लखनऊ ने कोलकाता को दो रन हरा दिया है। इस हार के साथ ही कोलकाता की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। वहीं, लखनऊ ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। आखिरी ओवर में जीत के लिए कोलकाता को 21 रन की जरूरत थी। रिंकू सिंह ने शुरुआती तीन गेंदों में 16 रन बनाकर अपनी टीम को जीत के करीब ला दिया था, लेकिन मार्कस स्टोइनिस ने आखिरी दो गेंदों में दो विकेट लेकर अपनी टीम को दो रन से जीत दिला दी।
रिंकू सिंह 40 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर एविन लुईन ने शानदार कैच पकड़ कर उन्हें पवेलियन भेजा। अब कोलकाता को आखिरी गेंद में जीत के लिए तीन रन की जरूरत है।
मैच जीतने के लिए कोलकाता की टीम को आखिरी ओवर में 21 रन की जरूरत है। रिंकू सिंह और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं। मार्कस स्टोइनिस आखिरी ओवर कर रहे हैं।
सुनील नरेन और रिंकू सिंह ने आवेश खान के 18वें ओवर में 17 रन बटोरकर मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया है। अब कोलकाता को जीत के लिए 12 गेंद में 38 रन की जरूरत है। खास बात यह है कि लखनऊ के सभी प्रमुख गेंदबाजों के ओवर खत्म हो चुके हैं। अब जेसन होल्डर और मार्कस स्टोइनिस को आखिरी दो ओवर करने हैं।
मेहसिन खान ने कोलकाता की टीम को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने आंद्रे रसेल को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराकर अपनी टीम को छठी सफलता दिलाई। रसेल ने 11 गेंद में पांच रन बनाए। अब कोलकाता की हार लगभग तय हो चुकी है। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर छह विकेट पर 156 रन है। जीत के लिए कोलकाता को तीन ओवर में 55 रन की जरूरत है। रिंकू सिंह और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं।
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 142 के स्कोर पर कोलकाता की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। रवि बिश्नोई ने सैम बिलिंग्स को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट कराकर अपनी टीम को पांचवीं सफलता दिलाई। बिलिंग्स ने 24 गेंद में 36 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और दो चौके शामिल थे। कोलकाता को जीत के लिए चार ओवर में 67 रन की जरूरत है। अब टीम की जीत का दारोमदार आंद्रे रसेल पर है।
श्रेयस अय्यर अर्धशतक लगाने के तुरंत बाद आउट हो चुके हैं। मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर दीपक हुड्डा ने उनका कैच पकड़ा। अय्यर ने 29 गेंद में 50 रन बनाए। उनकी इस पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। 14 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 132 रन हो चुका है।
श्रेयस अय्यर ने अपने आईपीएल करियर का 19वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 28 गेंदों में 50 रन पूरे किए। वहीं, कोलकाता का स्कोर 130 रन हो चुका है। अय्यर ने पहले नीतीश राणा और फिर सैम बिलिंग्स के साथ दो बेहतरीन साझेदार कर अपनी टीम की वापसी कराई है।
श्रेयस अय्यर और सैम बिलिंग्स के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने मिलकर 24 गेंद में 50 रन जोड़े हैं और अपनी टीम को जीत की तरफ ले जा रहे हैं। अय्यर 39 और बिलिंग्स 25 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर कोलकाता का स्कोर 100 के पार जा चुका है। कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ सैम बिलिंग्स बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को मैच में बनाए हुए हैं। 11 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 115 रन हो चुका है।
कृष्णप्पा गौतम ने कोलकाता की टीम को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे नीतीश राणा को मार्कस स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। राणा ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए। इसमें नौ चौके शामिल थे। आठ ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 75 रन हो चुका है।
कोलकाता ने पावरप्ले में दो विकेट के नुकसान पर 60 रन बना लिए हैं। खराब शुरुआत के बाद नीतीश राणा और श्रेयस अय्यर ने कोलकाता की पारी को संभाला है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
दो विकेट के नुकसान पर कोलकाता का स्कोर 50 के पार जा चुका है। नीतीश राणा और श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम की वापसी कराई है। पहले राणा ने चौथे ओवर में आवेश खान के खिलाफ पांच चौके लगाए और 21 रन बटोरे। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने पांचवें ओवर में होल्डर के खिलाफ 16 रन बटोरे।
तीन ओवर के अंदर ही कोलकाता की ओपनिंग जोड़ी पवेलियन लौट चुकी है। मोहसिन खान ने दोनों विकेट लिए हैं। वेंकटेश अय्यर के बाद उन्होंने अभिजीत तोमर को भी पवेलियन भेजा। तोमर ने आठ गेंद में चार रन बनाए, लखनऊ के कप्तान राहुल ने उनका कैच पकड़ा। चार ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 31 रन हो चुका है।
मोहसिन खान ने कोलकाता की टीम को पहला झटका दिया है। उन्होंने वेंकटेश अय्यर को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। वेंकटेश इस मैच में अपना खाता नहीं खोल पाए। उन्होंने सिर्फ चार गेंदों का सामना किया। एक ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर चार रन है।
लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता के सामने 211 रन का लक्ष्य रखा है। इस मैच में कोलकाता के गेंदबाज लखनऊ की सलामी जोड़ी को आउट नहीं कर सके। केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ने 210 रन की नाबाद साझेदारी की। लखनऊ के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी है। राहुल ने 51 गेंद में नाबाद 68 रन बनाए। वहीं, डिकॉक ने 70 गेंद में नाबाद 140 रन बनाए। यह उनके आईपीएल करियर का सबसे बड़ा स्कोर रहा। कोलकाता की टीम को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना है और मैच जीतने के लिए उन्हें 211 रन बनाने होंगे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने शानदार शुरुआत की। केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ने पहले संभलकर बल्लेबाजी की और फिर आक्रामक अंदाज में रन बनाए। इस जोड़ी ने पावरप्ले में 44 रन जोड़े और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इसके बाद दोनों ने अपने हाथ खोले। राहुल और डिकॉक ने लखनऊ के लिए रिकॉर्ड 210 रन की नाबाद साझेदारी की। कोलकाता के गेंदबाज इस मैच में कोई विकेट नहीं ले सके।
क्विंटन डिकॉक ने अपने आईपीएल करियर का 20वां अर्धशतक भी पूरा किया। कोलकाता के खिलाफ पिछली पांच पारियों में यह उनका चौथा अर्धशतक रहा। इस मैच में उन्होंने आईपीएल में अपने 100 छक्के भी पूरे किए। राहुल ने भी अपने आईपीएल करियर का 30वां अर्धशतक लगाया। इस मैच में उन्होंने आईपीएल 2022 में अपने 500 रन भी पूरे किए। उन्होंने लगातार पांचवें सीजन में 500 से ज्यादा का स्कोर बनाया। वो ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले डेविड वॉर्नर ने ऐसा किया है। वहीं, पांच बार 500 रन बनाने वाले राहुल चौथे बल्लेबाज हैं।
लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 200 के पार जा चुका है। लखनऊ के लिए क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल ने सबसे बड़ी साझेदारी कर ली है। अब कोलकाता को यह मैच जीतने के लिए कमाल करना होगा।
क्विंटन डिकॉक ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 59 गेंद में अपने 100 रन पूरे किए। इस सीजन का यह छठा शतक है। वहीं, तीसरी बार लखनऊ के किसी बल्लेबाज ने शतकीय पारी खेली है। इससे पहले कप्तान राहुल इसी सीजन दो शतक लगा चुके हैं। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 191 रन हो चुका है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स ने बिना किसी नुकसान के 150 रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक और लोकेश राहुल शानदार लय में हैं। डिकॉक अपने शतक के करीब पहुंच चुके हैं।
16 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 140 रन हो चुका है। अब डिकॉक और राहुल तेजी से रन बना रहे हैं। डिकॉक अपने शतक की तरफ भी बढ़ रहे हैं। कोलकाता के गेंदबाजों को बचे हुए ओवरों में कंजूसी से गेंदबाजी करनी होगी। फिलहाल लखनऊ की टीम 200 के स्कोर की तरफ अग्रसर दिख रही है।
केएल राहुल ने अपने आईपीएल करियर का 30वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 41 गेंद में 50 रन पूरे किए। अब लखनऊ का स्कोर 14 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 111 रन हो चुका है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम ने बिना किसी नुकसान के 100 रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। वहीं, राहुल अर्धशतक के करीब हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 105 रन है। अब कोलकाता के गेंदबाजों को डेथ ओवरों में कंजूसी के साथ गेंदबाजी करनी होगी। वहीं, लखनऊ के सभी 10 विकेट बचे हुए हैं और यह टीम तेजी से रन बनाना चाहेगी।
क्विंटन डिकॉक ने आईपीएल करियर का 20वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 36 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। अब लखनऊ की टीम मजबूत स्थिति में जा चुकी है। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 97 रन है। कोलकाता के खिलाफ पिछली पांच पारियों में यह उनका चौथा अर्धशतक है।
लखनऊ के बल्लेबाजों ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की है। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 83 रन हो चुका है। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। वहीं, लखनऊ की टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने बिना किसी नुकसान के 50 रन बना लिए हैं। यह टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। सलामी जोड़ी ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी है। नौ ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 68 रन हो चुका है। राहुल संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि डिकॉक तेजी से रन बना रहे हैं।
लखनऊ की टीम ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 44 रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल अच्छी लय में दिख रहे हैं। डिकॉक ने जीवनदान मिलने के बाद तेजी से रन बनाए हैं। वो 18 गेंद में 26 रन और राहुल 18 गेंद में 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। सात ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना किसी विकेट के 48 रन हो चुका है।
चार ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 26 रन हो चुका है। क्विंटन डिकॉक और लोकेश राहुल संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने के लिए दोनों में से किसी एक को बड़ी पारी खेलना जरूरी है। क्विंटन डिकॉक को एक जीवनदान मिल चुका है। ऐसे में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा सकती है।
तीसरे ओवर में लखनऊ के क्विंटन डिकॉक को बड़ा जीवनदान मिला है। कोलकाता के अभिजीत तोमर ने थर्ड मैन में उनका कैच छोड़ दिया। कोलकाता की टीम को यह कैच छोड़ना भारी पड़ सकता है। डिकॉक 12 रन के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, जब उनको जीवनदान मिला। तीन ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 22 रन हो चुका है।
लखनऊ की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान राहुल और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, कोलकाता के लिए उमेश यादव पहला ओवर कर रहे हैं। पहले ओवर में दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं एक ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर आठ रन है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कोलकाता की टीम में एक बदलाव किया गया है। चोटिल अजिंक्य रहाणे की जगह अभिजीत तोमर को टीम में मौका दिया गया है। वहीं, लखनऊ की टीम में तीन बदलाव हैं। क्रुणाल पांड्या चोट के चलते टीम से बाहर हो गए हैं। उनके अलावा दुष्मंता चमीरा और आयुष बदोनी यह मैच नहीं खेल रहे हैं। इन तीनों की जगह मनन वोहरा, एविन लुईस और कृष्णप्पा गौतम को टीम में शामिल किया गया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम
वेंकटेश अय्यर, अभिजीत तोमर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नीतीश राणा, सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, उमेश यादव, टिम साउदी, वरुण चक्रवर्ती।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम
क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), केएल राहुल (कप्तान), एविन लुईस, दीपक हुड्डा, मनन वोहरा, मार्कस स्टोइनिस, जेसन होल्डर, कृष्णप्पा गौतम, मोहसिन खान, आवेश खान, रवि बिश्नोई।
कोलकाता में अभिजीत तोमर को टीम की कैप दी गई है। अजिंक्य रहाणे की गैरमौजूदगी में वो टीम के लिए पारी की शुरुआत कर सकते हैं। वहीं, लखनऊ की टीम में मनन वोहरा को कैप दी गई है। मनन इस मैच में लखनऊ के लिए तीसरे नंबर पर खेल सकते हैं।
पिछले सीजन के हीरो वेंकटेश अय्यर ने इस सीजन में निराश किया। नीतीश राणा और श्रेयस अय्यर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं। चोट से उबरने के बाद उमेश यादव ने टिम साउदी का अच्छा साथ दिया और रसेल ने भी कुछ अहम विकेट लिए। सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी ने भी पिछले कुछ मैचों में लय हासिल कर ली।
दीपक हुड्डा हैं अच्छी लय में
पिछले दो मैचों में लखनऊ टीम के बल्लेबाजों ने निराश किया है। टीम कप्तान लोकेश राहुल पर जरूरत से ज्यादा निर्भर है। उन्होंने सीजन में दो शतक लगाए हैं, लेकिन पिछले तीन मैच में बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहे हैं। यही हाल अनुभवी क्विंटन डिकॉक का भी है। उन्होंने पिछली दो पारियों में 11 और सात रन ही बनाए हैं। टीम के लिए दीपक हुड्डा की लय हालांकि सबसे बड़ी सकारात्मक चीज है, जो लगातार रन बना रहे हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम हालांकि युवा आयुष बदोनी और मार्कस स्टोइनिस का बेहतर इस्तेमाल करना चाहेगी। टीम की गेंदबाजी सीजन के ज्यादा मैचों में अच्छी रही, लेकिन पिछले मैच में उनके खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने में परेशानी नहीं हुई। लखनऊ को अगर इस मैच में जीत दर्ज करनी है तो आवेश खान, मोहसिन खान, जेसन होल्डर और रवि बिश्नोई को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी।
केकेआर 13 मैचों में छह जीत और 12 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है और अगर टीम इस मैच को बड़े अंतर से जीतने में सफल रहती है तब भी उसे प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। दो बार की चैंपियन केकेआर की टीम पिछले साल फाइनल में पहुंची थी, लेकिन इस सीजन में वह लय को बरकरार नहीं रख पाई। टीम ने हालांकि पिछले दो मैचों में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी उम्मीदों को बनाए रखा है।
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम ने पिछले मैच में आंद्रे रसेल के हरफनमौला खेल और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से सनराइजर्स हैदराबाद को 54 रन से मात दी। इस मैच में शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद रसेल और सैम बिलिंग्स ने टीम को छह विकेट पर 177 रन तक पहुंचाया और फिर गेंदबाजों ने शानदार तरीके से अपनी भूमिका निभाई।
आईपीएल 2022 का 66वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच है। यह दोनों टीमों का आखिरी मैच है और प्लेऑफ के लिहाज से काफी अहम है। कोलकाता को प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना जरूरी है। अगर कोलकाता यह मैच हारती है तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। वहीं, जीतने पर उसे किस्मत के सहारे की जरूरत होगी। वहीं, लखनऊ यह मैच जीतने पर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी, जबकि हारने पर उसे भी किस्मत के सहारे की जरूरत होगी।