फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA 2nd T20: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराया, 2-0 की अजेय बढ़त बनाई, मिलर का शतक बेकार

Sun, 02 Oct 2022 11:22 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

खास बातें

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत ने 16 रन से जीत लिया है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 238 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 221 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ भारत ने पहली बार अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से टी20 सीरीज में जीत हासिल की है।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:08 PM, 02-Oct-2022

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराया

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 237 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में 61 रन और केएल राहुल ने 28 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी शानदार अंदाज में रन चेज किया। अर्शदीप सिंह ने अफ्रीकी पारी के दूसरे ओवर में ही दो विकेट ले लिए थे। तब लगा था कि दक्षिण अफ्रीकी टीम फिर से चोक कर जाएगी, लेकिन इसके बाद डेविड मिलर और क्विंटन डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी की। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 174 रन की नाबाद साझेदारी की। मिलर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना दूसरा शतक लगाया। वह 47 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के की मदद से 106 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, डिकॉक 48 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद रहे। 

भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने पहली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर टी20 सीरीज अपने नाम की है। कप्तान रोहित शर्मा के नाम यह उपलब्धि जुड़ गई है। इससे पहले 2015 में द.अफ्रीका ने भारत को 2-0 से हराया था। वहीं, 2019 में दोनों टीमों के बीच सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। वहीं, 2022 में पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। पांचवां मैच बारिश के कारण धुल गया था।

11:03 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 के पार

दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। क्विंटन डिकॉक और डेविड मिलर के बीच 150 रन की साझेदारी हो चुकी है। अब दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए आखिरी ओवर में 37 रन की जरूरत है।

10:50 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दीपक के ओवर ने पलटा मैच

दीपक चाहर के एक ओवर ने मैच भारत के पक्ष में डाल दिया है। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में सिर्फ आठ रन दिए और भारत की पकड़ मजबूत हो गई। अब दक्षिण अफ्रीका को मैच जीतने के लिए अंतिम दो ओवरों में 63 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:40 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: डिकॉक का भी अर्धशतक पूरा

डेविड मिलर के बाद क्विंटन डिकॉक ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 39 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। ये दोनों दक्षिण अफ्रीका को मैच में बनाए हुए हैं, लेकिन अफ्रीकी टीम के लिए जीत हासिल करना बहुत मुश्किल होगा। 16 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 156 रन हो चुका है।

10:35 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: डिकॉक और मिलर के बीच शतकीय साझेदारी

क्विंटन डिकॉक और डेविड मिलर के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका का स्कोर भी 150 रन के पार जा चुका है। दोनों बल्लेबाज अब लय पकड़ चुके हैं और तेजी से रन बना रहे हैं। 

विज्ञापन
10:29 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: डेविड मिलर का अर्धशतक पूरा

डेविड मिलर ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और तीन चौके लगाए हैं। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 125 रन हो चुका है। मिलर और डिकॉक के बीच 78 रन की साझेदारी हो चुकी है, लेकिन अभी भी दक्षिण अफ्रीका को मैच जीतने के लिए बहुत ही बेहतरीन बल्लेबाजी करनी होगी।

10:17 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 के पार

डेविड मिलर और क्विंटन डिकॉक की जोड़ी ने अर्धशतकीय साझेदारी कर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 100 रन के पार पहुंचा दिया है। दोनों मिलकर अपनी टीम को मैच में वापस लाए हैं, लेकिन 238 रन के लक्ष्य का पीछा करना इन दोनों के लिए भी आसान नहीं होगा। 13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 110 रन है।

10:06 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर में 70 रन बनाए

दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर में 70 रन बनाए हैं। अब मैच में भारत की पकड़ मजबूत हो चुकी है। अफ्रीकी टीम को बाकी 10 ओवर में जीत के लिए 168 रन की जरूरत है। क्विंटन डिकॉक और डेविड मिलर क्रीज पर हैं, लेकिन इन दोनों के लिए भी इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना बहुत मुश्किल होगा।

09:51 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा

अक्षर पटेल ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने एडेन मार्करम को क्लीन बोल्ड किया। मार्करम ने 19 गेंद में 33 रन बनाए। आठ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 55 रन है।

09:48 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में 45 रन बनाए

दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में दो विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। खराब शुरुआत के बाद एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ने दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभाला और टीम को धीरे-धीरे मैच में वापस ला रहे हैं।

09:33 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 13 रन

दक्षिण अफ्रीका ने तीन ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 13 रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक पांच और एडेन मार्करम सात रन बनाकर खेल रहे हैं। इन दोनों ने दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभाला है। पांच ओवर के बाद अफ्रीकी टीम ने दो विकेट पर 29 रन बना लिए हैं।

09:21 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: खराब रोशनी की कारण रुका मैच

खराब रोशनी की वजह से मैच रुक गया है। भारत के 237 रन के जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 2.1 ओवर में दो विकेट खोकर पांच रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक पांच और एडेन मार्करम शून्य के स्कोर पर खेल रहे हैं। इससे पहले मैदान में सांप दिखने की वजह से भी मैच रुका था, लेकिन जल्द ही मैच शुरू हो गया था। इस बार मैदान की एक फ्लड लाइट काम नहीं कर रही थी। इस वजह से मैच रुका था और थोड़े समय बाद लाइट ठीक होने के बाद मैच शुरू हुआ।

09:08 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: अर्शदीप ने एक ओवर में दो विकेट झटके

अर्शदीप सिंह ने लगातार दूसरे मैच में अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लिए हैं। इस मैच में उन्होंने पहले कप्तान बावुमा को विराट के हाथों कैच कराया फिर राइली रूसो को दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। दोनों ही बल्लेबाज अपना खाता नहीं खोल पाए। रूसो दूसरी ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर पांच रन है। क्विंटन डिकॉक और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।

09:04 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा

238 रन के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही है। पहला ओवर मेडन निकलने के बाद दूसरे ओवर में कप्तान बावुमा खाता खोलने बिना पवेलियन लौट गए हैं। वह सात गेंदों में कोई रन नहीं बना पाए। अर्शदीप सिंह ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया।

08:46 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत ने तीन विकेट पर 237 रन बनाए

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धरित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाए हैं। भारत के लिए लोकेश राहुल ने 57 और सूर्यकुमार यादव ने 61 रन की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली 49 रन बनाकर नाबाद रहे। टी20 में यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। यह मैच जीतने के लिए और सीरीज में बने रहने के लिए दक्षिण अफ्रीका को 238 रन की जरूरत है। 

IND vs SA 2nd T20: गुवाहाटी के मैदान में घुसा सांप, डर गए खिलाड़ी और कुछ मिनटों के लिए रुका मैच, देखें PHOTOS

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत के लिए रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ने शानदार साझेदारी की। पावरप्ले में दोनों ने तेज गति से रन बनाए और शुरुआती छह ओवर में भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 57 रन हो चुका था। इसके बाद भी दोनों ने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और 10वें ओवर में भारत को 96 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित 37 गेंद में 43 रन बनाकर केशव महाराज का शिकार बने। इसके बाद ही लोकेश राहुल भी 28 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हो गए। 11 रन के अंदर भारत के दो विके गिरने पर लगा कि भारत की पारी लडखड़ा जाएगी, लेकिन सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने भारत की पारी को संभाला। 

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। हालांकि, गलतफहमी के चलते सूर्यकुमार 22 गेंद में 61 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद विराट ने गियर बदले और भारत की पारी को आगे बढ़ाया। वह 28 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहे। अंत में दिनेश कार्तिक ने सात गेंद में 17 रन बनाकर भारत का स्कोर 237 रन तक पहुंचाया। यह टी20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। 

08:37 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

सूर्यकुमार यादव के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा है। विराट के साथ गलतफहमी के चलते वह 22 गेंद में 61 रन बनाने के बाद रन आउट हो गए। सूर्यकुमार ने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाए। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 219 रन हो चुका है।

08:33 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: सूर्यकुमार और विराट के बीच शतकीय साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 41 गेंदों में 102 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार 61 और विराट 40 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:30 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का स्कोर 200 के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव बेहतरीन अंदाज में बल्लेबाज कर रहे हैं। राहुल और रोहित के बीच शानदार सलामी साझेदारी के बाद इन दोनों ने भी बेहतरीन साझेदारी कर टीम इंडिया को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया है।

08:24 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: सूर्यकुमार यादव ने टी20 करियर का नौवां अर्धशतक लगाया

सूर्यकुमार यादव ने अपने टी20 करियर का नौवां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव तूफानी अंदाज में रन बना रहे हैं। 

08:17 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का स्कोर 150 के पार

भारत का स्कोर दो विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली शानदार लय में नजर आ रहे हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और भारत को 200 रन के करीब ले जा रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 171 रन हो चुका है।

08:08 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: सूर्यकुमार और विराट ने संभाली पारी

रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ने बीच 96 रन की साझेदारी के बाद भारत ने दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों के विकेट 11 रन के अंतराल में गंवा दिए थे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने भारत की पारी को संभाला है। दोनों बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 133 रन हो चुका है।

07:59 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का दूसरा विकेट गिरा

लोकेश राहुल के रूप में भारत को दूसरा झटका लगा है। केशव महाराज ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया है। महाराज ने अपने दो लगातार ओवरों में भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है। अब भारत के दोनों नए बल्लेबाज क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 113 रन है। सूर्यकुमार यादव छह और विराट कोहली तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।

07:55 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: राहुल ने टी20 करियर का 20वां अर्धशतक लगाया

लोकेश राहुल ने इस मैच में अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का 20वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 24 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 100 रन के पार जा चुका है।

07:50 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का पहला विकेट गिरा

भारत को 96 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। कप्तान रोहित शर्मा 37 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। केशव महाराज ने उन्हें ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच आउट कराया। रोहित ने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। 

07:39 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: सांप की वजह से रुका मैच

इस मैच में आठवें ओवर की शुरुआत से पहले मैदान में सांप घुस आया। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने इसे देखा और सभी को चेताया। इसके बाद ग्राउंड स्टाफ जरूरी सामान के साथ पहुंचा और सांप को पकड़कर मैदान के बाहर ले गए। इस बीच रोहित और राहुल की तूफानी बल्लेबाजी जारी है। भारत ने नौ ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 94 रन बना लिए हैं।

07:35 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: रोहित और राहुल की जोड़ी ने बनाए रिकॉर्ड

इस मैच में अर्धशतकीय साझेदारी करने के साथ ही लोकेश राहुल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। यह जोड़ी अब तक भारत के लिए 1750 से ज्यादा रन बना चुकी है और टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ी है। इससे पहले रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी ने 1743 रन बनाए थे। इसके अलावा राहुल और रोहित टी20 में पारी की शुरुआत करते हुए 15 अर्धशतकीय साझेदारी कर चुके हैं। इस मामले में इन दोनों ने पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी को पीछे छोड़ा है। बाबर-रिजवान ने 14 बार पारी की शुरुआत करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की है।

07:21 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

लोकेश राहुल और रोहित शर्मा की जोड़ी शानदार लय में नजर आ रही है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। पावरप्ले में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 57 रन बनाए हैं। राहुल 25 और रोहित 29 रन बनाकर खेल रहे हैं।

07:12 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत की अच्छी शुरुआत

रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की जोड़ी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई है। दोनों ने मिलकर दो ओवर में 15 रन जोड़े हैं और दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को कोई विकेट नहीं दिया है। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 21 रन है।

07:00 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू

भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। लोकेश राहुल और कप्तान रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। राहुल ने चौके के साथ पारी की शुरुआत की। दक्षिण अफ्रीका के लिए पहला ओवर कगिसो रबाडा कर रहे हैं। पहले ओवर में भारत ने बिना किसी नुकसान के छह रन बना लिए हैं। यह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का 400वां टी20 मैच है।

06:32 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। अफ्रीकी टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। पिछले मैच में महंगे साबित हुए तबरेज शम्सी की जगह लुंगी एनगिडी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन वह इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज जीतना चाहेंगे।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, अर्शदीप सिंह।

दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), राइली रूसो, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्त्जे, लुंगी एनगिडी।

06:13 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: बारिश बन सकती है बाधा

इस मैच के दौरान बारिश होने की आशंका काफी ज्यादा है। मैच के दौरान भी बारिश की संभावना है और इस वजह से ओवरों में कटौती हो सकती है या पूरा मैच भी धुल सकता है। हालांकि, फैंस उम्मीद करेंगे कि मैच के दौरान बारिश कम से कम हो और उन्हें भरपूर क्रिकेट देखने का मौका मिले।

05:14 PM, 02-Oct-2022

IND vs SA 2nd T20: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराया, 2-0 की अजेय बढ़त बनाई, मिलर का शतक बेकार

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने आठ विकेट से अपने नाम किया था। अब टीम इंडिया दूसरा मैच भी जीतकर टी20 सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। भारत ने अब तक अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से कोई टी20 सीरीज नहीं जीती है। ऐसे में भारत के पास यह मैच जीतकर घरेलू जमीन पर दक्षिण अफ्रीका से पहली टी20 सीरीज जीतने का मौका है। 

इस मैच में टॉस शाम 6:30 बजे होगा और मैच सात बजे से शुरू होगा। हालांकि, मैच के दौरान बारिश होने की आशंका है। गुवाहाटी में भारत का पिछला मैच भी बारिश की वजह से धुल गया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें