वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टी-20 में भारत को पांच विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही सीरीज को 1-1 से बराबर भी कर दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 19.4 ओवर में 138 रन पर सिमट गई। भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए ओबेड मैकॉय ने छह विकेट झटके। जवाब में वेस्टइंडीज ने 19.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विंडीज की ओर से ब्रैंडन किंग ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। वहीं, डेवोन थॉमस ने 31 रन की नाबाद पारी खेली। टी-20 सीरीज का अगला मैच मंगलवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें
16वें ओवर में वेस्टइंडीज की टीम को चौथा झटका लगा। आवेश खान ने ब्रैंडन किंग को बोल्ड किया। किंग 52 गेंदों में आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल रोवमन पॉवेल और डेवोन थॉमस क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद विंडीज का स्कोर चार विकेट पर 108 रन है। फिलहाल वेस्टइंडीज को 24 गेंदों में 31 रन की जरूरत है।
15 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। फिलहाल ब्रैंडन किंग 62 रन और डेवोन थॉमस सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। विंडीज को अब 30 गेंदों में 38 रन की जरूरत है।
वेस्टइंडीज को पहला झटका सातवें ओवर में लगा। हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद पर कायेल मेयर्स को अश्विन के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने 14 गेंद पर आठ रन बनाए। उन्होंने ब्रैंडन किंग के साथ पहले विकेट के लिए 46 रनों साझेदारी की। वेस्टइंडीज ने सात ओवर में एक विकेट पर 52 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 13 ओवर में 87 रन बनाने हैं।
वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम को 19.4 ओवर में 138 रन पर ढेर कर दिया। टीम इंडिया के लिए हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने 27 और ऋषभ पंत ने 24 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 11, श्रेयस अय्यर 10 और रविचंंद्रन अश्विन 10 रन बनाकर आउट हुए। दिनेश कार्तिक के बल्ले से सात रन निकले। कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में खाता नहीं खोल पाए। वेस्टइंडीज के लिए ओबेड मैकॉय ने चार ओवर में 17 रन देकर छह विकेट लिए। जेसन होल्डर को दो सफलता मिली।
19वें ओवर मे ंभारत को सातवां झटका लगा। ओबेड मैकॉय ने दिनेश कार्तिक को आउट कर मैच में चौथी सफलता हासिल की। अल्जारी जोसेफ ने यह कैच लिया। कार्तिक ने 13 गेंद पर सात रन बनाए। मैकॉय ने इसी ओवर में अश्विन को आउट कर दिया। अश्विन छह गेंद पर 10 रन बनाकर ओडेन स्मिथ को कैच थमा बैठे। उन्होंने दो चौके लगाए। ओवर की आखिरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार भी आउट हो गए। विकेट के पीछे डेवोन थॉमस ने उनका कैच लिया। भुवनेश्वर खाता एक रन बनाकर आउट हुए। मैकॉय को छठी सफलता मिली। इस तरह चार ओवर में 17 रन देकर उन्होंने छह विकेट लिए। मैकॉय ने पहली बार टी20 के एक मैच में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिया है।
भारत का छठा विकेट 17वें ओवर में गिरा। ओबेड मैकॉय ने रवींद्र जडेजा को पॉवेल के हाथों कैच कराया। जडेजा ने 30 गेंद पर 27 रन बनाए। उन्होंने एक छक्का लगाया। जडेजा को आउट कर मैकॉय ने मैच में तीसरी सफलता हासिल की। रविचंद्रन अश्विन और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं।
भारत को पांचवां झटका जेसन होल्डर ने दिया। उन्होंने हार्दिक पांड्या को ओडेन स्मिथ के हाथों कैच कराया। हार्दिक 31 गेंद पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। हार्दिक के आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक क्रीज पर उतरे हैं। दूसरे छोर पर रवींद्र जडेजा नाबाद हैं।
भारत के 100 रन पूरे हो गए। उसने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 100 रन के आंकड़े को छुआ। भारत ने 13 ओवर में चार विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 29 गेंद पर 31 और रवींद्र जडेजा 19 गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारतीय पारी के आधे ओवर समाप्त हो चुके हैं। टीम इंडिया ने 10 ओवर में चार विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 19 गेंद पर 19 और रवींद्र जडेजा 11 गेंद पर सात रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत को चौथा झटका सातवें ओवर में लगा। तीसरी गेंद पर अकील हुसैन ने ओडेन स्मिथ के हाथों ऋषभ पंत को कैच कराया। पंत ने 12 गेंद पर 24 रन बनाए। इस दौरान एक चौका और दो छक्के लगाए। पंत तेजी से रन बना रहे थे, लेकिन वह अकील की गेंद छक्का मारने के प्रयास में आउट हो गए। पंत के बाद रवींद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं। हार्दिक पांड्या दूसरे छोर पर टिके हैं। भारत ने सात ओवर में चार विकेट पर 63 रन बना लिए हैं।
भारत को तीसरा झटका पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। अल्जारी जोसेफ ने श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया। डेवोन थॉमस ने विकेट के पीछे यह कैच लिया। अय्यर ने 11 गेंद पर 10 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का लगाया। अय्यर के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए हैं। ऋषभ पंत आठ गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद हैं।
तीसरे ओवर की पहली गेंद पर ओबेड मैकॉय ने भारत को दूसरा झटका दिया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को डेवोन थॉमस के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने छह गेंद पर 11 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक छक्का लगाया। ऋषभ पंत क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर श्रेयस अय्यर हैं।
भारत को पहला झटका पहले ओवर की पहली गेंद पर लगा। कप्तान रोहित शर्मा खाता खोले बगैर आउट हो गए हैं। ओबेड मैकॉय की गेंद पर अकील हुसैन ने उनका कैच लिया। रोहित के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए हैं।
भारत की पारी शुरू हो गई। कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ओपनिंग करने के लिए क्रीज पर आ चुके हैं। सूर्यकुमार ने अर्शदीप सिंह के नाम की लिखी जर्सी पहनी है। वेस्टइंडीज के लिए पहला ओवर लेकर ओबेड मैकॉय आए हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, अर्शदीप सिंह।
वेस्टइंडीज: कायेल मेयर्स, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन (कप्तान और विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, शिमरॉन हेटमायर, डेवोन थॉमस, जेसन होल्डर, अकील हुसैन, ओडेन स्मिथ, अल्जारी जोसेफ, ओबेड मैकॉय।
पांच टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। वेस्टइंडीज ने कीमो पॉल और शामराह ब्रूक्स को टीम से निकाल दिया है। वहीं भारतीय टीम में एक बदलाव हुआ है। रवि बिश्नोई की जगह आवेश खान को शामिल किया गया है।
मैच से कुछ घंटे पहले वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने मुकाबले के समय में दोबारा बदलाव किया है। अब यह मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे की जगह रात 11 बजे कर दिया गया। पहले इसे रात 10 बजे किया गया था। फिर एक घंटे का समय और बढ़ा दिया गया। टॉस अब साढ़े दस बजे होगा। पहली गेंद रात 11 बजे फेंकी जाएगी। दरअसल, खिलाड़ियों का सामान देरी से सेंट किट्स पहुंचा है। इस कारण वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड को यह फैसला लेना पड़ा है।
पहले टी20 में रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव ने पारी की शुरुआत की थी और इस मैच में भी ऐसा ही देखने को मिल सकता है। हालांकि, सूर्यकुमार पिछली दो पारियों में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ खराब शॉट खेलकर आउट हुए हैं और इस बार इस गलती से बचना चाहेंगे। भारत ने पहला मैच बड़े अंतर से जीता था। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा टीम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहेंगे। हालांकि, पहले मैच में फ्लॉप होने वाले श्रेयस अय्यर की जगह संजू सैमसन या दीपक हुड्डा को मौका दिया जा सकता है।
वार्नर पार्क मैदान पर रन बनाना आसान नहीं रहा है। यहां अब तक वेस्टइंडीज की टीम ने 10 मैच खेले हैं और छह में जीत हासिल की है, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दो मैच बेनतीजा रहे हैं। यहां पर औसत रन रेट सिर्फ 7.23 रन है। ऐसे में 150 रन से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली टीम, गेंदबाजों से मैच जिताने की उम्मीद कर सकती है। इस मैदान पर अब तक सबसे बड़ा स्कोर 182 रन है। वहीं, सबसे छोटा स्कोर 45 रन है। वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को बड़े शॉट खेलना पसंद है। ऐसे में उन्हें इस मैदान पर परेशानी आ सकती है।
टीम इंडिया यह मैच जीतकर सीरीज में आगे बढ़ना चाहेगी और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी करना चाहेगी। अगर भारत यह मैच जीतता है तो वेस्टइंडीज पर यह टीम इंडिया की 15वीं जीत होगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ इससे ज्यादा टी20 किसी टीम ने नहीं जीते हैं। टी20 में वेस्टइंडीज को हराने के मामले में पाकिस्तान की टीम सबसे आगे है।
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 मैच खेलकर 15 में जीत हासिल की है। तीन में उसे हार मिली और तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। भारत ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ इतने ही मैच खेले हैं, लेकिन उसे 14 मैच में ही जीत मिली है, जबकि छह में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला सेंट किट्स के वार्नर पार्क में खेला जा रहा है। टीम इंडिया इस मैदान पर पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही है। सीरीज का पहला मैच भारत ने 68 रन के बड़े अंतर से जीता था। ऐसे में टीम इंडिया यह मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बनाना चाहेगी।