फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL Auction: पहले दिन की नीलामी समाप्त, पंत-श्रेयस रिकॉर्ड दाम पर बिके, पडिक्कल-वॉर्नर को नहीं मिले खरीददार

Mon, 25 Nov 2024 10:03 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जेद्दा

खास बातें

 IPL Auction Nilami 2025: आईपीएल 2025 के लिए मेगा नीलामी के पहले दिन ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी ने जमकर पैसा लुटाया। उम्मीद के अनुरूप पंत ने स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा और वह आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बने। 
विज्ञापन
आईपीएल नीलामी 2025 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:08 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: पहले दिन की नीलामी समाप्त

आईपीएल 2025 के लिए सऊदी अरब के जेद्दा में पहले दिन की मेगा नीलामी समाप्त हो गई है। रविवार को उम्मीद के अनुरूप भारतीय खिलाड़ियों पर जमकर पैसों की बरसात हुई और ऋषभ पंत तथा श्रेयस अय्यर रिकॉर्ड दाम पर बिके। पहले श्रेयस को पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा। श्रेयस उस वक्त तक आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। हालांकि, कुछ देर बाद ही ऋषभ पंत नीलामी में उतरे और उन्हें लखनऊ सुपरजाएंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा। पंत इस तरह आईपीएल नीलामी में सबसे ज्यादा दाम पर बिकने वाले खिलाड़ी बन गए। पंत और श्रेयस ने इस मामले में मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ा। 

पंत और श्रेयस के अलावा पहले दिन वेंकटेश अय्यर पर भी बड़ी बोली लगी जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और केएल राहुल पर भी बड़ी बोली लगी। अर्शदीप और चहल को जहां 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स ने खरीदा। वहीं, राहुल को दिल्ली ने 14 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया। इस बीच, नेहाल वढेरा, सुयश शर्मा और अब्दुल समद जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों पर भी फ्रेंचाइजी ने जमकर पैसों की बरसात की और ये खिलाड़ी करोड़पति बने। 

आईपीएल नीलामी के पहले दिन देवदत्त पडिक्कल, जॉनी बेयरस्टो और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को कोई खरीददार नहीं मिला और वह अनसोल्ड रहे। रविवार को कुल 84 खिलाड़ियों की बोली लगी जिसमें से 72 खिलाड़ियों के लिए 467.95 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि 12 खिलाड़ियों को किसी ने नहीं खरीदा। 

10:55 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज का सेट

  • सुयश शर्मा को आरसीबी ने 2.60 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया। सुयश का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • मुंबई इंडियंस ने कर्ण शर्मा को उनके आधार मूल्य 50 लाख रुपये में खरीदा। आरसीबी ने कर्ण के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • मयंक मारकंडे को केकेआर ने उनके आधार मूल्य 30 लाख रुपये देकर खरीदा। हैदराबाद ने मयंक के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • भारतीय टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला को किसी टीम ने नहीं लिया। पीयूष का आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। 
  • कार्तिकेय सिंह को राजस्थान रॉयलस ने उनके 30 लाख रुपये के आधार मूल्य पर खरीदा। 
  • मानव सुथार को गुजरात टाइटंस ने उनके आधार मूल्य 30 लाख रुपये में खरीदा। 
  • श्रेयस गोपाल के लिए किसी टीम ने रुचि नहीं जताई और वह अनसोल्ड रहे। श्रेयस का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 

10:27 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: अनकैप्ड तेज गेंदबाज का सेट

  • रसिख डार 30 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ नीलामी में उतरे और उनके लिए आरसीबी ने दो करोड़ रुपये की बोली लगाई। दिल्ली ने रसिख के लिए आरटीएम का इस्तेमाल किया। आरसीबी ने फिर रसिख के लिए दाम बढ़ाकर छह करोड़ रुपये किया। दिल्ली हालांकि, पीछे हट गई और आरसीबी ने रसिख को छह करोड़ में खरीदा। 
  • आकाश मधवाल के लिए राजस्थान रॉयल्स ने 1.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा। उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था 
  • मोहित शर्मा के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 2.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई। मोहित का आधार मूल्य 50 लाख रुपये था, लेकिन दिल्ली उन्हें लेने में सफल रही। 
  • विजयकुमार विशाक को पंजाब किंग्स ने 1.80 करोड़ रुपये में खरीदा। आरसीबी ने इस खिलाड़ी के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। विजयकुमार का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • 30 लाख रुपये के आधार मूल्य वाले वैभव अरोड़ा को केकेआर ने 1.80 करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • यश ठाकुर को पंजाब किंग्स ने 1.60 करोड़ रुपये में खरीदा। यश का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • कार्तिक त्यागी को नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा। उनका आधार मूल्य 40 लाख रुपये था। 
  • सिमरजीत सिंह को सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.50 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 

विज्ञापन
10:15 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: अनकैप्ड विकेटकीपर का सेट

  • अनकैप्ड विकेटकीपर के सेट में कुमार कुशाग्र उतरे जिनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। उन्हें गुजरात ने 65 लाख रुपये में खरीदा। कुशाग्र के लिए दिल्ली ने आरटीएम कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • रॉबिन मिंज को मुंबई इंडियंस ने 65 लाख रुपये में खरीदा। मिंज का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • अनुज रावत को गुजरात ने उनके आधार मूल्य 30 लाख रुपये में खरीदा। आरसीबी ने रावत के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • लखनऊ ने आर्यन जुयाल को उनके आधार मूल्य 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। 
  • उपेंद्र यादव के लिए किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई। उपेंद्र का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • लवनीथ सिसोदिया के लिए किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई। सिसोदिया का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • विष्णु विनोद को पंजाब किंग्स ने 95 लाख रुपये में खरीदा। विनोद का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था।  

09:43 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: अनकैप्ड ऑलराउंडर का सेट

  • निशांत सिंधू को गुजरात टाइटंस ने उनके आधार मूल्य 30 लाख रुपये में खरीदा। 
  • दिल्ली कैपिटल्स ने समीर रिजवी को 95 लाख रुपये में खरीदा। उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। रिजवी के लिए सीएसके ने आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • 30 लाख रुपये के आधार मूल्य वाले नमन धीर के लिए राजस्थान रॉयल्स ने 3.40 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन मुंबई ने उनके लिए आरटीएम का इस्तेमाल किया। राजस्थान ने नमन के लिए 5.25 करोड़ की अंतिम बोली लगाई जिसे मुंबई ने स्वीकार किया। इस तरह नमन एक बार फिर मुंबई फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन गए।  
  • अब्दुल समद को 4.20 करोड़ रुपये में लखनऊ ने अपनी टीम में शामिल किया। समद के लिए हैदराबाद ने आरटीएम का प्रयोग नहीं किया। समद का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • हरप्रीत बरार को पंजाब किंग्स ने 1.50 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • चेन्नई सुपर किंग्स ने विजय शंकर को 1.20 करोड़ रुपये में खरीदा। विजय शंकर का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • महिपाल लोमरोर को गुजरात टाइटंस ने 1.70 करोड़ रुपये में लिया। उनका आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। आरसीबी ने लोमरोर के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • आशुतोष शर्मा को दिल्ली कैपिटल्स ने 3.80 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था।
  • 30 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे उत्कर्ष सिंह को किसी ने नहीं खरीदा। 

विज्ञापन
09:25 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: अनकैप्ड बल्लेबाज का सेट

  • अर्थव तायडे को सनराइजर्स हैदराबाद को 30 लाख रुपये के आधार मूल्य में खरीदा। 
  • अनमोलप्रीत सिंह 30 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे, लेकिन उन्हें किसी ने नहीं खरीदा।
  • पंजाब किंग्स ने नेहाल वढेरा के लिए 4.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई। मुंबई ने नेहाल के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 30 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे नेहाल 4.20 करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी को तीन करोड़ रुपये में खरीदा। 30 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे रघुवंशी पहले भी केकेआर में ही थे। 
  • 30 लाख रुपये के आधार मूल्य वाले करुण नायर को दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा। 
  • यश ढुल को किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। ढुल का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 
  • हैदराबाद ने अभिनव मनोहर को 3.20 करोड़ रुपये में खरीदा। अभिनव का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। 

08:42 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: कैप्ड स्पिनरों का सेट

  • राजस्थान रॉयल्स ने महेश तीक्षणा को 4.40 करोड़ रुपये में खरीदा। तीक्षणा का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था और सीएसके के पास उनके लिए आरटीएम का विकल्प उपलब्ध था। लेकिन चेन्नई ने तीक्षणा के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 
  • हैदराबाद ने राहुल चाहर के लिए 3.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई जिनका आधार मूल्य एक करोड़ रुपये था। पंजाब के पास उनके लिए आरटीएम का विकल्प मौजूद था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इस तरह चाहर को हैदराबाद ने खरीदा। 
  • हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जांपा को 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा। जांपा का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • राजस्थान रॉयल्स ने श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा को 5.25 करोड़ रुपये में खरीदा। हसरंगा का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • सलामखेल 75 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे, लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन पर रुचि नहीं जताई और वह पहली बार में नहीं बिके। 
  • नूर अहमद क लिए चेन्नई ने पांच करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन गुजरात ने उनके लिए आरटीएम का इस्तेमाल किया। चेन्नई ने नूर अहमद के लिए 10 करोड़ रुपये की अंतिम बोली का प्रस्ताव रखा जिसके बाद गुजरात ने हाथ खींच लिए। इस तरह अहमद सीएसके में शामिल हुए। 

08:04 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: कैप्ड तेज गेंदबाजों का सेट

  • आरसीबी ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को 12.50 करोड़ रुपये में खरीदा। हेजलवुड का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • गुजरात टाइटंस ने प्रसिद्ध कृष्णा को 9.50 करोड़ रुपये में खरीदा। प्रसिद्ध का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • आवेश खान को लखनऊ सुपरजाएंट्स ने 9.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। आवेश का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • केकेआर ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्त्जे को 6.50 करोड़ रुपये में खरीदा। नॉर्त्जे का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • राजस्थान रॉयल्स ने जोफ्रा आर्चर को खरीदा। दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे आर्चर 12.50 करोड़ रुपये में बिके। 
  • सीएसके ने खलील अहमद के लिए 4.80 करोड़ रुपये की बोली लगाई। खलील के लिए दिल्ली ने आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। खलील का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे टी. नटराजन को दिल्ली कैपिटल्स ने 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • मुंबई इंडियंस ने ट्रेंट बोल्ट को 12.50 करोड़ रुपये में खरीदा। बोल्ट का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। बोल्ट के लिए राजस्थान और मुंबई के बीच होड़ देखने मिली। अंततः मुंबई ने इस नीलामी का अपना पहला खिलाड़ी खरीदा। 

07:34 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: कैप्ड विकेटकीपर बल्लेबाजों का सेट

  • क्विंटन डिकॉक का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था केकेआर ने उन्हें 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा। लखनऊ के पास डिकॉक के लिए आरटीएम कार्ड उपलब्ध था, लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया।
  • इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ नीलामी में उतरे, लेकिन पहली बार में उनके लिए किसी ने रुचि नहीं दिखाई और वह नहीं बिक सके।
  • फिल सॉल्ट को आरसीबी ने 11.50 करोड़ रुपये में खरीदा। सॉल्ट का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। सॉल्ट को लेने के लिए आरसीबी और केकेआर के बीच होड़ देखने मिली, लेकिन आरसीबी उन्हें लेने में सफल रहा। 
  • केकेआर ने रहमानुल्लाह गुरबाज को उनके आधार मूल्य दो करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा। ईशान का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • आरसीबी ने जितेश शर्मा के लिए सात करोड़ रुपये की बोली लगाई। पंजाब ने जितेश के लिए आरटीएम का इस्तेमाल करने का फैसला किया। आरसीबी ने फिर जितेश के लिए 11 करोड़ रुपये की अंतिम बोली लगाई, लेकिन पंजाब ने इसे स्वीकार नहीं किया और जितेश 11 करोड़ रुपये में आरसीबी के हुए। जितेश का आधार मूल्य एक करोड़ रुपये था। 

06:43 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: कैप्ड ऑलराउंडर का सेट

  • हर्षल पटेल का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था, हैदराबाद ने उन पर 6.75 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन पंजाब ने आरटीएम लेने का फैसला किया। हैदराबाद ने फिर आठ करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया और पंजाब ने हाथ खींच लिए। इस तरह हर्षल आठ करोड़ रुपये में बिके। 
  • रचिन रवींद्र के लिए पंजाब किंग्स ने 3.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई। सीएसके ने आरटीएम का विकल्प चुना, लेकिन पंजाब ने चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया जिसे सीएसके ने स्वीकार कर लिया। रचिन चार करोड़ रुपये में सीएसके के हुए। 
  • रविचंद्रन अश्विन को सीएसके ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा। इस तरह अश्विन की चेन्नई फ्रेंचाइजी में वापसी हुई है। अश्विन का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 
  • वेंकटेश अय्यर को केकेआर ने 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा। वह आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बने। वेंकटेश का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। वेंकटेश को लेने के लिए आरसीबी और केकेआर के बीच होड़ देखने को मिली। 
  • मार्कस स्टोइनिस को पंजाब किंग्स ने 11 करोड़ रुपये में लिया। स्टोइनिस का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। लखनऊ के पास आरटीएम का विकल्प उपलब्ध था, लेकिन लखनऊ ने स्टोइनिस के लिए दिलचस्पी नहीं दिखाई। 
  • मिचेल मार्श के लिए लखनऊ ने 3.40 करोड़ रुपये की बोली लगाई। दिल्ली के पास आरटीएम उपलब्ध था, लेकिन उन्होंने मार्श के लिए इसका इस्तेमाल नहीं करने का फैसला किया। 
  • ग्लेन मैक्सवेल को पंजाब किंग्स ने 4.20 करोड़ रुपये में लिया। आरसीबी ने मैक्सवेल के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। मैक्सवेल का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 

06:22 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: कैप्ड बल्लेबाजों का सेट

  • हैरी ब्रूक का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है। दिल्ली कैपिटल्स ने हैरी ब्रूक को 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • देवदत्त पडिक्कल अनसोल्ड रहे। उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था।
  • एडेन मार्करम को लखनऊ ने उनके आधार मूल्य दो करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • डेवोन कॉन्वे को चेन्नई सुपर किंग्स ने 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था।
  • राहुल त्रिपाठी का आधार मूल्य 75 लाख रुपये था, सीएसके ने उन्हें 3.40 करोड़ रुपये में खरीदा। 
  • डेविड वॉर्नर का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था और वह पहली बार में नहीं बिके।
  • जैक फ्रेजर मैकगर्क के लिए पंजाब ने 5.50 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन दिल्ली ने उनके लिए आरटीएम का इस्तेमाल किया। पंजाब ने मैकगर्क के लिए नौ करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन दिल्ली ने आरटीएम का इस्तेमाल कर उन्हें खरीदा। मैकगर्क का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। 

06:04 PM, 24-Nov-2024

IPL 2025 Auction Live: किसके पर्स में कितनी राशि बची

टीम नीलामी में
खर्च किए
बची राशि मौजूदा खिलाड़ी
/कुल स्लॉट
चेन्नई सुपर किंग्स 0.00 55.00 करोड़ 5/25
दिल्ली कैपिटल्स 25.75 करोड़ 47.25 करोड़ 6/25
गुजरात टाइटन्स 38.75 करोड़ 30.25 करोड़ 8/25
कोलकाता नाइट राइडर्स 0.00 51.00 करोड़ 6/25
लखनऊ सुपर जायंट्स 34.50 करोड़ 34.50 करोड़ 7/25
मुम्बई इंडियंस 0.00  45.00 करोड़ 5/25
पंजाब किंग्स 62.75 करोड़ 47.75 करोड़ 5/25
राजस्थान रॉयल्स 0.00 41.00 करोड़ 6/25
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 8.75 करोड़ 74.25 करोड़ 4/25
सनराइजर्स हैदराबाद 10.00 करोड़ 35.00 करोड़ 6/25

05:25 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: दिल्ली ने केएल राहुल को खरीदा

मार्की खिलाड़ी के तौर पर केएल राहुल दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य में नीलामी में उतरे। उनके लिए गत चैंपियन केकेआर ने बोली लगाई और आरसीबी भी लड़ाई में कूदा। आरसीबी और केकेआर के बीच राहुल को लेने के लिए होड़ देखने को मिली। दिल्ली ने भी राहुल के लिए रुचि दिखाई और केकेआर के साथ बोली में शामिल हुई। दिल्ली ने राहुल के लिए 11.50 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन केकेआर भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। दिल्ली ने राहुल के लिए 12 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन केकेआर ने हाथ खींच लिए। इस बीच, सीएसके बोली में कूदी और लगातार राहुल के लिए बोली लगाती रही। दिल्ली ने 14 करोड़ रुपये की बोली लगाई और लखनऊ ने राहुल के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। राहुल के बिकने के साथ ही नीलामी में मार्की खिलाड़ी पूरे हो गए। अब तक कुल 12 खिलाड़ी बिके जा चुके हैं। 

05:18 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: लिविंगस्टोन के लिए आरसीबी ने लगाई बोली

लियाम लिविंगस्टोन दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे और उनके लिए हैदराबाद और आरसीबी ने शुरुआती बोली लगाई। हालांकि, बाद में दिल्ली ने भी लिविंगस्टोन के लिए रुचि जताई। दिल्ली और आरसीबी के बीच लिविंगस्टोन के लिए होड़ देखने मिली। लिविंगस्टोन के लिए आरसीबी ने 8.75 करोड़ रुपये की सफल बोली लगाई।

05:12 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: गुजरात ने सिराज को खरीदा

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए गुजरात और सीएसके ने शुरुआती बोली लगाई और दोनों फ्रेंचाइजी के बीच तेजी से होड़ देखने मिली। सिराज का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था, लेकिन कम ही समय में बोली आठ करोड़ पार चली गई। सीएसके के पीछे हटने के बाद राजस्थान रॉयल्स बोली में कूदी। गुजरात ने आखिरकार सिराज को 12.75 करोड़ रुपये में लिया। आरसीबी ने सिराज के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया।

05:08 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: पंजाब ने चहल को लिया

नीलामी में फिर भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल उतरे जिनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। चहल आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं। चेन्नई ने चहल पर बोली की शुरुआत की, लेकिन दूसरे छोर से गुजरात ने भी चहल के लिए रुचि जताई। चहल को लेने के लिए पंजाब ने भी बोली लगाई और उसकी गुजरात के साथ भिड़ंत हुई। वहीं, लखनऊ भी बीच में कूदा। लखनऊ और पंजाब के बीच चहल के लिए जंग देखने मिली। चहल के लिए जब पंजाब ने 14 करोड़ रुपये की बोली लगाई, तभी आरसीबी और हैदराबाद भी नीलामी में कूदी। फिर हैदराबाद और पंजाब के बीच चहल को लेने के लिए होड़ रही। पंजाब ने चहल के लिए 18 करोड़ रुपये की बोली लगाई और हैदराबाद पीछे हट गया। चहल इस तरह आईपीएल नीलामी में बिकने वाले भारत के सबसे महंगे स्पिनर बने।

04:56 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: लखनऊ के हुए मिलर

डेविड मिलर के लिए गुजरात और आरसीबी के बीच जंग देखने मिली। मिलर का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स भी दौड़ में शामिल हुई। दिल्ली और आरसीबी के बीच मिलर के लिए भिड़ंत हुई। लखनऊ भी पीछे नहीं रही और उसने भी बोली लगाई। लखनऊ ने मिलर पर 7.50 करोड़ रुपये की बोली लगाई। गुजरात के पास मिलर के लिए आरटीएम का इस्तेमाल करने का मौका था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इस तरह लखनऊ ने मिलर को खरीदा।

04:52 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: शमी को हैदराबाद ने 10 करोड़ में खरीदा

मार्की खिलाड़ी के दूसरे सेट में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आए। शमी का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था और उन्हें लेने के लिए सीएसके और केकेआर के बीच होड़ देखने मिली। केकेआर ने शमी के लिए 8.25 करोड़ रुपये की बोली लगाई जिसके बाद सीएसके पीछे हट गई। हालांकि, चेन्नई के हटने के बाद लखनऊ बोली में कूदी, लेकिन केकेआर ने भी हार नहीं मानी। केकेआर ने 9.75 करोड़ रुपये की बोली लगाई और लखनऊ पीछे हट गया। शमी पहले गुजरात के लिए खेलते थे, लेकिन टाइटंस ने उनके लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। लेकिन केकेआर 10 करोड़ के दाम पर पीछे हट गई, वहीं हैदराबाद ने शमी को इस दाम पर खरीदा।

04:39 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: पंत ने श्रेयस अय्यर को पीछे छोड़ा

लखनऊ ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा। पंत इस तरह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा कीमत पर बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में श्रेयस अय्यर को पीछे छोड़ दिया है जो थोड़ी देर पहले ही 26.75 करोड़ रुपये में बिके थे। ऋषभ पंत के लिए लखनऊ और आरसीबी के बीच शुरुआत में जंग देखने मिली। पंत दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ नीलामी में उतरे थे और कम ही समय पर उनकी कीमत 10 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी। इस दौरान हैदराबाद भी दौड़ में शामिल हुई, लेकिन लखनऊ ने भी हार नहीं मानी।

नीलामी टेबल पर हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन और लखनऊ के मालिक संजय गोयनका लगातार पंत के लिए बोली लगाते रहे और देखते ही देखते कीमत 17 करोड़ के पार पहुंच गई। हैदराबाद और लखनऊ यहां भी नहीं रुके और पंत पर बोली बढ़ती रही। लखनऊ ने पंत के लिए 20.75 करोड़ रुपये की बोली लगाई और हैदराबाद ने हाथ वापस खींच लिए। हालांकि, दिल्ली ने आरटीएम का इस्तेमाल किया। इसके बाद लखनऊ ने पंत के लिए 27 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया और दिल्ली ने अपने हाथ पीछे कर लिए। इस तरह पंत 27 करोड़ रुपये में बिके और लखनऊ ने उन्हें आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी के तौर पर लिया।

04:29 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: दिल्ली ने स्टार्क को खरीदा

मिचेल स्टार्क दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ नीलामी में उतरे। उनके लिए केकेआर ने एक बार फिर बोली की शुरुआत की, लेकिन मुबंई इंडियंस भी होड़ में लगी रही। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी ने भी स्टार्क को लेने में रुचि जताई। आखिरकार दिल्ली ने स्टार्क को 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा। मालूम हो कि स्टार्क पर पिछली बार आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली लगी थी जिसे आज श्रेयस ने पीछे छोड़ा। 

04:23 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: गुजरात के हुए बटलर

जोस बटलर का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था और उनके लिए पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच होड़ देखने को मिली। इस बीच लखनऊ सुपरजाएंट्स भी दौड़ में शामिल हुई और उसकी गुजरात से भिड़ंत देखने मिली। अंत में गुजरात ने बटलर को 15.75 करोड़ रुपये में खरीदा। बटलर को राजस्थान रॉयल्स ने रिलीज किया था। 

04:18 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने श्रेयस

अपनी कप्तानी में केकेआर को आईपीएल 2024 का खिताब दिलाने वाले श्रेयस अय्यर आईपीएल इतिहास में नीलामी में सबसे ज्यादा दाम में बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पंजाब ने श्रेयस को 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा। श्रेयस का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। दिल्ली और कोलकाता के बीच श्रेयस अय्यर को लेने के लिए लड़ाई होती रही। इन दोनों के बीच पंजाब किंग्स भी बोली में कूदी। इसके बाद पंजाब और दिल्ली के बीच श्रेयस को लेने के लिए होड़ मची रही और केकेआर पीछे हट गया।  श्रेयस नीलामी में बिकने वाले सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी के साथ ही आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्हें पिछली बार कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।

03:57 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: रबादा को गुजरात ने खरीदा

दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबादा उतरे जिनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। गुजरात टाइटंस ने इस गेंदबाज को 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा। रबादा पहले पंजाब के लिए खेलते थे, लेकिन पंजाब ने रबादा के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 

03:56 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: पंजाब ने अर्शदीप के लिए आरटीएम इस्तेमाल किया

पंजाब किंग्स ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के लिए राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का इस्तेमाल कर 18 करोड़ रुपये में खरीदा। अर्शदीप पर बोली की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स ने की थी और उन्हें लेने के लिए सीएसके तथा दिल्ली कैपिटल्स के बीच कुछ देर तक जंग हुई। बाद में राजस्थान और गुजरात भी बोली में कूदे, लेकिन अंत में सनराइजर्स हैदराबाद ने 15.75 करोड़ रुपये में बोली लगाई। हैदराबाद के बोली लगाते ही पंजाब से अर्शदीप के लिए आरटीएम का इस्तेमाल करने के बारे में पूछा गया। पंजाब ने अर्शदीप पर रुचि जताई। इसके बाद हैदराबाद ने 18 करोड़ रुपये की पेशकश की जिसके लिए पंजाब तैयार हो गया।

03:47 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: अर्शदीप पर बोली से शुरुआत

आईपीएल 2025 के लिए बोली शुरू हो गई है और सबसे पहले भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की बोली लग रही है। अर्शदीप का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है और चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लड़ाई चल रही है। 

03:40 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: मेगा नीलामी शुरू

आईपीएल 2025 के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी सऊदी अरब के शहर जेद्दा में शुरू हो गई है। नीलामी के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सभी पदाधिकारी भी मौजूद हैं। नीलामी का आज पहला दिन है और यह सोमवार तक चलेगी। 
 

03:13 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास बची हुई राशि

सभी 10 फ्रेंचाइजी संयुक्त रूप से नीलामी में 641 करोड़ रुपये खर्च कर सकती हैं। इनमें से पंजाब किंग्स के पास सबसे बड़ी राशि बची है और राजस्थान रॉयल्स के पास सबसे कम। सभी फ्रेंचाइजी के पास बची राशि के बारे में जानते हैं।

फ्रेंचाइजी पर्स में बची राशि
पंजाब किंग्स ₹110.5 करोड़
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ₹83 करोड़
दिल्ली कैपिटल्स ₹73 करोड़
गुजरात टाइटन्स ₹69 करोड़
लखनऊ सुपर जायंट्स ₹69 करोड़
चेन्नई सुपर किंग्स ₹55 करोड़
मुंबई इंडियन्स ₹45 करोड़
कोलकाता नाइट राइडर्स ₹51 करोड़
सनराइजर्स हैदराबाद ₹45 करोड़
राजस्थान रॉयल्स ₹41 करोड़

02:49 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: नीलामी का मंच तैयार

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली मेगा नीलामी का मंच सज चुका है और अब से कुछ ही देर बाद खिलाड़ियों की बोली लगना शुरू हो जाएगी। आईपीएल ने तैयारियों की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। 
 

02:36 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: इन भारतीय गेंदबाजों पर लग सकती है अच्छी बोली

  • खलील अहमद : तेज गेंदबाज पर अच्छी बोली लग सकती है क्योंकि यश दयाल को आरसीबी ने बरकरार रखा है।
  • दीपक चाहर : चोट के कारण पिछले साल काफी परेशान रहे स्विंग गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया।
  • आवेश खान : पिछले साल राजस्थान के लिए 19 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज 10 करोड़ में खरीदे गए थे
  • हर्षल पटेल : टी-20 लीग में सफल रहते हैं, पिछले सत्र में 24 विकेट झोली में डाले थे।
  • भुवनेश्वर कुमार : पावरप्ले में स्विंग और सीम का कमाल दिखाने में माहिर, अनुभव भी अच्छा है।

02:10 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: मार्की खिलाड़ियों की सूची

नीलामी में सबसे पहले मार्की (Marquee) खिलाड़ी उतरेंगे। इन्हें छह-छह के दो सेटों में बांटा गया है। सबसे पहले इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर की बोली लगेगी जिनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है। बटलर को राजस्थान रॉयल्स ने रिटेन नहीं किया था। इसके बाद भारत के श्रेयस अय्यर उतरेंगे जिनका आधार मूल्य भी दो करोड़ रुपये है। श्रेयस ने अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल 2024 का खिताब दिलाया था, लेकिन टीम ने आगामी सीजन के लिए उन्हें रिटेन नहीं किया। इन दो बल्लेबाजों के अलावा ऋषभ पंत, कैगिसो रबादा, अर्शदीप सिंह और मिचेल स्टार्क की बोली लगेगी। इन छह खिलाड़ियों के बाद दूसरे सेट में युजवेंद्र चहल, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मिलर, केएल राहुल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज नीलामी टेबल पर उतरेंगे। सभी 12 मार्की खिलाड़ियों का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है।

01:59 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: इन भारतीय बल्लेबाजों पर लग सकती है अच्छी बोली

  • ऋषभ पंत: पंत इस नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। उन पर कई टीमें बोली लगाती दिखेंगी।
  • केएल राहुल: राहुल ने नीलामी से एक दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में दम दिखाया। उन पर भी बड़ी बोली लग सकती है।
  • श्रेयस अय्यर: श्रेयस का बतौर कप्तान आईपीएल में रिकॉर्ड शानदार रहा है। ऐसे में जिन टीमों को कप्तान की जरूरत है, वह श्रेयस को चुन सकते हैं।
  • वेंकटेश अय्यर: इस बल्लेबाज ने आईपीएल 2024 में कोलकाता की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस साल उन्हें अच्छी कीमत मिल सकती है।
  • ईशान किशन: यह बल्लेबाज भले ही खबरों में न रहा हो, लेकिन इनकी क्षमता पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। वह वनडे में दोहरा शतक लगा चुके हैं।

01:46 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: बटलर हो सकते हैं सबसे महंगे विदेशी

इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाज जोस बटलर की क्षमता से सभी टीमें वाकिफ हैं। ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की गैर मौजूदगी में वह सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। इनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपये है। विदेशी क्रिकेटरों में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी बोली में शामिल होंगे जिन्हें पिछली बार कोलकाता ने आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल, इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कुरेन और दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा के लिए टीमों में कड़ी होड़ हो सकती है।

01:15 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: पंजाब किंग्स के सबसे ज्यादा पर्स उपलब्ध

पंजाब किंग्स के पास सर्वाधिक 110.50 करोड़ रुपये का पर्स है जबकि रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के पास 83 करोड़ रुपये हैं। दिल्ली कैपिटल्स के पास 73 करोड़ रुपये और राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड है जिससे वे अपने पूर्व कप्तान को खरीद सकते हैं। वैसे समझा जाता है कि पंत नहीं चाहते कि दिल्ली आरटीएम कार्ड का प्रयोग करे क्योंकि अलग होते समय संबंधों में दरार आ गई थी और पंत खुद को अब टीम का हिस्सा नहीं मानते। उन्होंने कहा भी था,‘ मेरा रिटेंशन पैसे को लेकर नहीं था। यह तय है।’ सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पंत 25 करोड़ रुपये पार करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (55 करोड़) और मुंबई इंडियंस के पास 45 करोड़ रुपये हैं और वे उन्हें इस कीमत पर खरीदने की स्थिति में नहीं होंगे। हर दो साल में टीम बदलने के लिए मशहूर पंजाब किंग्स के पास काफी बड़ा पर्स है और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ फिर एकजुट होना चाहेंगे।

12:49 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: कुछ टीमों को कप्तान की जरूरत

इस बार नीलामी में ऐसे पांच खिलाड़ी शामिल हैं जो पिछले सीजन तक अपनी टीमों की कमान संभाल रहे थे, इनमें श्रेयस, पंत, राहुल, फाफ डुप्लेसिस और सैम करन का नाम शामिल है। श्रेयस ने कोलकाता, पंत ने दिल्ली कैपिटल्स, राहुल ने लखनऊ सुपरजाएंट्स, डुप्लेसिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और करन ने पंजाब किंग्स की कमान संभाली थी।

12:27 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी

आइए जानते हैं आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी से जुड़ी सारी जानकारियां...

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी कब होगी?

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी 24 और 25 नवंबर को होगी। 

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी कहां होगी?
आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी सऊदी अरब के शहर जेद्दाह में होगी। 

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी कब शुरू होगी?
आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी। 

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी के टीवी के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं।

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी को ऑनलाइन जिओ सिनेमा एप (Jio Cinema) पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही नीलामी से जुड़े लाइव अपडेट दर्शक Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।

12:09 PM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: नीलामी में शामिल होंगे बड़े नाम

नीलामी से पहले हाल ही में सभी टीमों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी की थी। इस बार नीलामी में श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, जोस बटलर और मिचेल स्टार्क जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की भी बोली लगेगी जिन्हें उनकी टीमों ने रिटेन नहीं करने का फैसला किया था। श्रेयस की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था, लेकिन वह नीलामी में उतरेंगे।

11:59 AM, 24-Nov-2024

IPL Auction Live: 577 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर 

आईपीएल 2025 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी में इस बार कुल 1574 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन कुल 577 खिलाड़ियों को चयनित किया गया जिनमें से 367 भारतीय और 210 विदेशी खिलाड़ी, जबकि तीन सहयोगी राष्ट्र के हैं। इस बार कुल 331 अनकैप्ड खिलाड़ी भी अपनी अपनी किस्मत आजमाएंगे जिसमें से 319 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी हैं। सभी 10 फ्रेंचाइजी 204 खाली स्थानों के लिए बोली लगाएंगी।

11:55 AM, 24-Nov-2024

IPL Auction: पहले दिन की नीलामी समाप्त, पंत-श्रेयस रिकॉर्ड दाम पर बिके, पडिक्कल-वॉर्नर को नहीं मिले खरीददार

IPL Mega Auction 2025, IPL Bidding 2025 News Live: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से अगले दो दिनों तक सऊदी अरब के शहर जेद्दा में आईपीएल 2025 के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी होगी। सभी 10 फ्रेंचाइजी अगले आईपीएल सीजन से पहले अपनी टीमें तैयार करेंगी। इस नीलामी में कुल 577 खिलाड़ी शामिल होंगे जिनमें कुछ बड़े नाम भी हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें