12:36 PM, 26-Nov-2025
दक्षिण अफ्रीका 408 रन से जीता
भारत को घर पर एक और शर्मनाक हार मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट 408 रन से जीतकर भारत का दो मैचों की टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। कोलकाता टेस्ट को दक्षिण अफ्रीका ने 30 रन से अपने नाम किया था। दक्षिण अफ्रीका ने 549 रन का लक्ष्य रखा था। विश्व टेस्ट चैंपियन ने भारत को दूसरी पारी में 140 रन पर समेट दिया और 408 रन से जीत दर्ज की। यह भारत का ओवरऑल टेस्ट में और घर पर रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है। इससे पहले टीम इंडिया को 2004 में ऑस्ट्रेलिया ने नागपुर में 342 रन से हराया था।
13 महीने के अंदर घर पर भारत को दूसरी बार किसी टीम ने टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले अक्तूबर-नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी यह हार शर्मनाक है। भारत की उम्मीदों को झटका लगेगा।
द. अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 201 रन पर सिमट गई थी। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को फॉलोऑन नहीं खिलाते हुए दूसरी पारी में बल्लेबाजी की और पांच विकेट पर 260 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। पहली पारी के आधार पर मिली 288 रन की बढ़त को मिलाकर कुल बढ़त 548 रन की हुई और भारत के सामने 549 रन का लक्ष्य रखा। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने यशस्वी जायसवाल (13) और केएल राहुल (6) के विकेट गंवा दिए थे।
बुधवार को साई सुदर्शन 14 रन, कुलदीप यादव पांच रन, ध्रुव जुरेल दो रन और कप्तान ऋषभ पंत 13 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन की पारी खेली। जडेजा ने टेस्ट करियर का 28वां अर्धशतक लगाया, लेकिन 87 गेंद में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर आउट हो गए। नीतीश रेड्डी और सिराज खाता नहीं खोल सके। दक्षिण अफ्रीका की ओर से साइमन हार्मर ने छह विकेट लिए। केशव महाराज को दो विकेट मिले, जबकि मार्को यानसेन और मुथुसामी को एक-एक विकेट मिला।