फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs KKR: लखनऊ ने कोलकाता को 75 रन से हराया, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची, रसेल की तूफानी पारी बेकार

Sat, 07 May 2022 11:04 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

LSG vs KKR (Lucknow vs Kolkata): कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता के सामने 177 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में कोलकाता की टीम 14.3 ओवर में 101 रन पर ऑलआउट हो गई।
विज्ञापन
लखनऊ की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:52 PM, 07-May-2022

लखनऊ ने कोलकाता को 75 रन से हराया

आईपीएल 2022 के 53वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 75 रन से हरा दिया है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन का स्कोर बनाया। जवाब में कोलकाता की टीम 14.3 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। केकेआर के आंद्रे रसेल की तूफानी पारी बेकार गई।

कोलकाता के 101 रन में रसेल का योगदान 45 रन का रहा। उन्होंने अपनी 19 गेंदों की पारी में तीन चौके और पांच छक्के लगाए। आवेश खान ने 13वें ओवर में रसेल को पवेलियन भेजा। वहीं, 15वें ओवर में कोलकाता ने तीन विकेट गंवाए। होल्डर के इस ओवर की पहली दो गेंदों पर सुनील नरेन और टिम साउदी कैच आउट हुए। वहीं, तीसरी गेंद पर हर्षित राणा के रन आउट होते ही केकेआर की टीम मैच हार गई।

इस मैच में लखनऊ के दो गेंदबाजों ने विकेट मेडन फेंका। मोहसिन ने केकेआर की पारी का पहला ओवर विकेट मेडन डाला था। मोहसिन ने बिना कोई विकेट डाले बाबा इंद्रजीत को पवेलियन भेजा था। इसके बाद केकेआर की पारी का सातवां ओवर आवेश ने विकेट मेडन फेंका। इस ओवर में आवेश ने नीतीश को पवेलियन भेजा और कोई रन नहीं दिया। 

लखनऊ की ओर से आवेश खान और जेसन होल्डर ने तीन-तीन विकेट झटके। वहीं, मोहसिन खान ने तीन ओवर में एक मेडन और छह रन देकर एक विकेट लिया। दुष्मंथा चमीरा और रवि बिश्नोई को भी एक-एक विकेट मिला। 

इस जीत के साथ लखनऊ की टीम अंक तालिका में गुजरात को हटाकर शीर्ष पर पहुंच गई है। उसके 11 मैचों में आठ जीत के साथ 16 अंक हैं। लखनऊ की टीम ने सिर्फ तीन मैच गंवाए हैं। गुजरात के भी 11 मैचों में 16 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट में लखनऊ गुजरात से काफी आगे हैं। लखनऊ का नेट रन रेट +0.703 है। वहीं, गुजरात का नेट रन रेट +0.120 है।

वहीं, हार के साथ कोलकाता के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है। टीम लगभग प्लेऑफ के रेस से बाहर हो चुकी है। केकेआर के 11 मैचों में चार जीत और सात हार के साथ आठ अंक हैं। 

10:40 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: आवेश खान ने एक ओवर में दो विकेट झटके

13वें ओवर में आवेश खान ने घातक गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया है। उन्होंने इस ओवर में केकेआर के आंद्रे रसेल और अनुकूल रॉय को पवेलियन भेजा। रसेल की तूफानी पारी समाप्त हुई। वे 19 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के लगाए। आवेश की गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने के चक्कर में रसेल थर्ड मैन पर होल्डर के हाथों कैच आउट हो गए। वहीं, ओवर की चौथी गेंद पर आवेश ने अनुकूल रॉय को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वे खाता भी नहीं खोल सके। 13 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर सात विकेट पर 88 रन है। 

10:17 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: रसेल ने लगाए तीन छक्के

कोलकाता की पारी के नौवें ओवर में जेसन होल्डर गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर में आंद्रे रसेल का दम देखने को मिला। उन्होंने इस ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़ा। इस ओवर में केकेआर ने कुल 25 रन बटोरे। नौ ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 55 रन है। फिलहाल रसेल 11 गेंदों पर 28 रन और रिंकू सिंह तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। कोलकाता को 66 गेंदों पर 122 रन की जरूरत है। 

विज्ञापन
10:05 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: आवेश ने नीतीश को बोल्ड किया

कोलकाता को सातवें ओवर में चौथा झटका लगा। आवेश खान ने नीतीश राणा को क्लीन बोल्ड किया। नीतीश 11 गेंदों पर दो रन बना सके। इस ओवर में आवेश ने कोई रन भी नहीं दिया। यह इस मैच का दूसरा विकेट मेडन है। इससे पहले लखनऊ के ही मोहसिन खान ने पहले ओवर में विकेट मेडन डाला था। उन्होंने बाबा इंद्रजीत को पवेलियन भेजा था। सात ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 25 रन है। फिलहाल रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल क्रीज पर हैं। 

09:58 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: कोलकाता को तीसरा झटका

कोलकाता को पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में तीसरा झटका लगा। बाबा इंद्रजीत और कप्तान श्रेयस अय्यर के बाद एरॉन फिंच भी फेल रहे। छठे ओवर में जेसन होल्डर ने फिंच को डिकॉक के हाथों कैच कराया। फिंच 14 गेंदों पर 14 रन बना सके। इंद्रजीत शून्य और श्रेयस छह रन बनाकर आउट हुए थे। होल्डर के अलावा मोहसिन खान और दुष्मंथा चमीरा को एक-एक विकेट मिला। 

विज्ञापन
09:49 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: कोलकाता ने दो विकेट गंवाए

कोलकाता की शुरुआत खराब हुई है। चार ओवर के अंदर ही टीम ने कप्तान श्रेयस अय्यर और ओपनर बाबा इंद्रजीत के विकेट गंवा दिए हैं। इंद्रजीत तो खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, श्रेयस नौ गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। मोहसिन ने इंद्रजीत को केकेआर की पारी के पहले ओवर में ही पवेलियन भेजा था। वहीं, चौथे ओवर में दुष्मंथा चमीरा ने श्रेयस को बदोनी के हाथों कैच कराया। बदोनी ने ही दोनों कैच लपके हैं। चार ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 11 रन है। फिलहाल नीतीश राणा और एरॉन फिंच क्रीज पर हैं। 

09:45 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: कोलकाता की धीमी शुरुआत

कोलकाता की शुरुआत धीमी रही है। पहले ओवर में शून्य पर विकेट गंवाने के बाद टीम अब तक उबर नहीं सकी है। तीन ओवर में कोलकाता ने एक विकेट गंवाकर छह रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान श्रेयस अय्यर और एरॉन फिंच क्रीज पर हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में एक रन देकर एक विकेट लिए हैं। पहले ओवर में ही मोहसिन ने विकेट मेडन फेंका था। उन्होंने बाबा इंद्रजीत को शून्य पर आउट किया था। 

09:39 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: मोहसिन का विकेट मेडन

लखनऊ की तरह कोलकाता को भी पहले ओवर में ही झटका लगा। लखनऊ की पारी के दौरान केएल राहुल रन आउट हुए थे। वहीं, कोलकाता को बाबा इंद्रजीत के रूप में पहला झटका लगा। मोहसिन खान ने उन्हें आयुष बदोनी के हाथों कैच कराया। इंद्रजीत छह गेंदों पर खाता भी नहीं खोल सके। पहला ओवर में मोहसिन ने विकेट मेडन फेंका। फिलहाल क्रीज पर कप्तान श्रेयस अय्यर और एरॉन फिंच मौजूद हैं।

09:15 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: लखनऊ ने कोलकाता को 177 रन का लक्ष्य दिया

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 177 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए। इसमें 19वें ओवर में आए 30 रन शामिल हैं। तेज गेंदबाज शिवम मावी के इस ओवर में लखनऊ के मार्कस स्टोइनिस और जेसन होल्डर ने मिलकर पांच छक्के लगाए। इस ओवर की पहली तीन गेंदों पर मार्कस स्टोइनिस ने तीन छक्के लगाए। चौथी गेंद पर भी छक्का लगाने के चक्कर में वह श्रेयस अय्यर को कैच थमा बैठे। स्टोइनिस ने 14 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली। इसके बाद आखिरी दो गेंदों पर जेसन होल्डर ने दो छक्के लगाए। यह केकेआर के किसी गेंदबाज द्वारा आईपीएल में लुटाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले 2018 में कोलकाता ने दिल्ली के खिलाफ एक ओवर में 28 रन लुटाए थे। आखिरी पांच ओवर में लखनऊ ने 53 रन बनाए और तीन विकेट गंवा दिए। लखनऊ की ओर से क्विंटन डिकॉक ने सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली। वहीं, दीपक हुड्डा ने 41 रन बनाए। कोलकाता की ओर से आंद्रे रसेल ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके।

पांच छक्के लगने के बाद शिवम मावी

09:13 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: मावी ने 30 रन लुटाए

लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी देखने को मिली है। शिवम मावी के 19वें ओवर में पांच छक्के लगे और कुल 30 रन आए। इस ओवर की पहली तीन गेंदों पर मार्कस स्टोइनिस ने तीन छक्के लगाए। चौथी गेंद पर भी छक्का लगाने के चक्कर में वह श्रेयस को कैच थमा बैठे। स्टोइनिस ने 14 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली। इसके बाद आखिरी दो गेंदों पर जेसन होल्डर ने दो छक्के लगाए। हालांकि, 20वें ओवर में होल्डर भी कैच आउट हुए। 20वें ओवर में साउदी ने चार रन दिए।

08:58 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: 17 ओवर के बाद लखनऊ 133/4

17 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने चार विकेट गंवाकर 133 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस आठ गेंदों पर आठ रन और आयुष बदोनी 11 गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

08:46 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: लखनऊ को चौथा झटका

15 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने चार विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। इस ओवर में लखनऊ की टीम को चौथा झटका लगा। आंद्रे रसेल ने क्रुणाल पांड्या को एरॉन फिंच के हाथों कैच कराया। क्रुणाल 27 गेंदों पर 25 रन बना सके। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस और आयुष बदोनी क्रीज पर हैं। 

08:32 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: लखनऊ को तीसरा झटका

13वें ओवर में 107 के स्कोर पर लखनऊ सुपर जाएंट्स को तीसरा झटका लगा। शानदार बल्लेबाजी कर रहे दीपक हुड्डा अर्धशतक से चूक गए। उन्हें आंद्रे रसेल ने हुड्डा को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। हुड्डा 27 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। 13 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 110 रन है। फिलहाल आयुष बदोनी और क्रुणाल पांड्या क्रीज पर हैं।

08:26 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: हुड्डा और क्रुणाल ने संभाली पारी

11 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दो विकेट पर 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा 24 गेंदों पर 39 रन और क्रुणाल पांड्या 13 गेंदों पर 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 25 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।

08:16 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: नौ ओवर के बाद लखनऊ 79/2

नौ ओवर के बाद लखनऊ ने दो विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा 19 गेंदों पर 26 रन और क्रुणाल पांड्या छह गेंदों पर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। क्विंटन डिकॉक 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सुनील नरेन ने शिवम मावी के हाथों कैच कराया। वहीं, कप्तान केएल राहुल खाता भी नहीं खोल सके।

08:10 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: लखनऊ को दूसरा झटका

आठवें ओवर में 73 के स्कोर पर लखनऊ को दूसरा झटका लगा। क्विंटन डिकॉक आईपीएल करियर का 19वां अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। डिकॉक ने 27 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। हालांकि, इसके बाद वह ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिक सके। सुनील नरेन ने डिकॉक को शिवम मावी के हाथों कैच कराया। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 29 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन बनाए। आठ ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 76 रन है। फिलहाल दीपक हुड्डा और क्रुणाल पांड्या क्रीज पर हैं। 

08:06 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: पावरप्ले में लखनऊ की आतिशी बल्लेबाजी

पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में लखनऊ ने एक विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। डिकॉक और दीपक हुड्डा तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं। डिकॉक 23 गेंदों पर 44 रन और हुड्डा 13 गेंदों पर 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह इस सीजन लखनऊ का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। वहीं, पुणे के मैदान पर भी यह सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है।

07:48 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: चार ओवर के बाद लखनऊ 39/1

चार ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने एक विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। कप्तान राहुल के आउट होने के बाद क्विंटन डिकॉक और दीपक हुड्डा ने आतिशी बल्लेबाजी की है। फिलहाल डिकॉक 15 गेंदों पर 22 रन और दीपक हुड्डा नौ गेंदों पर 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

07:47 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: लखनऊ को पहला झटका

लखनऊ को पहले ही ओवर में झटका लगा। कप्तान केएल राहुल बिना कोई गेंद खेले ही रन आउट हो गए। टिम साउदी की गेंद पर डिकॉक और राहुल ने रन लेना चाहा। डिकॉक के कॉल पर राहुल रन लेने के लिए दौड़े। राहुल जब आधे क्रीज पर पहुंचे तो डिकॉक ने मना कर दिया और राहुल जब तक क्रीज में वापस लौटते, तब तक श्रेयस अय्यर ने डायरेक्ट हिट पर राहुल को रन आउट कर दिया था। एक ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर दो रन है। यह इस सीजन तीसरी बार है जब राहुल खाता नहीं खोल सके। इससे पहले जब वो दो मैच में शून्य पर आउट हुए थे, तो लखनऊ को हार का सामना करना पड़ा था।

07:05 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

लखनऊ सुपर जाएंट्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), केएल राहुल (कप्तान), दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या, आयुष बदोनी, जेसन होल्डर, दुष्मंथा चमीरा, रवि बिश्नोई, अवेश खान, मोहसिन खान।


लखनऊ की प्लेइंग-11

कोलकाता नाइट राइडर्स: एरॉन फिंच, बाबा इंद्रजीत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नीतीश राणा, रिंकू सिंह, अनुकुल रॉय, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, टिम साउदी, शिवम मावी, हर्षित राणा।

कोलकाता की प्लेइंग-11

07:02 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: कोलकाता ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी का फैसला

लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कप्तान श्रेयस ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। चोटिल उमेश यादव की जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, लखनऊ ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम की जगह तेज गेंदबाज आवेश खान को टीम में शामिल किया गया है।

06:39 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: रसेल के कमाल की जरूरत

केकेआर के टीम प्रबंधन को हालांकि इस बात की खुशी होगी कि राजस्थान के खिलाफ उसके मध्यक्रम के बल्लेबाजों नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने मैच विजेता पारियां खेली। आक्रामक आंद्रे रसेल के साथ यह जोड़ी लखनऊ के गेंदबाजी आक्रमण पर हावी हो सकती है। केकेआर स्पिनर अनुकुल रॉय को टीम में रख सकती है, जिन्होंने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स से यह मैच जीतकर लगातार पांच हार का सिलसिला तोड़ा था।

06:38 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: केकेआर के लिए ओपनर चिंता का सबब

इस बीच केकेआर के लिए सबसे बड़ी चिंता उसके सलामी बल्लेबाज हैं जो रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। केकेआर ने शीर्ष क्रम में विभिन्न संयोजन आजमाए, लेकिन कोई भी कारगर साबित नहीं हुआ। अगर एरॉन फिंच और बाबा इंद्रजीत फिर से पारी की शुरुआत करते हैं तो दोनों को आक्रामक बल्लेबाजी करनी होगी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 10 मैचों में 324 रन बनाए हैं, जो उनकी प्रतिभा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने केवल दो अर्धशतक लगाए हैं। उन्हें आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा और बड़ी पारी खेलनी होगी।

06:38 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: कप्तान राहुल हैं प्रचंड फॉर्म में

राहुल अभी बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने 10 मैचों में 451 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में छह रन की जीत में उन्होंने 77 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। केकेआर के गेंदबाजों उमेश यादव, टिम साउदी, शिवम मावी और सुनील नरेन के लिए राहुल को रोकना बड़ी चुनौती होगी, लेकिन लखनऊ के अन्य बल्लेबाजों जैसे क्विंटन डिकॉक, आयुष बदोनी, दीपक हुड्डा और क्रुणाल पंड्या को भी अधिक जिम्मेदारी लेने की जरूरत है।

इसके अलावा ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और जेसन होल्डर का प्रदर्शन भी काफी मायने रखेगा। पिछले मैच में चार विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहसिन खान हर अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन दुष्मंथा चमीरा, होल्डर और क्रुणाल पांड्या को दिल्ली के खिलाफ खराब प्रदर्शन को भुलाकर नए सिरे से शुरुआत करनी होगी। स्पिनर रवि बिश्नोई और कृष्णप्पा गौतम के चार-चार ओवर भी महत्वपूर्ण होंगे।

06:38 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR Live: जीत का चौका लगाने उतरेगी लखनऊ की टीम

लखनऊ की टीम पिछले लगातार तीन मैच से जीत रही है और आज जीत का चौका लगाने उतरेगी। वहीं, कोलकाता के लिए यहां से हर मुकाबला करो या मरो वाला है। हारने पर टीम के लिए प्लऑफ का रास्ता मुश्किल हो जाएगा। केकेआर को लखनऊ के कप्तान केएल राहुल से सतर्क रहना होगा जो बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। लखनऊ ने राहुल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर अभी तक 10 में से सात मैच जीते हैं और वह 14 अंक लेकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। लखनऊ की टीम जहां प्लेऑफ में जगह सुरक्षित करने के करीब है, वहीं कोलकाता के 10 मैचों में चार जीत से आठ अंक हैं और वह अभी आठवें स्थान पर है।

06:31 PM, 07-May-2022

LSG vs KKR: लखनऊ ने कोलकाता को 75 रन से हराया, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची, रसेल की तूफानी पारी बेकार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2022 के 53वें मैच में आज लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से है। यह मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। लखनऊ की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और उसका प्लेऑफ का दावा मजबूत है। वहीं, कोलकाता की टीम के लिए यह करो या मरो मुकाबले जैसा है। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यहां से सभी मैच जीतने होंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें