लखनऊ में बारिश की वजह से मैच रद्द कर दिया गया है। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला है। बारिश की चलते यह मैच दोपहर 3.30 की बजाय 3.45 बजे शुरू हुआ। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर 125 रन बनाए। आयुष बदोनी ने अर्धशतक लगाया, लेकिन बारिश के कारण लखनऊ की पारी पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद बारिश लगातार होती रही और अंत में अंपायरों को मैच रद्द करना पड़ा।
यह मैच रद्द होने के बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला है। अब दोनों टीमों के पास 10 मैच के बाद 11 अंक हो गए हैं। बेहतर नेट रन रेट के आधार पर लखनऊ की टीम अंक तालिका में दूसरे और चेन्नई की टीम तीसरे स्थान पर है।
लखनऊ में छह बजे के करीब बारिश रुकी थी, लेकिन अब फिर हल्की बारिश जारी है। अब मैच शुरू होने पर ओवरों में की संख्या में कटौती होना तय है। अगर बारिश जारी रहती है तो मैच रद्द भी हो सकता है।
बारिश के कारण यह मैच देरी से शुरू हुआ था और इसी वजह से मैच फिर रुका है। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर 125 रन बना लिए हैं। आयुष बदोनी अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। अगर बारिश की वजह से ज्यादा समय बर्बाद होता है तो लखनऊ की पारी इसी स्कोर पर खत्म की जा सकती है और डकवर्थ लुईस नियम के तहत चेन्नई के सामने लक्ष्य रखा जा सकता है।
आयुष बदोनी ने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इस मैच में शानदार पारी खेली है। वह अब तक चार छक्के और दो चौके लगा चुके हैं। उनकी शानदार पारी के चलते लखनऊ की टीम लड़ने लायक स्कोर बना चुकी है। लखनऊ की मुश्किल पिच में 120 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 125 रन है।
103 रन के स्कोर पर लखनऊ सुपर जाएंट्स का छठा विकेट गिरा है। निकोलस पूरन 31 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मथीषा पाथिराना की गेंद पर मोईन अली ने उनका कैच पकड़ा। पूरन इस पारी में कोई चौका या छक्का नहीं लगा सके। अब आयुष बदोनी के साथ कृष्णप्पा गौतम क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 105 रन है।
पांच विकेट के नुकसान पर लखनऊ का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। निकोलस पूरन और आयुष बदोनी ने अर्धशतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। इन दोनों की शानदार बल्लेबाजी के चलते लखनऊ की टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंच गई है।
आयुष बदोनी और निकोलस पूरन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और मुश्किल पिच पर लखनऊ का स्कोर 100 रन के करीब पहुंचा चुके हैं। इस पिच पर 150 रन का लक्ष्य भी मुश्किल होगा। 17 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 98 रन है।
पांच विकेट के नुकसान पर लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। निकोलस पूरन और आयुष बदोनी क्रीज पर हैं।
44 रन के स्कोर पर लखनऊ सुपर जाएंट्स का पांचवां विकेट गिरा है। मोईन अली ने अपनी ही गेंद पर करण शर्मा का आसान कैच पकड़ा। करण ने 16 गेंद में नौ रन बनाए। अब निकोलस पूरन के साथ आयुष बदोनी क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 44 रन है। चेन्नई के लिए सभी पांच विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं। तीक्ष्णा और मोईन अली ने दो-दो विकेट लिए हैं, जबकि जडेजा को एक विकेट मिला है।
34 रन के स्कोर पर लखनऊ का चौथा विकेट गिरा है। चेन्नई के स्पिन गेंदबाजों के सामने लखनऊ के बल्लेबाज फेल रहे हैं। लखनऊ के चारो विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं। मोईन अली और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला है, जबकि महेश तीक्ष्णा ने दो विकेट लिए हैं। रवींद्र जडेजा ने मार्क स्टोइनिस को आउट कर लखनऊ को चौथा झटका दिया है। स्टोइनिस ने चार गेंद में एक चौके की मदद से छह रन बनाए। जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब लखनऊ की टीम मुश्किल में है। करण शर्मा के साथ निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।
27 रन के स्कोर पर ही लखनऊ सुपर जाएंट्स का तीसरा विकेट गिरा है। महेश तीक्ष्णा ने दो लगातार गेंदों में विकेट लेकर लखनऊ को बैकफुट पर ढकेल दिया है। उन्होंने मनन वोहरा को बोल्ड करने के बाद लखनऊ के कप्तान क्रुणाल पांड्या को पहली ही गेंद पर स्लिप में अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। क्रुणाल अपना खाता तक नहीं खोल सके। वह गोल्डन डक का शिकार हुए। पावरप्ले के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन है। मार्कस स्टोइनिस और करण शर्मा
27 रन के स्कोर पर लखनऊ का दूसरा विकेट गिरा है। काइल मेयर्स के बाद मनन वोहरा भी आउट हो चुके हैं। उन्होंने 11 गेंद में 10 रन बनाए। महेश तीक्ष्णा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
18 रन के स्कोर पर लखनऊ सुपर जाएंट्स का पहला विकेट गिरा है। काइल मेयर्स 17 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोईन अली ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। अब मनन वोहरा के साथ करण शर्मा क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। काइल मेयर्स और मनन वोहरा ने लखनऊ के लिए पारी की शुरुआत की है। वहीं, दीपक चाहर ने चेन्नई के लिए पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल होने के बाद लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के पांच रन है।
चेन्नई सुपर किंग्स: डेवोन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, मोईन अली, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मथीषा पथिराना, महेश तीक्ष्णा।
सबस्टीट्यूटः अंबाती रायुडु, सुभ्रांसु सेनापति, मिचेल सैंटनर, शेख रसीद, आकाश सिंह।
लखनऊ सुपर जाएंट्सः काइल मेयर्स, मनन वोहरा, कर्ण शर्मा, आयुष बदोनी, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या (कप्तान), कृष्णप्पा गौतम, नवीन-उल-हक, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान।
सबस्टीट्यूटः यश ठाकुर, डेनियल सम्स, प्रेरक मांकड़, दीपक हुड्डा, क्विंटन डिकॉक।
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दीपक चाहर फिट हो चुके हैं और इस मैच में वह आकाश सिंह की जगह खेल रहे हैं। वहीं, लखनऊ की टीम में मनन वोहरा और कर्ण शर्मा खेल रहे हैं।
लखनऊ में बारिश रुक चुकी है और कवर्स मैदान से बाहर आ गए हैं। अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद तय किया है कि दोपहर 3.30 बजे टॉस होगा और मैच 3.45 बजे शुरू होगा।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान लोकेश राहुल चोट की वजह से इस मुकाबले से बाहर हो चुके हैं। क्रुणाल पांड्या को राहुल की जगह टीम की कमान सौंपी गई है।
लखनऊ के मैदान में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। इस वजह से मैच शुरू होने में देर हो सकती है। हालांकि, बारिश बहुत तेज नहीं है। ऐसे में मौसम ठीक होते ही मैच शुरू हो सकता है।
काली सतह वाली पिच पर लगातार हो कम स्कोर वाले मुकाबले लखनऊ के साथ इकाना स्टेडियम प्रबंधन के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। सूत्रों की माने तो इस विकेट पर अगले दो मुकाबलों का होना लगभग न के बराबर है। साथ ही स्टेडियम प्रबंधन के लिए इस विकेट को विश्वकप से पहले सुधारना भी होगा, ताकि लखनऊ में प्रस्तावित तीन से चार मुकाबले सुचारू रूप से आयोजित किए जा सके।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ 127 रन के छोटे स्कोर को बचाने में नाकाम रही लखनऊ टीम प्रबंधन ने लाल सहत वाली पिच पर खेलने का मन बना लिया है। दरअसल, बेंगलोर से मिली हार के बाद लखनऊ के मेंटर (मार्गदर्शक) गौतम गंभीर, मुख्य कोच एंडी फ्लावर और सहायक कोच विजय दहिया लाल सतह वाली पिच पर खड़े होकर चर्चा करते दिखे। ऐसे में यह संभावना प्रबल है कि मैच लाल सतह वाली पिच होगा।
पिछले दो मुकाबलों में हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी एंड कंपनी किसी भी हार में लगातार तीसरी हार के लिए तैयार नहीं होगी। ऐसे में टीम लखनऊ के खिलाफ जीत के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। बल्लेबाजी में टीम प्रबंधन की नजर शानदार फॉर्म में चल रहे कॉन्वे पर होगी, जिन्होंने 10 मैचों में 430 रन बनाए हैं। इसके अलावा 10 मुकाबलों में 356 रन बनाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ भी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
गेंदबाजी की बात करे तो आईपीएल तालिका में शीर्ष पर काबिज इस युवा तेज गेंदबाज ने नौ मैच में 17 रन चटकाते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों में खलबली मचा रखी है। इसके अलावा, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (नौ मैच में 13 विकेट) भी हमेशा की तरह टीम के लिए उपयोगी रहे हैं। अगर टीम को जीत के ट्रैक पर लौटना है तो कप्तान धोनी को बल्लेबाजी क्रम पर ऊपर आना होगा, ताकि टीम निर्णायक मौकों में जीत सके।
देसी खिलाड़ियों में कप्तान राहुल ने भले ही रन बनाए हैं, लेकिन उनकी धीमी बल्लेबाजी सवालों के घेरे में रही है। इसके अलावा युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (9 मैचों में 13 विकेट) ही प्रभावित कर पाए हैं। टीम में एक समय स्टार खिलाड़ी का तमगा हासिल करने वाले दीपक हुड्डा का फ्लाप शो जारी हैं, जिन्होंने अभी तक खेले सभी नौ मैचों में कुल 53 रन बनाए हैं। ऐसे में उनका अंतिम एकादश में शामिल किया जाना समझ से परे रहा। अब राहुल भी चोटिल हैं और आईपीएल से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में टीम की बल्लेबाजी सवालों के घेरे में होगी।
आईपीएल-16 में धमाकेदार शुरुआत के बाद लखनऊ के प्रदर्शन में तेजी से गिरावट आई है। अपने घरेलू मैदान में लगातार तीन हार ने मेजबानों के मनोबल को लगभग तोड़ दिया है। टीम को अपने घर में पिछले तीन मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से 18 रन, गुजरात टाइटंस से सात रन और पंजाब किंग्स से दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अभी तक के प्रदर्शन में विदेशी खिलाड़ियों ने टीम की लाज बचाई हुई है, जिसमें काइल मेयर्स (नौ मैच में 297 रन) , स्टोइनिस ( नौ मैच में 229 रन और पांच विकेट), विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन (नौ मैच में 225 रन) और तेज गेंदबाज नवीन उल हक (चार मैचों में सात विकेट) शामिल रहे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच है। दोनों टीमें पिछला मैच हारकर आ रही हैं और इस मुकाबले को अपने नाम कर जीत की पटरी पर लौटना चाहेंगी।