कोलकाता नाइट राइडर्स ने सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से लखनऊ सुपरजाएंट्स को आठ विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 161 रन बनाए थे, लेकिन केकेआर ने सॉल्ट के 47 गेंदों पर 14 चौकों और तीन छक्कों की मदद से खेली नाबाद 89 रनों की पारी की मदद से 15.4 ओवर में दो विकेट पर 162 रन बनाकर मैच जीत लिया। केकेआर के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर 38 गेंदों पर 38 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि लखनऊ के लिए दोनों विकेट तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने झटके।
कोलकाता की टीम को पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने होम ग्राउंड पर जीत दर्ज कर वापसी की। कोलकाता ने अबतक पांच मैचों में सिर्फ एक ही मैच गंवाया है, जबकि चार मैच जीते हैं। केकेआर की टीम आठ अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि केएल राहुल की अगुआई वाली लखनऊ को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छह अंक लेकर तालिका में पाचवें स्थान पर है।
केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट और कप्तान श्रेयस अय्यर ने लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। केकेआर को अब जीत के लिए 30 गेंदों पर छह रनों की जरूरत है और सॉल्ट के साथ श्रेयस क्रीज पर मौजूद हैं।
केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिट सॉल्ट और कप्तान श्रेयस अय्यर लखनऊ सुपरजाएंट्स के गेंदबाजों के सामने टिके हुए हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने अबतक शानदार बल्लेबाजी का परिचय दिया है और 13 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट 127 रन बना लिए हैं। केकेआर को अब जीत के लिए 42 गेंदों पर 35 रनों की जरूरत है और उसके आठ विकेट शेष हैं। फिलहाल फिल सॉल्ट 35 गेंदों पर 58 रन और श्रेयस 34 गेंदों पर 36 रन बनाकर खेल रहे हैं।
केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ा। यह उनका दूसरा पचासा है। शुरुआती झटके के बाद सॉल्ट ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर केकेआर को संभाला। दोनों खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी से कोलकाता ने 10 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 101 रन बना लिए हैं और केकेआर को जीत के लिए अब 60 गेंदों पर 61 रन बनाने हैं।
केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। शुरुआती झटके लगने के बाद सॉल्ट ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों पर अबतक 50 रनों की साझेदारी हो चुकी है। सॉल्ट 24 गेंदों पर 43 रन और श्रेयस 22 गेंदों पर 21 रन बनाकर खेल रहे हैं।
लखनऊ सुपरजाएंट्स के गेंदबाजों ने केकेआर को पावरप्ले के दौरान दो झटके दिए, लेकिन सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने शानदार पारी खेल केकेआर को संभाला। कोलकाता ने पावरप्ले खत्म होने के बाद दो विकेट पर 58 रन बनाए हैं। फिलहाल सॉल्ट 16 गेंदों पर 30 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 10 गेंदों पर पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने अंगकृष रघुवंशी को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया। रघुवंशी छह गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। नए बल्लेबाज के तौर पर कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ फिल सॉल्ट मौजूद हैं।
लखनऊ द्वारा मिले 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता ने सलामी बल्लेबाज सुनील नरेन का विकेट गंवा दिया है। नरेन छह गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। नरेन को मोहसिन खान ने आउट किया। इससे पहले केकेआर ने अच्छी शुरुआत की थी और पहला ओवर डालने आए शामार जोसेफ के ओवर से 22 रन जुटाए थे। फिलहाल क्रीज पर फिल सॉल्ट के साथ अंगकृष रघुवंशी मौजूद हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी शुरू हो चुकी है और टीम के लिए फिल सॉल्ट और सुनील नरेन पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। लखनऊ ने केकेआर के सामने 162 रनों का लक्ष्य रखा है। लखनऊ के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करने शामार जोसेफ आए हैं जो इस मैच से टीम के लिए डेब्यू कर रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ सुपरजाएंट्स को 20 ओवर में सात विकेट पर 161 रन पर रोका। लखनऊ के लिए निकोलस पूरन ने 32 गेंदों पर दो चौके और चार चौकों की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि कप्तान केएल राहुल ने 27 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली। केकेआर के सामने जीत के लिए 162 रनों का लक्ष्य है।
केकेआर ने दिए शुरुआती झटके
इससे पहले, कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला। लखनऊ सुपरजाएंट्स के लिए क्विंटन डिकॉक और कप्तान केएल राहुल ने पारी का आगाज किया। डिकॉक और राहुल ने पहला ओवर डालने आए मिचेल स्टार्क के शुरुआती ओवर से 11 रन बटोरकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन वैभव अरोड़ा ने डिकॉक को आउट कर लखनऊ को शुरुआती झटका दिया। डिकॉक आठ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउठ हुए। इसके बाद नए बल्लेबाज के रूप में उतरे दीपक हुड्डा भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और स्टार्क ने उन्हें अपना शिकार बनाया।
राहुल की सधी हुई पारी
शुरुआती झटकों के बाद कप्तान केएल राहुल और आयुष बदोनी ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को संभाला।इन दोनों बल्लेबाजों ने सधी हुई बल्लेबाजी कर तीसरे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। राहुल ने हालांकि बीच-बीच में हाथ खोले और कुछ बड़े शॉट लगाए। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में 300 छक्के भी पूरे किए। राहुल धीरे-धीरे अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आंद्रे रसेल ने उनकी पारी का अंत किया। राहुल 27 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए।
लखनऊ की खराब बल्लेबाजी
राहुल के आउट होने के बाद लखनऊ की पारी लड़खड़ा गई। कप्तान के पवेलियन लौटने के बाद क्रीज पर उतरे मार्कस स्टोइनिस ने दो चौके जड़कर तेज बल्लेबाजी करने की कोशिश की, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने विकेट के पीछे फिल सॉल्ट के हाथों कैच कराकर स्टोइनिस को आउट किया। इसके कुछ देर बाद ही आयुष बदोनी भी अपना विकेट गंवा बैठे। बदोनी को सुनील नरेन ने अपना शिकार बनाया। बदोनी 27 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
निकोलस पूरन ने बांधा समां
लगातार झटकों के बाद निकोलस पूरन ने कुछ बड़े शॉट खेलकर लखनऊ को मुसीबत से उबारने की कोशिश की। पूरन ने क्रुणाल पांड्या के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की जो लखनऊ की इस मैच में सबसे बड़ी साझेदारी रही। पूरन अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे तभी स्टार्क ने विकेट के पीछे सॉल्ट के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। पूरन ने 32 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाए।
केकेआर के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने निकोलस पूरन को आउट कर लखनऊ को छठा झटका दिया। पूरन 32 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्टार्क का इस मैच का यह दूसरा विकेट है।
कोलकाता के गेंदबाजों ने लखनऊ के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसा हुआ है और लखनऊ की बल्लेबाजी धीमी चल रही है। केकेआर ने लखनऊ के पांच विकेट गंवा दिए हैं। लखनऊ की टीम ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 126 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर क्रुणाल पांड्या और निकोलस पूरन मौजूद हैं।
लखनऊ सुपरजाएंट्स की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई है और आयुष बदोनी भी पवेलियन लौट गए हैं। केकेआर के स्टार स्पिनर सुनील नरेन ने बदोनी को आउट कर टीम को पांचवीं सफलता दिलाई। बदोनी 27 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ ने 14.4 ओवर तक 111 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं।
केकेआर के गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने मार्कस स्टोइनिस को आउट कर लखनऊ सुपरजाएंट्स को चौथा झटका दिया। स्टोइनिस पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। फिल सॉल्ट ने विकेट के पीछे शानदार कैच पकड़कर स्टोइनिस को बड़ी पारी खेलने से रोका। नए बल्लेबाज के तौर पर निकोलस पूरन क्रीज पर उतरे हैं।
ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान केएल राहुल को आउट कर कोलकाता को तीसरी सफलता दिलाई। राहुल अच्छी फॉर्म में दिख रहे थे और अर्धशतक के करीब बढ़ रहे थे, लेकिन रसेल ने राहुल को पवेलियन भेज दिया। राहुल 27 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसी के साथ राहुल और आयुष बदोनी के बीच साझेदारी टूट गई। राहुल के आउट होने के बाद मार्कस स्टोइनिस नए बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर उतरे हैं।
कोलकाता के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद कप्तान केएल राहुल और आयुष बदोनी ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों की सधी हुई पारियों की मदद से लखनऊ ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 64 रन बनाए हैं। केकेआर को वैभव अरोड़ा और मिचेल स्टार्क ने शुरुआती सफलताएं दिलाई थी।
कोलकाता ने लखनऊ को पावरप्ले के दौरान दो शुरुआती झटके दिए, जबकि लखनऊ की टीम सधी हुई बल्लेबाजी कर रही है। टीम ने छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 49 रन बनाए हैं। फिलहाल केएल राहुल 13 गेंदों पर 23 रन और आयुष बदोनी छह गेंदों पर पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को दूसरा झटका दिया है। दीपक हुड्डा मिचेल स्टार्क की गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। हुड्डा 10 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। नए बल्लेबाज के रूप में आयुष बदोनी क्रीज पर उतरे हैं।
क्विंट डिकॉक के रूप में पहला झटका लगने के बाद कप्तान केएल राहुल और दीपक हुड्डा ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को संभाला। चार ओवर की समाप्ति के बाद लखनऊ ने एक विकेट पर 34 रन बनाए हैं। फिलहाल केएल राहुल आठ गेंदों पर 13 रन और दीपक हुड्डा नौ गेंदों पर आठ रन बनाकर खेल रहे हैं।
लखनऊ सुपरजाएंट्स के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक आउट हो गए हैं। कोलकाता के गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने डिकॉक को आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। डिकॉक आठ गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर अब कप्तान केएल राहुल के साथ दीपक हुड्डा मौजूद हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ लखनऊ सुपरजाएंट्स की पारी हो गई है। लखनऊ के लिए कप्तान केएल राहुल के साथ क्विंटन डिकॉक पारी का आगाज करने आए हैं। केकेआर की ओर से तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्सः फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती। इंपैक्ट सबः सुयश शर्मा, अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, रहमानुल्लाह गुरबाज, रिंकू सिंह।
लखनऊ सुपरजाएंट्सः क्विंटन डिकॉक, केएल राहुल (विकेटकीपर, कप्तान), दीपक हुड्डा, आयुष बदोनी, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, क्रुणाल पांड्या, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान, शामार जोसेफ, यश ठाकुर। इंपैक्ट सबः अरशद खान, प्रेरक मानकड, एम सिद्धार्थ, अमित मिश्रा, के. गौतम।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। केकेआर ने इस मुकाबले के लिए रिंकू सिंह को बाहर रखा है और उनकी जगह हर्षित राणा को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है। लखनऊ की टीम में शामार जोसेफ डेब्यू करेंगे। लखनऊ ने इस मैच के लिए कुछ बदलाव किए हैं। देवदत्त पडिक्कल और नवीन उल हक को इस मैच के लिए नहीं चुना गया है, जबकि दीपक हुड्डा और मोहसिन खान की वापसी हुई है।
टीम की बात करें तो कोलकाता के लिए खुशखबरी यह है कि उपकप्तान नीतीश राणा वापसी कर रहे हैं। वह फिट हो चुके हैं और प्रैक्टिस सेशन में भी टीम के साथ जुड़े थे। इसके अलावा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी फिट हो चुके हैं और वापसी के लिए तैयार हैं। इन दोनों की वापसी से टीम काफी मजबूत दिख रही है। वहीं, लखनऊ के लिए बुरी खबर यह है कि मयंक यादव और मोहसिन खान, दोनों तेज गेंदबाज अब तक चोट से उबर नहीं पाए हैं। इन दोनों की कमी पिछले मैच में टीम को खली थी। नवीन उल हक भी पिछले मैच में कुछ खास नहीं कर सके थे। ऐसे में वेस्टइंडीज के स्टार तेज गेंदबाज शमर जोसेफ को डेब्यू का मौका मिल सकता है। इसके अलावा बल्लेबाजी में देवदत्त पडिक्कल इस सीजन फ्लॉप रहे हैं। आयुष बदोनी का फॉर्म में आना टीम के लिए अच्छी खबर है।
IPL Live Cricket Score, KKR vs LSG Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 28वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना लखनऊ सुपरजाएंट्स से है। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेला जा रहा है। केकेआर और लखनऊ दोनों ही टीमों को उनके पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था, इसलिए दोनों टीमों की कोशिश जीत की पटरी पर लौटने की होगी।