फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI 2nd Test Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर 288/4, कोहली-जडेजा के बीच शतकीय साझेदारी

Fri, 21 Jul 2023 03:25 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, त्रिनिदाद

खास बातें

IND vs WI Test 2023 Day-1 Highlights : भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है। डोमिनिका में खेला गया पहला टेस्ट टीम इंडिया ने पारी और 141 रन से जीता था। वहीं, दूसरा टेस्ट त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज के कप्तान ब्रेथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत के लिए तेज गेंदबाज मुकेश कुमार अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर रहे हैं। पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है।
विज्ञापन
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:03 AM, 21-Jul-2023

पहले दिन का खेल खत्म

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 288 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 161 गेंदों में 87 रन और रवींद्र जडेजा 84 गेंदों में 36 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 201 गेंदों में 106 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह विराट का 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। वह इस मुकाम को छूने वाले भारत के चौथे और ओवरऑल 10वें क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (664), महेला जयवर्धने (652), कुमार संगकारा (594), सनथ जयसूर्या (586), रिकी पोंटिंग (560), महेंद्र सिंह धोनी (538), शाहिद अफरीदी (524), जैक कैलिस (519) और राहुल द्रविड़ (509) ऐसा कर चुके हैं। इससे पहले यशस्वी जायसवाल 57 रन, शुभमन गिल 10 रन, रोहित शर्मा 80 रन और अजिंक्य रहाणे आठ रन बनाकर आउट हुए। विंडीज की ओर से रोच, गैब्रियल, वारिकन और होल्डर ने अब तक एक-एक विकेट लिए हैं।

02:46 AM, 21-Jul-2023

IND vs WI Live Score: विराट शतक के करीब

भारत ने पहले दिन 79वें ओवर की समाप्ती के बाद चार विकेट पर 282 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 82 रन और रवींद्र जडेजा 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। विराट का यह 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। वह टेस्ट में 29वें शतक के नजदीक हैं।

01:53 AM, 21-Jul-2023

IND vs WI Live Score: विराट कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली का यह 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। इस मैच में उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया है। विराट के टेस्ट करियर का यह 30वां अर्धशतक रहा। उन्होंने 97 गेंद पर फिफ्टी पूरी की। फिलहाल भारत का स्कोर चार विकेट पर 236 रन है। विराट 54 रन और जडेजा 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

विज्ञापन
01:27 AM, 21-Jul-2023

IND vs WI Live Score: कोहली अर्धशतक के करीब

भारत ने 60 ओवर में चार विकेट पर 218 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 41 रन और रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 36 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

12:15 AM, 21-Jul-2023

IND vs WI Live Score: रहाणे फिर फेल

भारत को 182 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। उपकप्तान अजिंक्य रहाणे 36 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शैनन गैब्रियल ने क्लीन बोल्ड किया। उनके आउट होते ही चायकाल का एलान कर दिया गया। दूसरे सेशन यानी लंच के बाद के सेशन में भारत ने 61 रन बनाए और चार विकेट गंवा दिए। दूसरा सेशन वेस्टइंडीज के नाम रहा। पहले सेशन में 26 ओवर के खेल में भारत ने कोई विकेट नहीं गंवाया था। लंच के बाद यशस्वी 57 रन, शुभमन गिल 10 रन, रोहित 80 रन और रहाणे आठ रन बनाकर आउट हुए। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद इस सीरीज के लिए रहाणे को विंडीज दौरे के लिए उपकप्तान बनाया गया था। हालांकि, दो टेस्ट में वह फेल रहे हैं। पिछले टेस्ट में रहाणे तीन रन बना सके थे। वहीं, नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए शुभमन भी फेल रहे। पिछले टेस्ट में वह छह रन बना सके थे। चायकाल तक भारत ने चार विकेट पर 182 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 18 रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
12:09 AM, 21-Jul-2023

IND vs WI Live Score: 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में बैटिंग के लिए उतरे कोहली

भारत ने 50 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 179 रन बना लिए हैं। फिलहाल अजिंक्य रहाणे सात रन और विराट कोहली 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित शर्मा और यशस्वी के आउट होने के बाद भारत के रन रेट में गिरावट आई है। जब रोहित और यशस्वी बैटिंग कर रहे थे तो टीम इंडिया का रन रेट करीब पांच का था। लंच के बाद यशस्वी 57 रन, शुभमन 10 रन और रोहित 80 रन बनाकर आउट हुए।

11:23 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: कप्तान रोहित भी आउट

लंच के बाद पिछले एक घंटे में भारत ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। पहले यशस्वी जायसवाल 57 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद नंबर-तीन शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हुए। अब कप्तान रोहित शर्मा भी पवेलियन लौट गए हैं। उन्हें वारिकन ने क्लीन बोल्ड किया। रोहित 143 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए। 39 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 156 रन है। फिलहाल विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। पहले सेशन यानी लंच से पहले भारत ने 26 ओवर में कोई विकेट नहीं गंवाया था।

11:11 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को पारी के 36वें ओवर में 153 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। भारत के नए नंबर तीन शुभमन गिल अपना बैटिंग पोजिशन बदलने के बाद लगातार दूसरे टेस्ट में फेल रहे हैं। इसी सीरीज के लिए यशस्वी के आने के बाद शुभमन ने नंबर-तीन पर बैटिंग करने का फैसला किया था। पिछले टेस्ट में वह छह रन बना पाए थे। वहीं, इस टेस्ट की पहली पारी में शुभमन 10 रन बना सके। उन्हें केमार रोच ने विकेटकीपर जोशुआ डा सिल्वा के हाथों कैच कराया। फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। लंच के बाद यशस्वी और शुभमन आउट हो चुके हैं।

10:47 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को 139 के स्कोर पर पहला झटका लगा। यशस्वी जायसवाल 74 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया। यशस्वी को जेसन होल्डर ने किर्क मैकेंजी के हाथों कैच कराया। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 74 रन और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं।

10:41 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: लंच के बाद का खेल शुरू

लंच के बाद का खेल चालू हो चुका है। भारत ने बिना विकेट गंवाए 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 53 रन और कप्तान रोहित शर्मा 74 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

09:35 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: लंच ब्रेक

लंच ब्रेक तक भारत ने बिना विकेट गंवाए 121 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 102 गेंदों में 63 रन और यशस्वी जायसवाल 56 गेंदों में 52 रन बनाकर क्रीज पर हैं। यह तीसरी बार है जब वेस्टइंडीज की धरती पर भारतीय टीम पहले दिन बिना विकेट गंवाए लंच तक पहुंची है। इससे पहले 21 अप्रैल 1976 को गावस्कर और अंशुमन ने किंग्सटन में भारत को बिना विकेट गंवाए लंच ब्रेक तक पहुंचाया था। तब भारत ने पहले दिन लंच ब्रेक तक बिना विकेट गंवाए 62 रन बनाए थे। वहीं, दूसरी बार ऐसा 10 जून, 2006 में हुआ था। तब वसीम जाफर और  सहवाग ने सेंट लूसिया में पहले दिन लंच ब्रेक तक भारत का कोई विकेट नहीं गिरने दिया था और 140 रन जोड़ लिए थे। अब रोहित और यशस्वी ने लंच ब्रेक तक बिना विकेट गंवाए 121 रन की साझेदारी कर ली है।

किसी अवे सीरीज यानी विदेशी जमीन पर टेस्ट सीरीज में भारतीय ओपनर्स द्वारा सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी के मामले में रोहित और यशस्वी दो शतकीय साझेदारी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। इन दोनों से पहले सुनील गावस्कर और चेतन चौहान (इंग्लैंड, 1979), वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा (ऑस्ट्रेलिया, 2003/04) और वीरेंद्र सहवाग और वसीम जाफर (वेस्टइंडीज, 2006) में दो-दो बार ऐसा कर चुके हैं। 

09:27 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: यशस्वी का अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने लगातार दूसरी टेस्ट पारी में 50+ का स्कोर जड़ दिया है। उन्होंने डोमिनिका में डेब्यू पर 171 रन बनाए थे। यशस्वी की बल्लेबाजी की सबसे खास बात यह रही है कि वह करीब 100 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। उन्होंने 51 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। यशस्वी ने चौके के साथ फिफ्टी पूरी की। 24 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 118 रन है। यशस्वी 50 रन और कप्तान रोहित 62 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

09:18 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: रोहित-यशस्वी के बीच शतकीय साझेदारी

रोहित और यशस्वी के बीच लगातार दूसरे टेस्ट में शतकीय साझेदारी हुई है। इससे पहले डोमिनिका टेस्ट में दोनों के बीच 229 रन की साझेदारी हुई थी। टेस्ट क्रिकेट में बतौर भारतीय ओपनर सबसे ज्यादा बार लगातार शतकीय साझेदारी के मामले में रोहित और यशस्वी की जोड़ी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार लगातार शतकीय साझेदारी करने वाली भारतीय ओपनिंग जोड़ी वीरेंद्र सहवाग और मुरली विजय की है। इन दोनों ने 2008-09 में लगातार तीन बार शतकीय साझेदारी की थी। इसके बाद दूसरे स्थान पर रोहित-यशस्वी के अलावा सुनील गावस्कर-फारुख इंजीनियर (1973-74), सुनील गावस्कर-अंशुमन गायकवाड़ (1976), सुनील गावस्कर-अरुण लाल (1982) और सदगोपन रमेश और देवांग गांधी (1999 हैं। किसी एक सीरीज में लगातार दो बार शतकीय साझेदारी करने वाली ओपनिंग जोड़ी के मामले में रोहित-यशस्वी की जोड़ी दूसरे स्थान पर है। इससे पहले सदगोपन और देवांग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1999 टेस्ट सीरीज में ऐसा किया था।

09:05 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: रोहित शर्मा का अर्धशतक

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पारी के 20वें ओवर में छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 15वां अर्धशतक रहा। 74 गेंदों पर रोहित ने फिफ्टी लगाई। भारत का स्कोर फिलहाल बिना विकेट गंवाए 98 रन है। यशस्वी जायसवाल 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

08:19 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: रोहित और यशस्वी ने एक-एक छक्का लगाया

भारत ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 41 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 20 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन और कप्तान रोहित शर्मा 41 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित ने भी अब तक एक छक्का लगाया है।

07:48 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: यशस्वी और रोहित क्रीज पर

भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। चार ओवर में टीम इंडिया ने बिना विकेट गंवाए आठ रन बना लिए हैं। यशस्वी ने ऑफ स्टंप पर आई पहली बॉल को स्क्वायर बाउंड्री पर खेल तीन रन बटोरे। फिलहाल रोहित दो रन और यशस्वी तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:09 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा, ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, जयदेव उनादकट, मुकेश कुमार, मोहम्मद सिराज।

वेस्टइंडीज: क्रेग ब्रेथवेट (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, किर्क मैकेंजी, जर्मेन ब्लैकवुड, एलिक अथानाजे, जोशुआ डा सिल्वा (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, अल्जारी जोसेफ, केमार रोच, जोमेल वारिकन, शैनन गेब्रियल।

06:47 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला

वेस्टइंडीज और भारत के बीच ऐतिहासिक 100वें टेस्ट में विंडीज के कप्तान क्रेग ब्रेथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। यह विराट कोहली का 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का ही फैसला लेते। ऐसे में टॉस हारकर भी वह खुश हैं। बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने जा रहे हैं। उन्हें शार्दुल ठाकुर की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। रोहित ने बताया कि शार्दुल अनफिट हैं। 

06:47 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: अश्विन-जडेजा से निपटना विंडीज की चुनौती

डोमनिका टेस्ट में वेस्टइंडीज के लिए एलिक अथानाजे ही चल पाए थे। उन्होंने अपने पहले टेस्ट की पहली पारी में 47 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के सामने भारतीय स्पिन जोड़ी रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा से निपटने की सबसे बड़ी चुनौती होगी। अश्विन ने डोमनिका में 12 विकेट लिए थे। उन्होंने आठवीं बार टेस्ट में 10 या उससे अधिक विकेट लेकर अनिल कुंबले की बराबरी की।

06:46 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: अक्षर को मिल सकता है मौका

डोमिनिका की धीमी और टर्न लेती पिच पर रहाणे नहीं चल पाए थे। उम्मीद की जा रही है कि पोर्ट ऑफ स्पेन में भी स्पिन पिच मिलेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए वेस्टइंडीज ने बल्लेबाजी ऑलराउंडर रेमन रीफर की जगह स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर केविन सिंक्लेयर को टीम में लिया है। अगर पिच का मिजाज डोमनिका सरीखा निकला तो जयदेव उनादकट या फिर शार्दुल ठाकुर की जगह पर स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया जा सकता है।

06:46 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: रहाणे को बनाने होंगे रन

भारतीय टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी चिंता अजिंक्य रहाणे हैं। वेस्टइंडीज के बाद भारत को अगली टेस्ट सीरीज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर में खेलनी है। ऐसे में रहाणे के पास अपने को टेस्ट टीम में वापस लाने के लिए बड़ी पारी खेलने का यह अंतिम मौका होगा। बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ भी कह चुके हैं कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए रहाणे का फॉर्म में आना काफी अहम होगा। यह भी ध्यान रखना होगा कि डोमनिका में भारत को एक पारी में ही बल्लेबाजी का मौका मिला था। यहां भी ऐसा हो सकता है। ऐसे में रहाणे को पहली पारी में ही रन बनाने होंगे।

06:45 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: विराट का होगा 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच

टीम इंडिया इस टेस्ट मैच के लिए कोई बड़ा परिवर्तन नहीं करने जा रही है। कॅरिअर के अपने पहले टेस्ट मैच में 171 रन की पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल एक बार फिर रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करेंगे। शुभमन गिल पहले टेस्ट में नहीं चल पाए थे। उनके पास रन बनाने का मौका होगा। डोमनिका में 76 रन की धीमी पारी खेलने वाले विराट कोहली के लिए यह टेस्ट मैच खास होगा। यह उनका पांच सौवां अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। कोहली 110 टेस्ट मैच, 274 वनडे और 115 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके हैं। सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और राहुल द्रविड के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह चौथे भारतीय और विश्व के 10वें क्रिकेटर होंगे।

06:44 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: लगातार सात टेस्ट विंडीज से जीत चुका भारत

भारत और वेस्टइंडीज ने अब तक 99 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 30 में वेस्टइंडीज को और 23 में भारत को जीत हासिल हुई है। 46 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। लेकिन बीते 21 वर्षों से वेस्टइंडीज ने भारत से कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है। इस दौरान दोनों टीमों ने 24 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें भारत को 15 में जीत हासिल हुई है। नौ टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। 2016 के बाद से दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की यह चौथी सीरीज है और भारत ने यह सातों टेस्ट मैच जीते हैं। पोर्ट ऑफ स्पेन में टीम इंडिया अपने इस शत-प्रतिशत रिकॉर्ड को कायम रखने के लिए उतरेगी।

06:43 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live Score: दोनों टीमों के बीच 100वां टेस्ट

दोनों टीमों के बीच यह सौवां टेस्ट मैच होगा। रोहित शर्मा को उम्मीद है इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज उन्हें टक्कर देगी। वहीं टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम में परिवर्तन की उम्मीद कम है। उसे पहले टेस्ट में सस्ते में आउट होने वाले अजिंक्य रहाणे से इस टेस्ट में रनों की उम्मीद होगी।

06:42 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI Live:

बीते 21 सालों में टीम इंडिया का वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमें इस अवधि में यह नौवीं टेस्ट सीरीज खेल रही हैं। खास बात यह है कि पिछली आठ टेस्ट सीरीज पर टीम इंडिया का कब्जा रहा है।

06:35 PM, 20-Jul-2023

IND vs WI 2nd Test Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर 288/4, कोहली-जडेजा के बीच शतकीय साझेदारी

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट की शुरुआत हुई है। डोमिनिका में खेला गया पहला टेस्ट टीम इंडिया ने पारी और 141 रन से जीता था। वहीं दूसरा टेस्ट त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें