फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA 2nd Test: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से ड्रॉ; सिराज-बुमराह जीत के हीरो

Thu, 04 Jan 2024 05:08 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

IND vs SA 2nd Test Day 2 Highlights: भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले को सात विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज को 1-1 की बराबरी पर समाप्त किया। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम 55 रन पर सिमट गई थी। उसके बाद भारत 153 रन पर ऑलआउट हो गया था। मेजबानों ने दूसरी पारी में 173 रन बनाए। इस तरह भारत को 79 रन का लक्ष्य मिला। उसने तीन विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया।
विज्ञापन
मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:05 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : भारत की शानदार जीत

भारत ने केपटाउन टेस्ट में जीतकर इतिहास रच दिया। उसने पहली बार यहां कोई टेस्ट मैच अपने नाम किया है। भारत का केपटाउन में यह सातवां टेस्ट मैच था। इससे पहले छह में से चार में हार का सामना करना पड़ा था। दो टेस्ट ड्रॉ रहे थे। भारत ने केपटाउन टेस्ट को जीतकर सीरीज में भी 1-1 की बराबरी हासिल की। यह दूसरा अवसर है जब दक्षिण अफ्रीका में भारत कोई टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने में सफल रहा है। इससे पहले 2010-11 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर छूटी थी।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उनका निर्णय गलत साबित हुआ। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम 55 रन पर ही सिमट गई थी। उसके बाद भारत 153 रन पर ऑलआउट हो गया था। दोनों टीमों की पहली पारी मैच के पहले दिन ही समाप्त हो गई थी। मुकाबले के दूसरे दिन मेजबानों ने दूसरी पारी में 173 रन बनाए। इस तरह भारत को 79 रन का लक्ष्य मिला। उसने तीन विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया।

दूसरी पारी में रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की। भारत को पहला झटका यशस्वी के रूप में लगा। वह 23 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने छह चौके लगाए। नंद्रे बर्गर की गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने उनका कैच लिया। भारत को दूसरा झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। वह 11 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हुए। कगिसो रबाडा ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। शुभमन ने अपनी पारी में दो चौके लगाए। विराट कोहली आउट होने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज रहे। वह 11 गेंद पर 12 रन बनाकर पवेलयिन लौटे। मार्को यानसेन की गेंद पर विकेटकीपर कायेल वेरेयेन ने उनका कैच लिया। रोहित शर्मा (17 रन) और श्रेयस अय्यर (चार रन) ने मैच को समाप्त किया।

05:01 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : कोहली आउट

विराट कोहली आउट होने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज रहे। वह 11 गेंद पर 12 रन बनाकर पवेलयिन लौटे। मार्को यानसेन की गेंद पर विकेटकीपर कायेल वेरेयेन ने उनका कैच लिया।

04:47 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : शुभमन गिल पवेलियन लौटे

भारत को दूसरा झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। वह 11 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हुए। कगिसो रबाडा ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। शुभमन ने अपनी पारी में दो चौके लगाए। भारत ने दो विकेट पर 58 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 21 रन और चाहिए। रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
04:33 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : भारत को लगा पहला झटका

भारत को पहला झटका यशस्वी जयसवाल के रूप में लगा। वह 23 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी और जीत के करीब पहुंचा दिया। उन्होंने छह चौके लगाए। नंद्रे बर्गर की गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने उनका कैच लिया। भारत का स्कोर एक विकेट पर 44 रन हैं। रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल क्रीज पर हैं।

04:09 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : भारत की दूसरी पारी शुरू

भारत की दूसरी पारी शुरू हो गई है। टीम इंडिया के सामने 79 रन का लक्ष्य है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल क्रीज पर उतरे हैं। भारत ने पहले ओवर में बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिए हैं। यशस्वी नौ और रोहित दो रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
03:31 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : दक्षिण अफ्रीका 176 रन पर ऑलआउट

जसप्रीत बुमराह ने लुंगी एंगिडी को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी को समेट दिया। एंगिडी ने 10 गेंद पर आठ रन बनाए। नंद्रे बर्गर 20 गेंद पर छह रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरी पारी में 173 रन पर सिमट गई। उसे 78 रन की बढ़त मिली। इस तरह भारत को जीत के लिए 79 रन चाहिए। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 55 रन बनाए थे। उसके बाद भारत 153 रन पर ऑलआउट हो गया था।

मैच के दूसरे दिन अफ्रीकी टीम दूसरी पारी में पहले दिन के स्कोर 62/3 से आगे खेलने उतरी। नियमित अंतराल पर उसके विकेट गिरते रहे, लेकिन एडेन मार्करम ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार शतक लगाया और टीम को 150 रन के पार पहुंचाया। मार्करम ने 103 गेंद पर 106 रन बनाए। उनके अलावा सिर्फ तीन अन्य खिलाड़ी ही दहाई का आंकड़ा छू सके। कप्तान डीन एल्गर ने अपने करियर की आखिरी पारी में 12 रन बनाए। डेविड बेडिंघम और मार्को यानसेन ने 11-11 रन की पारी खेली। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने छह विकेट लिए। मुकेश कुमार को दो सफलता मिली। प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिए।

03:04 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : दक्षिण अफ्रीका को लगा नौवां झटका

दक्षिण अफ्रीका को नौवां झटका कगिसो रबाडा के रूप में लगा। वह 12 गेंद पर दो रन बनाकर आउट हुए। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर रोहित शर्मा ने उनका कैच लिया।

03:00 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : मार्करम आउट

भारत को मोहम्मद सिराज ने पारी में सबसे बड़ा विकेट दिलाया। उन्होंने एडेन मार्करम को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। मार्करम ने 103 गेंद पर 106 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 17 चौके और दो छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 162 रन है। उसके पास 64 रन की बढ़त है। कगिसो रबाडा के साथ नंद्रे बर्गर क्रीज पर हैं।

02:56 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : मार्करम ने लगाया शानदार शतक

दक्षिण अफ्रीका के ओपनर बल्लेबाज एडेन मार्करम ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा कर लिया है। वह 102 रन बनाकर नाबाद हैं। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 158 रन बना लिए हैं। कगिसो रबाडा दो रन बनाकर नाबाद हैं। अफ्रीकी टीम के पास 60 रन की बढ़त है।

02:46 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : दक्षिण अफ्रीका के पास 50 से ज्यादा रन की बढ़त

एडेन मार्करम की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में 51 रन की बढ़त हासिल कर ली है। उसने सात विकेट पर 149 रन बना लिए हैं। एडेन मार्करम 94 और कगिसो रबाडा एक रन बनाकर नाबाद हैं। प्रसिद्ध कृष्णा के एक ओवर में मार्करम ने 20 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए।

02:20 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : बुमराह के दूसरी पारी में पांच विकेट पूरे

जसप्रीत बुमराह ने दूसरी पारी में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने केशव महाराज को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका दिया। महाराज चार गेंद पर तीन रन बनाकर यशस्वी जायसवाल को कैच थमा बैठे। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 111 रन है। उसके पास 13 रन की ही बढ़त है। एडेन मार्करम के साथ कगिसो रबाडा क्रीज पर हैं।

02:15 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : बुमराह ने यानसेन को किया आउट

जसप्रीत बुमराह ने भारत को दूसरी पारी में छठी सफलता दिलाई। उन्होंने मार्को यानसेन को पवेलियन भेज दिया। यानसेन नौ गेंद पर 11 रन बनाकर बुमराह को ही कैच थमा बैठे। बुमराह को दूसरी पारी में चौथी सफलता मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। एडेन मार्करम 57 और केशव महाराज तीन रन बनाकर नाबाद हैं।

02:04 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : मार्करम का अर्धशतक पूरा

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने दूसरी पारी में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हुए 50 रन पूरे कर लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 103 रन बना लिए हैं। उसकी बढ़त पांच रन की हो गई है। इसका मतलब है कि अब भारतीय टीम को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करनी होगी।

01:56 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : कायेल वेरेयेन आउट

दक्षिण अफ्रीका को दूसरी पारी में पांचवां झटका कायेल वेरेयेन के रूप में लगा। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने आउट कर दिया। वेरेयेन सात गेंद पर नौ रन बनाकर मोहम्मद सिराज को कैच थमा बैठे। बुमराह को पारी में तीसरी सफलता मिली है। एडेन मार्करम का साथ देने के लिए अब मार्को यानसेन क्रीज पर आए हैं। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 85 रन है। वह भारत से अभी 13 रन पीछे है।

01:36 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : बुमराह ने बेडिंघम को किया आउट

जसप्रीत बुमराह ने डेविड बेडिंघम को आउट कर केपटाउन टेस्ट के दूसरे दिन भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने दिन के पहले ही ओवर में बेडिंघम के विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। बेडिंघम ने 12 गेंद पर 11 रन बनाए। पारी में बुमराह की यह दूसरी सफलता है। फिलहाल एडेन मार्करम के साथ कायेल वेरेयेन क्रीज पर हैं।

01:31 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : दूसरे दिन का खेल शुरू

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट में दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। दक्षिण अफ्रीका की टीम तीन विकेट पर 62 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू की है। एडेन मार्करम और डेविड बेडिंघम क्रीज पर हैं। भारत के लिए दिन का पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने किया।

12:50 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA Live Score : मैच में अब तक क्या हुआ?

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 55 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 153 रन बनाकर 98 रन की बढ़त ली। पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 62/3 है। पहली पारी के आधार पर भारत के पास 36 रन की बढ़त है। सेंचुरियन में पहला टेस्ट जीतकर दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 1-0 से आगे है। टीम इंडिया दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी।

12:47 PM, 04-Jan-2024

IND vs SA 2nd Test: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से ड्रॉ; सिराज-बुमराह जीत के हीरो

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला केपटाउन में खेला जा रहा है। आज (गुरुवार) मैच का दूसरा दिन है। दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरी पारी में अपने पहले दिन के स्कोर 62/3 से आगे खेलने उतरेगी। इससे पहले मैच के शुरुआती दिन पहली पारी में अफ्रीकी टीम 55 रन पर सिमट गई थी। उसके बाद भारत 153 रन पर ऑलआउट हो गया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें