फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs GT Highlights: लखनऊ ने गुजरात टाइटंस को छह विकेट से हराया, पूरन-मार्करम ने जड़े अर्धशतक

Sat, 12 Apr 2025 07:24 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

LSG vs GT Indian Premier League 2025: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात टाइटंस का चार मैचों से चला आ रहा विजयी अभियान रोका और छह विकेट से जीत दर्ज की। लखनऊ की छह मैचों में यह चौथी जीत है और वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
लखनऊ सुपर जाएंट्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:24 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: लखनऊ की जीत

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने एडेन मार्करम और निकोलस पूरन के अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस को छह विकेट से हराया। लखनऊ ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। गुजरात ने साई सुदर्शन और शुभमन गिल के अर्धशतकों से 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ ने 19.3 ओवर में चार विकेट पर 186 रन बनाकर मैच जीता। लखनऊ के लिए पूरन ने 34 गेंदों पर एक चौका और सात छक्कों की मदद से 61 रन और मार्करम ने 31 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम और पंत ने लखनऊ को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। पंत 2016 के बाद पहली बार आईपीएल में ओपनिंग के लिए उतरे, लेकिन 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मार्करम और पूरन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। मार्करम ने जहां 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, वहीं पूरन ने 23 गेंदों पर पचासा लगाया। मार्करम को भी प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया।

मार्करम के आउट होने के बाद भी पूरन ने अपनी तेज तर्रार पारी जारी रखी और लखनऊ का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। पूरन हालांकि, राशिद खान का शिकार बने। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने डेविड मिलर को आउट किया जो सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे आयुष बडोनी 20 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अब्दुल समद भी दो रन बनाकर नाबाद लौटे। गुजरात के लिए प्रसिद्ध ने दो विकेट लिए, जबकि राशिद और वाशिंगटन को एक-एक विकेट मिला। 

07:17 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गुजरात को चौथी सफलता

वाशिंगटन सुंदर ने डेविड मिलर को बोल्ड कर गुजरात को चौथी सफलता दिलाई। मिलर 11 गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ को हालांकि जीत के लिए आठ गेंदों पर सात रन की जरूरत है। 

07:03 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: पूरन पवेलियन लौटे

राशिद खान ने निकोलस पूरन को आउट कर लखनऊ को तीसरा झटका दिया। पूरन 34 गेंदों पर एक चौका और सात छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ को अब जीत के लिए 28 गेंदों पर 26 रनों की जरूरत है। 

विज्ञापन
06:48 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: पूरन का पचासा

लखनऊ के लिए निकोलस पूरन ने अर्धशतक लगा दिया है। उन्होंने गुजरात के खिलाफ 23 गेंदों पर पचासा पूरा किया। पूरन इस मैच में आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे लखनऊ का स्कोर 13 ओवर बाद दो विकेट पर 140 रन हो गया है। लखनऊ को अब 42 गेंदों पर 41 रन की जरूरत है। 

06:39 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गुजरात को दूसरी सफलता

प्रसिद्ध कृष्णा ने एडेन मार्करम को आउट कर लखनऊ को दूसरी सफलता दिलाई है। मार्करम शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक जड़ चुके थे, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। मार्करम 31 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ ने अब आयुष बडोनी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा है जो दिग्वेश राठी की जगह आए हैं। 

विज्ञापन
06:31 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: मार्करम का अर्धशतक

लखनऊ के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने गुजरात के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। मार्करम ने 26 गेंदों पर पचासा पूरा किया। मार्करम के अलावा निकोलस पूरन भी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं जिसकी मदद से लखनऊ का स्कोर 10 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 114 रन हो गया है। लखनऊ को अब 60 गेंदों पर 67 रनों की जरूरत है। 

06:29 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: पूरन-मार्करम की अच्छी बल्लेबाजी

गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम और पूरन के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। लखनऊ ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। 

06:14 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: ऋषभ पंत पवेलियन लौटे

प्रसिद्ध कृष्णा ने कप्तान ऋषभ पंत को आउट कर लखनऊ को पहला झटका दिया है। पंत और मार्करम के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े थे। पावरप्ले खत्म होने के बाद गुजरात पहली सफलता हासिल करने में सफल रहा। पंत 18 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। 

06:10 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: लखनऊ का स्कोर 60 के पार

गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम और पंत ने लखनऊ को अच्छी शुरुआत दिलाई है। लखनऊ ने पावरप्ले की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 61 रन बना लिए हैं। उसे अभी जीत के लिए 84 गेंदों पर और 120 रन बनाने हैं। 

05:55 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: लखनऊ की सधी शुरुआत

गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने सधी शुरुआत की है। मार्करम और पंत ने अच्छी शुरुआत दिलाई है जिससे लखनऊ का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 28 रन हो गया है। 

05:40 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: लखनऊ की पारी शुरू

गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की पारी शुरू हो गई है। लखनऊ के लिए मार्करम के साथ कप्तान पंत पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। गुजरात ने लखनऊ के सामने जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य रखा है। 

05:22 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गुजरात की पारी समाप्त

गुजरात टाइटंस ने कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्धशतकों की मदद से लखनऊ सुपर जाएंट्स को 181 रनों का लक्ष्य दिया है। लखनऊ ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 120 रन जोड़े। लखनऊ ने हालांकि अच्छी वापसी की जिससे गुजरात 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन बना सका। गिल और सुदर्शन ने 12 ओवर में स्कोर 120 पहुंचाया था, लेकिन इसके बाद गुजरात की टीम अगले आठ ओवर में 60 रन ही बना सकी। 

गिल और सुदर्शन ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की। उस वक्त लग रहा था कि गुजरात की टीम 200 रन का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी, लेकिन रवि बिश्नोई और शार्दुल ठाकुर ने लखनऊ को अच्छी वापसी कराई। आवेश खान ने गिल को आउट कर लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। गिल 38 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बिश्नोई ने सुदर्शन को पवेलियन भेजा जो 37 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के के सहारे 56 रन बनाकर आउट हुए। बिश्नोई ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर वाशिंगटन सुंदर (2) का विकेट लिया। इस तरह गुजरात ने छह रन के अंतर पर तीन विकेट गंवाए। 

गिल और सुदर्शन के बाद गुजरात का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। शेरफाने रदरफोर्ड ने 19 गेंदों पर तीन चौकों के सहारे 22 रन की पारी खेली, जबकि जोस बटलर 14 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 16 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा शाहरुख खान 11 रन और राशिद खान चार रन बनाकर नाबाद रहे। अंतिम ओवर में शार्दुल ठाकुर ने रदरफोर्ड और राहुल तेवतिया को आउट किया। शार्दुल के पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। लखनऊ की ओर से शार्दुल और बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दिग्वेश और आवेश को एक-एक विकेट मिला। 

05:20 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: शार्दुल के पास हैट्रिक का मौका

शार्दुल ठाकुर के पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन वह चूक गए। शार्दुल ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर रदरफोर्ड को आउट किया और फिर चौथी गेंद पर तेवतिया को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। 

05:09 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गुजरात का स्कोर 150 के पार

लखनऊ के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने 150 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 18 ओवर की समाप्ति तक गुजरात ने चार विकेट पर 157 रन बनाए हैं। गुजरात की ओर से रदरफोर्ड और शाहरुख खान क्रीज पर मौजूद हैं। 

04:55 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गुजरात को लगा चौथा झटका

गुजरात को जोस बटलर के रूप में चौथा झटका लगा है। बटलर दिग्वेश राठी की गेंद पर आउट हुए और 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 147 रन बना लिए हैं। 

04:43 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: बिश्नोई ने दिया दूसरा झटका

रवि बिश्नोई ने वाशिंगटन सुंदर को आउट कर गुजरात को तीसरा झटका दिया। यह बिश्नोई का इस मैच का दूसरा विकेट है। वाशिंगटन दो रन बनाकर आउट हुए। गुजरात को गिल और सुदर्शन ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन लखनऊ वापसी करने में सफल रहा। गुजरात ने छह रन के अंतराल पर गिल, सुदर्शन और वाशिंगटन के विकेट गंवा दिए। 

04:39 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: सुदर्शन पवेलियन लौटे

रवि बिश्नोई ने साई सुदर्शन को आउट कर लखनऊ सुपर जाएंट्स को दूसरा झटका दिया। सुदर्शन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगा चुके थे। सुदर्शन 37 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

04:30 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गिल आउट हुए

आवेश खान ने एडेन मार्करम के हाथों कैच कराकर शुभमन गिल की पारी का अंत किया और लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। गिल ने सुदर्शन के साथ मिलकर गुजरात को मजबूत शुरुआत दिलाई थी और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। गिल ने 31 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था और वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन आवेश की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। गिल ने शॉट अच्छा खेला था, लेकिन बाउंड्री पर मार्करम ने उनका कैच पकड़ा। गिल ने 38 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाए। 

04:24 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: सुदर्शन का पचासा

शुभमन गिल के बाद साई सुदर्शन ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। यह सुदर्शन का आईपीएल में 10वां पचासा है। लखनऊ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए गिल और सुदर्शन ने गुजरात को अच्छी शुरुआत दिलाई है और टीम का स्कोर 11 ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 109 रन हो गया है। 

04:15 PM, 12-Apr-2025

IPL Live Score GT vs LSG: गिल का अर्धशतक

गुजरात के लिए गिल और सुदर्शन के बीच शानदार साझेदारी पनप रही है। लखनऊ ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन गिल और सुदर्शन ने गुजरात को अच्छी शुरुआत दिलाई है। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी की मदद से गुजरात का स्कोर नौ ओवर में बिना किसी नुकसान के 88 रन हो गया है। इसके साथ ही गुजरात के कप्तान गिल ने 31 गेंदों पर अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। 

03:58 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: गुजरात का स्कोर 50 के पार

लखनऊ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की शुरुआत अच्छी रही है और टीम ने पावरप्ले समाप्त होने के बाद 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। सुदर्शन और गिल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है जिससे गुजरात का स्कोर छह ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 54 रन हो गया है। 

03:44 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: गुजरात की अच्छी शुरुआत

लखनऊ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने अच्छी शुरुआत की है। गिल और सुदर्शन की शानदार बल्लेबाजी से गुजरात का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 26 रन हो गया है। 

03:32 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: गुजरात की पारी शुरू

लखनऊ के खिलाफ मैच में गुजरात की पारी शुरू हो गई है। गुजरात के लिए साई सुदर्शन के साथ कप्तान शुभमन गिल उतरे हैं। लखनऊ ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

03:07 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्सः एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर और कप्तान), हिम्मत सिंह, डेविड मिलर, अब्दुल समद, शार्दुल ठाकुर, आकाश दीप, दिग्वेश सिंह राठी, आवेश खान, रवि बिश्नोई।
इम्पैक्ट प्लेयरः आयुष बडोनी, प्रिंस यादव, शाहबाज अहमद, मैथ्यू ब्रिट्ज्के, शमार जोसेफ।

गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शेरफाने रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज। 
इम्पैक्ट प्लेयरः प्रसिद्ध कृष्णा, महिपाल लोमरोर, निशांत संधू, अनुज रावत, जयंत यादव। 

03:01 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: लखनऊ ने जीता टॉस

लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। लखनऊ ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और मिचेल मार्श की जगह हिम्मत सिंह को मौका दिया है। मार्श की बेटी बीमार हैं जिस कारण वह इस मैच के लिए अनुपलब्ध हैं। गुजरात ने भी कुलवंत खजरोलिया की जगह वाशिंगटन संदर को मौका दिया है। 

02:33 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: पूरन पड़ेंगे भारी या सिराज का चलेगा सिक्का?

लखनऊ की टीम में पूरन ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक 288 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 225 है जो किसी भी विरोधी टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है। वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज ने अभी तक 25 चौके और 24 छक्के लगाए हैं, लेकिन गुजरात के खिलाफ मैच में उन्हें सिराज की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। इस तेज गेंदबाज ने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन किया है और उनके नाम पर पांच मैच में 10 विकेट दर्ज हैं। उनका इकोनॉमी रेट भी 7.70 है। 

02:19 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live Match: सुंदर को फिर मिलेगा मौका?

गुजरात की बात करें तो टीम पांच मैचों में चार जीत के साथ आठ अंक लेकर शीर्ष पर है। प्लेइंग-11 में तीन विदेशी खिलाड़ी को रखने के बावजूद गुजरात ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। गुजरात ने पिछले मैच में वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया था और उन्होंने 49 रन बनाए थे। अब देखना दिलचस्प होगा कि गुजरात की टीम उन्हें आगे भी प्लेइंग-11 में बरकरार रखती है या नहीं।

02:13 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Live: लखनऊ की बल्लेबाजी मजबूत 

लखनऊ की टीम ने बल्लेबाजी में अपना दिखाया है और उसके लिए गेंदबाजी चिंता का विषय है। लखनऊ के लिए दिग्वेश राठी, शार्दुल ठाकुर और आवेश खान ने मोर्चा संभाला है, जबकि रवि बिश्नोई भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। इस बात की संभावना कम है कि लखनऊ की टीम गुजरात के खिलाफ प्लेइंग-11 में किसी तरह का बदलाव करेगी। बल्लेबाजी में निकोलस पूरन, मिचेल मार्श और एडेन मार्करम अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। पूरन फिलहाल ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं।

02:09 PM, 12-Apr-2025

LSG vs GT Highlights: लखनऊ ने गुजरात टाइटंस को छह विकेट से हराया, पूरन-मार्करम ने जड़े अर्धशतक

IPL Live Cricket Score, LSG vs GT Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज गुजरात टाइटंस का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से हो रहा है। दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मुकाबले जीते थे। गुजरात की टीम लगातार चार मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें