कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सुपरओवर में शानदार जीत दर्ज की। रविवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोमांच चरम पर रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने रिंकू सिंह की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम ने भी निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 155 रन बनाए और मुकाबला सुपरओवर में पहुंच गया।
सुपरओवर का रोमांच
कोलकाता की तरफ से सुपरओवर में बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह और रोवमन पॉवेल आए। प्रिंस यादव को थमाई गई गेंद।
1. पहली गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका लगाकर मुकाबला जीता।
बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन (स्ट्राइकर्स एंड) और एडेन मार्करम (नॉन स्ट्राइकर्स एंड) आए। गेंदबाजी का जिम्मा केकेआर की तरफ से सुनील नरेन को सौंपा गया।
1. पहली गेंद पर पूरन बोल्ड हुए। अब बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत आए।
2. पंत ने एक रन चुराया। अब स्ट्राइक पर मार्करम आए।
3. रिंकू सिंह ने लपका कैच। सुपरओवर में लखनऊ के बल्लेबाज सिर्फ एक रन बना पाए। अब केकेआर को दो रन का लक्ष्य मिला है।
लखनऊ और कोलकाता के बीच खेला जा रहा मुकाबला सुपरओवर में पहुंच गया है। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ ने भी निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 155 रन बनाए और स्कोर बराबर हो गया। आखिरी ओवर केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी ने किया।
वैभव अरोड़ा ने लखनऊ को सातवां झटका दिया। उन्होंने जॉर्ज लिंडे को पवेलियन भेजा। वह आठ रन बना सके। अब हिम्मत सिंह का साथ देने मोहम्मद शमी आए हैं।
लखनऊ को छठा झटका वरुण ने दिया। उन्होंने आयुष बडोनी को अनुकूल रॉय के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में 24 रन बनाकर लौटे। अब हिम्मत सिंह का साथ देने जॉर्ज लिंडे आए हैं।
93 के स्कोर पर लखनऊ ने पांच विकेट गंवा दिए हैं। मुकुल चौधरी सिर्फ एक रन बना पाए। अब बल्लेबाजी के लिए हिम्मत सिंह आए हैं। उनका साथ देने के लिए आयुष बडोनी क्रीज पर मौजूद हैं।
वरुण ने लखनऊ को चौथा झटका दिया। उन्होंने निकोलस पूरन को सुनील नरेन के हाथों कैच कराया। वह 12 गेंदों में सिर्फ नौ रन बना पाए। अब आयुष बडोनी का साथ देने मुकुल चौधरी आए हैं।
लखनऊ ने तीसरा विकेट ऋषभ पंत के रूप में खोया। वह 38 गेंदों में 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब निकोलस पूरन का साथ देने आयुष बडोनी आए हैं।
लखनऊ को दूसरा झटका ग्रीन ने दिया। उन्होंने फॉर्म में नजर आ रहे एडेन मार्करम को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह 31 रन बनाकर आउट हुए। अब पंत का साथ देने निकोलस पूरन आए हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और लखनऊ ने एक विकेट पर 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 16 और ऋषभ पंत 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले टीम ने मिचेल मार्श का विकेट गंवाया था। उनका कैच पॉवेल ने लपका था।
लखनऊ को पहला झटका वैभव अरोड़ा ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर दिया। उन्होंने रोवमैन पॉवेल के हाथों मिचेल मार्श को कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। अब मार्करम का साथ देने कप्तान ऋषभ पंत आए हैं।
लखनऊ की पारी शुरू हो चुकी है। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 156 रनों का लक्ष्य दिया है। रविवार को इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। उनके लिए रिंकू सिंह ने सर्वाधिक 83 रनों की पारी खेली। आखिरी ओवर में दिग्वेश राठी के खिलाफ बाएं हाथ के बल्लेबाज ने लगातार चार छक्के ठोके और 26 रन लूटे। वहीं, लखनऊ के लिए मोहसिन खान ने घातक गेंदबाजी की और पांच विकेट झटके। उनके अलावा जॉर्ज लिंडे ने एक विकेट अपने नाम किया।
मुश्किल वक्त में केकेआर को रिंकू सिंह का साथ मिला है। उन्होंने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और लखनऊ के खिलाफ दीवार बनकर डटे हुए हैं। उनका साथ देने के लिए सुनील नरेन भी क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद स्कोर सात विकेट पर 129 रन है।
केकेआर को सातवां झटका जॉर्ज लिंडे ने दिया। उन्होंने मिचेल मार्श के हाथों रमनदीप सिंह को कैच कराया। वह सिर्फ छह रन बना पाए। अब रिंकू का साथ देने सुनील नरेन आए हैं।
केकेआर की हालत खराब नजर आ रही है। मोहसिन खान ने एक ही ओवर में दो और विकेट लेकर इस मुकाबले में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने कैमरन ग्रीन (34) और अनुकूल रॉय (0) को पवेलियन की राह दिखाई। अब रिंकू सिंह का साथ देने रमनदीप सिंह आए हैं।
कोलकाता को चौथा झटका मोहसिन खान ने दिया। उन्होंने पंत के हाथों रोवमैन पॉवेल को कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। 6.1 ओवर तक कोलकाता ने 31 रन बनाए हैं और चार विकेट गंवा दिए हैं। अब ग्रीन का साथ गेने रिंकू सिंह आए हैं।
अंगकृष रघुवंशी को फील्डिंग के दौरान बाधा डालने के लिए अंगकृष रघुवंशी को आउट करार दिया गया। वह सिर्फ नौ रन बना पाए। अब पॉवेल आए हैं।
केकेआर को दूसरा झटका भी मोहसिन खान ने ही दिया। उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे को मार्करम के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 10 रन बना पाए। अब रघुवंशी का साथ देने कैमरन ग्रीन आए हैं।
कोलकाता को पहला दूसरे ओवर में मोहसिन खान ने दिया। उन्होंने मुकुल चौधरी के हाथों टिम सीफर्ट को कैच आउट कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। अब रहाणे का साथ देने अंगकृष रघुवंशी आए हैं।
कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। अजिंक्य रहाणे और टिम सीफर्ट क्रीज पर मौजूद हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे, दिग्वेश राठी, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, मोहसिन खान।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: हिम्मत सिंह, अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद, अवेश खान, एम सिद्धार्थ।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: मनीष पांडे, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, नवदीप सैनी, वरुण चक्रवर्ती।
लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान ऋषभ पंत ने बताया कि टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। मणिमारन सिद्धार्थ की जगह जॉर्ज लिंडे को मौका मिला है। वहीं, कोलकाता ने इस मुकाबले में कोई बदलाव नहीं किया है।
दूसरी ओर, लखनऊ का अभियान भी अब तक अच्छा नहीं रहा है। ऋषभ पंत की अगुआई वाली इस टीम ने केवल दो मैच जीते हैं और उस पर जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। लगातार चार हार और कप्तान के कई फैसलों ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है। पंत स्वयं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर का रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 67 रन की पारी के बाद से उन्होंने पांच पारियों में केवल 72 रन बनाए हैं, जिसमें राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तीन गेंदों पर शून्य पर आउट होना भी शामिल है।
एलएसजी का अपने घरेलू मैदान पर खराब प्रदर्शन इस साल भी जारी रहा। पिछले सत्र में उसे यहां खेले गए आठ मैचों में से छह में हार मिली, जिसमें लगातार पांच हार शामिल हैं। इस साल उसने यहां तीन मैच गंवाए हैं। एलएसजी ने इस मैदान पर खेले गए कुल 24 मैचों में से केवल नौ में जीत हासिल की है। उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी रही है और शीर्ष क्रम के बार-बार लड़खड़ाने से मध्य क्रम की कमजोरियां उजागर हो गई हैं।
कमजोर तेज गेंदबाजी आक्रमण और स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के नहीं चल पाने से भी रहाणे की मुश्किलें बढ़ी। यही नहीं टीम अभी तक सही संयोजन भी तैयार नहीं कर पाई है। रचिन रवींद्र को अभी तक एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है, जबकि उनके देश न्यूजीलैंड के फिन एलेन और टिम सीफर्ट के बीच बिना किसी स्पष्टता के अदला-बदली का खेल चल रहा है।
आईपीएल 2025 के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भी केकेआर ने रहाणे को कप्तान बनाए रखकर साहसिक फैसला किया, लेकिन उनकी अगुआई में टीम इस सत्र में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। केकेआर को अपनी पहली जीत दर्ज करने में सात मैच लगे। यह जीत भी उसे सामूहिक प्रयास से नहीं बल्कि रिंकू सिंह के व्यक्तिगत प्रदर्शन की बदौलत मिली। रहाणे ने अब तक कुछ मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन वह अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए हैं जो कि इस प्रारूप में जरूरी है। उनकी उम्र लगभग 38 वर्ष है और ऐसे में उन्हें लंबी अवधि तक टी20 टीम का कप्तान बनाए रखना इस प्रारूप की मांगों के अनुरूप नहीं लगता है।
अंक तालिका में नीचे चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच रविवार को आईपीएल 2026 का मुकाबला खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन इस सीजन अच्छा नहीं रहा है। ऐसे में अपनी संभावनाओं को जीवंत रखने के लिए इन्हें हर हाल में जीत चाहिए होगी। केकेआर के लिए राहत की बात है कि उसके श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना टीम से जुड़ गए हैं और इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं।
IPL Live Cricket Score, LSG vs KKR Indian Premier League 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का 38वां मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में लखनऊ की नजरें जीत की लय में वापसी करने पर होंगी।