केपटाउन में पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 62/3 है। एडेन मार्करम 36 रन और डेविड बेडिंगहम सात रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत के पास अभी भी 36 रन की बढ़त है और दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका के सात विकेट बचे हुए हैं। दूसरी पारी में भारत के लिए मुकेश कुमार ने दो और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लिया है। डीन एल्गर 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टोनी डी जॉर्जी और ट्रिस्टन स्टब्स एक रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 55 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और मुकेश कुमार को दो-दो विकेट मिले। दक्षिण अफ्रीका के सिर्फ दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। काइल वेरेने ने 15 रन बनाए और डेविड बेडिंगहम ने 12 रन का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। एडेन मार्करम (2 रन), डीन एल्गर (4 रन), टोनी डी जॉर्जी (2 रन), ट्रिस्टन स्टब्स (3 रन), मार्को यानसेन (0 रन), केशव महाराज (3 रन), कगिसो रबाडा (5 रन), नांद्रे बर्गर (4 रन) पर आउट हुए।
भारत की पहली पारी में क्या हुआ?
भारत की पहली पारी 153 रन पर सिमट गई। भारत के सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। कप्तान रोहित ने 39 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने 36 रन का योगदान दिया और विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। इन तीनों के अलावा सिर्फ लोकेश राहुल ही अपना खाता खोल सके। उन्होंने आठ रन बनाए। यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और मुकेश कुमार अपना खाता नहीं खोल पाए। हालांकि, मुकेश ने किसी गेंद का सामना नहीं किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी और नांद्रे बर्गर ने तीन-तीन विकेट लिए। एक भारतीय बल्लेबाज रन आउट हुआ। पहली पारी के आधार पर भारत को 98 रन की बढ़त मिली।
45 रन पर दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा है। ट्रिस्टन स्टब्स एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब एडेन मार्करम के साथ डेविड बेडिंगहम क्रीज पर हैं।
41 रन पर दक्षिण अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा है। टोनी डी जॉर्जी एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुकेश कुमार ने उन्हें लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब एडेन मार्करम के साथ ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं।
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी शुरुआत की है। डीन एल्गर और एडेन मार्करम संभलकर खेल रहे हैं। बिना कोई विकेट खोए अफ्रीकी टीम ने शुरुआती 10 ओवर में 37 रन बना लिए हैं। भारत के पास अभी भी 50 रन से ज्यादा की बढ़त है।
भारत की पहली पारी 153 रन पर सिमट गई है। भारत ने आखिरी छह विकेट बिना कोई रन बनाए खो दिए हैं। एक समय भारत का स्कोर 153/4 था। विराट कोहली और लोकेश राहुल बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बार राहुल आउट हुए और टीम इंडिया आगे कोई रन नहीं बना पाई। भारत के सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। कप्तान रोहित ने 39 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने 36 रन का योगदान दिया और विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। इन तीनों के अलावा सिर्फ लोकेश राहुल ही अपना खाता खोल सके। उन्होंने आठ रन बनाए। यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और मुकेश कुमार अपना खाता नहीं खोल पाए। हालांकि, मुकेश ने किसी गेंद का सामना नहीं किया।
दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी और नांद्रे बर्गर ने तीन-तीन विकेट लिए। एक भारतीय बल्लेबाज रन आउट हुआ। हालांकि, पहली पारी के आधार पर भारत के पास 98 रन की अहम बढ़त है। पिच के मिजाज को देखते हुए भारतीय टीम मैच में आगे है। अब भारत की कोशिश इसी सत्र में दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को पवेलियन भेजने की होगी। भारतीय गेंदबाज यह मैच पारी के अंतर से जीतने की कोशिश करेंगे। पिच को देखते हुए 50 रन से ज्यादा का लक्ष्य भारत के लिए मुश्किल हो सकता है।
153 रन के स्कोर पर ही भारत ने नौवां विकेट खो दिया है। मोहम्मद सिराज रन आउट हो पवेलियन लौटे। वह भी अपना खाता नहीं खोल सके।
153 रन के स्कोर पर ही भारत का आठवां विकेट गिरा है। विराट कोहली को कगिसो रबाडा ने एडेन मार्करम के हाथों कैच कराया। कोहली ने 46 रन बनाए।
153 रन के स्कोर पर ही भारत का सातवां विकेट गिरा है। जसप्रीत बुमराह भी खाता खोले बिना आउट हो गए। लुंगी एनगिडी ने उन्हें मार्को यानसेन के हाथों कैच कराया।
153 रन पर ही भारत का छठा विकेट गिर चुका है। रवींद्र जडेजा खाता भी नहीं खोल पाए। लुंगी एनगिडी ने उन्हें मार्को यानसेन के हाथों कैच कराया।
153 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। लुंगी एनगिडी ने लोकेश राहुल को वेरेने के हाथों कैच कराया। राहुल ने आठ रन बनाए।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और टीम इंडिया की बढ़त 100 रन के करीब पहुंच गई है।
केपटाउन में दूसरे सत्र का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने चार विकेट खोकर 111 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे छोर पर लोकेश राहुल उनका साथ दे रहे हैं। भारत के पास 50 रन से ज्यादा की बढ़त है और यह जोड़ी तीसरे सत्र में भारत की बढ़त को 150 रन के पार ले जाने की कोशिश करेगी।
श्रेयस अय्यर खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने सिर्फ दो गेंदों का सामना किया। नांद्रे बर्गर ने उन्हें विकेटकीपर वेरेने के हाथों कैच कराया। अब विराट कोहली के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं।
105 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 36 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नांद्रे बर्गर ने उन्हें मार्को यानसेन के हाथों कैच कराया। अब विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर 110 रन के पार जा चुका है और टीम इंडिया की बढ़त 50 रन के पार जा चुकी है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया बड़ी बढ़त लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
72 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नांद्रे बर्गर ने उन्हें मार्को यानसेन के हाथों कैच कराया। अब शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 90/2 है।
भारतीय टीम ने पहली पारी में बढ़त ले ली है। रोहित शर्मा ने तेज गति से रन बनाए हैं और भारतीय टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। अब भारत की कोशिश पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने की होगी। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
भारत का पहला विकेट 17 रन पर गिरा था। यशस्वी जायसवाल खाता खोले बिना आउट हो गए थे। इसके बाद से रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी की है और भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। गिल संभलकर खेल रहे हैं। वहीं, रोहित शर्मा तेजी से रन बना रहे हैं।
यशस्वी जायसवाल का बल्ला दूसरे टेस्ट की पहली पारी में नहीं चला। वह खाता खोले बगैर आउट हो गए। उन्होंने सात गेंदों का सामना किया। कगिसो रबाडा की गेंद पर वह क्लीन बोल्ड हो गए।
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 55 रन पर सिमट गई है। पहले मैच में साधारण नजर आने वाले भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और मुकेश कुमार को दो-दो विकेट मिले। दक्षिण अफ्रीका के सिर्फ दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। काइल वेरेने ने 15 रन बनाए और डेविड बेडिंगहम ने 12 रन का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। एडेन मार्करम (2 रन), डीन एल्गर (4 रन), टोनी डी जॉर्जी (2 रन), ट्रिस्टन स्टब्स (3 रन), मार्को यानसेन (0 रन), केशव महाराज (3 रन), कगिसो रबाडा (5 रन), नांद्रे बर्गर (4 रन) पर आउट हुए।
55 रन पर दक्षिण अफ्रीका ने नौ विकेट गंवा दिए हैं। जसप्रीत बुमराह ने नांद्रे बर्गर को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। बर्गर ने चार रन बनाए।
46 रन पर दक्षिण अफ्रीका के आठ विकेट गिर चुके हैं। मुकेश कुमार ने केशव महाराज को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई है। महाराज ने 13 गेंद में तीन रन बनाए। जसप्रीत बुमराह ने उनका कैच पकड़ा। अब कगिसो रबाडा और नांद्रे बर्गर क्रीज पर हैं। यह मुकेश कुमार के टेस्ट करियर का पहला विकेट भी है।
मोहम्मद सिराज ने कायेल वेरेयेन को आउट कर पारी में छठी सफलता हासिल की। उन्होंने 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वेरेयेन को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। वेरेयेन ने 30 गेंद पर 15 रन बनाए। उन्होंने एक चौका लगाया। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 45 रन है। केशव महाराज और कगिसो रबाडा क्रीज पर हैं।
मोहम्मद सिराज ने मार्को यानसेन को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने यानसेन को पवेलियन भेज दिया। विकेटकीपर केएल राहुल ने उनका कैच लिया। यानसेन खाता नहीं खोल पाए। दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी में 34 रन पर ही छह विकेट गिर गए। कायेल वेरेयेन और केशव महाराज क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका 35 रन के स्कोर पर लगा। मोहम्मद सिराज ने 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर डेविड बेडिंघम को आउट कर दिया। यशस्वी जायसवाल ने स्लिप में उनका कैच लिया। सिराज को चौथी सफलता मिली। कायेल वेरेयेन और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।
मोहम्मद सिराज को तीसरी सफलता टोनी डि जोर्जी को रूप में मिली। सिराज ने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर जोर्जी को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। दक्षिण अफ्रीका स्कोर अब चार विकेट पर 15 रन हो गया है। डेविड बेडिंघम के साथ कायेल वेरेयेन क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका ट्रिस्टन स्टब्स के रूप में लगा। स्टब्स 11 गेंद पर तीन रन बनाकर पवेलियन लौटे। नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर वह आउट हुए। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रोहित शर्मा ने उनका कैच लिया। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 11 रन है। टोनी डि जोर्जी और डेविड बेडिंघम क्रीज पर हैं।
भारत को मोहम्मद सिराज ने बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर पिछले मैच में शतक लगाने वाले डीन एल्गर को क्लीन बोल्ड कर दिया। एल्गर 15 गेंद पर चार रन ही बना सके। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर आठ रन है। टोनी डि जोर्जी और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका एडेन मार्करम के रूप में लगा। वह चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। मोहम्मद सिराज की गेंद पर स्लिप में यशस्वी जायसवाल ने उनका कैच लिया। मार्करम ने 10 गेंद पर दो रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट पर पांच रन बना लिए हैं। डीन एल्गर और टोनी डि जोर्जी क्रीज पर हैं।
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मुकेश कुमार।
दक्षिण अफ्रीका: डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्करम, टोनी डि जोर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड बेडिंघम, कायेल वेरेयेन (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, नंद्रे बर्गर, लुंगी एंगिडी।
केपटाउन में दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीत लिया है। उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम में दो बदलाव हुए हैं। शार्दुल ठाकुर और रविचंद्रन अश्विन को बाहर किया गया है। रवींद्र जडेजा और मुकेश कुमार की वापसी हुई है। आवेश खान को डेब्यू का मौका नहीं मिला। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम ट्रिस्टन स्टब्स और लुंगी एंगिडी को शामिल किया गया। चोट के कारण कप्तान तेम्बा बावुमा नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर डीन एल्गर ने कमान संभाली है। एल्गर के करियर का यह आखिरी टेस्ट भी है। गेराल्ड कोएट्जी भी चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं।
दोनों बोर्ड की सहमति से दूसरे टेस्ट मैच के समय में बदलाव किया गया है। पहले यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाला था। अब दोपहर दो बजे से शुरू होगा। पांचों दिन खेल शुरू होने का समय यही रहेगा।
सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका ने पहला टेस्ट पारी और 32 रन से अपने नाम किया था। भारत के लिए सीरीज में वापसी करना आसान नहीं है। दूसरा केपटाउन में होगा और यहां टीम इंडिया का रिकॉर्ड खराब है। 31 सालों में अब तक न्यूलैंड्स ग्राउंड पर जीत नहीं मिली है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला आज से खेला जाएगा। दोनों टीमें केपटाउन के न्यूलैंड्स ग्राउंड पर आमने-सामने होंगी। सेंचुरियन में पहला टेस्ट जीतकर दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 1-0 से आगे है। टीम इंडिया दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी।