कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया। केकेआर और राजस्थान के बीच यह मुकाबला बेहद करीबी रहा और आखिरी में कोलकाता में टीम महत्वपूर्ण जीत दर्ज करने में सफल रही। केकेआर ने इस तरह प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखी है। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के लिए कप्तान रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 71 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद रियान पराग ने शिमरॉन हेटमायर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की और टीम को मुश्किल से उबारा। रियान ने इस दौरान मोईन अली के ओवर पर लगातार पांच छक्के लगाए। इस साझेदारी को हर्षित राणा ने हेटमायर को आउट कर तोड़ा जो 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद हर्षित ने रियान को भी अपना शिकार बनाया। रियान शतक पूरा नहीं कर सके और 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे और क्रीज पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे और जोफ्रा आर्चर मौजूद थे। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वैभव अरोड़ा को गेंद थमाई। आर्चर ने पहली गेंद पर दो रन और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। स्ट्राइक पर आए शुभम ने तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। अब राजस्थान को एक गेंद पर तीन रन चाहिए थे। वैभव की गेंद पर शुभम ने एक रन चुराया और दूसरा रन लेने के लिए भागे, लेकिन रिंकू सिंह के थ्रो पर रन आउट हो गए। इस तरह केकेआर ने रोमांचक जीत दर्ज की।
राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल ने 34 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे 14 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद लौटे। आर्चर 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने चार रन बनाए और कुणाल सिंह राठौर, ध्रुव जुरेल और वानिंदु हसरंगा खाता भी नहीं खोल सके। केकेआर की ओर से मोईन, हर्षित और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वैभव को एक विकेट मिला।
राजस्थान के कप्तान रियान पराग शतक से चूक गए और हर्षित राणा ने उन्हें आउट कर केकेआर को बड़ी सफलता दिलाई। रियान 45 गेंदों पर छह चौके और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर आउट हुए। रियान की पारी की मदद से ही राजस्थान मुश्किल परिस्थिति से उबर सका, लेकिन हर्षित ने राजस्थान को बड़ा झटका दिया।
हर्षित राणा ने शिमरॉन हेटमायर को आउट कर राजस्थान को छठा झटका दिया। हेटमायर और रियान पराग के बीच छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई। राजस्थान एक समय मुश्किल स्थिति में दिख रही थी, लेकिन रियान और हेटमायर ने टीम को मुश्किल से उबारा। हेटमायर 23 गेंदों पर एक चौका और छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।
रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर की शानदार साझेदारी की मदद से राजस्थान का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है। रियान और हेटमायर के बीच छठे विकेट के लिए 80 से अधिक रनों की साझेदारी हो चुकी है। राजस्थान ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 155 रन बना लिए हैं।
केकेआर के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। राजस्थान ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 102 रन बना लिए हैं। क्रीज पर फिलहाल कप्तान रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर मौजूद हैं। राजस्थान को जीत के लिए अब 48 गेंदों पर 105 रन की जरूरत है।
वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए राजस्थान को एक ही ओवर में दो झटके दिए। वरुण ने पहले जुरेल को बोल्ड किया और फिर हसरंगा को भी खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। राजस्थान ने इस तरह 71 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं।
वरुण चक्रवर्ती ने ध्रुव जुरेल को खाता खोले बिना आउट किया। राजस्थान ने 71 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। वरुण ने जुरेल को बोल्ड किया।
मोईन अली ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया है। यशस्वी और रियान पराग के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों बल्लेबाज तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़ चुके थे, लेकिन मोईन ने इस साझेदारी को तोड़ा। यशस्वी 21 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए।
यशस्वी जायसवाल और रियान पराग की शानदार साझेदारी की मदद से राजस्थान का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। राजस्थान को पावरप्ले में दो झटके लगे, लेकिन टीम छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 59 रन बनाने में सफल रही। यशस्वी और रियान के बीच 24 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
मोईन अली कुणाल को आउट कर राजस्थान को दूसरा झटका दिया। कुणाल खाता खोले बिना आउट हुए। राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने आठ रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
वैभव अरोड़ा ने पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया है। वैभव दो गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। केकेआर ने राजस्थान के सामने 207 रनों का लक्ष्य रखा है, लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है।
केकेआर ने आंद्रे रसेल के अर्धशतक और रिंकू सिंह के अंतिम ओवर में आतिशी पारी से राजस्थान रॉयल्स को 207 रनों का लक्ष्य दिया। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। केकेआर के लिए रसेल ने 25 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए, जबकि रिंकू ने छह गेंदों पर एक चौका और छक्के के सहारे नाबाद 19 रन बनाए। केकेआर ने इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारी से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 13 रन के स्कोर पहला विकेट गंवाया। युद्धवीर सिंह ने सुनील नरेन को बोल्ड किया जो नौ गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 11 रन बनाए। इसके बाद कप्तान अंजिक्य रहाणे और रहमानुल्लाह गुरबाज ने दूसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी कर केकेआर को संभाला। गुरबाज अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन महेश तीक्ष्णा ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। गुरबाज 25 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
रहाणे हालांकि पारी संभाले रहे जिनका साथ अंगकृष रघुवंशी ने बखूबी दिया। रहाणे रियान पराग की गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रसेल उतरे और उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की। रसेल ने राजस्थान के गेंदबाजों को निशाने पर लिया और वह आज पुरानी फॉर्म में नजर आए। रसेल ने 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो उनका इस सीजन का पहला अर्धशतक रहा। राजस्थान ने अंतिम ओवर डालने के लिए आकाश मधवाल को भेजा, लेकिन उन्होंने पहली तीन गेंद वाइड फेंकी। रसेल ने फिर एक रन लिया और स्ट्राइक रिंकू के पास आई। रिंकू ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और एक चौका और दो छक्के लगाए जिससे टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, युद्धवीर, तीक्ष्णा और रियान ने एक-एक विकेट लिए।
आंद्रे रसेल ने 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जिससे केकेआर का स्कोर 170 रनों के पार पहुंच गया है। रसेल का यह इस सीजन का पहला पचासा है।
अंगकृष रघुवंशी अर्धशतक से चूक गए हैं और 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। रघुवंशी ने 31 गेंदों की अपनी पारी में पांच चौके लगाए।
केकेआर का स्कोर 135 रन के पार पहुंच गया है। रसेल और अंगकृष शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे केकेआर ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 136 रन हो गया है।
रियान पराग ने केकेआर के कप्तान अंजिक्य रहाणे को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया। रहाणे 24 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। केकेआर का स्कोर 13 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 111 रन हो गया है।
केकेआर का स्कोर 95 रन के पार पहुंच गया है। केकेआर ने 11 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 97 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर अंगकृष रघुवंशी और कप्तान रहाणे मौजूद हैं।
महेश तीक्ष्णा ने गुरबाज को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया है। रहाणे और गुरबाज के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी थी और गुरबाज अच्छी लय में नजर आ रहे थे। हालांकि, हेटमायर ने बाउंड्री पर उनका कैच पकड़ कर उनकी पारी का अंत किया। गुरबाज 25 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
पहला झटका लगने के बाद गुरबाज और रहाणे ने केकेआर को संभाला। पावरप्ले के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 56 रन है। रहाणे और गुरबाज के बीच साझेदारी पनप रही है।
युद्धवीर सिंह चरक ने सुनील नरेन को आउट कर केकेआर को पहला झटका दिया है। नरेन नौ गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान के खिलाफ केकेआर की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। केकेआर की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), कुणाल सिंह राठौर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, युद्धवीर सिंह चरक, आकाश मधवाल।
इम्पैक्ट प्लेयरः कुमार कार्तिकेय, शुभम दुबे, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, अशोक शर्मा।
कोलकाता नाइट राइडर्सः रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, मोईन अली, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा।
इम्पैक्ट प्लेयरः मनीष पांडे, हर्षित राणा, अनुकूल रॉय, रोवमैन पोवेल, लवनिथ सिसोदिया।
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। केकेआर ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। केकेआर टीम में मोईन अली और रमनदीप सिंह की वापसी हुई है। राजस्थान ने तीन बदलाव किए हैं और इस मैच में नीतीश राणा चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। वहीं, कुमार कार्तिकेय की जगह हसरंगा वापस आए हैं।
पिछले सत्र में सुर्खियां बटोरने वाले फिनिशर रिंकू सिंह आठ पारियों में सिर्फ 169 रन बना पाए हैं जबकि सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने सात पारियों में 137.50 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए हैं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। लेकिन केकेआर को सबसे ज्यादा निराश वेंकटेश अय्यर ने किया है जिन्हें इस फ्रेंचाइजी ने 23.75 करोड रुपए में खरीद कर उप कप्तान नियुक्त किया था। वेंकटेश ने 10 मैचों में केवल 142 रन बनाए हैं।
केकेआर की बड़ी चिंता घरेलू मैदान पर उनका खराब प्रदर्शन है। ईडेन गार्डंस कभी उनका गढ़ हुआ करता था, लेकिन इस बार उसने अभी तक पांच मैचों में से केवल एक जीत हासिल की है जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला था। केकेआर के स्पिनर यहां की असमान उछाल से सामंजस्य से बिठाने में नाकाम रहे हैं जबकि उसके बल्लेबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उसकी बल्लेबाजी में आक्रामकता की कमी दिख रही है जिसके दम पर उसकी टीम ने पिछले साल खिताब जीता था।
केकेआर को इन चार मैच में से दो मैच घरेलू मैदान पर खेलने हैं। वह रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलने के बाद बुधवार को अपने घरेलू मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करेगा। इसके अलावा उसे 10 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (17 मई) के खिलाफ उनके मैदान पर मैच खेलने हैं। सनराइजर्स की टीम अपना उत्साह को चुकी है लेकिन बेंगलुरु की टीम शानदार फॉर्म में चल रही है और ऐसे में कोलकाता का अंतिम मुकाबला बेहद रोचक होने की संभावना है।
IPL Live Cricket Score, KKR vs RR Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स से है। राजस्थान पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, जबकि केकेआर की उम्मीदें फिलहाल जीवंत है।