फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs MI Highlights: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हराया, सूर्यकुमार की कोशिश गई बेकार

Fri, 04 Apr 2025 11:24 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

LSG vs MI Indian Premier League 2025: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराया और घरेलू मुकाबले में जीत हासिल की। मुंबई के लिए हार्दिक ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जबकि सूर्यकुमार ने भी दमदार पारी खेली, लेकिन टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी।  
विज्ञापन
लखनऊ सुपर जाएंट्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:24 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ को मिली जीत

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हराकर आईपीएल 2025 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिचेल मार्श और एडेन मार्करम के अर्धशतकों के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में सूर्यकुमार यादव ने भी पचासा जड़ा लेकिन उनकी कोशिश बेकार गई और मुंबई निर्धारित ओवर में पांच विकेट पर 191 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए सूर्यकुमार ने 43 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 17 रन के अंदर विल जैक्स और रियान रिक्लेटन के विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्यकुमार और नमन धीर ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। नमन हालांकि, अर्धशतक लगाने से चूक गए और 24 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर तिलक वर्मा को उतारा जिन्होंने सूर्यकुमार का अच्छा साथ निभाया। 

सूर्यकुमार ने 31 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और फिर आक्रामक अंदाज में खेलना जारी रखा। सूर्यकुमार को आवेश खान ने आउट किया। सूर्यकुमार के पवेलियन लौटने के बाद क्रीज पर कप्तान हार्दिक पांड्या उतरे। अंतिम ओवर से ठीक पहले तिलक वर्मा 25 रन बनाकर रिटायर आउट हो गए और उनकी जगह क्रीज पर मिचेल सैंटनर उतरे। मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। हार्दिक ने आवेश की पहली गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन आवेश लक्ष्य का बचाव करने में सफल रहे। हार्दिक 16 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सैंटनर भी दो रन बनाकर नाबाद लौटे। लखनऊ की ओर से शार्दुल ठाकुर, आकाश दीप, आवेश खान और दिग्वेश सिंह राठी को एक-एक विकेट मिले। 

11:17 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: छह गेंद पर चाहिए 22 रन

तिलक वर्मा रिटायर होकर पवेलियन लौट गए हैं। तिलक ने 23 गेंदों पर 25 रन बनाए। मुंबई और लखनऊ के बीच मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है और मुंबई को जीत के लिए छह गेंदों पर 22 रनों की जरूरत है। 

11:02 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: सूर्यकुमार यादव आउट

आवेश खान ने सूर्यकुमार यादव को आउट कर मुंबई इंडियंस को चौथा झटका दिया है। सूर्यकुमार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगा चुके थे, लेकिन वह 43 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
10:48 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: सूर्यकुमार का पचासा

सूर्यकुमार यादव ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 31 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। सूर्यकुमार ने नमन धीर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी निभाई और अब अर्धशतक लगाकर टीम की उम्मीदें बनाई रखी है। मुंबई ने 14 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। अब उसे जीत के लिए 36 गेंदों पर 71 रन बनाने हैं। 

10:33 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मुंबई का स्कोर 100 के पार

मुंबई इंडियंस का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। मुंबई ने लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट गंवा दिए हैं, लेकिन सूर्यकुमार यादव क्रीज पर टिके हुए हैं और उनका साथ तिलक वर्मा दे रहे हैं। 11 ओवर की समाप्ति के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 111 रन है। 

विज्ञापन
10:19 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: नमन अर्धशतक से चूके

स्पिनर दिग्वेश राठी ने नमन धीर को आउट कर मुंबई को तीसरा झटका दिया। नमन और सूर्यकुमार के बीच तीसरे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई। नमन अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन चार रन से चूक गए। नमन 24 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर तिलक वर्मा को उतारा है जो विग्नेश पुथुर की जगह आए हैं। 

10:15 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मुंबई का स्कोर 85 के पार

नमन धीर और सूर्यकुमार यादव के बीच शानदार साझेदारी हो रही है जिससे मुंबई का स्कोर आठ ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 86 रन हो गया है। लखनऊ ने मुंबई को शुरुआत में दो झटके दिए थे, लेकिन नमन और सूर्यकुमार के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई जिससे टीम संभलने में सफल रही। 

10:00 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: नमन-सूर्यकुमार की साझेदारी

शुरुआती दो झटके लगने के बाद नमन धीर और सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी की जिसकी मदद से मुंबई का स्कोर पांच ओवर बाद 50 रन के पार पहुंच गया है। मुंबई ने जैक्स और रिक्लेटन के विकेट जल्दी गंवा दिए थे, लेकिन नमन और सूर्यकुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी की जिससे मुंबई का स्कोर पांच ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 55 रन हो गया है। 

09:45 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: रिक्लेटन पवेलियन लौटे

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने 17 रन के अंदर दो विकेट गंवा दिए हैं। आकाश दीप की गेंद पर पहले रवि बिश्नोई ने विल जैक्स का कैच पकड़ा। इसके बाद शार्दुल ठाकुर की गेंद पर बिश्नोई ने ही रियान रिक्लेटन का कैच पकड़ा। रिक्लेटन पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। 

09:41 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मुंबई को लगा पहला झटका

तेज गेंदबाज आकाश दीप ने विल जैक्स को आउट कर मुंबई इंडियंस को पहला झटका दिया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने 11 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। आकाश की गेंद पर बाउंड्री लगाने के चक्कर में जैक्स कैच आउट हो गए। उनका कैच इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रवि बिश्नोई ने लिया। जैक्स ने पांच रन बनाए। 

09:37 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मुंबई की पारी शुरू

लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो गई है। मुंबई के लिए विल जैक्स और रियान रिक्लेटन क्रीज पर उतरे हैं। पहले ओवर की समाप्ति के बाद मुंबई ने बिना किसी नुकसान के नौ रन बना लिए हैं। 

09:17 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ की पारी समाप्त

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने मिचेल मार्श और एडेन मार्करम के अर्धशतकों की मदद से मुंबई इंडियंस को 204 रनों का लक्ष्य दिया है। मुंबई ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन मार्श और मार्करम ने अर्धशतक जड़े जिससे लखनऊ की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाने में सफल रही। मुंबई के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 36 रन देकर पांच विकेट झटके। हालांकि, वह लखनऊ को 200 रन का स्कोर छूने से नहीं रोक सके।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मार्श ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन विग्नेश पुथुर ने उन्हें आउट कर मुंबई को बड़ी सफलता दिलाई। मार्श 31 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लखनऊ ने दो और विकेट जल्द गंवा दिए। कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, निकोलस पूरन ने 12 रन बनाए। मार्करम हालांकि डटे रहे और उन्होंने अर्धशतक पूरा किया। मार्करम भी 38 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, आयुष बडोनी ने 19 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। 

अंतिम ओवरों में डेविड मिलर ने अपना दम दिखाया और लखनऊ का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। इस बीच हार्दिक के पास अंतिम ओवर में हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन वह चूक गए। हार्दिक ने पहले 20वें ओवर की चौथी गेंद पर मिलर को आउट किया जो 14 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक ने इसकी अगली गेंद पर आकाश दीप को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। मुंबई के लिए हार्दिक के अलावा ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार और विग्नेश पुथुर को एक-एक विकेट मिला।  

09:06 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मुंबई को छठी सफलता

ट्रेंट बोल्ट ने अब्दुल समद को आउट कर लखनऊ सुपर जाएंट्स को छठा झटका दिया है। समद दो गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। बोल्ट का इस मैच का यह पहला विकेट है। 

09:02 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ को लगा पांचवां झटका

हार्दिक पांड्या ने एडेन मार्करम को आउट कर लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांचवां झटका दिया है। मार्करम 38 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हो गए हैं। लखनऊ ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 177 रन बना लिए हैं। 

08:55 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मार्करम का अर्धशतक

लखनऊ सुपर जाएंट्स के सलामी बल्लेबाज एडम मार्करम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 34 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। मार्करम की शानदारी बल्लेबाजी से लखनऊ का स्कोर 165 रन के पार पहुंच गया है। 17 ओवर की समाप्ति के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 168 रन हो गया है। 

08:50 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: बडोनी आउट हुए

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने आयुष बडोनी के रूप में अपना चौथा विकेट गंवा दिया है। बडोनी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अश्विनी कुमार की गेंद पर स्कूप खेलने के चक्कर में विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। बडोनी ने 19 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 30 रन बनाए। लखनऊ ने 16 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 159 रन बनाए हैं। 

08:35 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ का स्कोर 120 के पार

लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर 120 रन के पार पहुंच गया है। मार्श और मार्करम ने लखनऊ को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन मार्श के आउट होने के बाद लखऊ ने तीन विकेट गंवा दिए। 13 ओवर की समाप्ति के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 123 रन है। फिलहाल क्रीज पर मार्करम और आयुष बडोनी मौजूद हैं। 

08:22 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: पंत फिर हुए फ्लॉप

लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिल फ्लॉप रहे और मुंबई के खिलाफ दो रन बनाकर आउट हुए। पंत को हार्दिक पांड्या ने आउट कर लखनऊ को तीसरा झटका दिया। हार्दिक का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। लखनऊ ने हालांकि 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। 

08:13 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: निकोलस पूरन आउट हुए

हार्दिक पांड्या की गेंद पर निकोलस पूरन आउट हो गए जिससे लखनऊ ने 91 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया है। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन मार्श के आउट होने के बाद मुंबई ने निकोलस को भी पवेलियन भेजा। निकोलस छह गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। नौ ओवर की समाप्ति के बाद लखनऊ ने दो विकेट पर 92 रन बनाए हैं। 

08:04 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ को पहला झटका

स्पिनर विग्नेश पुथुर ने अपनी ही गेंद पर कैच लेकर मिचेल मार्श को आउट किया और लखनऊ को पहला झटका दिया। मार्श शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक जड़ चुके थे। पावरप्ले के बाद कप्तान हार्दिक ने विग्नेश को गेंद थमाई और वह टीम को सफलता दिलाने में सफल रहे। मिचेल मार्श 31 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। 

07:55 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मार्श का अर्धशतक

लखनऊ सुपर जाएंट्स के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। मार्श इस मैच में आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे लखनऊ ने अच्छी शुरुआत की है। मार्श की इस आतिषी बल्लेबाजी की मदद से लखनऊ का स्कोर पावरप्ले में ही 50 के पार पहुंच गया है। लखनऊ ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 69 रन बनाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसमें से 60 रन अकेले मार्श ने बनाए हैं, जबकि मार्करम का योगदान सात रन का है। 

07:44 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ की तेज शुरुआत

मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखऊ सुपर जाएंट्स ने तेज शुरुआत की है और तीन ओवर बाद उसका स्कोर 30 रन के पार पहुंच गया है। लखनऊ के लिए मिचेल मार्श आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे लखनऊ का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 32 रन हो गया है। 

07:31 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: लखनऊ की पारी शुरू

मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। लखनऊ के लिए पारी का आगाज करने मिचेल मार्श और एडेन मार्करम आए हैं। मुंबई ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

07:08 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्सः एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बडोनी, डेविड मिलर, अब्दुल समद, शार्दुल ठाकुर, दिग्वेश सिंह राठी, आकाश दीप, आवेश खान। 
इम्पैक्ट प्लेयरः रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, शाहबाज अहमद, एम सिद्धार्थ, आकाश सिंह।

मुंबई इंडियंसः विल जैक्स, रियान रिक्लेटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, राज बावा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, दीपक चाहर, विग्नेश पुथुर।
इम्पैक्ट प्लेयरः तिलक वर्मा, कॉर्बिन बोश, रॉबिन मिंज, सत्यनारायण राजू, करण शर्मा।
 

07:02 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: मुंबई ने जीता टॉस

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस के दौरान बताया कि रोहित शर्मा को चोट लगी है जिस कारण वह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जल्द ही वापसी करेंगे। 

06:28 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: आकाशदीप की वापसी से लखनऊ को राहत

गेंदबाजी विभाग में लचर प्रदर्शन को देखते हुए तेज गेंदबाज आकाशदीप का खबर है। भारतीय टेस्ट टीम में शामिल इस गेंदबाज ने आईपीएल-2022 में बंगलूरू के लिए पदार्पण किया था। आकाशदीप को तीन सीजन में आरसीबी की ओर से 8 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें सात विकेट लेने में कामयाब रहे। आकाशदीप को मेगा बोली में लखनऊ ने 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। अनफिट होने की वजह से वह अब तक मैदान पर नहीं उतर सके लेकिन एनसीए की हरी झंडी मिलने के बाद वह खेलने के लिए तैयार हैं।

06:22 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Live: रोहित पर रहेंगी निगाहें

पहले तीन मैचों में महज 21 रन बनाने वाले हिटमैन रोहित शर्मा अब तक चमक नहीं बिखेर सके हैं। लखनऊ में उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। इसके अलावा सूर्य कुमार, तिलक वर्मा, रिकेल्टन बड़ी पारी खेलने में सक्षम हैं। गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर के अलावा युवा अश्विनी कुमार हैं।

06:14 PM, 04-Apr-2025

LSG vs MI Highlights: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हराया, सूर्यकुमार की कोशिश गई बेकार

IPL Live Cricket Score, LSG vs MI Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 में आज लखनऊ सुपराजाएंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से हो रहा है। लखनऊ को अपने पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि मुंबई इंडियंस ने केकेआर को हराया था। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें