गुजरात टाइटंस ने केकेआर को 39 रनों से हराया और शीर्ष पर अपना दबदबा मजबूत किया। गुजरात ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्धशतकों से 20 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाए थे, जवाब में केकेआर की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन ही बना सकी। केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बनाए जो 36 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, ईशांत शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और आर साई किशोर को एक-एक विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने गुरबाज का विकेट जल्द गंवा दिया। इसके बाद रहाणे ने सुनील नरेन के साथ मिलकर टीम को संभाला, लेकिन नरेन 17 रन बनाकर आउट हो गए। फिर रहाणे अच्छी पारी खेलते रहे, लेकिन दूसरे छोर पर उनका कोई बल्लेबाज साथ नहीं दे सका। केकेआर के लिए बड़ी साझेदारी नहीं बन पाना हार का बड़ा कारण बना। केकेआर की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले उसे पिछले मैच में पंजाब किंग्स ने हराया था।
केकेआर के लिए रहाणे के अलावा आंद्रे रसेल ने 21, रिंकू सिंह ने 17, वेंकटेश अय्यर ने 14 और रमनदीप सिंह ने एक रन बनाए, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे अंगकृष रघुवंशी 27 और हर्षित राणा एक रन बनाकर नाबाद लौटे। यह गुजरात की आठ मैचों में छठी जीत है और वह 12 अंक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं, केकेआर आठ मैचों में यह पांचवीं हार है और वह तीन जीत के साथ छह अंक लेकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।
प्रसिद्ध कृष्णा ने एक ही ओवर में केकेआर को दो झटके दिए हैं। प्रसिद्ध ने पहले रमनदीप सिंह को आउट किया जो एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद उन्होंने तीसरी गेंद पर मोईन अली को आउट किया जो खाता भी नहीं खोल सके। क्रीज पर अभी रिंकू सिंह के साथ अंगकृष रघुवंशी मौजूद हैं जो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं। केकेआर ने 119 रन पर सात विकेट गंवा दिए हैं। उसे अब जीत के लिए 21 गेंदों पर 80 रन चाहिए।
केकेआर को आंद्रे रसेल के रूप में पांचवां झटका लगा है। रसेल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 15 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। केकेआर का स्कोर 110 के पार पहुंच गया है।
साई किशोर ने वेंकटेश अय्यर को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया। वेंकटेश 19 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है। केकेआर के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और वेंकटेश अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं। केकेआर ने नौ ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 61 रन बनाए हैं। उसे अभी जीत के लिए 66 गेंदों पर 138 रन बनाने हैं।
राशिद खान ने सुनील नरेन को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया। नरेन 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटका लगने के बाद अजिंक्य रहाणे और सुनील नरेन ने केकेआर को संभाला। केकेआर ने चार ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 29 रन बना लिए हैं।
केकेआर को रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में पहला झटका लगा है। गुरबाज क्विंटन डिकॉक की जगह टीम में लिए गए थे, लेकिन वह प्रभावित नहीं कर सके और एक रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात टाइटंस ने कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्धशतकों की मदद से केकेआर के सामने जीत के लिए 199 रनों का लक्ष्य रखा है। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन गुजरात के लिए गिल और सुदर्शन ने शतकीय साझेदारी की जिसकी मदद से टीम 20 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाने में सफल रही। गुजरात के लिए गिल ने 55 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 90 रन बनाए, जबकि सुदर्शन 36 गेंदों पर छह चौका और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गिल और सुदर्शन ने गुजरात को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़े। गिल ने 34 गेंदों पर और सुदर्शन ने 33 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। सुदर्शन का इस सीजन का यह पांचवां और गिल का तीसरा पचासा था। गिल और सुदर्शन के बीच इस साझेदारी को आंद्रे रसेल ने तोड़ा। सुदर्शन के आउट होने के बाद जोस बटलर क्रीज पर आए और उन्होंने गिल के साथ मिलकर गुजरात की पारी को गति दी। गिल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन वह शतक लगाने से चूक गए। इस दौरान गिल और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी हुई जिसे वैभव अरोड़ा ने तोड़ा।
इसके बाद हर्षित राणा ने राहुल तेवतिया को खाता खोले बिना आउट कर गुजरात को तीसरा झटका दिया। बटलर और शाहरुख खान ने अंत में तेज खेलने की कोशिश की, लेकिन केकेआर गुजरात को 200 रन बनाने से रोकने में सफल रही। गुजरात के लिए बटलर 23 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 41 और शाहरुख पांच गेंदों पर एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। केकेआर की ओर से वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा और आंद्रे रसेल को एक-एक विकेट मिले।
हर्षित राणा ने राहुल तेवतिया को आउट कर गुजरात टाइटंस को तीसरा झटका दिया। तेवतिया खाता खोले बिना आउट हुए। क्रीज पर हालांकि जोस बटलर मौजूद हैं। गुजरात का स्कोर 175 रन के पार पहुंच गया है।
गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज शतक लगाने से चूक गए। केकेआर को वैभव अरोड़ा ने दूसरी सफलता दिलाई। गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 55 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए।
केकेआर के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने 17 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 162 रन बना लिए हैं। कप्तान गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और शतक की ओर बढ़ रहे हैं। बटलर भी क्रीज पर मौजूद हैं।
गुजरात टाइटंस का स्कोर केकेआर के खिलाफ 15 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 139 रन हो गया है। गुजरात के लिए कप्तान गिल अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और दूसरे छोर से जोस बटलर उनका साथ निभा रहे हैं। केकेआर ने सुदर्शन को आउट कर एक सफलता हासिल की है।
केकेआर के अनुभवी ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने साई सुदर्शन को आउट कर गुजरात को पहला झटका दिया। सुदर्शन और गिल के बीच पहले विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई जिसे आखिरकार रसेल तोड़ने में सफल रहे। सुदर्शन 36 गेंदों पर छह चौका और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए।
गिल के बाद साई सुदर्शन ने भी केकेआर के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। सुदर्शन ने 33 गेंदों पर पचासा पूरा किया। सुदर्शन का इस सीजन का यह पांचवां अर्धशतक है। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी हो गई है। गुजरात का स्कोर 11 ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 104 रन हो गया है।
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने केकेआर के खिलाफ 34 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। गिल का इस सीजन यह तीसरा पचासा है। गुजरात और सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी चल रही है और इन दोनों बल्लेबाजों ने केकेआर को विकेट के लिए तरसा दिया है।
गिल और सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी हो रही है जिससे गुजरात का स्कोर नौ ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 79 रन हो गया है। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन उसके गेंदबाज अब तक गुजरात की सलामी जोड़ी को नहीं तोड़ सके हैं।
गुजरात टाइटंस ने केकेआर के खिलाफ मैच में सधी हुई शुरुआत की है और छह ओवर की समाप्ति के बाद उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 45 रन हो गया है। गुजरात ने पावरप्ले के दौरान केकेआर के गेंदबाजों को सफलता हासिल नहीं करने दी है।
केकेआर के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने धीमी शुरुआत की है। गुजरात ने चार ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 26 रन बनाए हैं।
केकेआर के खिलाफ गुजरात क पारी शुरू हो गई है। गुजरात के लिए साई सुदर्शन के साथ शुभमन गिल पारी का आगाज करने उतरे हैं। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
कोलकाता नाइट राइडर्सः रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, मोईन अली, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट प्लेयरः मनीष पांडे, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पोवेल, लवनिथ सिसोदिया, अनुकूल रॉय।
गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, शेरफाने रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, वॉशिंगटन सुंदर, साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयरः ईशांत शर्मा, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत, करीम जनत, अरशद खान।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। केकेआर ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। इस मैच के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज और मोईन अली को मौका दिया गया है।
दूसरी तरफ, गुजरात टाइटंस की टीम है जिसने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर शीर्ष में जगह बनाई थी। शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। दिल्ली के खिलाफ जोस बटलर ने दमदार बल्लेबाजी की थी। गुजरात की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही अच्छी रही थी। 2022 की चैंपियन टीम का पलड़ा केकेआर के खिलाफ भारी नजर आ रहा है। गुजरात की नजरें शीर्ष क्रम पर अपना दबदबा बरकरार रखने की होगी।
इस हार से केकेआर की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर खिसक गई। उसने अब तक सात मैच खेले हैं और तीन जीते हैं तथा चार मुकाबले गंवाए हैं। केकेआर का मध्यक्रम संघर्ष कर रहा है जिससे उससे दिक्कतें हो रही हैं। रिंकू सिंह, वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल और रमनदीप सिंह आशा के अनुरूप बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे। केकेआर को अगर प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है तो उसे बल्लेबाजी में सुधार करना होगा।
IPL Live Cricket Score, KKR vs GT Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात टाइटंस से हो रहा है। केकेआर पिछले मैच में 112 रनों का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी और उसकी नजरें जीत की पटरी पर लौटने की होगी।