दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 448 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 104 रन और वॉशिंगटन सुंदर नौ रन बनाकर नाबाद हैं। भारत के लिए आज का दिन शानदार रहा। टीम ने दो विकेट पर 121 रन से आगे खेलना शुरू किया और आज 327 रन बनाए और तीन विकेट गंवाए। भारत को शुभमन गिल, केएल राहुल और ध्रुव जुरेल के रूप में तीन झटके लगे। यशस्वी जायसवाल (36) और साई सुदर्शन (7) गुरुवार को ही पवेलियन लौट गए थे।
गिल ने आज अर्धशतक लगाया। वह 50 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद केएल राहुल ने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया। वह 12 चौके की मदद से 100 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ध्रुव जुरेल ने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। वह 15 चौके और तीन छक्के की मदद से 125 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया। वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 162 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया की कुल बढ़त अब तक 286 रन की हो चुकी है।
जुरेल के बाद रवींद्र जडेजा ने भी टेस्ट में शतक बनाया है। जडेजा का यह टस्ट में छठा शतक रहा। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका दूसरा शतक रहा। भारत ने पांच विकेट गंवाकर 439 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया की बढ़त 277 रन की हो चुकी है। जुरेल 125 रन बनाकर आउट हुए।
ध्रुव जुरेल 210 गेंद में 15 चौके और तीन छक्कों की मदद से 125 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें खैरी पियरे ने शाई होप के हाथों कैच कराया। भारत को 424 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। फिलहाल जडेजा का साथ देने वॉशिंगटन सुंदर आए हैं।
ध्रुव जुरेल ने टेस्ट में पहला शतक लगाया। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट के दूसरे दिन चौका लगाकर शतक पूरा किया। इससे पहले टेस्ट में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 90 रन की थी। वह टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के 12वें विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। भारत ने चार विकेट गंवाकर 394 रन बना लिए हैं। फिलहाल जुरेल 104 रन और रवींद्र जडेजा 82 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 176 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत की वेस्टइंडीज पर 232 रन की बढ़त हो चुकी है।
भारत ने 350 रन से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल ध्रुव जुरेल 80 से ज्यादा और रवींद्र जडेजा 60 से ज्यादा रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया की बढ़त 190 से ज्यादा रन की हो चुकी है।
दूसरे दिन तीसरे सत्र का खेल जारी है। भारत ने चार विकेट गंवाकर 335 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 53 रन और ध्रुव जुरेल 74 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 117 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने अब तक वेस्टइंडीज पर 173 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
दूसरे दिन चायकाल तक भारत ने अपनी पहली पारी में चार विकेट गंवाकर 326 रन बना लिए हैं। फिलहाल ध्रुव जुरेल 68 रन और रवींद्र जडेजा 50 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत की वेस्टइंडीज पर बढ़त अब तक 164 रन की बढ़त हो चुकी है।
भारत ने चार विकेट गंवाकर 325 से ज्यादा रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा ने टेस्ट करियर का 28वां अर्धशतक जड़ा। यह पिछली नौ पारियों में उनका सातवां अर्धशतक है। इससे पहले ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक लगाया था। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 100 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। वहीं, भारत की वेस्टइंडीज पर बढ़त 160 से ज्यादा रन की हो चुकी है।
ध्रुव जुरेल ने टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अब तक रवींद्र जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 70 से ज्यादा रन की साझेदारी कर ली है। जडेजा 30+ रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की बढ़त 130+ रन की हो चुकी है। टीम ने चार विकेट गंवाकर 294 रन बना लिए हैं।
भारत ने चार विकेट पर 250 से ज्यादा रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज पर टीम की बढ़त 100 रन के करीब पहुंच गई है। फिलहाल रवींद्र जडेजा और ध्रुव जुरेल आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। केएल राहुल 100 रन और शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को 218 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। लंच के ठीक बाद केएल राहुल आउट हो गए। उन्हें वॉरिकन ने कैच आउट कराया। राहुल ने अपनी पारी में 12 चौके लगाए। फिलहाल रवींद्र जडेजा और ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं।
दूसरे दिन लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 218 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 100 रन और ध्रुव जुरेल 14 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को आज का पहला और एकमात्र झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। भारतीय कप्तान 50 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 162 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया की कुल बढ़त अब तक 56 रन की हो चुकी है। पहले दिन यशस्वी जायसवाल 36 रन और साई सुदर्शन सात रन बनाकर आउट हुए थे।
केएल राहुल ने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा। भारतीय सरजमीं पर उनका दूसरा टेस्ट शतक रहा। उन्होंने 190 गेंदों पर शतक पूरा किया। भारत ने तीन विकेट पर 210 से ज्यादा रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज पर बढ़त भी 50 से ज्यादा रन की हो चुकी है। फिलहाल राहुल के साथ ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं। शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को 188 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कप्तान शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने रोस्टन चेज ने कैच आउट कराया। यह गिल के टेस्ट करियर का आठवां अर्धशतक रहा। गिल और राहुल के बीच तीसरे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल केएल राहुल 86 रन बनाकर क्रीज पर हैं और उनका साथ देने ध्रुव जुरेल आए हैं।
भारत ने दो विकेट गंवाकर 180 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल 79 रन और शुभमन गिल 47 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 90 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने वेस्टइंडीज पर 18 रन की बढ़त भी हासिल कर ली है।
टीम इंडिया ने दो विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 33 रन और केएल राहुल 70 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी हो चुकी है।
दूसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। केएल राहुल और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों भारत को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।
दो झटके लगने के बाद केएल राहुल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर पारी संभाली। राहुल ने इस दौरान अपना अर्धशतक भी पूरा किया। गिल और राहुल ने दिन के खेल की समाप्ति तक भारत को अन्य झटका नहीं लगने दिया। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 31 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम की नजरें अब दूसरे दिन वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी बढ़त हासिल करने पर टिकी होंगी।
भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। सील्स ने यशस्वी को आउट कर भारत को पहला झटका दिया जो 54 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। जेडन सील्स ने यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर शाई होप क हाथों कैच कराया। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे साई सुदर्शन सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। 90 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। कप्तान रोस्टन चेज ने साई सुदर्शन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया।
भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में दो विकेट पर 121 रन बनाए हैं और वह फिलहाल विंडीज से 41 रन पीछे है। स्टंप्स के समय केएल राहुल 53 रन और शुभमन गिल 18 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वेस्टइंडीज के लिए जेडन सील्स और रोस्टन चेज को एक-एक सफलता मिली है।
भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने चार और जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए। इसके अलावा कुलदीप यादव को दो और वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती घंटे में ही 42 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल (0), ब्रैंडन किंग (12) और एलिक एथनाजे (13) को पवेलियन भेजा। जबकि बुमराह ने जॉन कैंपबेल (8) को आउट किया। इसके बाद कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े। होप को कुलदीप यादव ने बोल्ड किया और उनके विकेट के साथ ही अंपायर ने लंच का फैसला किया। होप ने 26 रन बनाए। दूसरे सत्र में वेस्टइंडीज ने कप्तान रोस्टन चेज 24 रन बनाकर सिराज के शिकार बने। फिर सुंदर ने खेरी पियरे (11) को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद बुमराह ने दो घातक यॉर्कर पर जस्टिन ग्रीव्स (32) और जोहान लेन (1) को क्लीन बोल्ड किया। कुलदीप ने वॉरिकन (8) को विकेटकीपर जुरेल के हाथों कैच कराया और वेस्टइंडीज की पारी को 162 रन पर समेट दिया।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी है। आज मैच का दूसरा दिन है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की पहली पारी 162 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत की पहली पारी जारी है।