवर में तीन चौके लगाए और कुल 16 रन बटोरे। इसी के साथ बैंगलोर के 100 रन भी पूरे हो गए। 12 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 106/3, रजत पाटीदार (57*), महिपाल लोमरोर (12*)

09:06 PM, 25-May-2022

मैक्सवेल नौ रन बनाकर आउट

बैंगलोर की टीम ने 86 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया है। ग्लेन मैक्सवेल सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। उन्हें क्रुणाल पांड्या ने अपने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर एविन लुईस के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल 10 गेंदों में सिर्फ नौ रन ही बना पाए। 11 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 90/3, रजत पाटीदार (51*), महिपाल लोमरोर (3*)

09:01 PM, 25-May-2022

रजत का 28 गेंदों में अर्धशतक

रजत पाटीदार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने इस दौरान सात चौके और दो छक्के लगाए। 

08:52 PM, 25-May-2022

विराट 25 रन बनाकर आउट

विराट कोहली एक अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। विराट को आवेश खान ने अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मोहसिन के हाथों कैच कराया। विराट ने 24 गेंदों की अपनी पारी में दो चौके लगाए। 

08:45 PM, 25-May-2022

विराट-रजत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और रजत पाटीदार मिलकर बैंगलोर को उबारने में बहुत हद तक सफल रहे है। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए तेजी से 32 गेंदों में 50 रन की साझेदारी कर ली है। सात ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 60/1, रजत पाटीदार (40*), विराट कोहली (19*)

08:41 PM, 25-May-2022

पहला पावरप्ले समाप्त, बैंगलोर के 50 रन पूरे

रजत पाटीदार और विराट कोहली ने मिलकर बैंगलोर को शुरुआती झटके से उबारते हुए दूसरे विकेट के लिए मजबूत साझेदारी कर ली है। रजत ने पहले पावरप्ले के आखिरी ओवर में 20 रन बनाए। छह ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 52/1, रजत पाटीदार (33*), विराट कोहली (18*)

08:39 PM, 25-May-2022

क्रुणाल पांड्या ने लुटाए 20 रन

पहले ओवर में महज चार रन देने के बाद दूसरे ओवर में क्रुणाल पांड्या बेहद महंगे साबित हुए और 20 रन खर्च दिए। उनके ओवर में रजत पाटीदार ने लगातार तीन चोकै और एक छक्का लगाया। 

08:29 PM, 25-May-2022

क्रुणाल की किफायती शुरुआत

क्रुणाल पांड्या ने किफायती शुरुआत करते हुए अपने पहले ओवर में महज चार रन दिए और बैंगलोर के बल्लेबाजों को रन बनाने से रोककर रखा। चार ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर: 24/1, रजत पाटीदार (6*), विराट कोहली (17*)

08:17 PM, 25-May-2022

डुप्लेसी गोल्डन डक का शिकार

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बैंगलोर की शुरुआत अच्छी नहीं हुई है। पहले ही ओवर में कप्तान फाफ डुप्लेसी खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। उन्हें मोहसिन खान ने ओवर की पांचवीं गेंद पर विकेट के पीछे क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। एक ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर:  4/1, रजत पाटीदार (0*), विराट कोहली (3*)

08:02 PM, 25-May-2022

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

लखनऊ सुपर जाएंट्स :
क्विंटन डिकॉक, केएल राहुल (कप्तान), एविन लुईस, दीपक हुड्डा, मनन वोहरा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पंड्या, दुश्मांता चमीरा, मोहसिन ख़ान, आवेश ख़ान, रवि बिश्नोई

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 
विराट कोहली, फ़ाफ़ डुप्लेसी (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक, रजत पाटीदार, महिपाल लोमरोर, शाहबाज अहमद, हर्षल पटेल, वानिंदू हसरंगा, जोस हेजलवुड, मोहम्मद सिराज

 

07:59 PM, 25-May-2022

बैंगलोर में सिराज की वापसी

बैंगलोर की टीम ने एक बदलाव किया है। मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है जबकि सिद्धार्थ कौल को बाहर किया गया है। 

07:58 PM, 25-May-2022

लखनऊ में दो बदलाव

लखनऊ की टीम ने इस मैच में दो बड़े बदलाव किए हैं। जेसन होल्डर और कृष्णप्पा गौतम की जगह क्रुणाल पंड्या और दुश्मांता चमीरा को लाया गया है। 

07:54 PM, 25-May-2022

टॉस रिपोर्ट

एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। 

07:42 PM, 25-May-2022

थोड़ी देर में होगा टॉस

ईडेन गार्डेंस में बारिश रूक चुकी है और साथ ही मैदान से कवर्स भी हटाए जा चुकी है। ताजा अपडेट के मुताबिक टॉस भारतीय समयानुसार रात 7:55 में होगा जबकि पहली गेंद रात 8:10 में डाली जाएगी। ओवरों में कोई कटौती नहीं होगी और मैच 20-20 ओवर का ही खेला जाएगा।

07:39 PM, 25-May-2022

प्लेऑफ मुकाबलों के नियम

किसी भी तरह की रुकावट को ध्यान में रखते हुए खेल की परिस्थितियों में निर्धारित 200 मिनट के मैच के समय में अतिरिक्त 200 मिनट जोड़े गए हैं। यानी अगर किसी स्थिति में मैच देरी से शुरू होता है तो प्लेऑफ मुक़ाबले रात 9.40 से शुरू किए जा सकते हैं। 

नियम के मुताबिक, "जरूरी होने पर प्लेऑफ मैच में ओवरों की संख्या कम की जा सकती है, जिससे दोनों पक्ष को पांच ओवर तक बल्लेबाज़ी करने का अवसर मिले। अगर पांच ओवर का मैच होता है तो टाइमआउट नहीं होगा। जबकि कट ऑफ़ स्टार्ट समय मध्य रात्रि 12 बजे से चार मिनट पहले होगा, जिसमें 10 मिनट का ब्रेक भी होगा। मैच समाप्ति का समय सुबह 12.50 होगा।"

अगर एलिमिनेटर और दोनों क्वालीफ़ायर (कोई रिज़र्व डे नहीं) में मैदान की स्थिति की वजह से पांच ओवर का भी मैच नहीं हो पाता है तो, नतीज़ा सुपर ओवर से निकाला जाएगा। इन मैचों को ख़त्म कराने के लिए सुपर ओवर सुबह 12.50 पर शुरू किया जा सकता है।

अगर प्लेऑफ़ मैचों या फ़ाइनल में सुपर ओवर भी नहीं हो पाता है तो 70 मैचों की लीग में सबसे ज़्यादा मैच जीतने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा।" 

07:07 PM, 25-May-2022

बारिश की वजह से एलिमिनेटर के रद्द होने पर क्या होगा?

एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 में अगर एक भी ओवर नहीं हुआ तो विजेता का फैसला अंक तालिका के आधार पर होगा। अंक तालिका में आगे रहने वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाएगा। इन तीन मैचों के लिए कोई भी रिजर्व डे नहीं है। 

आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों के लिए गवर्निंग काउंसिल ने नए नियमों के बारे में बताया है। इसके मुताबिक, "प्लेऑफ मैच में जरूरत पड़ने पर मैच के ओवरों की संख्या को कम से कम पांच ओवर किया जा सकता है। अगर इन पांच ओवरों में खेल पूरा नहीं हो पाता है तो सुपर ओवर होगा। वहां भी अगर नतीजा नहीं निकल पाता है तो अंक तालिका में बेहतर स्थान पर रहने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा।"

07:03 PM, 25-May-2022

टॉस में देरी

कोलकाता में बारिश और तेज हवाओं की वजह से पिच को कवर्स से ढक दिया गया है और टॉस में देरी हो रही है। टॉस नियमत: सात बजे हो जाना था लेकिन, ईडेन गार्डेंस में हल्की बारिश की वजह से यह अभी तक नहीं हो पाया है।  
 

 

06:52 PM, 25-May-2022

पिच रिपोर्ट 

ईडेन गार्डेंस की आज की पिच बल्लेबाज़ी के लिए ज्यादा असरदार नजर आ रही है। समय के साथ-साथ गेंद बल्ले पर और आसानी से आएगी। 2019 से इस मैदान पर औसत स्कोर 183 का रहा है। ऐसे में यहां एक और हाई स्कोरिंग मुकाबला होने की उम्मीद है।

06:38 PM, 25-May-2022

आईपीएल 2022 में दोनों टीमों का सफर

अपना पहला सीजन खेल रही लखनऊ की टीम लीग स्टेज में 14 मैच में नौ जीत और 18 अंक हासिल करने के बावजूद नेट रन रेट के लिहाज से राजस्थान से पिछड़ गई और तीसरे स्थान पर रही। वहीं बैंगलोर की टीम क़िस्मत और आखिरी मैचों में दमदार प्रदर्शन के सहारे अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रही। अब इन दोनों टीमों के बीच आखिरी निर्णायक जंग है। इसमें जीतने वाली टीम खिताब की तरफ एक और कदम बढ़ा देगी। जबकि हारने वाली टीम का सफर समाप्त हो जाएगा। 

06:12 PM, 25-May-2022

LSG vs RCB: लखनऊ सुपर जाएंट्स का सफर समाप्त, दूसरे क्वॉलिफायर में राजस्थान से भिड़ेगी बैंगलोर

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईपीएल 2022 अब आखिरी पड़ाव पर है। मंगलवार को पहले क्वॉलिफायर के बाद गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच गई और अब दूसरे फाइनलिस्ट की तलाश है। आज कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आमने-सामने है। दोनों के बीच जीतने वाली टीम दूसरे क्वॉलिफायर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें