कोलकाता के विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को मुंबई की टीम ने दो बार जीवनदान दे दिया है। सबसे पहले क्रुणाल पांड्या ने अपनी ही गेंदबाजी पर उनका आसान कैच छोड़ा। रसेल को पहला जीवनदान शून्य के स्कोर पर मिला और दूसरा पांच रन के स्कोर पर।
क्रुणाल पांड्या ने शाकिब अल हसन को अपना शिकार बनाया। क्रुणाल ने 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर शाकिब को सूर्यकुमार के हाथों कैच करवाया। शाकिब सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता को नितीश राणा के रूप में चौथा बड़ा झटका लगा. दिलचस्प यह है कि केकेआर के सभी चार विकेट राहुल चाहर ने चटकाए है। चाहर ने अपने कोटे के आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर नितीश राणा को स्टंप करवाया। नितीश 47 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए. वहीं राहुल ने अपने चार ओवर के कोटे में 27 रन देकर चार विकेट चटकाए। 15 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 122/4, शाकिब अल हसन (9*), दिनेश कार्तिक (0*)
कोलकाता के कप्तान इयोन मॉर्गन एक बार फिर से फेल हो गए हैं। वह भी राहुल चाहर की फिरकी में फंसकर आउट हुए। चाहर ने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मॉर्गन को यानसेन के हाथों कैच करवाया। मॉर्गन सिर्फ सात रन ही बना पाए। 13 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 104/3, नितीश राणा (52*), शाकिब अल हसन (0*)
कोलकाता के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज नितीश राणा ने इस सीजन का लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 40 गेंदों में अपना 13वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया।
राहुल चाहर की बेहतरीन गेंदबाजी। उन्होंने अपनी फिरकी में पहले शुभमन गिल को फंसाया और फिर राहुल त्रिपाठी को भी चकमा दिया। त्रिपाठी सिर्फ पांच रन ही बना पाए। 12 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 97/2, नितीश राणा (45*), इयोन मॉर्गन (7*)
कोलकाता को शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा। स्पिनर राहुल चाहर ने मुंबई को पहली बड़ी सफलता दिलाई। नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर चाहर ने गिल को ललचाती गेंद डाली जिसपर छक्का मारने के चक्कर में वह पोलार्ड को कैच दे बैठे। गिल ने 24 गेंदों में 33 रन बनाए। 9 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 73/1, नितीश राणा (37*), राहुल त्रिपाठी (1*)
नितीश राणा और शुभमन गिल ने कोलकाता को एक अच्छी शुरुआत दिलाई है। लक्ष्य का पीछा कर रही कोलकाता ने सात ओवरों में बिना विकेट गंवाए अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं।
कोलकाता के लिए पहला पावरप्ले रनों के लिहाज से अच्छा साबित हुआ है। केकेआर ने बिना विकेट गंवाए 45 रन बना लिए हैं। छह ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 45/0, नितीश राणा (23*), शुभमन गिल (20*)
नितीश राणा ने ट्रेंट बोल्ट के दूसरे ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाकर 11 रन बटोरे। तीन ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 19/0, नितीश राणा (16*), शुभमन गिल (3*)
मुंबई द्वारा दिए गए 153 रनों के लक्ष्य के जवाब में कोलकाता की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। नितीश राणा और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है जबकि ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी की कमान संभाली है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में अपने 150 शिकार पूरे कर लिए हैं। इसमें उन्होंने 120 कैच पकड़े हैं और 30 खिलाड़ियों की स्टंपिंग की है।
मॉर्गन ने आंद्रे रसेल को 18वें ओवर में गेंदबाजी सौंपी। इसके बाद रसेल ने पहले ओवर में दो और अपने दूसरे ओवर में तीन विकेट लेकर पांच विकेट पूरे किए। रसेल ने दो ओवर में 15 रन देकर मुंबई के पांच बल्लेबाजों को आउट किया।
18वें ओवर में अपना पहला ओवर लेकर आए आंद्रे रसेल ने मुंबई को दो झटके दिए। रसेल ने अपने इस ओवर में सिर्फ पांच रन दिए और पोलार्ड-मार्को का विकेट चटकाया। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: क्रुणाल पंड्या (2*), राहुल चाहर (3*)
टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या दूसरे मैच में भी कुछ खास नहीं कर पाए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी धीमी गेंद पर आंद्रे रसेल के हाथों कैच करवाया। हार्दिक ने 17 गेंदों में 15 रन बनाए। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 125/5, कीरोन पोलार्ड (5*), क्रुणाल पंड्या (1*)
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा अपने अर्धशतक से सात रन पहले पैट कमिंस का शिकार हुए। कमिंस के 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित के बल्ले का अंदरूनी किनारा लगा और गेंद स्टंप पर जा लगी। रोहित 32 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई की शुरुआत बेहद धीमी रही है। कोलकाता के स्पिनरों से शुरुआत कराने का फैसला सही साबित हुआ है। मुंबई के 14वें ओवर में 100 रन पूरे हुए हैं। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 106/3, रोहित शर्मा (36*), हार्दिक पंड्या (9*)
कोलकाता के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती मुंबई के बल्लेबाजों पर पूरी तरह से लगाम लगाए हुए हैं। उन्होंने तीन ओवर में महज 19 रन दिए हैं और एक महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया है। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में सिर्फ तीन रन दिए। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 94/3, रोहित शर्मा (29*), हार्दिक पंड्या (4*)
पैट कमिंस ने ईशान किशन को अधिक देर तक मैदान पर टिकने नहीं दिया। कमिंस ने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर ईशान को प्रसिद्ध के हाथों कैच करवाया। ईशान सिर्फ एक रन बना पाए।
शाकिब अल हसन ने आखिरकार कोलकाता को बड़ी सफलता दिला दी है। शाकिब ने अपने कोटे के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार का शिकार किया। यादव 36 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए।
सूर्यकुमार यादव ने अपना दमदार फॉर्म बरक़रार रखते हुए एक और जोरदार पारी खेल दी है। यादव ने पैट कमिंस की गेंद पर 99 मीटर का छक्का लगाया और 33 गेंदों में अपना 12वां अर्धशतक पूरा किया।
कोलकाता के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का पहला ओवर काफी महंगा साबित हुआ। सूर्यकुमार ने इस ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाए। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 64/1, रोहित शर्मा (20*), सूर्यकुमार यादव (40*)
मुंबई की तरफ से आठवें ओवर में सूर्यकुमार यादव ने पहला छक्का लगाया। सूर्यकुमार ने प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर की तीसरी गेंद पर फ्लिक कर मिडविकेट की तरफ से चक्का जड़ा।
पहले पावरप्ले के आखिरी ओवर में कोलकाता ने तेज गेंदबाज को लगाया। पैट कमिंस ने पहले ओवर में सिर्फ पांच रन दिए। छह ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 42/1, रोहित शर्मा (16*), सूर्यकुमार यादव (22*)
आईपीएल के इतिहास में यह सिर्फ चौथी बार है जब एक पारी में गेंदबाजी की शुरुआत तीन स्पिनरों ने की है! केकेआर ने हरभजन सिंह, शाकिब अल हसन और वरुण चक्रवर्ती से इस मैच में शुरू के पांच ओवर की गेंदबाजी करवाई है।
कोलकाता के कप्तान इयोन मॉर्गन इस मैच में बिलकुल अलग रणनीति के साथ उतरे हैं। केकेआर ने अपने स्पिनरों से गेंदबाजी की शुरुआत की है। शुरू के पांच ओवरों में तीन स्पिनर गेंदबाजी कर चुके हैं। पांच ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 37/1, रोहित शर्मा (16*), सूर्यकुमार यादव (17*)
डीकॉक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार ने आते ही जबरदस्त खेल दिखाया। उन्होंने हरभजन सिंह के दूसरे ओवर में तीन चौके जड़कर 14 रन बटोरे। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 24/1, रोहित शर्मा (8*), सूर्यकुमार यादव (13*)
क्रिस लीन की जगह पर खेलने उतरे क्विंटन डीकॉक अपने पहले मैच में फेल रहे। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी में फंसाया। डीकॉक छह गेंदों में दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। सूर्यकुमार यादव मैदान पर उतरे। दो ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 10/1, रोहित शर्मा (8*), सूर्यकुमार यादव (0*)
कोलकाता ने अपने अनुभवी स्पिनर हरभजन सिंह से गेंदबाजी शुरू की है। उनका यह फैसला सही साबित हुआ क्योंकि भज्जी ने पहले ओवर में सिर्फ तीन रन दिए। एक ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 3/0, रोहित शर्मा (1*), क्विंटन डिकॉक (2*)
मुंबई की तरफ से एक बार फिर से रोहित शर्मा और क्विंटन डीकॉक की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की है। वहीं कोलकाता ने हरभजन सिंह को गेंदबाजी की कमान सौंपी है।
मुंबई इंडियंस:
रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, कायरन पोलार्ड, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, मार्को यानसन, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह
कोलकाता नाइट राइडर्स:
इयोन मॉर्गन, नितीश राणा, शुभमान गिल, राहुल त्रिपठी, दिनेश कार्तिक, शाकिब अल हसन, आंद्रे रसल, पैट कमिंस, हरभजन सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, वरूण चक्रवर्ती
कोलकाता के कप्तान इयोन मॉर्गन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. यानी आज के मुकाबले में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी करेगी।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच पहले बल्लेबाज़ी करने वालों पर हमेशा से मेहरबान रही है, आंकड़ों में समझें तो इस मैदान पर अब तक कुल 59 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से 36 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है।
यह मुकाबला मॉर्गन और रोहित शर्मा की कप्तानी का भी है। जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों के सामने खुलकर खेलना केकेआर के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। गिल का खराब फॉर्म केकेआर की चिंता का सबब है और अब उनका सामना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों से होगा। हमेशा धीमी शुरुआत करने वाली मुंबई को पहले मैच में आरसीबी के हर्षल पटेल और एबी डीविलियर्स के शानदार प्रदर्शन के कारण पराजय झेलनी पड़ी।
कप्तान इयोन मॉर्गन ने टॉस के समय ही संकेत दे दिए थे। नीतिश राणा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहली ही गेंद से हमला बोलकर अपने तेवर जाहिर कर दिए। मध्यक्रम में आंद्रे रसेल, कार्तिक और मोर्गन जैसे बल्लेबाजों के रहते 2020 में भी केकेआर से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन रणनीति के अभाव में ऐसा हो नहीं सका। इस बार बांग्लादेश के शाकिब-अल-हसन को शामिल करके केकेआर ने मध्यक्रम को मजबूत किया है जबकि वेस्टइंडीज के सुनील नरेन को बाहर रखा। इस मैच में भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।
मुंबई से पोलार्ड, हार्दिक, रोहित, बोल्ट और बुमराह पर रहेगी नजर तो कोलकाता को आंद्रे रसेल, इयोन मॉर्गन, पैट कमिंस, नितीश राणा और शुभमन गिल से रहेगी उम्मीदें
नमस्कार, अमर उजाला डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईपीएल 2021 का आज पांचवां मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमें लीग का अपना दूसरा मुकाबला खेलेंगी। मुंबई को जहां पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था वहीं कोलकाता ने एक शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि पांच बार की चैंपियन मुंबई टूर्नामेंट में वापसी करने के लिए मशहूर है लेकिन इसके लिए उसे दो बार की विजेता कोलकाता से पार पाना होगा। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में एक बार फिर से एक रोमांचक जंग देखने को मिल सकती है।