फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2025 Retention: धोनी चेन्नई से और रोहित मुंबई से खेलेंगे, क्लासेन 23 करोड़ में रिटेन, पंत-राहुल हुए रिलीज

Thu, 31 Oct 2024 08:23 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

IPL 2025 Retention and Released Players Highlights: आईपीएल 2025 से पहले होने वाले मेगा ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों की jरिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी हो चुकी है। गुरुवार को सभी 10 फ्रेंचाइजी ने उन नामों का एलान किया, जिन्हें वह आईपीएल 2025 के लिए बरकरार रखना चाहते हैं। वहीं, कई बड़े खिलाड़ियों का सफर पिछली फ्रेंचाइजी के साथ समाप्त हो गया है और उन्हें अब अगले महीने होने वाले मेगा ऑक्शन में उतरना पड़ेगा। 
विज्ञापन
धोनी-रोहित और क्लासेन - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:17 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: राजस्थान ने छह खिलाड़ियों को रिटेन किया, बटलर-अश्विन को किया रिलीज

राजस्थान रॉयल्स ने छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें पांच कैप्ड खिलाड़ी और एक कैप्ड खिलाड़ी हैं। अब इनके पास ऑक्शन में राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करने का मौका नहीं होगा। राजस्थान ने कप्तान संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल को सबसे ज्यादा 18-18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, रियान पराग और ध्रुव जुरेल को 14-14 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। शिमरोन हेटमायर को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। ये सभी कैप्ड हैं। वहीं, अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में राजस्थान ने संदीप शर्मा को चार करोड़ रुपये में रिटेन किया है। राजस्थान का फैसला चौंकाने वाला है, क्योंकि उन्होंने अपने स्टार परफॉर्मर जोस बटलर, युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन को रिलीज कर दिया है और अब टीम उन्हें खरीदने पर ही शामिल कर पाएगी। 

06:12 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: गुजरात ने इन पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया

गुजरात टाइटंस ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है और इनमें से तीन कैप्ड खिलाड़ी हैं। गुजरात ने राशिद को सबसे ज्यादा 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, शुभमन गिल को 16.5 करोड़ रुपये और साई सुदर्शन को 8.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। दो अनकैप्ड खिलाड़ी राहुल तेवतिया और शाहरुख खान हैं। इन दोनों को चार-चार करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। अब ऑक्शन में गुजरात के पास राइट टू मैच कार्ड से एक कैप्ड खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ने का मौका होगा। वहीं, मोहम्मद शमी को रिलीज कर दिया गया है और अब वह ऑक्शन में दिखेंगे।

06:08 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: पंजाब ने दो खिलाड़ियों को किया रिटेन, अर्शदीप को किया रिलीज

पंजाब ने सिर्फ दो खिलाड़ियों को रिटेन किया है। पिछले सीजन टीम के हीरो रहे शशांक सिंह को रिटेन किया गया है। वहीं, फ्रेंचाइजी ने ओपनर प्रभसिमरन सिंह को भी रिटेन किया है। इन दोनों ने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन किया था और फिलहाल अनकैप्ड हैं।। वहीं, टीम ने अर्शदीप सिंह, जॉनी बेयरस्टो जैसे कुछ बड़े स्टार्स को रिलीज किया है। शशांक वही खिलाड़ी हैं, जिन्हें पंजाब ने पिछले साल ऑक्शन में गलती से खरीदा था और अब वह इस सीजन सबसे पहले रिटेन हुए हैं। शशांक को पंजाब ने 5.5 करोड़ रुपये और प्रभसिमरन को चार करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। पंजाब के पास ऑक्शन में चार राइट टू मैच कार्ड होंगे।

विज्ञापन
06:05 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: लखनऊ ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया, राहुल को किया रिलीज

लखनऊ ने भी पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें निकोलस पूरन, मयंक यादव, आयुष बदोनी, मोहसिन खान और रवि बिश्नोई शामिल हैं। पूरन, मयंक और बिश्नोई कैप्ड खिलाड़ी हैं, जबकि मोहसिन और बदोनी अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। ऐसे में लखनऊ के पास नीलामी में राइट टू मैच कार्ड से एक कैप्ड खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ने का मौका होगा। वहीं, कप्तान केएल राहुल को रिलीज कर दिया गया है। टीम उनके कम स्ट्राइक रेट से खुश नहीं थी और पिछले साल टीम के मालिक संजीव गोयनका और उनके बीच बीच मैदान में बहस भी देखी गई थी।

05:54 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: दिल्ली ने कप्तान पंत को किया रिलीज, चार खिलाड़ियों को किया रिटेन

दिल्ली कैपिटल्स ने भी कप्तान ऋषभ पंत को रिलीज कर दिया है। दिल्ली ने जिन चार खिलाड़ियों को रिटेन किया है, उनमें अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स और अभिषेक पोरेल शामिल हैं। अक्षर, कुलदीप और स्टब्स कैप्ड खिलाड़ी हैं, जबकि पोरेल अनकैप्ड हैं। दिल्ली के पास ऑक्शन में राइट टू मैच कार्ड से दो कैप्ड या अनकैप्ड खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ने का मौका होगा। दिल्ली ने अक्षर पटेल को सबसे ज्यादा 16.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, फ्रेंचाइजी ने कुलदीप को 13.25 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। ट्रिस्टन स्टब्स को 10 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। अभिषेक पोरेल को चार करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है।

विज्ञापन
05:50 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: कोलकाता ने छह खिलाड़ियों को रिटेन किया, कप्तान श्रेयस रिलीज

कोलकाता नाइटराइडर्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर को ही रिलीज कर दिया है। केकेआर ने चार कैप्ड और दो अनकैप्ड खिलाड़ी को रिटेन किया है। फ्रेंचाइजी ने आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, रिंकू सिंह और वरुण चक्रवर्ती के रूप में चार कैप्ड खिलाड़ी और रमनदीप सिंह और हर्षित राणा के रूप में दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किया है। फ्रेंचाइजी ने रिंकू सिंह को सबसे ज्यादा 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया। वहीं, सुनील नरेन, वरुण और आंद्रे रसेल को 12-12 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। हर्षित और रमनदीप को फ्रेंचाइजी ने चार-चार करोड़ रुपये में रिटेन किया।

05:47 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने तीन खिलाड़ियों को किया रिटेन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विराट कोहली, रजत पाटीदार और यश दयाल को रिटेन किया है। रजत और विराट कैप्ड खिलाड़ी और यश अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। आरसीबी ने विराट को 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, रजत को 11 करोड़ रुपये और यश को पांच करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। कोहली अगले सीजन कप्तानी कर सकते हैं। वहीं, फ्रेंचाइजी अब ऑक्शन में अच्छे गेंदबाजों को टारगेट करेगी। इनके पास नीलामी में 3 राइट टू मैच कार्ड होंगे।

05:42 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: चेन्नई ने पांच खिलाड़ियों को किया रिटेन

चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। सबसे बड़ी खबर यह है कि धोनी अगले साल भी आईपीएल खेलते दिखेंगे। सीएसके ने उन्हें बतौर अनकैप्ड खिलाड़ी रिटेन किया है। उन्हें चार करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। वहीं, सीएसके ने रवींद्र जडेजा और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को सबसे ज्यादा 18-18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, मथीशा पथिराना को 13 करोड़ और शिवम दुबे को 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है। चेन्नई ने तीन चार कैप्ड और एक अनकैप्ड खिलाड़ी को रिटेन किया। अब वह ऑक्शन में किसी एक कैप्ड खिलाड़ी को राइट टू मैच कार्ड से चुन सकते हैं।

05:42 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: सनराइजर्स हैदराबाद ने इन खिलाड़ियों को रिटेन किया

सनराइजर्स हैदराबाद ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है और पांचों कैप्ड खिलाड़ी हैं। इनमें कप्तान पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, नीतीश रेड्डी और अभिषेक शर्मा शामिल हैं। मुंबई की तरह ऑक्शन में इनके पास राइट टू मैच कार्ड से एक अनकैप्ड खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ने का मौका मिलेगा। सनराइजर्स ने हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया है जो कि रिकॉर्ड है। रिटेंशन के इतिहास में आज तक किसी को इतनी रकम नहीं मिली थी। वहीं, टीम ने कप्तान कमिंस को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। कमिंस ने सैलरी कट किया है। वहीं, फ्रेंचाइजी ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को 14-14 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। ये दोनों एक बार फिर टीम के लिए ओपनिंग करते दिखेंगे। ऑलराउंडर नीतीश को 6 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है।

05:30 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: रिटेंशन खिलाड़ियों की लिस्ट आई सामने, मुंबई ने इन खिलाड़ियों को रिटेन किया

मुंबई ने पांचों कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किया है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह को सबसे ज्यादा 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, फ्रेंचाइजी ने सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या को 16.35-16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। मुंबई ने रोहित को 16.30 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं, तिलक वर्मा को फ्रेंचाइजी ने आठ करोड़ रुपये में रिटेन किया है। मुंबई ने घरेलू खिलाड़ियों का अपना कोर बरकरार रखा है। अब मुंबई के पास एक राइट टू मैच कार्ड है और पांचों कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने की वजह से ऑक्शन में मुंबई की टीम एक अनकैप्ड खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ सकेगी। मुंबई के लिए ईशान को रिलीज करना बड़ा फैसला है।

03:55 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: कुछ देर में शुरू होगा रिटेंशन

फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है। बहुत जल्द फ्रेंचाइजी रिटेंशन लिस्ट जारी करेंगी और खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा।

01:53 PM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: रसेल को रिलीज कर सकता है कोलकाता

कोलकाता की फ्रेंचाइजी आंद्रे रसेल को रिलीज कर सकती है। इसी के साथ रसेल का कोलकाता के साथ 10 साल का साथ भी छूट जाएगा। रसेल काफी साल से केकेआर के साथ हैं, लेकिन उन्होंने इससे पहले केकेआर का फाइनल मिस किया था। यह पहली बार है जब रसेल ने कोई आईपीएल खिताब जीता था। वह भी केकेआर के साथ। रसेल केकेआर के लिए एक चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं।

11:53 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: क्या पंत को रिलीज करेगी दिल्ली कैपिटल्स?

इस बीच दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को रिटेन करने को लेकर खुलासा नहीं किया है। उनका भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि जीएमआर प्रबंधन सह-मालिक जेएसडब्ल्यू द्वारा चुने गए खिलाड़ी को कितनी छूट देने को तैयार है। पंत ने जिस सहयोगी टीम के साथ काम किया उसमें मुख्य कोच रिकी पोंटिंग, टीम निदेशक सौरव गांगुली और सहायक कोच प्रवीण आमरे शामिल रहे, लेकिन ये इस साल टीम में नहीं है और यह सुखद नहीं है। इसके बजाय वेणुगोपाल राव और हेमंग बदानी को जिम्मेदारी सौंपी गई और पंत उनके साथ तालमेल बिठा पाएंगे या नहीं, यह एक बड़ा सवाल है। आईपीएल के एक सूत्र ने कहा, 'अगर पंत नीलामी में जाते हैं तो यकीन मानिए कड़ी बोली लगेगी और आईपीएल में 25 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार हो सकता है।'

11:52 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इन खिलाड़ियों को LSG कर सकती है रिटेन

पहले से ही यह खबर आ रही थी कि राहुल के खराब स्ट्राइक रेट के कारण उन्हें कप्तानी से हाथ धोना पड़ सकता है। अब टीम ने राहुल को रिलीज ही करने का फैसला किया है। फिलहाल एलएसजी ने आगामी आईपीएल नीलामी से पहले अपने शीर्ष खिलाड़ी के रूप में रिटेन करने के लिए पूरन के साथ तेज गेंदबाज मयंक यादव, लेग स्पिनर रवि बिश्नोई और आयुष बदोनी को चुना है। एलएसजी में घटनाक्रम पर नजर रखने वाले एक सूत्र ने कहा, 'एलएसजी ने सिर्फ पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन पर गौर किया है और खास तौर पर राहुल की खुद की बल्लेबाजी शैली और स्ट्राइक रेट को ही ध्यान में रखा जो किसी भी निर्णय पर पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण कारक हैं।'

11:52 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: केएल राहुल हो सकते हैं रिलीज

आईपीएल 2025 को लेकर आज सभी 10 फ्रेंचाइजी रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करेंगी। इस दौरान कुछ फ्रेंचाइजी कुछ बड़े फैसले ले सकती हैं। इनमें एक फैसला लखनऊ सुपरजाएंट्स फ्रेंचाइजी का अपने कप्तान केएल राहुल को रिलीज करना भी है। हालांकि, इसके पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। इनमें आईपीएल 2024 के दौरान फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका के साथ राहुल की अनबन से लेकर टी20 में उनकी खराब बल्लेबाजी को दोष दिया जा रहा है। हालांकि, सबसे बड़ी वजह यह है कि राहुल टी20 में स्थिति के मुताबिक बल्लेबाजी करने में असमर्थ दिखे हैं। वह स्थिति से तालमेल बैठाने में असमर्थ रहे हैं। इसी वजह से वह एलएसजी में रिटेन की दौड़ में पिछड़ गए, जबकि फ्रेंचाइजी ने मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और मेंटर (मार्गदर्शक) जहीर खान की पसंद के अनुसार बेहतरीन फिनिशिर निकोलस पूरन को अपने साथ बरकरार रखने का विकल्प चुना।

09:46 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है मुंबई इंडियंस

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि रोहित के अलावा, कप्तान हार्दिक पंड्या, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को मेगा नीलामी से पहले अपने कोर ग्रुप को बरकरार रखने के लिए मुंबई इंडियंस द्वारा रिटेन किया जाएगा।

08:58 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है राजस्थान रॉयल्स

संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग और संदीप शर्मा को राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले रिटेन कर सकती है। ईएसपीएनक्रिकइनफो की रिपोर्ट के मुताबिक, जोस बटलर और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का नाम रिटेंशन लिस्ट से कट सकता है। 

08:58 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: टीम के साथ हर परिस्थिति में खड़े हैं गिल

आईपीएल 2024 में गुजरात का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। अब फ्रेंचाइजी ने टीम को नए सिरे से तैयार करने का फैसला लिया है। इसी कड़ी में गिल ने अपनी पगार में कटौती स्वीकार करने का फैसला किया है।  वह 31 अक्तूबर की समय सीमा से पहले इस आईपीएल फ्रेंचाइजी द्वारा रिटेन किए जाने वाले वह दूसरे खिलाड़ी होंगे। फ्रेंचाइजी के लिए रिटेन होने वाले पहले खिलाड़ी स्टार स्पिनर राशिद खान होंगे, इसके बाद गिल, साई सुदर्शन और दो अनकैप्ड (जिन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) खिलाड़ियों राहुल तेवतिया और शाहरूख खान को टीम रिटेन कर सकती है। 

08:57 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इन खिलाड़ियों पर मेहरबान हो सकती है सनराइजर्स हैदराबाद

दक्षिण अफ्रीका के पावर-हिटर हेनरिक क्लासेन हैदराबाद के लिए शीर्ष रिटेंशन खिलाड़ी हो सकते हैं। इसके अलावा पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और नीतीश कुमार रेड्डी को भी रिटेन किया जा सकता है।

08:57 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: लखनऊ सुपर जाएंट्स इन खिलाड़ियों को कर सकती है रिटेन

ईएसपीएनक्रिकइनफो की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलएसजी निकोलस पूरन, मयंक यादव, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान और आयुष बदोनी को रिटेन किया जा सकता है। वहीं, खबर है कि केएल राहुल का पत्ता कट सकता है। 

08:56 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इन पांच खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है सीएसके

ईएसपीएनक्रिकइनफो की रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स महेंद्र सिंह धोनी, ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे और मथीशा पथिराना को रिटेन कर सकती है।43 वर्षीय सीएसके के पूर्व कप्तान धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में बरकरार रखा जा सकता है। शीर्ष परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि कोई भारतीय खिलाड़ी पिछले पांच कैलेंडर वर्षों में राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेला है तो उसे अनकैप्ड खिलाड़ी माना जाएगा। आईपीएल के आधिकारिक बयान के मुताबिक- अगर कोई कैप्ड भारतीय खिलाड़ी संबंधित सीजन के आयोजन से पहले के पिछले पांच कैलेंडर वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट मैच, वनडे, टी20 अंतरराष्ट्रीय) में शुरुआती एकदाश में नहीं खेला है या उसके पास बीसीसीआई के साथ केंद्रीय अनुबंध नहीं है, तो वह अनकैप्ड हो जाएगा। यह नियम सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के लिए लागू होगा। 

08:55 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: श्रेयस अय्यर होंगे रिटेन?

ईएसपीएनक्रिकइनफो की रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता नाइट राइडर्स में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फ्रेंचाइजी अपने खिताब जीतने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर और स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को रिलीज कर सकती है। इन दोनों दिग्गजों के रिटेंशन की संभावना कम है। वहीं, सुनील नरेन, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती और अनकैप्ड तेज गेंदबाज हर्षित राणा को रिटेन किया जा सकता है। इस रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि मिचेल स्टार्क का भी पत्ता कट सकता है। दरअसल, आईपीएल 2024 की नीलामी में स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। हालांकि, क्वालिफायर-1 और फाइनल को छोड़कर पूरे सीजन में वह अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। ऐसे में फ्रेंचाइजी उन्हें रिटेन करने का प्लान ड्रॉप कर सकती है।

08:55 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: विराट बनेंगे कप्तान?

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल के आगामी संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तानी कर सकते हैं। कोहली ने आईपीएल 2021 के बाद आरसीबी की कप्तानी छोड़ दी थी और तब से फाफ डु प्लेसिस टीम की कप्तानी कर रहे हैं। फाफ अब 40 साल के हो गए हैं, इसलिए संभावना है कि उन्हें फ्रैंचाइजी द्वारा रिटेन न किया जाए और कोहली को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाए।

08:54 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: 10 बिंदुओं में समझिए रिटेंशन के सभी नियम

आईपीएल 2025 और इससे पहले होने वाले मेगा ऑक्शन को लेकर सभी 10 टीमें रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी करने वाली हैं। 31 अक्तूबर को इसका एलान हो जाएगा। सितंबर में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग के बाद सभी 10 फ्रेंचाइजी के साथ रिटेंशन नियमों को साझा किया गया था। इनमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। इसके अलावा कुछ नए और कुछ पुराने नियमों को वापस लाया गया है। सबसे दिलचस्प किसी खिलाड़ी के ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने को लेकर है। अगर कोई खिलाड़ी ऐसा करता है तो उसे दो सीजन में खेलने से बैन कर दिया जाएगा। इसके अलावा फ्रेंचाइजी पर्स को भी 20 करोड़ रुपये बढ़ाया गया है।

08:54 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: अधिकतम छह खिलाड़ियों को किया जा सकता है रिटेन

हर एक फ्रेंचाइजी अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है। इनमें राइट-टू-मैच (आरटीएम) का विकल्प भी शामिल है। इनमें दो अनकैप्ड भारतीय शामिल रह सकते हैं। आईपीएल ने यह भी कहा है कि अधिकतम पांच कैप्ड खिलाड़ियों को बरकरार रखा जा सकता है। इनमें या तो सभी भारतीय हो सकते हैं या सभी विदेशी या फिर दोनों को मिलाकर अधिकतम पांच कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किया जा सकता है। एक खिलाड़ी अनकैप्ड होना चाहिए।

08:53 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: राइट टू मैच कार्ड की वापसी, लेकिन ट्विस्ट के साथ

आरटीएम की नीलामी में वापसी हुई है। पिछली बार हुए मेगा ऑक्शन में इसका इस्तेमाल नहीं किया गया था। पिछली बार 2017 मेगा ऑक्शन में राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन 2022 मेगा ऑक्शन में इसका इस्तेमाल नहीं किया गया था। हालांकि, अब इसकी वापसी हुई है। आरटीएम एक फ्रेंचाइजी को नीलामी के दौरान किसी खिलाड़ी को वापस खरीदने का मौका देता है। किसी खिलाड़ी पर बोली खत्म होने के बाद अगर उसकी पुरानी टीम चाहे तो जो बोली नई टीम ने लगाई है, पुरानी टीम को वो कीमत चुकानी होगी और वह उस खिलाड़ी को वापस पा सकते हैं। कम से कम तीन फ्रेंचाइजी के आरटीएम को समर्थन करने के बाद आईपीएल ने इसे फिर से शुरू करने का फैसला किया गया है। हालांकि, राइट टू मैच कार्ड में इस बार कुछ ट्विस्ट भी हैं। आइए जानते हैं...

खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आईपीएल ने आरटीएम नियम में कुछ बदलाव किया है। इसके मुताबकि, आरटीएम कार्ड रखने वाली टीम को अपने अधिकार का प्रयोग करने से पहले सबसे अधिक बोली लगाने वाले को एक खिलाड़ी के लिए अपनी बोली बढ़ाने का एक अंतिम अवसर दिया जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि टीम-1 खिलाड़ी X के लिए RTM रखती है और टीम-2 ने उस पर छह करोड़ रुपये की उच्चतम बोली लगाई है, तो टीम-1 से पहले पूछा जाएगा कि क्या वे RTM का प्रयोग करेंगे? यदि टीम-1 सहमत होती है, तो टीम-2 के पास अपनी बोली बढ़ाने का मौका होगा। यदि टीम-2 अपनी बोली को नौ करोड़ रुपये तक बढ़ा देती है, तो टीम-1 आरटीएम का उपयोग कर सकती है और खिलाड़ी X को 9 करोड़ रुपये में खरीद सकती है। यदि टीम-2 बोली नहीं बढ़ाने का विकल्प चुनती है और इसे छह करोड़ रुपये पर रखती है, तो टीम-1 आरटीएम का उपयोग कर सकती है और खिलाड़ी X को छह करोड़ रुपये में प्राप्त कर सकती है।

08:52 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: नीलामी पर्स को 20 करोड़ रुपये बढ़ाया गया

नीलामी पर्स को 120 करोड़ कर दिया गया है। यानी एक फ्रेंचाइजी के पास अपनी टीम बनाने के लिए 120 करोड़ रुपये होंगे। रिटेंशन के बाद इस पर्स में बदलाव होगा और फिर बचे हुए पैसों के साथ वह फ्रेंचाइजी मेगा ऑक्शन में उतरेगी। पिछली नीलामी (100 करोड़ रुपये) की तुलना में यह राशि 20 करोड़ रुपये ज्यादा है। ये आईपीएल गवर्निंग काउंसिल द्वारा लिए गए सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में से एक है।

08:52 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: रिटेन करने के बाद फ्रेंचाइजी के पर्स से किस तरह रुपये कटेंगे

  • यदि कोई फ्रेंचाइजी पांच कैप्ड खिलाड़ियों को बनाए रखना चाहती है, तो उसके पर्स से इतनी राशि काट ली जाएगी:
  • पहले तीन रिटेंशन के लिए किसी फ्रेंचाइजी के पर्स से 18 करोड़ रुपये (खिलाड़ी-1), 14 करोड़ रुपये (खिलाड़ी-2) और 11 करोड़ रुपये (खिलाड़ी-3) काट लिए जाएंगे।
  • बाकी बचे दो रिटेंशन के लिए किसी फ्रेंचाइजी के पर्स से 18 करोड़ रुपये (खिलाड़ी-4) और 14 करोड़ रुपये (खिलाड़ी-5) काट लिए जाएंगे।
  • इसका मतलब है कि नीलामी से पहले पांच कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने वाली फ्रेंचाइजी को 120 करोड़ रुपये के कुल पर्स में से 75 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।
  • अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए अधिकतम चार करोड़ रुपये रिटेंशन के लिए खर्च किए जा सकते हैं। ऐसा ही 2021 मेगा ऑक्शन में हुआ था। इसका मतलब है कि छह खिलाड़ियों (एक अनकैप्ड खिलाड़ी के साथ) को रिटेन करने वाली फ्रेंचाइजी को अपने पर्स से 79 करोड़ रुपये का नुकसान होगा और उसके पास मेगा ऑक्शन के दौरान सिर्फ 41 करोड़ रुपये बचेंगे।

08:51 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इम्पैक्ट प्लेयर नियम का जलवा जारी

कई फ्रेंचाइजी और पूर्व क्रिकेटरों की आपत्ति के बावजूद बीसीसीआई ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को बनाए रखा है। रोहित शर्मा ने चिंता जताई थी कि यह नियम ऑलराउंडरों के विकास के लिए नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि, आईपीएल ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को बनाए रखने का फैसला किया है। इसमें कहा गया है कि 2027 तक इस नियम को बनाए रखा जाएगा। पहली बार यह नियम 2023 में आया था। आईपीएल इतिहास के शीर्ष-10 उच्चतम स्कोर में से नौ इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने के बाद दर्ज किए गए हैं। यह नियम एक टीम को प्लेइंग-11 में एक खिलाड़ी को सब्स्टिट्यूट कर 12वें खिलाड़ी को खेलने का मौका देता है। आईपीएल का मानना है कि इस नियम ने आईपीएल को आगे बढ़ाया है और यह दर्शकों के दृष्टिकोण से भी अच्छा है।

08:51 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: इंजरी रिप्लेसमेंट और प्लेयर लोन

आईपीएल 2024 तक फ्रेंचाइजी सीजन के अपने सातवें मैच से पहले एक चोटिल खिलाड़ी को रिप्लेस करने की तलाश करनी थी। आईपीएल 2025 से टीमें लीग चरण में 12वें मैच तक चोटिल खिलाड़ी को रिप्लेस कर सकती हैं। वहीं, प्लेयर लोन नियम का अभी तक उपयोग नहीं किया गया है, लेकिन आईपीएल ने प्लेयर लोन प्रक्रिया को बहाल करने का फैसला किया है। इसे केवल सीजन के दौरान सक्रिय किया जा सकता है।

08:51 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: अनकैप्ड को लेकर नया नियम, धोनी के लिए राह आसान

सीएसके को पांच बार आईपीएल का खिताब दिलाने वाले पूर्व कप्तान धोनी अब अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर नीलामी में उतर सकते हैं। शीर्ष परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि कोई भारतीय खिलाड़ी पिछले पांच कैलेंडर वर्षों में राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेला है तो उसे अनकैप्ड खिलाड़ी माना जाएगा। आईपीएल के आधिकारिक बयान के मुताबिक- अगर कोई कैप्ड भारतीय खिलाड़ी संबंधित सीजन के आयोजन से पहले के पिछले पांच कैलेंडर वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट मैच, वनडे, टी20 अंतरराष्ट्रीय) में शुरुआती एकदाश में नहीं खेला है या उसके पास बीसीसीआई के साथ केंद्रीय अनुबंध नहीं है, तो वह अनकैप्ड हो जाएगा। यह नियम सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के लिए लागू होगा। नियम में बदलाव का मतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र धोनी जिन्होंने आखिरी बार 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम के लिए खेला था, अब आईपीएल 2025 के लिए अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर नजर आएंगे।

08:49 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: ...तो फिर दो सीजन के लिए लग जाएगा बैन

फ्रेंचाइजी को रिटेंशन नियमों को लेकर साझा किए गए दस्तावेज में, आईपीएल ने कहा, 'कोई भी खिलाड़ी जो किसी भी नीलामी के लिए रजिस्टर करता है और नीलामी में चुने जाने के बाद सीजन की शुरुआत से पहले खुद को अनुपलब्ध बनाता है, उसे दो सीजन के लिए आईपीएल या फिर आईपीएल नीलामी में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने कहा, 'एकमात्र अपवाद उस खिलाड़ी की चोट या फिर चिकित्सा स्थिति के लिए होगा, जिसकी पुष्टि खिलाड़ी के होम बोर्ड द्वारा की जाएगी।'

08:49 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: विदेशी खिलाड़ियों के लिए सख्त नियम

पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क जैसे खिलाड़ियों को पिछले साल मिनी ऑक्शन में बड़े रकम मिलने के बाद आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने मेगा ऑक्शन और मिनी ऑक्शन को लेकर एक और बड़ा बदलाव किया है। इसमें कहा गया है कि अगर कोई विदेशी खिलाड़ी मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्टर नहीं करता है या फिर भूल जाता है तो उसे मिनी ऑक्शन के लिए भी रजिस्टन नहीं करने दिया जाएगा। इसमें भी अपवाद यह है कि अगर वह खिलाड़ी चोटिल है या कोई मेडिकल कंडीशन है तो उसे छूट दी जाएगी। जिसकी पुष्टि मेगा ऑक्शन से पहले खिलाड़ी के होम बोर्ड द्वारा की जाएगी।

08:46 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention Live: खिलाड़ी को 7.5 लाख रुपये मैच फीस के तौर पर मिलेंगे

आईपीएल 2025 में खिलाड़ियों की और ज्यादा कमाई होने वाली है। बीसीसीआई ने हर एक खिलाड़ी को प्रति मैच 7.5 लाख की मैच फीस देने का फैसला लिया है है। इसका मतलब यह है कि खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट के के अलावा, फ्रेंचाइजी उन्हें सीजन के दौरान उनके खेलने के लिए भी भुगतान करेगी। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक्स पर इस कदम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी सीजन के लिए मैच फीस के रूप में 12.60 करोड़ रुपये आवंटित करेगी। यह राशि फ्रेंचाइजी के ऑक्शन पर्स से अलग होगी। टीम शीट पर नामित 12 खिलाड़ियों को मैच फीस के रूप में भुगतान किया जाएगा, जो प्रति मैच 90 लाख रुपये (12 खिलाड़ियों को मिलाकर) है। इसे 14 मैचों से गुणा करें (लीग चरण के दौरान प्रत्येक टीम के मैचों की कुल संख्या) तो यह 12.6 करोड़ रुपये तक होता है।

08:40 AM, 31-Oct-2024

IPL 2025 Retention: धोनी चेन्नई से और रोहित मुंबई से खेलेंगे, क्लासेन 23 करोड़ में रिटेन, पंत-राहुल हुए रिलीज

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज वह दिन आ ही चुका है जब आईपीएल 2025 से पहले होने वाले मेगा ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी हो जाएगी। सभी 10 फ्रेंचाइजी गुरुवार को उन नामों का एलान करेंगी, जिन्हें वह आईपीएल 2025 के लिए बरकरार रखना चाहते हैं। वहीं, कई बड़े खिलाड़ियों का सफर पिछली फ्रेंचाइजी के साथ समाप्त हो जाएगा और उन्हें अगले महीने होने वाले मेगा ऑक्शन में उतरना पड़ेगा। इनमें केएल राहुल, ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर जैसे कुछ बड़े नाम भी हो सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि पंत जैसे विस्फोटक बल्लेबाज को उनकी टीम बरकरार रखती है या नहीं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें