शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गुजरात के लिए बटलर ने 60 रन और गिल ने 56 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर जीत की नींव रखी।
गुजरात की आईपीएल 2026 में यह दूसरी जीत है। लखनऊ ने पिछले दो मैच जीते थे, लेकिन उसे घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा। लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी को एक-एक विकेट मिला।
मोहम्मद शमी ने जोस बटलर को आउट कर गुजरात को तीसरा झटका दिया है। बटलर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 37 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हो गए।
गुजरात टाइटंस को कप्तान गिल के रूप में दूसरा झटका लगा है। गिल 40 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हो गए हैं। गिल और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई।
गिल के बाद जोस बटलर ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 83 रनों की साझेदारी हो गई है। बटलर का यह 100वां टी20 अर्धशतक है। उन्होंने इस प्रारूप में 14000 रन भी पूरे कर लिए हैं। बटलर ने 468 पारियों में टी20 में 14000 रन पूरे किए।
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने शानदार बल्लेबाजी की। गिल और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है जिससे टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है।
दिग्वेश राठी ने साई सुदर्शन को आउट कर गुजरात को पहला झटका दिया। सुदर्शन और गिल के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन राठी ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। सुदर्शन 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए।
लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने सधी शुरुआत की है। गिल और सुदर्शन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। लखनऊ को अब विकेट की तलाश है।
लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। लखनऊ ने गुजरात को 165 रनों का लक्ष्य दिया है। गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन उतरे हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात टाइटंस को 165 रनों का लक्ष्य दिया है। लखनऊ की बल्लेबाजी इस मैच में कुछ खास नहीं रही और टीम के लिए कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। लखनऊ ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। लखनऊ की ओर से सबसे ज्यादा रन एडेन मार्करम ने बनाए जो 30 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 28 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं, अशोक शर्मा को दो विकेट और मोहम्मद सिराज तथा कगिसो रबाडा को एक-एक विकेट मिला।
अशोक शर्मा ने अब्दुल समद को आउट कर लखनऊ को छठा झटका दिया है। समद 22 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हो गए।
प्रसिद्ध कृष्णा ने निकोलस पूरन को आउट कर लखनऊ को पांचवां झटका दिया है। लखनऊ की आधी टीम 109 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। निकोलस पूरन ने 21 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 19 रन बनाए।
गुजरात के खिलाफ लखनऊ का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। लखनऊ के लिए निकोलस पूरन और अब्दुल समद क्रीज पर मौजूद हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा ने लखनऊ को चौथा झटका दिया है। प्रसिद्ध की गेंद पर आयुष बदोनी अपना विकेट गंवा बैठे और 11 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए।
प्रसिद्ध कृष्णा ने एडेन मार्करम को आउट कर लखनऊ को तीसरा झटका दिया है। मार्करम अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन पावरप्ले के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। मार्करम ने 21 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए।
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात के खिलाफ पावरप्ले में 60 रन बनाए। लेकिन गुजरात को इस दौरान दो सफलताएं मिली। लखनऊ ने मिचेल मार्श और ऋषभ पंत के विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम और आयुष बदोनी क्रीज पर मौजूद हैं।
लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत अपना विकेट गंवा बैठे हैं। पंत को मोहम्मद सिराज ने अपना शिकार बनाया जो 11 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए।
लखनऊ सुपर जाएंट्स को मिचेल मार्श के रूप में पहला झटका लगा है। मिचेल कगिसो रबाडा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे हैं। मिचेल चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। लखनऊ की ओर से एडेन मार्करम और मिचेल मार्श क्रीज पर मौजूद हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब: मणिमरन सिद्धार्थ, जॉर्ज लिंडे, मैथ्यू ब्रिट्ज्के, शाहबाज अहमद, मयंक यादव।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबादा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट सब: शाहरुख खान, मानव सुथार, जैसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, अनुज रावत।
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। गिल ने बताया कि उन्होंने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, लखनऊ ने भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान/कुमार कुशाग्र, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, जॉर्ज लिंडे, आवेश खान, प्रिंस यादव, दिगवेश राठी।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए ऋषभ पंत की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है, खासकर शॉर्ट बॉल के खिलाफ उनका संघर्ष साफ दिख रहा है। वहीं निकोलस पूरन लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जिससे टीम की बल्लेबाज़ी उतनी खतरनाक नहीं लग रही जितनी उम्मीद थी। हालांकि आयुष बडोनी और मुकुल चौधरी निचले क्रम में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो टीम के लिए सकारात्मक पहलू है। लखनऊ के पास एक भरोसेमंद ऑलराउंडर की कमी साफ नजर आती है, क्योंकि मिचेल मार्श गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं और मोहम्मद शमी का नंबर-आठ पर आना बल्लेबाजी को थोड़ा कमजोर बना देता है। ऐसे में जॉर्ज लिंडे को शामिल करना टीम को बेहतर संतुलन दे सकता है।
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी लगातार रन बना रही है, लेकिन अभी भी पूरी रफ्तार में नहीं दिख रही। मिडिल और लोअर ऑर्डर थोड़ा कमजोर लग रहा है, जिसकी वजह से टीम चौथे-पांचवें गियर में अटकी हुई है। मोहम्मद सिराज से पावरप्ले में विकेट की उम्मीद थी, लेकिन वह अभी तक उस भूमिका में प्रभावी नहीं रहे हैं। हालांकि जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर और राशिद खान धीरे-धीरे फॉर्म में लौटते नजर आ रहे हैं, जो टीम के लिए राहत की बात है, लेकिन कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा से अभी और बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है।
आईपीएल 2026 का 19वां मुकाबला रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच लखनऊ में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपने पिछले मैच आखिरी गेंद पर जीतकर आ रही हैं। लखनऊ ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया, जबकि गुजरात ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की।
IPL Live Cricket Score, LSG vs GT Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज गुजरात टाइटंस का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से है। दोनों टीमों ने अपने पिछले मुकाबले जीते थे और अब इनकी नजरें इस लय को बरकरार रखने की होंगी।