आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह समाप्त हो गया है। आईपीएल के 18वें सीजन के मौके पर केक काटा गया और आतिशबाजी के साथ आईपीएल 2025 की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के अंत में राष्टगान हुआ। उद्घाटन समारोह के दौरान टॉस में देरी हुई और अब से कुछ ही देर में आरसीबी और केकेआर के बीच मैच का टॉस किया जाएगा। आईपीएल के उद्घाटन समारोह की शुरुआत शाहरुख खान के भाषण के साथ हुई जिसके बाद बॉलीवुड गायिका श्रेया घोषाल ने प्रस्तुति पेश की।
श्रेया ने अपने धुन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी ने अपने डांस से जलवा बिखेरा। फिर पंजाबी गायक करण औजला ने रंग जमाया। अंत में शाहरुख ने रिंकू सिंह और विराट कोहली के साथ डांस किया। गत चैंपियन केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे और आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी लेकर मंच पर आए। शाहरुख के साथ मंच पर बीसीसीआई के शीर्ष पदाधिकारी, दिशा पाटनी, श्रेया घोषाल, करण औजला, रहाणे और पाटीदार मौजूद थे।
उद्घाटन समारोह के दौरान शाहरुख के साथ 'झूमे जो पठान' गाने पर विराट कोहली थिरके। शाहरुख ने कोहली से डांस की अपील की और दोनों ने पठान फिल्म के गाने पर डांस कर दर्शकों का मन मोह लिया। शाहरुख ने इसके बाद मंच पर बीसीसीआई के पदाधिकारियों और प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को बुलाया। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने इस दौरान विराट कोहली को आईपीएल के 18 सीजन पूरे होने पर एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया। उद्घाटन समारोह के अंत में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार और केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ट्रॉफी लेकर मंच पर आए।
शाहरुख के साथ मंच पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बल्लेबाज रिंकू सिंह और विराट कोहली मौजूद हैं। शाहरुख ने इस दौरान कहा कि रिंकू भी कोहली को देखकर ही बड़े हुए हैं। शाहरुख ने रिंकू से उनके गाने पर डांस करने की मांग की है। रिंकू और शाहरुख ने 'लुट-पुट गया' गाने पर डांस किया और इस दौरान कोहली भी बगल में खड़े रहे।
आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह में रंगारंग प्रस्तुति समाप्त हो गई है। अब शाहरुख खान दर्शकों को संबोधित कर रहे हैं। शाहरुख ने कहा, 'केमोन आचो (कैसे हो) कोलकाता। आज आईपीएल के 18 साल पूरे हो गए हैं और इस लीग ने अबतक इतने सितारों को जन्म दिया जो अब पिता बन गए हैं।' शाहरुख ने मंच पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को बुलाया। शाहरुख ने इस दौरान कोहली की जमकर सराहना की और दर्शकों से कोहली-कोहली का नारा लगाने कहा।
दिशा पाटनी की प्रस्तुति समाप्त हो गई है और अब मंच पर पंजाबी गायक करण औजला आ गए हैं। करण ने जैसे ही 'हुस्न तेरा तौबा-तौबा' गाया दर्शक झूम उठे। करण के साथ मंच पर दिशा पाटनी भी मौजूद हैं और उनकी धुन पर थिरकती नजर आईं।
आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह में दिशा पाटनी प्रस्तुति दे रही हैं। उन्होंने अपने डांस मूव्स से दर्शकों का मन मोह लिया है।
श्रेया घोषाल ने करीब 15 मिनट से अधिक समय तक प्रस्तुति दी और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रेया ने मां तुझे सलाम और वंदे मातरम के साथ अपनी प्रस्तुति का अंत किया। श्रेया इस दौरान ईडेन गार्डेंस पर फैंस का दिल जीतने में सफल रहीं। अब मंच पर बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी आ गई हैं।
आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह जारी है और श्रेया घोषाल ने पुष्पा-2 के गानों से कोलकातावासियों को थिरकने पर मजबूर कर दिया है। ईडेन गार्डेंस उद्घाटन समारोह के दौरान रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह में सबसे पहले बॉलीवुड की गायिका श्रेया घोषाल प्रस्तुति पेश कर रही हैं। श्रेया ने मेरे ढोलना... गाने से शुरुआत की है। आईपीएल के 18वें सत्र की शुरुआत हो गई है और ईडेन गार्डेंस पर रंगारंग आयोजन हो रहा है। श्रेया घोषाल की आवाज का जादू ईडेन गार्डेंस पर चल रहा है और उन्होंने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों का मन मोह लिया है।
आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह शुरू हो गया है और मंच पर किंग खान यानी बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान मौजूद हैं। समारोह की शुरुआत शाहरुख के भाषण से हो रही है। समारोह के लिए ईडेन गार्डेंस स्टेडियम खचाखच भरा हुआ है।
कोलकाता का ईडेन गार्डेंस आईपीएल 2025 की शुरुआत के लिए तैयार है और स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ है। चंद ही मिनटों में उद्घाटन समारोह शुरू होने जा रहा है जिसमें बॉलीवुड के स्टार अभिनेता और केकेआर के मालिक शाहरुख खान भी शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह शुरू होने से पहले फैंस के लिए राहत की खबर है। बारिश की संभावनाओं को देखते हुए पिच को कवर्स से ढका हुआ था, लेकिन अब इसे हटा दिया गया है। कोलकाता में फिलहाल मौसम साफ है और बारिश नहीं हो रही है।
केकेआर के पहले मैच से पूर्व टीम के मालिक शाहरुख ने संदेश दिया है। उन्होंने टीम से स्वस्थ और खुश रहने के लिए कहा है। केकेआर के आधिकारिक एक्स पेज पर वीडियो शेयर किया गया है जिसमें शाहरुख टीम के सदस्यों के साथ बात कर रहे हैं। इस दौरान केकेआर के नए कप्तान अजिंक्य रहाणे भी मौजूद हैं।
केकेआर और आरसीबी के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर खेला जाना है। इस मैच के लिए प्रशंसकों में काफी दीवनगी देखने को मिल रही है। कोलकाता के फैंस भले ही घरेलू मैदान पर टीम को विजयी शुरुआत करते हुए देखना चाहेंगे, लेकिन मैच में विराट कोहली का क्रेज भी देखने मिलेगा। इन सभी चीजों के बीच मौसम विभाग के अलर्ट ने प्रशंसकों में चिंता पैदा कर दी है।
आईपीएल 2025 का पहला मैच शुरू होने से पहले शाम करीब छह बजे से उद्घाटन समारोह होगा जिसमें बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा लगेगा। मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी भी समारोह में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। साथ ही गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिक और बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान भी इस मुकाबले के लिए कोलकाता पहुंच चुके हैं।
IPL Opening Ceremony 2025 Live Performance Photos Video: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 का रंगारंग आगाज अब से कुछ ही देर में होने जा रहा है। उद्घाटन समारोह कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर है, लेकिन यहां बारिश का साया छाया हुआ है। समारोह के बाद गत चैंपियन केकेआर और आरसीबी के बीच मुकाबला खेला जाएगा।