फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs CSK Highlights : लखनऊ ने चेन्नई को आठ विकेट से हराया, केएल राहुल और डिकॉक ने लगाए अर्धशतक

Fri, 19 Apr 2024 11:26 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

LSG vs CSK Indian Premier League 2024 : आईपीएल के 34वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना लखनऊ सुपरजाएंट्स से हुआ। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला गया। पिछले दो मैच हारने वाली लखनऊ की टीम ने चेन्नई को हराकर जीत की पटरी पर वापसी की, जबकि चेन्नई की टीम जीत की हैट्रिक नहीं लगा सकी।
विज्ञापन
लखनऊ सुपरजाएंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:18 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : जीत की पटरी पर लौटा लखनऊ

कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक के शानदार अर्धशतक और दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी के दम पर लखनऊ सुपरजाएंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराया। लखनऊ को पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने अपने होम ग्राउंड पर जीत दर्ज की। लखनऊ के लिए केएल राहुल ने 53 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली, जबकि डिकॉक ने 43 गेंदों पर 54 रन बनाए। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रवींद्र जडेजा के नाबाद 57 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में राहुल और डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी की जिसकी मदद से लखनऊ ने एक ओवर शेष रहते दो विकेट पर 180 रन बनाकर जीत दर्ज की। 

हार के बावजूद चेन्नई की टीम सात मैचों में चार जीत और तीन हार के साथ आठ लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि इतने ही मैच में सीएसके के समान अंक प्राप्त करने वाली लखनऊ की टीम पांचवें स्थान पर बरकरार है। 

11:00 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : राहुल की अर्धशतकीय पारी पर लगा विराम

तेज गेंदबाज मथिशा पथिराना ने कप्तान केएल राहुल को आउट कर लखनऊ को दूसरा झटका दिया। केएल राहुल ने पथिराना की गेंद पर शानदार शॉट जड़ा, लेकिन जडेजा ने एक हाथ से कैच पकड़कर राहुल को आउट किया। राहुल 53 गेंदों पर 82 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

10:53 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : राहुल का दमदार प्रदर्शन जारी

कप्तान केएल राहुल ने सीएसके के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी जारी रखी है और वह निकोलस पूरन के साथ पारी आगे बढ़ा रहे हैं। लखनऊ को अब जीत के लिए 24 गेंदों पर 31 रनों की जरूरत है और उसके नौ विकेट शेष हैं। 

विज्ञापन
10:45 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : डिकॉक हुए आउट

तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर चेन्नई को पहली सफलता दिलाई। डिकॉक 43 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कप्तान केएल राहुल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी की और टीम को सुखद स्थिति तक पहुंचाया। राहुल अभी क्रीज पर मौजूद हैं और डिकॉक के आउट होने के बाद राहुल का साथ देने निकोलस पूरन क्रीज पर उतरे हैं। 

10:43 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : डिकॉक ने लगाया पचासा

कप्तान केएल राहुल के बाद सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने भी पचासा जड़ दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। 

विज्ञापन
10:22 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : राहुल ने लगाया अर्धशतक

लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने सीएसके के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। उन्होंने क्विंटन डिकॉक के साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। राहुल और डिकॉक ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में बिना किसी नुकसान के 103 रन बना लिए हैं। लखनऊ को जीत के लिए अब 54 गेंदों पर 74 रन बनाने हैं। डिकॉक 33 गेंदों पर 41 रन बनाकर राहुल के साथ क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:13 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : राहुल अर्धशतक के करीब

कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक की सलामी जोड़ी ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को शानदार शुरुआत दिलाई। लखनऊ ने नौ ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 84 रन बना लिए हैं। राहुल अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और 27 गेंदों पर 46 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। राहुल के साथ डिकॉक भी 27 गेंदों पर 34 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

09:59 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : क्रीज पर टिके राहुल और डिकॉक

कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ने लखनऊ को अच्छी शुरुआत दिलाई है और पावरप्ले समाप्त होने तक सीएसके को एक भी सफलता हासिल नहीं करने दी है। छह ओवर की समाप्ति के बाद लखनऊ ने बिना किसी नुकसान के 54 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 20 गेंदों पर 34 रन और डिकॉक 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:45 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : राहुल-डिकॉक ने दिलाई सधी शुरुआत

लखनऊ सुपरजाएंट्स को कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। चेन्नई द्वारा 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन बना लिए हैं। 

09:30 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : लखनऊ की पारी शुरू

लखनऊ की पारी शुरू हो गई है और कप्तान केएल राहुल के साथ क्विंटन डिकॉक पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। चेन्नई के लिए दीपक चाहर ने ओवर की शुरुआत की। 

09:13 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : लखनऊ को मिला 177 रनों का लक्ष्य

चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के नाबाद अर्धशतक और महेंद्र सिंह धोनी की तेज तर्रार पारी से लखनऊ सुपरजाएंट्स के सामने जीत के लिए 177 रनों का लक्ष्य रखा। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 176 रन बनाए। सीएसके की ओर से जडेजा ने 40 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 57 रन और धोनी ने नौ गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के के सहारे नाबाद 28 रनों की पारी खेली। लखनऊ के लिए क्रुणाल पांड्या ने दो विकेट अपने नाम किए। 

लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था और उसके गेंदबाजों ने सीएसके को शुरुआती झटके देकर कप्तान का फैसला सही साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई। हालांकि दूसरे छोर से जडेजा टिके रहे और उन्होंने सधी हुई पारी खेल 34 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। जडेजा को मोइन अली का भी बखूबी साथ मिला जिन्होंने 20 गेंदों पर तीन छक्के की मदद से 30 रन बनाए। मोइन ने रवि बिश्नोई पर लगातार तीन छक्के जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर फिर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। 

मोइन के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे धोनी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। उन्होंने 19वां ओवर करने आए मोहसिन खान पर एक चौका और एक छक्का जड़ा, जबकि अंतिम ओवर डालने आए यश ठाकुर पर दो चौके और एक छक्के जड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। हालांकि एक समय चेन्नई की बल्लेबाजी काफी धीमी चल रही थी, लेकिन अंत में सीएसके ने गियर बदला और स्कोर 170 के पार पहुंचाने में सफल रही। 

08:57 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : मोइन अली आउट हुए

स्पिनर रवि बिश्नोई ने मोइन अली की तेज तर्रार पारी का अंत किया। मोइन ने बिश्नोई पर लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े, लेकिन इसके बाद उन्होंने फिर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, पर बाउंड्री पर कैच दे बैठे। मोइन के आउट होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ जडेजा मौजूद हैं। मोइन की तेज पारी के दम पर सीएसके ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 142 रन बना लिए हैं। 

08:52 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : जडेजा ने जड़ा अर्धशतक

सीएसके के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने सधी हुई पारी खेलते हुए लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ा। जडेजा ने 34 गेंदों पर अपना पचासा पूरा करने के बाद अपने अंदाज में जश्न मनाया। सीएसके ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 123 रन बनाए लिए हैं। जडेजा 36 गेंदों पर 53 रन और मोइन 15 गेंदों पर 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:44 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : जडेजा अर्धशतक के करीब

गिरते विकेटों के बीच जडेजा दूसरे छोर पर टिके हुए हैं और अर्धशतक बनाने के करीब पहुंच गए हैं। जडेजा 29 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 40 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनके साथ क्रीज पर मोइन अली मौजूद हैं। चेन्नई की पारी हालांकि काफी धीमी चल रही है और टीम पिछले 32 गेंदों पर एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी है। चेन्नई ने 15 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 105 रन बनाए हैं। 

08:32 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : सीएसके की पारी लड़खड़ाई

लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ सीएसके की पारी लड़खड़ा गई है। चेन्नई ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी भी अपने विकेट गंवा बैठे हैं। समीर को क्रुणाल पांड्या ने आउट किया। समीर पांच गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। क्रुणाल का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

08:24 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : शिवम दुबे आउट

लखनऊ के गेंदबाजों ने सीएसके को एक और झटका देते हुए शिवम दुबे को पवेलियन भेजा। दुबे आठ गेंदों पर तीन रन बनाकर चौथे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। चेन्नई ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर समीर रिजवी को उतारा है। उनके साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:22 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : जडेजा क्रीज पर मौजूद

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने सीएसके को शुरुआती झटके दिए लेकिन रवींद्र जडेजा ने सीएसके को संभाला। सीएसके ने 11 ओवर में तीन विकेट पर 87 रन बना लिए हैं। 

08:08 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : रहाणे पवेलियन लौटे

लखनऊ सुपरजाएंट्स के स्पिनर क्रुणाल पांड्या ने सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को आउट कर सीएसके को तीसरा झटका दिया। रहाणे और जडेजा के बीच अच्छी साझेदारी बन रही थी, लेकिन क्रुणाल ने रहाणे को बोल्ड कर इस साझेदारी को ज्यादा देर चलने नहीं दिया। रहाणे 24 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर जडेजा मौजूद है। 

08:00 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : जडेजा-रहाणे क्रीज पर

लखनऊ के गेंदबाजों ने दबदबा बनाते हुए पावरप्ले के दौरान चेन्नई को दो झटके दिए, जबकि चेन्नई छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 52 रन बनाने में सफल रहा। फिलहाल क्रीज पर रहाणे और रवींद्र जडेजा मौजूद हैं। 

07:50 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : गायकवाड़ पवेलियन लौटे

तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर चेन्नई को दूसरा झटका दिया। गायकवाड़ रहाणे के साथ मिलकर सीएसके की पारी संभाले हुए थे, लेकिन लखनऊ के गेंदबाज ने इस साझेदारी को तोड़ा। गायकवाड़ 13 गेंदों पर 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गायकवाड़ के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा क्रीज पर उतरे हैं। 

07:48 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : ऋतुराज और रहाणे क्रीज पर

पहला झटका लगने के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और अजिंक्य रहाणे ने चेन्नई को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चार ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 29 रन बना लिए हैं। 

07:35 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : मोहसिन ने दिलाई पहली सफलता

तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र को आउट कर लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। अपना पहला ओवर डालने आए मोहसिन ने पहली ही गेंद पर रचिन को बोल्ड कर सीएसके को शुरुआत झटका दिया। रचिन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। रचिन के आउट होने के बाद मैदान पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ उतरे हैं। 

07:30 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : चेन्नई की पारी शुरू

लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की पारी शुरू हो गई है और अजिंक्य रहाणे के साथ रचिन रवींद्र पारी की शुरुआत करने आए हैं। इससे पहले, लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। लखनऊ की ओर से मैट हेनरी गेंदबाजी की शुरुआत करने आए जिन्होंने सीएसके के खिलाफ लखनऊ के लिए डेब्यू किया है। 

07:06 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपरजाएंट्सः क्विंटन डिकॉक, केएल राहुल (विकेटकीपर, कप्तान), दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, मैट हेनरी, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान, यश ठाकुर। इंपैक्ट सबः अर्शिन कुलकर्णी, कृष्णप्पा गौतम, युद्धवीर सिंह, मणिरमन सिद्धार्थ, अरशद खान। 

चेन्नई सुपर किंग्सः ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, अजिंक्य रहाणे, मोइन अली, शिवन दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुस्तफिजुर रहमान, मथीशा पथिराना। इंपैक्ट सबः समीर रिजवी, शार्दुल ठाकुर, शेख रशीद, निशांत सिंधू, मिचेल सैंटनर। 

07:01 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : लखनऊ ने जीता टॉस

लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। लखनऊ ने इस मैच के लिए टीम में एक बदलाव किया है। इस मुकाबले के लिए लखनऊ ने शमार जोसेफ की जगह मैट हेनरी को प्लेइंग-11 में जगह दी है। सीएसके ने इस मुकाबले के लिए अंतिम एकादश में दो बदलाव किए हैं। इस मैच में शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर को मौका दिया गया है, जबकि डेरिल मिचेल को बाहर रखा है। 

06:30 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : एक बार धोनी पर रहेंगी नजरें

‘इंपैक्ट प्लेयर’ के नियम के कारण क्रुणाल पांड्या सातवें नंबर पर उतर रहे हैं और छह मैचों में 41 गेंद ही खेल सके। उनका पूरा इस्तेमाल नहीं करने का खामियाजा भी टीम को भुगतना पड़ा है। कप्तान राहुल भी 204 रन ही बना सके और अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। निकोलस पूरन ने छह मैचों में 19 छक्के लगाए हैं और उनसे इस लय को कायम रखने की उम्मीद होगी। वहीं, फैंस की नजर एक बार फिर थाला महेंद्र सिंह धोनी पर होगी, जिन्होंने मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में चार गेंद पर तूफानी 20 रन बनाए थे। लखनऊ के फैंस उम्मीद कर रहे होंगे कि इकाना में थाला हेलीकॉप्टर चलाएं और एंटरटेन करें।

06:29 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : शानदार फॉर्म में चल रहे हैं चेन्नई के गेंदबाज

लखनऊ के बल्लेबाज अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और देखना होगा कि बेहतरीन फॉर्म में चल रहे चेन्नई के गेंदबाजों का सामना वे कैसे करते हैं। यॉर्कर डालने में उस्ताद मथीशा पथिराना को डेथ ओवरों में खेल पाना बहुत मुश्किल है। वहीं, मुस्ताफिजुर रहमान के पास कम से कम तीन वेरिएशन हैं। इकाना जैसे स्टेडियम पर जहां गेंद पर पकड़ अच्छी रहती है, रवींद्र जडेजा काफी असरदार साबित हो सकते हैं। लखनऊ में महीश तीक्ष्णा के रूप में एक अतिरिक्त स्पिनर को उतारा जा सकता है।

06:29 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Live : लखनऊ बनाम चेन्नई हेड टु हेड

दोनों टीमों के आंकड़े देखें तो चेन्नई और लखनऊ के बीच अब तक कुल तीन मुकाबले खेले गए हैं। एक मैच चेन्नई और एक मैच लखनऊ ने जीता है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। इकाना स्टेडियम में अब तक दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक मुकाबला हुआ, जो बारिश से धुल गया और कोई नतीजा नहीं निकल सका। चेन्नई ने अब तक इस सीजन छह में से चार मैच जीते हैं और दो में उन्हें हार मिली है, जबकि लखनऊ ने छह में से तीन मैच जीते हैं और तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

06:24 PM, 19-Apr-2024

LSG vs CSK Highlights : लखनऊ ने चेन्नई को आठ विकेट से हराया, केएल राहुल और डिकॉक ने लगाए अर्धशतक

 IPL Live Cricket Score, LSG vs CSK Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल के 34वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना लखनऊ सुपरजाएंट्स से है। पिछले दो मैचों में हार का सामना करने वाली लखनऊ अपने होम ग्राउंड पर जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी, जबकि चेन्नई की टीम लय बरकरार रखते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज करने उतरेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें