फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KKR vs SRH Highlights : तीसरी बार चैंपियन बनी कोलकाता नाइट राइडर्स, फाइनल में हैदराबाद को आठ विकेट से हराया

Sun, 26 May 2024 10:46 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

KKR vs SRH 2024 Highlights IPL Final : आईपीएल 2024 का फाइनल मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स के बीच खेला गया। इस मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 114 रनों का लक्ष्य तैयार किया। जवाब में कोलकाता ने 10.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और हैदराबाद को आठ विकेट से हरा दिया।
विज्ञापन
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:26 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: कोलकाता की आठ विकेट से जीत

कोलकाता ने आईपीएल 2024 के फाइनल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हरा दिया। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम तीसरी बार खिताब हासिल करने में कामयाब हुई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता ने वेंकटेश अय्यर और गुरबाज अहमद की अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत मैच जीत लिया। कोलकाता ने रविवार को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर खेले गए फाइनल में गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया और किसी भी समय पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम को हावी होने नहीं दिया। कोलकाता ने इससे पहले अपना अंतिम खिताब 2014 सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर जीता था और अब 10 साल बाद टीम ने फिर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। 

10:19 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: कोलकाता को लगा दूसरा झटका

कोलकाता को दूसरा झटका रहमनुल्लाह गुरबाज के रूप में लगा। उन्हें शाहबाज अहमद ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 32 गेंदों में 39 रन बनाकर लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए श्रेयस अय्यर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए वेंकटेश अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।

09:54 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: वेंकटेश-गुरबाज ने संभाला मोर्चा

वेंकटेश अय्यर (22) और रहमनुल्लाह गुरबाज (19) ने हैदराबाद के खिलाफ मोर्चा संभाल हुआ है। दोनों के बीच जबरदस्त साझेदारी हो रही है। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 52/1 है।

विज्ञापन
09:44 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: तीन ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 37/1

तीन ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर 37/1 है। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे वेंकटेश अय्यर जबरदस्त अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पांच गेंदों में उन्होंने 19 रन बना लिए हैं। वहीं, गुरबाज 13 रन बना कर नाबाद खेल रहे हैं।

09:36 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: कोलकाता का पहला विकेट गिरा

कोलकाता को पहला झटका सुनील नरेन के रूप में लगा। उन्हें पैट कमिंस ने शाहबाज अहमद के हाथों कैच कराया। वह दो गेंदों में सिर्फ छह रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वेंकटेश अय्यर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज क्रीज पर मौजूद हैं। 

विज्ञापन
09:32 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: कोलकाता की पारी शुरू

114 रनों के लक्ष्य का पीछा करने को कोलकाता नाइट राइडर्स तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए सुनील नरेन और रहमनुल्लाह गुरबाज उतरे हैं। पारी का पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंक रहे हैं।

09:14 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद ने कोलकाता को दिया 114 रनों का लक्ष्य

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने 18.3 ओवर में 10 विकेट पर सिर्फ 113 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले 2013 में मुंबई ने चेन्नई को 149 रनों का लक्ष्य थमाया था जिसके जवाब में चेन्नई 125 रन ही बना सकी थी। टीम की शुरुआत झटके के साथ हुई। अभिषेक शर्मा दो रन और ट्रेविस हेड बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इस मैच में हैदराबाद का बल्लेबाजी क्रम कोलकाता के गेंदबाजों के खिलाफ धराशायी हो गया। राहुल त्रिपाठी ने नौ, एडन मार्करम ने 20, नितीश कुमार रेड्डी ने 13, हेनरिक क्लासेन ने 16, शाहबाज अहमद ने आठ, अब्दुल समद ने चार, पैट कमिंस ने 24, जयदेव उनदाकट ने चार रन बनाए। वहीं, भुवनेश्वर कुमार बिना खाता खोले नाबाद रहे। कोलकाता के लिए आंद्रे रसेल ने तीन विकेट चटकाए जबकि स्टार्क और हर्षित राणा को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला।
 

09:09 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद का नौवां विकेट भी गिरा

हैदराबाद को नौंवा झटका जयदेव उनदाकट के रूप में लगा। उन्हें सुनील नरेन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह चार रन बना सके। 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भुवनेश्वर कुमार उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कमिंस मौजूद हैं।

08:50 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद को लगा आठवां झटका

हैदराबाद को आठवां झटका हर्षित राणा ने दिया। उन्होंने हेनरिक क्लासेन को 90 रन के स्कोर पर बोल्ड किया। वह सिर्फ 16 रन बना सके। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जयदेव उनादकट उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए पैट कमिंस क्रीज पर मौजूद हैं। 15 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर 90/8 है।

08:40 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: अब्दुल समद पवेलियन लौटे

आंद्रे रसेल ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे अब्दुल समद को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को सातवां झटका दिया। समद चार गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान पैट कमिंस उतरे हैं। 

08:29 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद की हालत खराब

हैदराबाद को पांचवां झटका आंद्रे रसल ने दिया। उन्होंने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर एडन मार्करम को आउट किया। वह तीन चौकों की मदद से 20 रन बना सके। सातवें नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए शाहबाज अहमद उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हेनरिक क्लासेन (12) क्रीज पर मौजूद हैं। 11 ओवर के बाद टीम का स्कोर 70/5 है।

08:14 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: नितीश कुमार रेड्डी 13 रन बनाकर आउट

हैदराबाद को चौथा झटका नितीश कुमार रेड्डी के रूप में लगा। उन्हें हर्षित राणा ने रहमानुल्लाह गुरबाज के हाथों 47 रनों के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ 13 रन बना सके। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हेनरिक क्लासेन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए एडन मार्करम (18) क्रीज पर मौजूद हैं। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 51/4 है।

07:58 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: मुश्किल में सनराइजर्स की टीम

सनराइजर्स की टीम को 21 के स्कोर पर पांचवें ओवर में तीसरा झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने राहुल त्रिपाठी को रमनदीप सिंह के हाथों कैच कराया। वह नौ रन बना सके। 24.75 करोड़ रुपये के स्टार्क ने प्लेऑफ में अपना जलवा दिखाया है। क्वालिफायर-1 में उन्होंने तीन विकेट लिए थे और अब फाइनल में दो विकेट ले चुके हैं। फिलहाल एडेन मार्करम और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं।

07:44 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद को लगा दूसरा झटका

हैदराबाद का दूसरा विकेट छह रन के स्कोर पर गिरा। वैभव अरोड़ा ने ट्रेविस हेड को दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज के हाथों कैच आउट कराया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एडन मार्करम उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए राहुल त्रिपाठी मौजूद हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 6/2 है।

ट्रैविस हेड की पिछली चार पारियां
0(1) बनाम पंजाब किंग्स
0(2) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
34(28) बनाम राजस्थान रॉयल्स
0(1) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स

07:35 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: स्टार्क ने चटकाया पहला विकेट

हैदराबाद को पहला झटका पहले ही ओवर में लगा है। मिचेल स्टार्क ने अभिषेक शर्मा को पांचवीं गेंद पर बोल्ड किया। वह सिर्फ दो रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अब राहुल त्रिपाठी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ट्रेविस हेड क्रीज पर मौजूद हैं। एक ओवर के बाद टीम का स्कोर 3/1 है।

07:32 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद की पारी शुरू

हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है। सलामी बल्लेबाजी के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड उतरे हैं। पारी का पहला ओवर मिचेल स्टार्क फेंक रहे हैं। सनराइजर्स के दोनों बल्लेबाजों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद है।

07:28 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: राष्ट्रगान से हुई फाइनल की शुरुआत

आईपीएल के 17वें सीजन की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर पहुंचे। कुछ ही देर में मैच की पहली गेंद फेंकी जाएगी। 

07:07 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

कोलकाता नाइट राइडर्स : रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट सब : अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, नितीश राणा, केएस भरत, शेरफेन रदरफोर्ड।

सनराइजर्स हैदराबाद : ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडन मार्क्ररम, नितीश रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन।
इम्पैक्ट सब : उमरान मलिक, ग्लेन फिलिप्स, मयंक मारकंडेय, अब्दुल समद, वॉशिंगटन सुंदर।

07:02 PM, 26-May-2024

SRH vs KKR Live Score IPL Final 2024: हैदराबाद ने जीता टॉस, चुनी बल्लेबाजी

हैदराबाद ने फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि इस मैच में अब्दुल समद की जगह शाहबाज अहमद को मौका दिया गया है। वहीं, कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि उनकी टीम बिना किसी बदलाव के इस मैच में उतरी है।

06:27 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: दोनों टीमें पहुंची चेपॉक

वो घड़ी आ गई है जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। आईपीएल 2024 का फाइनल मुकाबला कुछ ही देर में शुरू होगा। इस मैच के लिए दोनों टीमें चेपॉक पहुंच चुकी हैं। 

06:26 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2023 (चेन्नई सुपर किंग्स)

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांचवीं बार चैंपियन बनी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 214 रन बनाए। इसके बाद बारिश ने खलल डाला और ढाई घंटे का खेल खराब किया। 12.10 पर मैच दोबारा शुरू हुआ। डकवर्थ लुईस नियम के तहत चेन्नई को 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य मिला। इसे सीएसके ने आखिरी गेंद पर पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। शुभमन गिल टूर्नामेंट के मोस्ट वैलुएबल खिलाड़ी बने।

06:25 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH 2024 IPL Final Live Score: आईपीएल 2022 (गुजरात टाइटंस)

गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल 2022 का खिताब जीत लिया है। फाइनल मुकाबला गुजरात और राजस्थान के बीच खेला गया। फाइनल में गुजरात ने राजस्थान को सात विकेट से हरा दिया। जोस बटलर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।

06:25 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2021 (चेन्नई सुपर किंग्स)

आईपीएल 2021 का खिताब चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता। टीम ने फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स को 27 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 192 रन बनाए थे। जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में 165 रन ही बना सकी। बैंगलोर के हर्षल पटेल को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड मिला। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे।

06:25 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH 2024 IPL Final Live Score: आईपीएल 2020 (मुंबई इंडियंस)

कोरोना के कारण आईपीएल 2020 की शुरआत सितंबर में हुई थी। मुंबई इंडियंस ने यह सीजन अपने नाम किया था। मुंबई ने फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराया था और आईपीएल इतिहास की सबसे कामयाब टीम बन गई। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे।

06:24 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2019 (मुंबई इंडियंस)

आईपीएल 2019 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को एक रन स हराया था और चौथी बार आईपीएल के खिताब अपने नाम किया था। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 148 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 147 रन ही बना सकी थी। केकेआर के आंद्रे रसेल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे।

06:19 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2018 (चेन्नई सुपर किंग्स)

आईपीएल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स ने दो साल के बैन के बाद वापसी की थी। धोनी के नेतृत्व में टीम ने जबरदस्त वापसी की और फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराया था। इस सीजन कोलकाता के सुनील नरेन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे।

06:19 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2017 (मुंबई इंडियंस)

आईपीएल 2017 में मुंबई इंडियंस की टीम तीसरी बार चैंपियन बनी। मुंबई ने फाइनल मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को एक रन से हराया था। पुणे के बेन स्टोक्स को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

06:18 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH 2024 IPL Final Live Score: आईपीएल 2016 (सनराइजर्स हैदराबाद)

आईपीएल का नौवां सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के नाम रहा। डेविड वॉर्नर के नेतृत्व में हैदराबा ने साल 2016 में गजब का प्रदर्शन किया। टीम ने पहली बार खिताब अपने नाम किया। हैदराबाद ने फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को आठ रन से हराया था। ये तीसरा मौका था, जब बैंगलोर की टीम फाइनल में हारी थी। इसके बाद से टीम प्लेऑफ में तो पहुंची है, लेकिन फाइनल में नहीं पहुंच पाई।

06:01 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2013 (मुंबई इंडियंस)

आईपीएल को 2013 में एक और नया चैंपियन मिला। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता। मुंबई ने चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल में 23 रन से हराया। शेन वॉटसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

06:00 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH 2024 IPL Final Live Score: आईपीएल 2012 (कोलकाता नाइट राइडर्स)

2012 में आईपीएल को एक नया चैंपियन मिला। बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने पांचवें सीजन को अपने नाम किया। गौतम गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने फाइनल में चेन्नई को पांच विकेट से हराया था। सुनील नरेन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।

05:29 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Final Live Score IPL 2024: आईपीएल 2011 (चेन्नई सुपर किंग्स)

एमएस धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार दूसरे सीजन खिताब अपने नाम किया। 2011 के फाइनल में चेन्नई ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 58 रनों से हराकर यह खिताब अपने नाम किया। क्रिस गेल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।

05:09 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH 2024 IPL Final Live Score: आईपीएल 2010 (चेन्नई सुपर किंग्स)

आईपीएल की सबसे मजबूत टीमों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स 2008 में खिताब से चूक गई थी, लेकिन 2010 में टीम ने खिताब अपने नाम किया।  महेंद्र सिंह धोनी के नेृतत्व में चेन्नई ने फाइनल में मुंबई को 22 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। सचिन तेंदुलकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे।

04:56 PM, 26-May-2024

IPL Final 2024 KKR vs SRH Live: आईपीएल 2009 (डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद)

डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद ने दूसरे सीजन में खिताब  अपने नाम किया था। आईपीएल 2009 में हैदराबाद ने फाइनल में रॉयल चैंलेंजर्स बैंगलोर को छह रनों हराया था। एडम गिलक्रिस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे।

04:45 PM, 26-May-2024

IPL Final 2024 KKR vs SRH Live: 2008 से लेकर 2023 तक कौन सी टीम ने किसे हराकर यह खिताब जीता, उसके बारे में जानते हैं

आईपीएल 2008 (राजस्थान रॉयल्स)
2008 में आईपीएल का पहला सीजन खेला गया था। राजस्थान रॉयल्स आईपीएल इतिहास का पहला खिताब जीतने वाली टीम बनी थी। दिग्गज लेग स्पिन शेन वॉर्न की अगुआई में राजस्थान ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था और खिताब जीता था। राजस्थान ने चेन्नई को तीन विकेट से हराया था।

03:48 PM, 26-May-2024

IPL Final 2024 KKR vs SRH Live: स्टार्क का प्रदर्शन

स्टार्क इस सीजन से पहले पिछली बार 2015 में खेला था और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का हिस्सा रहे थे। इसके बाद 2018 में केकेआर ने ही उन्हें खरीदा था, लेकिन वह निजी कारणों से खेल नहीं सके थे। अब उन्होंने आठ साल बाद वापसी करते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया है। वहीं, कमिंस सनराइजर्स द्वारा खरीदे जाने से पहले कोलकाता के हिस्सा थे। केकेआर ने उन्हें 2020 की नीलामी में 15.5 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड राशि में खरीदा था। कमिंस को दो सीजन बाद फ्रेंचाइजी ने 7.25 करोड़ रुपये में वापस खरीदा और फिर रिलीज कर दिया। अब फाइनल में कमिंस अपनी पुरानी टीम से दो-दो हाथ करते नजर आएंगे। कमिंस ने जून में ऑस्ट्रेलिया को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप खिताब दिलाया, इसके बाद इंग्लैंड में एशेज बरकरार रखी और फिर भारत को घरेलू सरजमीं पर हराकर वनडे विश्व कप जीता। अब वह आईपीएल खिताब पर भी नजरें बनाए हुए हैं।

03:24 PM, 26-May-2024

IPL KKR vs SRH Final Live: पैट कमिंस का प्रदर्शन

वहीं, सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने इस सीजन 15 मैचों में 17 विकेट लिए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 20.82 का और इकोनॉमी 9.29 का रहा है। वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में फिलहाल नौवें नंबर पर हैं। इसके अलावा 22.20 की औसत और 147.36 के स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए हैं। कमिंस का एक विकेट फ्रेंचाइजी को अब तक 1.20 करोड़ रुपये का एक रन 18.30 लाख रुपये का पड़ा है। कमिंस ने इस सीजन न सिर्फ गेंदबाजी से बल्कि कुछ मैचों में आखिर में अपनी बल्लेबाजी से भी प्रभावित किया है। इसके अलावा उन्होंने कप्तानी का जिम्मा भी बखूबी संभाला है। स्टार्क बतौर कप्तान एक आईपीएस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अनिल कुंबले के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। कुंबले ने 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान रहते हुए और कमिंस ने इस सीजन 17-17 विकेट लिए हैं। वह, शीर्ष पर काबिज शेन वॉर्न को पीछे छोड़ने से तीन विकेट दूर हैं। वॉर्न ने 2008 में राजस्थान की कप्तानी करते हुए 19 विकेट झटके थे।

02:44 PM, 26-May-2024

IPL Final 2024 KKR vs SRH Live: दो सबसे महंगे खिलाड़ियों का जलवा, अपनी-अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं, पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। स्टार्क इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में फिलहाल 20वें स्थान पर हैं। उन्होंने 13 मैचों में 15 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 15.53 का रहा है। वहीं, इकोनॉमी रेट 11.07 का रहा है। फ्रेंचाइजी को उनका एक विकेट 1.65 करोड़ रुपये का पड़ा है। हालांकि, स्टार्क ने सनराइजर्स के खिलाफ क्वालिफायर-1 में घातक गेंदबाजी की थी और तीन विकेट झटके थे। बड़े मैचों में स्टार्क ने अपना काम किया है और टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही।

02:27 PM, 26-May-2024

IPL KKR vs SRH Final Live: मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं

हैदराबाद और कोलकाता के बीच मैच के दिन चेन्नई में गर्मी रहेगी और मौसम खुला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान बारिश की संभावना तीन प्रतिशत है और पूर्वानुमान के अनुसार, मैच में बारिश के खलल डालने की संभावना नहीं है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक फैंस को बिना किसी रुकावट के मैच का मजा देखने मिलेगा। हालांकि, मैच के दौरान शाम को बादल छाए रहने की संभावना है।

01:51 PM, 26-May-2024

IPL KKR vs SRH Final Live: तीन मैचों में बाधा बन चुकी है वर्षा

मौजूदा सीजन में कुल तीन मैच बारिश में पूरी तरह धुल चुके हैं, जबकि एक मैच में बारिश की वजह से ओवरों में कटौती की जा चुकी है। मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण 16-16 ओवर का कराया गया था, जबकि 13 मई को कोलकाता और गुजरात के बीच मुकाबला रद्द हुआ था, वहीं हैदराबाद और गुजरात के बीच मुकाबला बारिश से धुल गया था। इतना ही नहीं गत रविवार को केकेआर और राजस्थान के बीच गुवाहाटी में खेला जाने वाले आईपीएल 2024 का ग्रुप चरण का आखिरी मैच में भी बारिश के कारण नहीं हो सका था। 

01:18 PM, 26-May-2024

IPL Final 2024 KKR vs SRH Live: केकेआर की टीम में बदलाव होने की संभावना न के बराबर

पिछले पांच मैचों में अजेय रही केकेआर की फॉर्म को देखते हुए टीम के उसी संयोजन को बरकरार रखने की संभावना है। मिचेल स्टार्क की फॉर्म में वापसी के साथ हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा और आंद्रे रसेल के रूप में कोलकाता के पास काफी तेज गेंदबाजी विकल्प हैं। बीच के ओवरों में सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती बेहद संभालकर गेंदबाजी कर रहे हैं। हालांकि, इन दोनों को हेनरिक क्लासेन से टक्कर मिलेगी, जो अब तक स्पिन के खिलाफ सबसे ज्यादा 23 छक्के लगा चुके हैं। कोलकाता की बैटिंग बेहद मजबूत दिख रही है। हालांकि, टीम को फिल सॉल्ट की कमी जरूर खल रही है। पिछले मैच में रहमनुल्लाह गुरबाज ओपनिंग उतरे थे, लेकिन कुछ खास नहीं कर सके थे। सुनील नरेन चले तो वह विस्फोटक बल्लेबाजी कर सकते हैं। वहीं, मध्यक्रम में वेंकटेश और श्रेयस का फॉर्म में आना अच्छे संकेत हैं।

12:43 PM, 26-May-2024

IPL KKR vs SRH Final Live: चेपॉक में गति में विविधता घातक हथियार

इसके अलावा चेपॉक में पिच आमतौर पर धीमी होती है। ऐसे में वेरिएशन बेहतरीन हथियार है। क्वालिफायर-दो के दौरान ओस नहीं गिरी थी और राजस्थान को इसका नुकसान उठाना पड़ा था। टीम 176 रन भी चेज नहीं कर सकी थी। ऐसे में सनराइजर्स के जयदेव उनादकट एक बेहतरीन हथियार साबित हो सकते हैं। हालांकि, उनके और उमरान मलिक के बीच चौथे पेसर के लिए जंग होगी। अगर फाइनल में भी ओस की कोई संभावना नहीं रहती है तो टॉस बेहद महत्वपूर्ण हो जाएगा। चेपॉक में अब तक आईपीएल प्लेऑफ के आठ मुकाबले खेले गए हैं। इसमें छह मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। ऐसे में फाइनल जैसे अहम मुकाबले में जो भी टीम टॉस जीतेगी, वह पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर स्कोरबोर्ड पर लगाना चाहेगी। 

12:24 PM, 26-May-2024

IPL Final 2024 KKR vs SRH Live: स्टार्क से सनराइजर्स को बचकर रहना होगा

सनराइजर्स टीम की बात करें तो क्वालिफायर-1 में मिचेल स्टार्क ने घातक गेंदबाजी से शीर्ष क्रम को तहस नहस कर दिया था। इतना ही नहीं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 में भी सनराइजर्स का शीर्ष क्रम कुछ खास नहीं कर सका था। वहीं, मध्यक्रम में वापसी करने वाले एडेन मार्कराम चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हो गए थे। ऐसे में सनराइजर्स टीम मैनेजमेंट मार्करम की जगह ग्लेन फिलिप्स को मौका देने पर भी विचार कर सकता है। वैसे तो फिलिप्स एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उन्होंने विकेटकीपिंग के अलावा हर काम बखूबी किया है। चाहे वह बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी या फिर फील्डिंग। मार्करम की तरह फिलिप्स भी ऑफ स्पिन गेंदबाजी कराते हैं। उन्हें एक बेहतरीन फील्डर भी माना जाता है। ऐसे में एसआरएच टीम मैनेजमेंट फिलिप्स को लाकर चौंका सकता है। हालांकि, इतने बड़े मैच के लिए इतना बड़ा बदलाव होने की संभावना बेहद कम है। 

12:06 PM, 26-May-2024

KKR vs SRH Live Score : चेपॉक में केकेआर-एसआरएच के बीच दूसरा मुकाबला

चेपॉक में दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मुकाबला होगा। इससे पहले जब चेपॉक में दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था तो कोलकाता ने सनराइजर्स को 10 रन से हराया था। तब कोलकाता की टीम 187 रन का बचाव कर रही थी और हैदराबाद को 177 रन पर रोक दिया था। दोनों टीमों के आंकड़े की बात करें तो सनराइजर्स और कोलकाता के बीच आईपीएल में 27 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इसमें से कोलकाता ने 18 और हैदराबाद ने नौ मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच पिछले छह मुकाबलों में कोलकाता ने चार और हैदराबाद ने दो मैच जीते हैं। क्वालिफायर-1 में जब केकेआर और एसआरएच के बीच भिड़ंत हुई थी तो मिचेल स्टार्क (34/3) और वरुण चक्रवर्ती (26/2) की घातक गेंदबाजी की बदौलत कोलकाता ने हैदराबाद को 159 रन पर रोक दिया था। जवाब में श्रेयस अय्यर और वेंकटेश अय्यर ने नाबाद अर्धशतक लगाकर केकेआर को 6.2 ओवर रहते आठ विकेट से जीत दिलाई थी। 

11:44 AM, 26-May-2024

KKR vs SRH Live Score : प्लेऑफ में पांचवीं बार आमने-सामने KKR और SRH

कोलकाता की टीम का यह चौथा फाइनल है, जबकि सनराइजर्स का यह तीसरा फाइनल है। केकेआर दो बार (2012, 2014) खिताब अपने नाम कर चुकी है। वहीं, एसआरएच 2016 में आईपीएल चैंपियन बनी थी। हालांकि, प्लेऑफ या नॉकआउट स्टेज में दोनों टीमों के बीच चौथा मुकाबला होगा। इस दौरान दोनों टीमों के जीत का रिकॉर्ड 2-2 का है। कोलकाता ने सनराइजर्स को इस सीजन के क्वालिफायर-1 से पहले 2017 के एलिमिनेटर में हराया था। वहीं, सनराइजर्स ने कोलकाता को 2016 के एलिमिनेटर के अलावा 2018 के क्वालिफायर-2 में हराया था। इस साल के क्वालिफायर-1 को छोड़ दें तो बाकी तीनों मैच नॉकआउट वाले रहे हैं। अब प्लेऑफ में पांचवीं बार दोनों टीमें भिड़ेंगी।

11:36 AM, 26-May-2024

KKR vs SRH Highlights : तीसरी बार चैंपियन बनी कोलकाता नाइट राइडर्स, फाइनल में हैदराबाद को आठ विकेट से हराया

आईपीएल 2024 अपने अंजाम तक पहुंचने वाला है। आज कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। खिताबी मुकाबले को लेकर दोनों टीमें तैयारी में जुटी हुई हैं। दोनों ही टीमें अपने-अपने पिछले मुकाबले को जीतकर यहां पहुंची हैं। कोलकाता ने जहां क्वालिफायर-1 में अहमदाबाद में सनराइजर्स को हराया था। वहीं, सनराइजर्स ने चेपॉक में खेले गए क्वालिफायर-दो में राजस्थान रॉयल्स को शिकस्त दी थी। ऐसे में दोनों ही टीमें आत्मविश्वास से लबरेज हैं। इस मैच को जीतने वाली टीम आईपीएल 2024 की चैंपियन कहलाएगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें