भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांचवां टी-20 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया है। बारिश ने आज के मैच में दो बार खलल डाला। पहले टॉस के बाद बारिश की वजह से 50 मिनट तक मैच रुका रहा। शाम सात बजे से मैच शुरू होने की जगह 7 बजकर 50 मिनट पर मैच की शुरुआत हुई। एक-एक ओवर दोनों पारियों से काटे गए और मैच 19 ओवर का होना था। हालांकि, भारतीय पारी के 3.3 ओवर के बाद ही दोबारा बारिश शुरू हुई और इसके बाद यह रुकी नहीं। जब दोबारा बारिश शुरू हुई तब टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट पर 28 रन था।
पांचवें टी-20 के लिए कोई रिजर्व डे नहीं था, ऐसे में अंपायर ने मैच को रद्द करने का फैसला लिया। पांच मैचों की टी-20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। दक्षिण अफ्रीका ने 2010 के बाद से भारतीय सरजमीं पर सीमित ओवरों की सीरीज नहीं हारने के अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। ऋषभ पंत भी बतौर कप्तान पहली सीरीज जीतने से चूक गए।
अब भारतीय टी-20 टीम हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में आयरलैंड जाएगी। वहीं, रोहित शर्मा के नेतृत्व में टेस्ट टीम इंग्लैंड दौरे पर है। आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया 26 और 28 जून को दो मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। वहीं, टेस्ट टीम एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन-तीन मैचों की टी-20 और वनडे सीरीज भी खेलनी है।
बारिश की वजह से दोबारा मैच को रुके पिछले एक घंटे से ज्यादा समय हो चुका है। जब मैच रुका था, तब पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया का स्कोर 3.3 ओवर में दो विकेट पर 28 रन था। पहले ही ये मैच 19 ओवर का हो चुका है। अब इतनी देर से बारिश होने की वजह से और ओवर्स घटाए जा सकते हैं।
बारिश की वजह से एकबार फिर मैच को रोक दिया गया है। यह आज दूसरी बार है जब बारिश की वजह से मैच रुका है। इससे पहले टॉस के बाद करीब 50 मिनट कर मैच बाधित रहा था। सात बजे की जगह मैच की शुरुआत सात बजकर 50 मिनट पर हुई थी। इस वजह से दोनों पारियों से एक-एक ओवर काट लिए गए थे। यह मैच 19 ओवर का हो रहा है।
अब ज्यादा बारिश होने पर और ओवर कम हो सकते हैं। फिलहाल 3.3 ओवर में भारत ने दो विकेट गंवाकर 28 रन बना लिए हैं। दोनों ओपनर्स ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ पवेलियन लौट चुके हैं। ईशान सात गेंदों में 15 रन और ऋतुराज 12 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
चौथे ओवर में 27 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। लुंगी एनगिडी ने मैच में अपना दूसरा विकेट लिया। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को ड्वेन प्रिटोरियस के हाथों कैच कराया। ऋतुराज 12 गेंदों पर 10 रन बना सके। इस टी-20 सीरीज में ऋतुराज का फॉर्म चिंता का विषय रहा है। एक मैच को छोड़कर बाकी सभी मैचों में वह फेल रहे हैं। पांच मैचों में ऋतुराज के नाम सिर्फ एक अर्धशतक है। फिलहाल श्रेयस अय्यर और कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
दूसरे ओवर में 20 के स्कोर पर भारतीय टीम को पहला झटका लगा। लुंगी एनगिडी ने ईशान किशन को क्लीन बोल्ड किया। वह सात गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। इसमें दो छक्के शामिल हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं।
शाम सात बजकर 50 मिनट पर मैच की शुरुआत हुई। भारतीय ओपनर्स ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ मैदान पर हैं। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान केशव महाराज ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 16 रन हैं। ईशान ने पहले ओवर में दो छक्के लगाए।
करीब 15 मिनट की भारी बारिश के बाद अब यह रुक चुकी है। सुपरसोपर्स अपने काम लगे हुए हैं। मैच की शुरुआत 7:50 मिनट पर होगी। यानी 50 मिनट की देरी से मुकाबला शुरू होगा। अंपायर्स ने दोनों टीमों के एक-एक ओवर घटा दिए हैं। यानी 19 ओवर का मैच होगा। पारी समाप्त होने पर टीमों को 10 मिनट का समय मिलेगा। टॉस के बाद ही बारिश शुरू हो गई थी। इसलिए अब तक एक भी गेंद नहीं फेंकी गई है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।
मैच शुरू होने से कुछ मिनट पहले तेज बारिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से शाम सात बजे से मुकाबला शुरू नहीं हो सका। बेंगलुरु में फिलहाल बहुत तेज बारिश हो रही है और पिच को कवर कर दिया गया है। वेदर.कॉम ने खेल के दौरान बारिश की 76% संभावना की भविष्यवाणी जताई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि इससे खेल के शुरुआत में बाधा आ सकती है और ऐसा हुआ भी है। दिन में तापमान 27 डिग्री सेल्सियस (19 जून, रविवार) और रात में 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
कवर्स लेकर दौड़ते मैदान कर्मचारी
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, रसी वान डर डुसन, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन, ट्रिस्टन स्टब्स, ड्वेन प्रीटोरियस, कगिसो रबाडा, केशव महाराज (कप्तान), लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्त्जे।
भारत: ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पांचवें टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दक्षिण अफ्रीका के नियमित कप्तान तेम्बा बावुमा चोटिल होने की वजह से ये मैच नहीं खेल रहे हैं। उन्हें पिछले मैच में कोहनी पर चोट लगी थी। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान महाराज ने प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए हैं। ट्रिस्टन स्टब्स, रीजा हेंड्रिक्स और कगिसो रबाडा की टीम में वापसी हुई है। वहीं, बावुमा, यानसेन और तबरेज शम्सी को बाहर किया गया है। भारतीय कप्तान ऋषभ पंत ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुल आठ टी-20 खेले गए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम तीन मैच जीती है। पहले बॉलिंग करने वाली टीम ने पांच मैचों में जीत हासिल की है। एवरेज फर्स्ट इनिंग्स स्कोर 153 रन है। वहीं, एवरेज सेकंड इनिंग्स स्कोर 144 रन है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम बल्लेबाजों की मददगार मानी जाती है। पिच शानदार है और यहां बाउंड्री छोटी हैं। आउटफील्ड भी तेज है। कुल मिलाकर यह पिच गेंदबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। स्पिनर्स को सावधान रहने की जरूरत होगी, क्योंकि इस मैदान पर बहुत ज्यादा फुल या शॉर्ट गेंदबाजी करना उन्हें भारी पड़ सकता है।
भारत ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में पांच टी-20 मैच खेले हैं। इसमें से टीम इंडिया को तीन में हार मिली है। भारतीय टीम इस मैदान पर पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हार चुकी है।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड शानदार है। दोनों टीमों के बीच इस मैदान में एक ही मैच खेला गया है। साल 2019 में अफ्रीकी टीम ने इस मैदान में भारत को नौ विकेट से हराया था। हालांकि, भारत के युजवेन्द्र चहल का रिकॉर्ड इस मैदान पर शानदार है। उन्होंने अपने टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैदान पर किया था, जब इंग्लैंड के खिलाफ चहल ने 25 रन देकर छह विकेट लिए थे।
पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत का रिकॉर्ड शानदार है। भारत ने दो बार पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली और दोनों में जीत हासिल की है। इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर में भारत ने 3-2 से सीरीज जीती थी, जबकि न्यूजीलैंड को उसके घर में 5-0 से हराया था।
भारत ने अब तक अपने देश में दक्षिण अफ्रीका से कोई टी20 सीरीज नहीं जीती है और टीम इंडिया के पास पहली बार अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से टी20 सीरीज जीतने का मौका है। इससे पहले भारत ने अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से दो टी20 सीरीज खेली और पहली सीरीज में उसे हार का सामना करना पड़ा, जबकि दूसरी सीरीज एक-एक की बराबरी पर छूटी थी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला आज बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 2-2 की बराबरी पर है और आज जीतने वाली टीम ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाएगी। सीरीज के पहले दो मैच हारने के बाद टीम इंडिया ने वापसी की और पिछले दो मैचों में जीत हासिल की। ऋषभ पंत आज जीतकर अपनी कप्तानी में पहली सीरीज जीतना चाहेंगे।