फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI Highlights: भारत ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 140 रन से हराया, जडेजा-सिराज चमके

Sat, 04 Oct 2025 01:42 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

IND vs WI 1st Test Day 3 2025:  भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन था। भारतीय टीम ने पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने के बाद महज दो सत्र में ही वेस्टइंडीज की दूसरी पारी ऑलआउट कर दी और पहला मैच आसानी से अपने नाम किया।
विज्ञापन
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:41 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: भारत को मिली बड़ी जीत

रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हराया। भारत ने दिन के खेल की शुरुआत से पहले अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 448 रन पर घोषित की थी और 286 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। वेस्टइंडीज की टीम पूरे दो सत्र भी बल्लेबाजी नहीं कर सकी और उसकी दूसरी पारी 146 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने इस तरह दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।

भारत के लिए अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने इस मैच में बल्ले के बाद गेंद से भी दम दिखाया। जडेजा ने पहली पारी में नाबाद शतक लगाया था और दूसरी पारी में उन्होंने चार विकेट लिए। जडेजा का साथ सिराज ने निभाया और वह तीन विकेट अपने नाम करने में सफल हुए। वहीं, कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने दो और वाशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला। जसप्रीत बुमराह दूसरी पारी में एक भी सफलता हासिल नहीं कर सके।

इस मैच में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी दोनों पारी में खराब रही और तीनों दिन भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। वेस्टइंडीज के लिए दूसरी पारी में एलिका अथानाजे ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए, जबकि जस्टिन ग्रीव्स ने 25, जेडन सील्स ने 22, जोहान लेन ने 14, जॉन कैंबेल ने 14, तेगनारायण चंद्रपॉल ने 8, ब्रेंडन किंग ने 5, रोस्टन चेज ने 1 और शाई होप ने 1 रन बनाए। वहीं, खैरी पियरे 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

01:29 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: भारत जीत के करीब

जडेजा ने जोहानन लेन को आउट कर वेस्टइंडीज को नौवां झटका दिया है। भारत अब जीत से एक विकेट दूर है। वेस्टइंडीज ने 122 रन के स्कोर पर अपना नौवां विकेट गंवा दिया है और वह फिलहाल भारत से 164 रन पीछे चल रहा है। जडेजा को इस पारी की चौथी सफलता मिली है। 

01:03 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: सिराज को मिली तीसरी सफलता

सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को आठवां झटका दिया है। सिराज ने एक ही ओवर में दो विकेट गंवाए जिससे वेस्टइंडीज ने 98 के स्कोर पर आठवां विकेट गंवा दिया। सिराज ने पहले ग्रीव्स को आउट किया और फिर वारिकन को पवेलियन की राह दिखाई। वारिकन खाता भी नहीं खोल सके। वेस्टइंडीज की टीम भारत से 188 रन पीछे चल रही है और उस पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। 

विज्ञापन
01:01 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: भारत जीत से तीन विकेट दूर

भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में जीत हासिल करने से तीन विकेट दूर है। मोहम्मद सिराज ने ग्रीव्स को आउट कर वेस्टइंडीज को सातवां झटका दे दिया है। मेहमान टीम ने दूसरी पारी में महज 98 रन के स्कोर पर सात विकेट गंवा दिए हैं और टीम फिलहाल भारत से 188 रन पीछे है। क्रीज पर अब वारिकन और पियरे मौजूद हैं। 

12:52 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: वेस्टइंडीज को छठा झटका

वाशिंगटन सुंदर ने अथानाजे को आउट कर वेस्टइंडीज को छठा झटका दिया है। अथानाजे और ग्रीव्स के बीच छठे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हो चुकी थी। ये दोनों बल्लेबाज क्रीज पर टिक गए थे, लेकिन वाशिंगटन ने अथानाजे को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अथानाजे 74 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज ने 92 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवाए हैं और टीम फिलहाल भारत से 194 रन पीछे चल रही है। 

विज्ञापन
12:38 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: अथानाजे-ग्रीव्स के बीच साझेदारी

पांच झटके लगने के बाद अथानाजे और ग्रीव्स ने वेस्टइंडीज की पारी को संभाले रखा है। अथानाजे और ग्रीव्स के बीच छठे विकेट के लिए 40+ रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है। 

12:12 PM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: दूसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारतीय गेंदबाजों ने पहले सत्र में दबदबा दिखाया और दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के पांच विकेट गिरा दिए। भारतीय टीम जीत हासिल करने से पांच विकेट दूर है। फिलहाल क्रीज पर अथानाजे और ग्रीव्स मौजूद हैं। वेस्टइंडीज अभी भारत से 219 रन पीछे चल रही है। 

11:32 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: पहले सत्र का खेल समाप्त

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे दिन के पहले सत्र का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने दिन के खेल की शुरुआत से पहले अपनी पारी पांच विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की थी और 286 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरी पारी में भी वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही सत्र में पांच विकेट गंवा दिए। लंच ब्रेक तक वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 66 रन बनाए हैं। फिलहाल टीम भारत से 220 रन पीछे चल रही है। लंच तक एलिक अथानाजे ने 27 और जस्टिन ग्रीव्स ने 10 रन बनाए हैं। 

भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने बल्ले के बाद गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया है। जडेजा को अब तक तीन विकेट मिले हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला है। वेस्टइंडीज के लिए जॉन कैम्पबेल 14, तेगनारायण चंद्रपॉल 8, ब्रेंडन किंग 5, रोस्टन चेज 1 और शाई होप ने 1 रन बनाए हैं। 

11:07 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौटी

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की आधी टीम 50 से भी कम के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। वेस्टइंडीज ने 46 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं और वह अभी भारत से 240 रन पीछे चल रही है। बल्ले के बाद जडेजा गेंद से भी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं और अब तक तीन विकेट ले चुके हैं। वेस्टइंडीज को शाई होप के रूप में पांचवां झटका लगा जो एक रन बनाकर आउट हुए।

10:53 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ाई

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई है। वेस्टइंडीज ने 35 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया है। कुलदीप यादव ने रोस्टन चेज को आउट किया है जो एक रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की टीम फिलहाल भारत से 251 रन पीछे है। 

10:46 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: ब्रेंडन किंग पवेलियन लौटे

वेस्टइंडीज को दूसरी पारी में 34 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा है। ब्रेंडन किंग रवींद्र जडेजा की गेंद पर स्लिप में खड़े केएल राहुल को कैच थमाकर आउट हो गए हैं। ब्रेंडन 18 गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की टीम भारत से फिलहाल 252 रन पीछे चल रही है और उस पर पारी की हार का खतरा मंडराने लगा है। 

10:19 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: भारत को मिली दूसरी सफलता

रवींद्र जडेजा ने जॉन कैंपबेल को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। कैंपबेल 32 गेंदों पर एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। 

10:04 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: वेस्टइंडीज को लगा पहला झटका

मोहम्मद सिराज ने तेगनारायण चंद्रपॉल को आउट कर वेस्टइंडीज को दूसरी पारी में पहला झटका दिया है। चंद्रपॉल 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। 

09:54 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: भारत को विकेट की तलाश

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल जारी है। भारत ने पहली पारी घोषित कर दी है और वेस्टइंडीज की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। भारतीय गेंदबाजों को विकेट की तलाश है। वेस्टइंडीज ने फिलहाल बिना किसी नुकसान के आठ रन बनाए हैं। 

09:31 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: तीसरे दिन का खेल शुरू

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। भारत ने दिन का खेल शुरू होने से ठीक पहले अपनी पहली पारी घोषित करने का फैसला किया था। भारत ने पहली पारी में पांच विकेट पर 448 रन बनाकर 286 रनों की बढ़त ली है। अब वेस्टइंडीज की दूसरी पारी शुरू हो गई है और क्रीज पर तेगनारायण चंद्रपॉल और जॉन कैंपबेल मौजूद हैं। 

09:24 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: भारत ने पारी घोषित की

भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले पारी घोषित करने का फैसला लिया है। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में पांच विकेट पर 448 रन बनाए थे और 286 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। जडेजा 104 और वाशिंगटन सुंदर नौ रन बनाकर क्रीज पर थे। भारत ने हालांकि, यहां से आगे नहीं खेलने का फैसला लिया और पारी घोषित कर दी। अब तीसरे दिन वेस्टइंडीज की दूसरी पारी शुरू होगी। 

09:17 AM, 04-Oct-2025

Live Score IND vs WI: थोड़ी देर में शुरू होगा मैच

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल थोड़ी देर में शुरू होगा। भारत आज अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 448 रन से आगे बढ़ाएगा। जडेजा दूसरे दिन शतक लगा चुके थे और अब वह 104 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाएंगे। वहीं उनका साथ वाशिंगटन सुंदर निभाएंगे। 

08:48 AM, 04-Oct-2025

IND vs WI Test Live: बढ़त और मजबूत करना चाहेगा भारत

जडेजा और सुंदर की कोशिश तीसरे दिन भारत की बढ़त को और विशाल करने पर टिकी होंगी, जबकि अगर वेस्टइंडीज को मैच में वापसी करनी है तो भारतीय टीम की पारी जल्द ऑलआउट करनी होगी।

08:28 AM, 04-Oct-2025

IND vs WI Test Live: राहुल-जुरेल और जडेजा के शतक

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतक लगाए। राहुल के बल्ले से करीब नौ साल बाद घरेलू जमीन पर टेस्ट शतक निकला। राहुल ने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा। वहीं, जुरेल के बल्ले से करियर का पहला टेस्ट शतक निकला। जुरेल टेस्ट में सैकड़ा जड़ने वाले भारत के 12वें बल्लेबाज बने। इसके बाद जडेजा भी अपना छठा शतक लगाने में सफल रहे। 

08:22 AM, 04-Oct-2025

IND vs WI Test Live: दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने दिखाया था दम

भारतीय बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपना दम दिखाया था। भारत के लिए केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतक जड़े जिससे टीम ने दिन के खेल की समाप्ति तक पहली पारी में पांच विकेट पर 448 रन बनाए थे। भारत ने इस तरह अब तक 286 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। स्टंप्स के समय जडेजा 176 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 104 रन और वाशिंगटन सुंदर नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:19 AM, 04-Oct-2025

IND vs WI Highlights: भारत ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 140 रन से हराया, जडेजा-सिराज चमके

Live Cricket Score Today IND vs WI 1st Test Day 3 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन है। भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर बढ़त ले ली है और अब उसकी कोशिश इसे और बढ़ाने पर टिकी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें