फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KKR vs SRH Highlights: कोलकाता ने हैदराबाद को हराकर फाइनल में जगह बनाई, श्रेयस-वेंकटेश ने जड़े नाबाद अर्धशतक

Tue, 21 May 2024 10:54 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

KKR vs SRH Qualifier 1 2024: दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ क्वालिफायर-1 में आठ विकेट से बड़ी जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया है। केकेआर ने इस मैच में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। हैदराबाद का सफर हालांकि समाप्त नहीं हुआ है और उसके पास क्वालिफायर-2 को जीतकर खिताबी मैच में प्रवेश करने का मौका होगा। 
विज्ञापन
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:45 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : कोलकाता ने हैदराबाद को आठ विकेट से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद वेंकटेश अय्यर और कप्तान श्रेयस अय्यर के शानदार अर्धशतकों से क्वालिफायर-1 मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राहुल त्रिपाठी के 55 रनों की मदद से 19.3 ओवर में 159 रन बनाए थे, लेकिन केकेआर ने श्रेयस के 24 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्के की मदद से नाबाद 58 रन और वेंकटेश अय्यर के 28 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 51 रनों की पारी के दम पर 13.4 ओवर में दो विकेट पर 164 रन बनाकर मैच जीता। 

केकेआर ने इस तरह क्वालिफायर-1में अविजित रहने का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा और आईपीएल 2024 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। हैदराबाद की टीम हार के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है और उसे खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने का एक मौका और मिलेगा। हैदराबाद का सामना अब क्वालिफायर-2 में आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार को होने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम से शुक्रवार को होगा। क्वालिफायर-2 की विजेता टीम का सामना रविवार को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर होने वाले खिताबी मुकाबले में केकेआर से होगा। 

10:42 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : वेंकटेश अय्यर ने जड़ा अर्धशतक

केकेआर के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। केकेआर की टीम अब जीत के करीब पहुंच गई है और उसे 42 गेंदों पर 18 रनों की जरूरत है। वेंकटेश के साथ श्रेयस अय्यर भी क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:30 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : केकेआर की शानदार बल्लेबाजी

वेंकटेश अय्यर और कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए केकेआर का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया है। दो झटके लगने के बावजूद केकेआर ने रन गति को धीमा नहीं पड़ने दिया। हैदराबाद की फील्डिंग भी इस दौरान अच्छी नहीं रही और टीम ने दो कैच छोड़े। 

विज्ञापन
10:12 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : सुनील नरेन आउट हुए

हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने सुनील नरेन को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया। नरेन 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। 

10:07 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : केकेआर ने पावरप्ले में किया बेहतर प्रदर्शन

कोलकाता ने पहला झटका लगने के बावजूद पावरप्ले में बेहतर प्रदर्शन किया। टीम ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 63 रन बना लिए हैं। सुनील नरेन 14 गेंदों पर 17 रन और वेंकटेश अय्यर आठ गेंदों पर 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

विज्ञापन
09:51 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : केकेआर को लगा पहला झटका

टी. नटराजन ने सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर केकेआर को पहला झटका दिया। गुरबाज 14 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। 

09:49 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : केकेआर की तेज शुरुआत

सुनील नरेन और रहमानुल्लाह गुरबाज की सलामी जोड़ी ने केकेआर को शानदार शुरुआत दिलाई। हैदराबाद द्वारा 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती तीन ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी की। केकेआर ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 44 रन बना लिए हैं। 

09:38 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : कोलकाता की पारी शुरू

कोलकाता की पारी की शुरुआत हो चुकी है। एक ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना किसी विकेट के छह रन है। रहमनुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन क्रीज पर हैं।

09:16 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : हैदराबाद की पारी 159 रनों पर सिमटी

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद को 19.3 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट कर दिया। केकेआर को फाइनल में पहुंचने के लिए 160 रन बनाने हैं। हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन स्टार्क ने शुरुआती झटके देकर उसकी पारी लड़खड़ा दी। हैदराबाद की टीम इन झटकों से उबर नहीं सकी, लेकिन राहुल त्रिपाठी के अर्धशतक और अंत में कमिंस की तेज पारी से टीम 150 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। 

केकेआर के लिए मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट झटके। टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे महंगे बिकने वाले स्टार्क का मौजूदा सीजन में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन उन्होंने क्वालिफायर-1 जैसे महत्वपूर्ण मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर दिखाया कि उनकी क्षमता क्या है। स्टार्क ने पहले ट्रेविस हेड को पहले ही ओवर में खाता खोले बिना आउट कर हैदराबाद को बड़ा झटका दिया। इसके बाद उन्होंने नीतीश रेड्डी और शाहबाज अहमद को भी पवेलियन भेजा। स्टार्क के अलावा केकेआर के लिए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट लिए। दिलचस्प बात यह है कि इस मैच में केकेआर के हर गेंदबाज ने सफलता हासिल की और हैदराबाद को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में सफल रहे। 

गिरते विकेटों के बीच राहुल त्रिपाठी ने हेनरिच क्लासेन के साथ मिलकर पारी को संभाला और सिर्फ 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। राहुल हालांकि 35 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाकर रन आउट हुए। उनके अलावा क्लासेन ने 21 गेंदों पर 32 रन और कमिंस ने 24 गेंदों पर 30 रन का योगदान दिया। हैदराबाद की बल्लेबाजी इस मैच में इस कदर खराब रही कि टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई अंक तक पहुंच सके। हैदराबाद को अगर फाइनल में पहुंचना है तो उसके गेंदबाजों को उम्दा प्रदर्शन करना होगा। 

09:13 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : कमिंस ने स्कोर 150 के पार पहुंचाया

हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचा दिया है। हैदराबाद ने 19 ओवर की समाप्ति के बाद नौ विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। कमिंस 22 गेंदों पर 30 रन और विजयकांत चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:59 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : भुवनेश्वर कुमार खाता खोले बिना आउट

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भुवनेश्वर कुमार को एलबीडब्ल्यू आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को नौवां झटका दिया। भुवनेश्वर चार गेंदों पर खाता खोले बिना आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान पैट कमिंस का साथ देने विजयकांत वियासकांत उतरे हैं। 

08:53 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : अब्दुल समद आउट हुए

तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अब्दुल समद को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को आठवां झटका दिया। समद 12 गेंदों पर 16 रन बनाकर आठवें बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए। हैदराबाद की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई है और टीम ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद 125 रन पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। क्रीज पर कप्तान पैट कमिंस के साथ भुवनेश्वर कुमार मौजूद हैं। 

08:47 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : सनवीर सिंह खाता खोले बिना आउट

स्पिनर सुनील नरेन ने इंपैक्ट सब के तौर पर उतरे सनवीर सिंह को आउट कर हैदराबाद को सातवां झटका दिया। सनवीर खाता खोले बिना आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान पैट कमिंस उतरे हैं और उनके साथ अब्दुल समद मौजूद हैं। 

08:44 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : राहुल त्रिपाठी पवेलियन लौटे

सनराइजर्स हैदराबाद को राहुल त्रिपाठी के रूप में छठा झटका लगा है। सेट बल्लेबाज राहुल रन आउट हुए और उनकी शानदार पारी का अंत हुआ। राहुल 35 गेंदों पर 55 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद की पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई है और टीम ने 121 रन पर छह विकेट गंवा दिए हैं। अब इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर सनवीर सिंह उतरे हैं। 

08:32 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : क्लासेन आउट हुए

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। क्लासेन राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वरुण ने क्लासेन को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। क्लासेन 21 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर अब्दुल समद उतरे हैं और उनके साथ राहुल त्रिपाठी मौजूद हैं। 

08:30 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : राहुल त्रिपाठी ने जड़ा अर्धशतक

राहुल त्रिपाठी ने विषम परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी कर टीम को संभाला और कोलकाता के खिलाफ अर्धशतक जड़ा। राहुल ने 29 गेंदों पर पचासा पूरा किया। इस दौरान उन्होंने हेनरिच क्लासेन के साथ मिलकर टीम क मुसीबत से उबारा।

08:16 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live Score IPL 2024 : क्लासेन-राहुल क्रीज पर मौजूद

केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को शुरुआती झटके दिए और उसकी पारी लड़खड़ा दी। हैदराबाद ने आठ ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 62 रन बनाए हैं। फिलहाल राहुल त्रिपाठी 21 गेंदों पर 34 रन और हेनरिच क्लासेन 11 गेंदों पर 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:01 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : शाहबाज अहमद खाता खोले बिना आउट

स्टार्क ने इस मैच का अपना तीसरा विकेट लेते हुए शाहबाज अहमद को बोल्ड कर दिया। शाहबाज अहमद खाता खोले बिना आउट हुए। पांचवें ओवर की समाप्ति तक हैदराबाद ने 39 रन बनाए हैं और टीम चार विकेट गंवा चुकी है। अब राहुल त्रिपाठी का साथ देने हेनरिच क्लासेन उतरे हैं। 

07:59 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : नीतीश रेड्डी को स्टार्क ने आउट किया

मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए पावरप्ले में हैदराबाद को एक और झटका दिया। स्टार्क ने नीतीश रेड्डी को आउट किया जिससे हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई। नीतीश रेड्डी 10 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। 

07:42 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : अभिषेक शर्मा भी आउट हुए

वैभव अरोड़ा ने हैदराबाद के अभिषेक शर्मा को आउट कर केकेआर को दूसरी सफलता दिलाई। अभिषेक चार गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने दो ओवर की समाप्ति तक ही दो विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल राहुल त्रिपाठी के साथ नीतीश रेड्डी क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:33 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : स्टार्क ने हेड को किया बोल्ड

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को बोल्ड कर टीम को पहली सफलता दिलाई। हेड खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। अब क्रीज पर राहुल त्रिपाठी उतरे है और उनके साथ अभिषेक शर्मा मौजूद हैं। 

07:31 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : हैदराबाद की पारी शुरू

केकेआर के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने आए हैं, जबकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क केकेआर के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करने आए। 

07:07 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

कोलकाता नाइट राइडर्सः रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती। इंपैक्ट सबः अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, नीतीश राणा, केएस भरत, शेरफाने रदरफोर्ड। 

सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, नीतीश रेड्डी, हनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, विजयकांत वियासकांत, टी. नटराजन। इंपैक्ट सबः संवीर सिंह, उमरान मलिक, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, जयदेव उनादकट। 
 

07:01 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : हैदराबाद का टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। हैदराबाद ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है और पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए पिछले मैच की टीम को ही बरकरार रखा है। दूसरी ओर, केकेआर ने भी अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। 

06:33 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : अभिषेक-हेड की जोड़ी है खतरनाक

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने इस सीजन बल्ले से ऐसा धमाका मचाया है जिसने हर टीम के गेंदबाजों को दबाव में ला दिया है। हेड और अभिषेक की जोड़ी पावरप्ले में टीम को तूफानी शुरुआत दिलाती है। हेड भले ही टीम के अंतिम ग्रुप मुकाबले में खाता खोले बिना आउट हुए, लेकिन उनका बल्ला इस सीजन जमकर आग उगल रहा है। अभिषेक और हेड दोनों ने ही इस सीजन 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। हेड अब तक 533 रन बना चुके हैं जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल है। दूसरी ओर, अभिषेक भी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं जिन्होंने इस सीजन 467 रन बना लिए हैं। इतना ही नहीं अभिषेक आईपीएल के मौजूदा सीजन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी हैं। अभिषेक ने कुल 41 छक्के लगाए हैं। 

06:12 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH IPL Qualifier 1 Live : नरेन केकेआर को दिला रहे मजबूत शुरुआत

केकेआर के लिए सुनील नरेन बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं। नरेन इस सीजन टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं जिन्होंने 461 रन बनाए हैं। वहीं, गेंद से भी नरेन का प्रदर्शन दमदार रहा है। केकेआर के लिए हालांकि फिल सॉल्ट का उपलब्ध ना होना झटका है क्योंकि नरेन और सॉल्ट की जोड़ी इस सीजन काफी सफल रही थी। यह दोनों बल्लेबाज टीम को मजबूत शुरुआत दिला रहे थे और महत्वपूर्ण मैच से पहले ही सॉल्ट स्वदेश लौट गए। 

05:48 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : अहमदाबाद में बारिश की संभावना नहीं

फैंस के लिए राहत की बात यह है कि मंगलवार को हैदराबाद और केकेआर के बीच क्वालिफायर-1 मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना ना के बराबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अहमदाबाद का मौसम सुहाना रहेगा और धूप खिलेगी। बढ़ते दिन के साथ ही गर्मी बढ़ेगी और बारिश की संभावना नहीं रहेगी। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए फैंस को केकेआर और हैदराबाद के बीच मैच को रोमांच देखने मिल सकता है। हालांकि आर्द्रता के कारण दूसरी पारी में ओस अहम भूमिका निभाएगी। 

05:15 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live : आईपीएल में शीर्ष तीन स्कोर हैदराबाद-केकेआर के नाम

हैदराबाद ने इस सीजन दो बार आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। पहले उसने मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट पर 277 रन बनाए और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के 2013 में बनाए पांच विकेट पर 263 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा। इसके कुछ दिन बाद ही हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ तीन विकेट पर 287 रन बनाए जो आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर था। वहीं, केकेआर की टीम भी पीछे नहीं रही और उसने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सात विकेट पर 272 रन का स्कोर बनाया जो आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। दोनों टीमें जब क्वालिफायर-1 में आमने-सामने होंगी तो दर्शकों को एक बार फिर बड़ा स्कोर देखने मिल सकता है।

05:03 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH IPL Qualifier 1 Live : केकेआर ने 10 दिन से नहीं खेला कोई मैच

देश के कई हिस्सों में बारिश ने मैच का मजा किरकिरा किया था। मौजूदा सीजन में कुल तीन मैच बारिश में पूरी तरह धुल चुके हैं। बारिश का सबसे ज्यादा असर केकेआर को हुआ जिसने पिछले 10 दिनों से आईपीएल में कोई मुकाबला नहीं खेला है। केकेआर का पहले गुजरात टाइटंस से मैच बारिश में धुल गया था, जबकि राजस्थान के खिलाफ भी उसे बारिश के कारण मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। दूसरी ओर, हैदराबाद की टीम का भी गुजरात से सामना बारिश के कारण बाधित हो गया था। 

04:46 PM, 21-May-2024

IPL KKR vs SRH Qualifier 1 Live : लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को रहेगा फायदा

पिछले साल वनडे विश्व कप फाइनल में देखा गया था कि अहमदाबाद में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को अधिक सफलता मिलती है। छह में से चार बाद लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम कामयाब रही है। केकेआर के पास मिचेल स्टार्क की अगुआई में तेज गेंदबाजों के साथ बेहतरीन स्पिनर हैं तो सनराइजर्स की गेंदबाजी की अगुआई कप्तान पैट कमिंस कर रहे हैं। इस सत्र में उनके पिछले मैच में केकेआर ने सनराइजर्स को चार रन से हराया था।

04:23 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live : हैदराबाद के लिए हेड-अभिषेक की जोड़ी अहम

कागजों पर केकेआर और सनराइजर्स बराबरी की टीमें लगती है जिससे यह मुकाबला और रोमांचक हो गया है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा दोनों ने 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बनाकर रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी है। ऑस्ट्रेलिया के हेड ने आक्रामक बल्लेबाजी की नई परिभाषा गढ़ी है और अब तक एक शतक तथा चार अर्धशतक समेत 533 रन बना चुके हैं। उनके साथ अभिषेक (467 रन ) ने भी खुलकर खेलते हुए आईपीएल में अभी तक 41 छक्के जड़ डाले हैं। सनराइजर्स के पास तीसरे नंबर पर राहुल त्रिपाठी जैसा भरोसेमंद बल्लेबाज है। हेनरिक क्लासेन फॉर्म में लौट आए हैं और पंजाब के खिलाफ 42 रन बनाए।

04:23 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Live : केकेआर को खल सकती है सॉल्ट की कमी

शीर्ष पर काबिज केकेआर को विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट (435 रन) की कमी खलेगी जो टी-20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड टीम से जुड़ने स्वदेश लौट गए हैं। सॉल्ट और सुनील नरेन (461) ने केकेआर को शानदार शुरुआत दी है। मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर ( 287 रन) प्रभावित नहीं कर सके, लेकिन इसकी कमी टीम को खली नहीं। रॉयल्स के खिलाफ मैच बारिश में धुलने के कारण सॉल्ट की जगह टीम में आए रहमानुल्लाह गुरबाज को अभ्यास नहीं मिल सका जिससे केकेआर खेमा चिंतित होगा। केकेआर के लिए नीतीश राणा और आंद्रे रसेल का फॉर्म में रहना भी बहुत जरूरी है।

04:17 PM, 21-May-2024

KKR vs SRH Highlights: कोलकाता ने हैदराबाद को हराकर फाइनल में जगह बनाई, श्रेयस-वेंकटेश ने जड़े नाबाद अर्धशतक

IPL Live Cricket Score, Qualifier 1 KKR vs SRH 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज क्वालिफायर-1  में तालिका में शीर्ष पर मौजूद रहने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। दोनों ही टीमों को भले ही फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे, लेकिन केकेआर और हैदराबाद की कोशिश इस मैच को जीतकर पहले ही खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें