भारत ने श्रीलंका को दूसरे टी-20 मैच में सात विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी ले ली है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 183 रन बनाए। पाथुम निसांका ने 53 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली।
इसके अलावा कप्तान दसुन शनाका ने 19 गेंदों पर 47 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला। श्रीलंका ने आखिरी पांच ओवर में 80 रन बनाए थे।
जवाब में भारत ने 17.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर ने 44 गेंदों पर 74 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और चार छक्के लगाए। श्रेयस को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 18 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन की नाबाद पारी खेली।
वहीं, संजू सैमसन ने 25 गेंदों पर 39 रन बनाए। इसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल हैं। कप्तान रोहित शर्मा दो गेंदों पर एक रन और ईशान किशन 15 गेंदों पर 16 रन बना सके। श्रीलंका की ओर से लाहिरु कुमार ने दो और दुष्मंथा चमीरा ने एक विकेट लिया।
रोहित शर्मा घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 2017 में पहली बार टीम की कमान संभाली थी। तब से भारत ने उनकी कप्तानी में घर में 17 मैच खेले हैं। इसमें से टीम ने 16 मुकाबले जीते, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा। रोहित ने इंग्लैंड के इयोन मॉर्गन और न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन को पीछे छोड़ दिया।
दोनों की कप्तानी में उनकी टीम ने घरेलू मैदान पर 15-15 मैच जीते हैं। भारत की ओर से रोहित के बाद विराट कोहली का नाम आता है। विराट की कप्तानी में घरेलू मैदान पर भारत ने 23 टी-20 मैच खेले थे। इसमें से 13 जीते और नौ में हार मिली। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह भारत की लगातार 11वीं जीत है। अब भारत वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी से सिर्फ एक जीत दूर है। अफगानिस्तान ने लगातार 12 टी-20 मैच जीते थे। रोहित की कप्तानी में यह लगातार तीसरी टी-20 सीरीज और ओवरऑल चौथी सीरीज जीत है।
उन्होंने इस दौरान पिछले साल न्यूजीलैंड को टी-20 सीरीज में 3-0 से, इस साल वेस्टइंडीज को वनडे और टी-20, दोनों सीरीज में 3-0 से हराया और अब श्रीलंका पर भी 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने टी-20 विश्व में भी आयरलैंड, नामीबिया और अफगानिस्तान को हराया था। भारत ने घरेलू जमीन पर टी-20 फॉर्मेट में लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम की है।
रविंद्र जडेजा ने मैच को पूरी तरह से भारत के पक्ष में मोड़ दिया है। उन्होंने दुश्मांता चमीरा के तीसरे ओवर में तीन चौके और एक छक्का समेत कुल 22 रन बटोरे। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 175/3, रवींद्र जाडेजा (39*), श्रेयस अय्यर (69*)
भारत ने पिछले दो ओवर में 24 रन बटोरे हैं और अब उसे जीत के लिए आखिरी 30 गेंदों में 31 रन की दरकार है।
सीरीज में पहली बार बल्लेबाजी करने उतरे संजू सैमसन ने लहिरु कुमारा के तीसरे ओवर में आक्रामक रूप दिखाते हुए तीन छक्के और एक चौका समेत कुल 23 रन बटोरे। हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर सैमसन ने जोरदार शॉट खेला लेकिन स्लिप में बिनुरा फर्नांडो के हाथों कैच आउट हुए। सैमसन ने आउट होने से पहले 25 गेंदों में 39 रन बनाए। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 128/3, श्रेयस अय्यर (64*), रविंद्र जडेजा (0*)
श्रीलंका के खिलाफ श्रेयस अय्यर की तूफानी बल्लेबाजी जारी है। उन्होंने 30 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। अभी तक वह पांच चौके और तीन छक्के लगा चुके हैं। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां अर्धशतक रहा। 11 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। श्रेयस फिलहाल 31 गेंदों पर 54 रन और संजू सैमसन 18 गेंदों पर 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच पचास से ज्यादा रन की साझेदारी भी हो चुकी है। श्रेयस ने श्रीलंका के खिलाफ पिछले टी-20 में भी अर्धशतक जमाया था। उन्होंने 28 गेंदों पर 57 रन की नाबाद पारी खेली थी।
10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 27 गेंदों पर 45 रन और संजू सैमसन 16 गेंदों पर 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अभी तक तीसरे विकेट के लिए 29 गेंदों पर 36 रन की साझेदारी हो चुकी है। नौवें ओवर में श्रीलंकाई स्पिनर जयविक्रमा गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर श्रेयस ने लगातार दो छक्के जड़े।
भारत की सलामी जोड़ी इस बार कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। रोहित के बाद ईशान किशन भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। उन्हें लहिरु कुमारा ने शनाका के हाथों 15 रन पर आउट कराया। 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 46/2, श्रेयस अय्यर (24*), संजू सैमसन (1*)
श्रीलंका के 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद ख़राब हुई है। टीम के कप्तान रोहित शर्मा पहले ही ओवर में एक रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें दुश्मांता चमीरा ने आखिरी गेंद पर बोल्ड कर दिया। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर: 9/1, इशान किशन (7*), श्रेयस अय्यर (0*)
भारत की तरफ से युजवेंद्र चहल ने 16वें ओवर में 8, हर्षल पटेल ने 17वें ओवर में 19, जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर में 14, भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 16 रन और फिर आखिरी ओवर में हर्षल ने 23 रन लुटाये। इस तरह भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी 30 गेंदों में 80 रन खर्च दिए। इसमें हर्षल पटेल ने अकेले 42 रन लुटाये।
हर्षल पटेल अपने तीसरे ओवर में बेहद महंगे साबित हुए। उनके इस ओवर में श्रीलंका ने 19 रन बटोर लिए। 17 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 130/4, पथुम निसंका (60*), दसून शनका (15*)
पाथुम निसंका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने बेहद संयम भरी पारी खेली। यह उनके टी-20 करियर का पांचवां अर्धशतक भी है।
जसप्रीत बुमराह ने दूसरे स्पेल में वापसी के साथ ही विकेट हासिल किया। उन्होंने अपने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर दिनेश चांदीमल को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। श्रीलंका के 100 रन भी पूरे हो गये। 15 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 103/4, पथुम निसंका (48*), दसून शनाका (1*)
हर्षल पटेल ने पहले ओवर में 10 रन देने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में महज पांच रन देकर कामिल मिशारा को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। 11 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 76/3, पथुम निसंका (31*), दिनेश चांदीमल (0*)
युजवेंद्र चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक सफल और किफायती ओवर समाप्त किया। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में महज दो रन देकर एक बड़ा विकेट अपने नाम किया। 10 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 71/2, पथुम निसंका (27*), कामिल मिशारा (0*)
रविंद्र जडेजा ने भारत को पहली सफलता दिला दी है। हालांकि उन्होंने अपने दूसरे ओवर में 18 रन भी खर्चे लेकिन शुरू की तीन गेंदों पर 16 रन खाने के बाद उन्होंने दनुष्का गुनातिलका को 38 के स्कोर पर वेंकटेश के हाथों कैच कराया। 9 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 69/1, चरिथ असलंका (1*), पथुम निसंका (26*)
श्रीलंका की तरफ से पथुम निसंका और दनुष्का गुनातिलका ने मिलकर पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया है। आठ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 51/0, पथुम निसंका (25*), दनुष्का गुनातिलका (22*)
भारत ने गेंदबाजी में पहला बदलाव करते हुए हर्षल पटेल को गेंद थमाई है। हालांकि, वह अपने पहले ओवर में थोड़े महंगे साबित हुए और 10 रन लुटाये। 5 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 25/0, पथुम निसंका (8*), दनुष्का गुनातिलका (13*)
भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाजों के रन पर अंकुश लगाया है। तीन ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 13/0, पथुम निसंका (2*), दनुष्का गुनातिलका (7*)
श्रीलंका की तरफ से इस बार नई सलामी जोड़ी मैदान पर है। पथुम निसंका और दनुष्का गुनातिलका ने पारी की शुरुआत की है जबकि भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने नई गेंद संभाली है
भारत ने जीता टॉस, श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 में पहले गेंदबाजी का फैसला
रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत और बर्फीली पहाड़ियों के बीच धर्मशाला में स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहुंच चुकी है।
भारतीय टीम ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए श्रीलंका को पहले टी-20 मैच में एकतरफा शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने लखनऊ में खेले गए मुकाबले में 199 रन बनाने के बाद श्रीलंका को 137 रनों पर रोक दिया था।