भारत और वेस्टइंडीज के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने 365 रन का लक्ष्य रखा है। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने दो विकेट पर 76 रन बना लिए हैं। चौथे दिन का खेल भी बारिश से बाधित रहा। दूसरे सत्र का खेल लगभग बारिश से धुल गया। ऐसे में पांचवें दिन भी खेल आधे घंटे पहले शुरू होगा। भारत के पास वेस्टइंडीज के आठ विकेट लेने के लिए करीब 98 ओवर होंगे। वहीं, वेस्टइंडीज को जीत के लिए 289 रन की जरूरत है। भारत ने पहली पारी में 438 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी 255 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया को 183 रन की बढ़त हासिल हुई। भारत ने दूसरी पारी दो विकेट पर 181 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और कुल 364 रन की बढ़त हासिल की। इस तरह वेस्टइंडीज को 365 रन का लक्ष्य मिला।
वेस्टइंडीज को तीन ओवर के अंदर दो झटके लगे हैं। ये दोनों विकेट रविचंद्रन अश्विन ने लिए हैं। उन्होंने पहले विंडीज की दूसरी पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान ब्रेथवेट (28) को चलता किया। फिर 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर अश्विन ने किर्क मैकेंजी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मैकेंजी खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल तेजनारायण चंद्रपॉल और जरमेन ब्लैकवुड क्रीज पर मौजूद हैं। वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 44 रन है। जीत के लिए उन्हें अब भी 321 रन की जरूरत है।
वेस्टइंडीज को दूसरी पारी में 38 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अश्विन ने विंडीज के कप्तान क्रेग ब्रेथवेट को उनादकट के हाथों कैच कराया। ब्रेथवेट 52 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल तेजनारायण चंद्रपॉल और किर्क मैकेंजी क्रीज पर हैं।
अपनी दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने बिना कोई विकेट गंवाए 29 रन बना लिए हैं। फिलहाल तेजनारायण चंद्रपॉल 48 गेंदों में तीन रन और कप्तान क्रेग ब्रेथवेट 43 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाज 15 ओवर की गेंदबाजी कर चुके हैं।
365 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 14 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान क्रेग ब्रेथवेट 12 रन और तेजनारायण चंद्रपॉल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत ने वेस्टइंडीज के सामने 365 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 181 रन बनाकर घोषित कर दी। वेस्टइंडीज के सामने आज तीसरा सत्र और कल पूरे दिन का समय होगा। आज दूसरा सत्र बारिश से धुल गया। वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में आज पांच विकेट पर 229 रन से आगे खेलना शुरू किया। सिराज की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने आज 7.4 ओवर में वेस्टइंडीज के बाकी बचे पांच विकेट चटका दिए। सिराज ने कुल मिलाकर पांच विकेट लिए। वहीं, मुकेश को दो विकेट मिले। भारत ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए थे। वहीं, वेस्टइंडीज की पहली पारी 255 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत को 183 रन की बढ़त हासिल हुई। वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन बचा लिया था, इस वजह से भारत को बैटिंग के लिए उतरना पड़ा और 181 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी। इस तरह टीम इंडिया की कुल बढ़त 364 रन की हुई और विंडीज को 365 रन का लक्ष्य दिया।
अपनी दूसरी पारी में टीम इंडिया ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने 71 गेंदों में 98 रन की साझेदारी कर डाली। कप्तान रोहित ने टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक सिर्फ 35 गेंदों में लगाया। रोहित 44 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। भारत की दूसरी पारी में 12वें ओवर में बारिश ने खलल डाला था। तब समय से पहले लंच ले लिया गया। दूसरे सत्र में तीन ओवर का खेल और हुआ और फिर बारिश आ गई। हालांकि, इन तीन ओवर में टीम इंडिया ने यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया। वह 30 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने 68 गेंदों में 79 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। ईशान ने 33 गेंदों में टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। ईशान के अर्धशतक के साथ ही रोहित ने पारी घोषित कर दी। ईशान 34 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से 52 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, शुभमन 37 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 157 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल और ईशान किशन के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी हो चुकी है। शुभमन 26 रन और ईशान 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
बारिश से दूसरा सत्र धुलने के बाद तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। ईशान और शुभमन क्रीज पर हैं। ये देखने वाली बात होगी कि टीम इंडिया कितने रन पर पारी घोषित करती है।
भारत-वेस्टइंडीज के बीच चौथे दिन का दूसरा सत्र पूरी तरह से धुल गया। अब अंपायरों ने समय से पहले टी-टाइम ले लिया है। बारिश नहीं हुई तो तीसरा सत्र करीब तीन घंटे और 15 मिनट का हो सकता है। बारिश नहीं हुई तो करीब 20 मिनट में मैच शुरू हो जाएगा। भारत ने फिलहाल दूसरी पारी में दो विकेट पर 118 रन बना लिए हैं। टीम की कुल बढ़त अब तक 301 रन की हो चुकी है।
भारत की दूसरी पारी में बारिश काफी खलल डाल रहा है। 12वें ओवर में बारिश ने खलल डाला था। इसके बाद खेल दोबारा शुरू हुआ और तीन ओवर के बाद फिर से बारिश होने लगी है। 15 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज पर टीम इंडिया की कुल बढ़त 301 रन की हो गई है। फिलहाल शुभमन गिल 10 रन और ईशान किशन आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। बारिश को देखते हुए दूसरी पारी में भारत ने तूफानी शुरुआत की थी। वेस्टइंडीज फॉलोऑन बचाने में कामयाब रहा था। ऐसे में रोहित और यशस्वी ने पहले विकेट के लिए 71 गेंदों में 98 रन की साझेदारी निभा डाली। कप्तान रोहित ने टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक सिर्फ 35 गेंदों में लगाया। रोहित 44 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बारिश और लंच के बाद के खेल में यशस्वी भी आउट हो गए। उन्हें वारिकन ने आउट किया। यशस्वी 30 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को लंच ब्रेक के ठीक बाद 102 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल के रूप में झटका लगा। यशस्वी 30 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वारिकन ने विकेटकीपर जोशुआ के हाथों कैच कराया। फिलहाल दूसरी पारी में भारत ने 15 ओवर में दो विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 10 रन और ईशान किशन आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
बारिश की वजह से खेल को रोका गया है। कवर्स से पिच को ढक दिया गया है। अंपायर्स ने समय से पहले लंच का एलान किया। दूसरी पारी में भारत ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 8.17 के रन रेट से 98 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 37 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, शुभमन गिल का खाता नहीं खुला है। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा ने 35 गेंदों में टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक लगाया। वह 44 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पहली पारी में 438 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज को पहली पारी में 255 रन पर समेट दिया था और 183 रन की बढ़त हासिल की थी। अब दूसरी पारी में लंच तक टीम इंडिया की कुल बढ़त 281 रन की हो चुकी है।
दूसरी पारी में भारत को 98 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 44 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें शैनन गैब्रियल ने अल्जारी जोसेफ के हाथों कैच कराया। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल क्रीज पर हैं।
कप्तान रोहित शर्मा ने 35 गेंदों पर टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक लगाया। टीम इंडिया ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 90 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम दूसरी पारी में नौ के रन रेट से रन बना रही है। यशस्वी भी 22 गेंदों में 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया की कुल बढ़त 273 रन की हो चुकी है।
दूसरी पारी में टीम इंडिया ने तेज शुरुआत की है। छह ओवर में भारत ने बिना विकेट गंवाए 53 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 24 गेंदों में 30 रन और यशस्वी जायसवाल 13 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया की कुल बढ़त 236 रन की हो चुकी है।
वेस्टइंडीज की पहली पारी चौथे दिन 255 के स्कोर पर सिमट गई। भारत ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए थे। इस तरह भारत को 183 रन की लीड मिली है। हालांकि, विंडीज ने फॉलोऑन बचा लिया। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। वहीं, मुकेश कुमार और रवींद्र जडेजा को दो-दो विकेट मिले।
वेस्टइंडीज ने आज पांच विकेट पर 229 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपने स्कोर में 26 रन ही जोड़ सके और पांच विकेट गंवा दिए। आज वेस्टइंडीज को सबसे पहला झटका एलिक अथानाजे के रूप में लगा। उन्हें डेब्यूटांट मुकेश ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। अथानाजे 37 रन बना सके। इसके बाद सिराज का कहर देखने को मिला और बाकी चार विकेट लेकर विंडीज की पारी को समेट दिया। उन्होंने जेसन होल्डर (15) अल्जारी जोसेफ (4), केमार रोच (4) और शैनन गैब्रियल (0) को आउट किया। जोमेल वारिकन सात रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले वेस्टइंडीज को पहला झटका शुक्रवार को तेजनारायण चंद्रपॉल के रूप में लगा था। वह 33 रन बना पाए थे। उन्होंने कप्तान क्रेग ब्रेथवेट के साथ 71 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी। तीसरे दिन (शनिवार) वेस्टइंडीज ने एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया। ब्रेथवेट ने किर्क मैकेंजी के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। मुकेश ने मैकेंजी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। यह मुकेश का पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट रहा। ब्रेथवेट ने कप्तानी पारी खेलते हुए 170 गेंदों पर टेस्ट करियर का 29वां अर्धशतक लगाया।
इसके बाद ब्रेथवेट ने जरमेन ब्लैकवुड के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। ब्रेथवेट को अश्विन को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 235 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 75 रन बनाए। जोशुआ डा सिल्वा को सिराज ने क्लीन बोल्ड किया।
वेस्टइंडीज को 244 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। सिराज ने अल्जारी जोसेफ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह चार रन बना सके। फिलहाल केमार रोच और जोमेल वारिकल क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज का स्कोर आठ विकेट पर 250 रन के पार है। भारत से अभी भी टीम 180+ रन पीछे है।
वेस्टइंडीज को 233 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। सिराज ने जेसन होल्डर को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। होल्डर 44 गेंदों में 15 रन बना सके। विंडीज ने सात विकेट पर 243 रन बना लिए हैं। साथ ही फॉलोऑन भी बचा लिया है। फिलहाल अल्जारी जोसेफ और केमार रोच भी क्रीज पर हैं।
चौथे दिन के पहले ओवर और वेस्टइंडीज की पहली पारी के 109वें ओवर में टीम को छठा झटका लगा। मुकेश कुमार ने एलिक अथानाजे को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 115 गेंदों में 37 रन बना सके। वेस्टइंडीज का स्कोर फिलहाल छह विकेट पर 229 रन है। अल्जारी जोसेफ और जेसन होल्डर क्रीज पर हैं। मुकेश का यह अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मैच है। अब तक वह दो विकेट ले चुके हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है। शनिवार को खेल बारिश की वजह से बाधित रहा था। इस वजह से आज आधे घंटे पहले मैच की शुरुआत हुई। भारत ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 229 रन बना लिए हैं। आज चौथे दिन का खेल जारी है।