भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। टीम को भारत पर जीत दर्ज करने के लिए अब भी 122 रन की जरूरत है। कप्तान डीन एल्गर 46 रन और रसी वान डर डुसेन 11 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत ने पहली पारी में 202 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 229 रन बनाए। इसके बाद भारत की दूसरी पारी 266 रन पर सिमट गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका को 240 रन का लक्ष्य मिला। भारत को चौथे दिन जीत दर्ज करने के लिए आठ विकेट की दरकार है।
भारत ने तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी को दो विकेट पर 85 रन से आगे बढ़ाया। चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे दोनों ने फिफ्टी लगाई। पुजारा 53 रन और रहाणे 58 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन ने 16 रन और शार्दुल ठाकुर ने 28 रन की पारी खेली।
वहीं, ऋषभ पंत (0), मोहम्मद शमी (0) और जसप्रीत बुमराह (7) कुछ खास नहीं कर सके। हनुमा विहारी 40 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी और मार्को जेन्सन ने 3-3 विकेट लिए। वहीं, ओलिवियर को एक विकेट मिला।
240 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी रही। एडेन मार्करम और डीन एल्गर के बीच 47 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। मार्करम 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद एल्गर और कीगन पीटरसन ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी निभाई। पीटरसन 28 रन बनाकर आउट हुए। एल्गर अपने 19वें टेस्ट अर्धशतक से चार रन दूर हैं। चौथा दिन अहम रहने वाला है। इस दिन मैच का नतीजा निकल सकता है। भारत की ओर से शार्दुल और अश्विन को 1-1 विकेट मिला है।
दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट गंवाकर 110 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल डीन एल्गर और डुसेन क्रीज पर हैं। अफ्रीका को अब भी 126 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को आठ विकेट गिराने हैं।
रविचंद्रन अश्विन ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने कीगन पीटरसन और डीन एल्गर के बीच चली आ रही 104 गेंदों पर 46 रन की साझेदारी को तोड़ दिया। पीटरसन 44 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल एल्गर 32 रन और रसी वैन डर डुसेन क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के 50 रन पूरे एडेन मार्करम के आउट होने पर कीगन पीटरसन नए बल्लेबाज के रूप में आए हैं। उन्होंने तीसरी ही गेंद पर चौके के साथ अपना खाता खोला। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले 50 रन भी पूरे कर लिए हैं। 11 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर: 52/1, कीगन पीटरसन (4*), डीन एल्गर (17*)
पहली पारी के हीरो रहे शार्दुल ठाकुर ने एक बार फिर से भारत को अहम सफलता दिलाई है। उन्होंने एडेन मार्करम को एलबीडब्ल्यू आउट कर दक्षिण अफ्रीका की ओपनिंग साझेदारी को तोड़ दिया। मार्करम ने आउट होने से पहले 38 गेंदों में 31 रन बनाए।
टी ब्रेक के बाद मैच फिर से शुरू हो गया है लेकिन दक्षिण अफ्रीका की सलामी जोड़ी अभी भी आक्रामक रुख अपनाए हुए है। डीन एल्गर और एडेन मार्करम तेजी से रन बटोर रहे हैं और हर गेंद पर रन बनाने की कोशिश में हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने चायकाल तक अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 34 रन बना लिए हैं। अफ्रीकी टीम ने तेज शुरुआत की। एडेन मार्करम 28 गेंदों पर 24 रन और डीन एल्गर 14 गेंदों पर 10 रन बना चुके हैं। भारत ने 240 रन का लक्ष्य दिया था। ऐसे में अब भी अफ्रीकी टीम को 206 रन की जरूरत है। 34 रन इस सीरीज में अब तक दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाजों की सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी है। आज 40 और ओवरों का खेल बाकी है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम 240 रनों का पीछा करने मैदान में उतर चुकी है। अफ्रीकी ओपनर एडेन मार्रकरम ने तेज शुरुआत की है। वो भी शुरुआती समय का फायदा उठाना चाहते हैं, जहां पिच में रोलर का असर है और गेंदबाजों को असामान्य उछाल नहीं मिल रहा है।
तीसरे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी 266 रन पर सिमट गई है और दक्षिण अफ्रीका को यह मैच जीतने के लिए 240 रन बनाने होंगे। दक्षिण अफ्रीकी इस मैदान में सिर्फ एक बार 200 से ज्यादा के स्कोर का पीछा कर पाया है। अफ्रीकी टीम ने 2006 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 220 रन का पीछा किया था। वहीं अपनी जमीन पर भी अफ्रीकी टीम सिर्फ दो बार 237 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा कर पाई है। जोहानिसबर्ग के मैदान पर भारत अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं हारा है। इस मैच में भी टीम इंडिया के गेंदबाज यह रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेंगे।
भारत के लिए तीसरे दिन रहाणे और पुजारा ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए शतकीय साझेदारी की थी और टीम इंडिया को अच्छी स्थिति में लाए थे। हालांकि इसके बाद अफ्रीकी गेंदबाजों ने वापसी की और भारत को 266 रन पर आउट किया।
लुंगी एनगिडी ने भारत का आखिरी विकेट लेकर टीम इंडिया की पारी 266 रन पर समेट दी है। उन्होंने सिराज को क्लीन बोल्ड करके भारत की पारी खत्म की। सिराज अपना खाता नहीं खेल पाए। वहीं हनुमा विहारी दूसरे छोर पर 40 रन बनाकर नाबाद रहे।
नौ विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 के पार जा चुका है। अब टीम इंडिया के पास 225 रन की बढ़त है। हनुमा विहारी और मोहम्मद सिराज क्रीज पर मौजूद हैं। ये दोनों भारत की बढ़त 250 के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे।
कगिसो रबाडा ने भारत को नौवां झटका दिया है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह को मार्को जानेसन के हाथों कैच कराया। बुमराह ने 14 गेंद में सात रन बनाए। इस दौरान मार्को जानेसन के साथ उनकी काफी बातचीत हुई और बीच में मामला गरमा भी गया था। अंपायर को भी बीच बचाव के लिए आना पड़ा। अब विहारी के साथ सिराज क्रीज पर मौजूद हैं।
मार्को जानेसन ने भारत को आठवां झटका दिया है। उन्होंने मोहम्मद शमी को विकेटकीपर वेरेने के हाथों कैच कराया। शमी छह गेंदों में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। जानेसन की गेंद लेग स्टंप पर थी और शमी इस पर रन बटोरना चाहते थे। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई। अब भारत की पूरी उम्मीदें हनुमा विहारी पर ही टिकी हैं।
टीम इंडिया की बढ़त 200 रन से ज्यादा की हो चुकी है। हनुमा विहारी और मोहम्मद शमी क्रीज पर मौजूद हैं। विहारी 45 गेंद में 11 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत का स्कोर 225 के पार जा चुका है और उसके तीन विकेट बचे हुए हैं। अगर भारतीय टीम 250 रन से ज्यादा का स्कोर बना पाती है तो चौथी पारी में भारतीय गेंदबाजों के पास अफ्रीका को सस्ते में समेटकर मैच और सीरीज जीतने का मौका होगा।
शार्दुल ठाकुर 24 गेंद में 28 रन बनाकर आउठ हो चुके हैं। उन्होंने मार्को जानेसन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवाया। केशव महाराज ने उनका कैच पकड़ा।
भारत की बढ़त 200 के करीब चुकी है। शार्दुल ठाकुर ने लंच के बाद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की है और भारत का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 225 रन हो चुका है। शार्दुल 23 गेंद में 28 रन बनाकर खेल रहे हैं। हनुमा विहारी उनका साथ निभा रहे हैं। इन दोनों के बीच 41 रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 200 के पार जा चुका है। शार्दुल ठाकुर और हनुमा विहारी क्रीज पर मौजूद हैं। लंच के बाद भी भारत के लिए तेजी से रन आए हैं। शार्दुल खुलकर अपने शॉट खेल रहे हैं। वहीं हनुमा विहारी संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की बढ़त भी 170 रन के पार जा चुकी है। इस पारी में भारत का रन रेट चार से ऊपर का है। इस पारी में अफ्रीकी टीम 25 अतिरिक्त रन दे चुकी है।
तीसरे दिन लंच के समय तक भारतीय टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 188 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के पास 161 रन की बढ़त है और अभी चार विकेट बचे हुए हैं। हनुमा विहारी छह और शार्दुल ठाकुर चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारतीय टीम अभी कम से कम 50 रन और जोड़ना चाहेगी। चौथी पारी में अफ्रीका के लिए 200 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल होगा। इससे कम स्कोर होने पर अफ्रीकी टीम आसानी से जीत हासिल कर सकती है, क्योंकि इस मैच में अभी भी ढाई दिन का खेल बचा हुआ है।
रहाणे और पुजारा की बेहतरीन बल्लेबाजी
खराब फॉर्म से जूझ रहे चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने तीसरे दिन की शुरुआत में तेजी से रन बनाए और भारत को अच्छी स्थिति में ले गए। दिन की शुरुआत में बल्लेबाजी थोड़ी आसान थी और दोनों बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाते हुए जमकर रन बटोरे। इन दोनों ने 111 रन की साझेदारी की। रहाणे 58 और पुजारा 53 रन बनाकर रबाडा का शिकार बने। हालांकि तीसरे दिन पहले घंटे के बाद गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिलनी शुरू हुई और रबाडा ने तीन अहम विकेट चलकाए। उनके बाद एक विकेट एनगिडी ने भी लिया और अफ्रीका ने इस सत्र में चार विकेट अपने नाम किए।
भारत का छठा विकेट गिर चुका है। अश्विन 14 गेंद में 16 बनाकर लुंगी एनगिडी का शिकार बने। एनगिडी की गेंद लेग स्टंप के बाहर जा रही थी और अश्विन इसे फाइन लेग की दिशा में खेलकर चार रन बटोरना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले के किनारे में लगकर विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई। अश्विन से इस पारी में अच्छे स्कोर की उम्मीद थी, लेकिन उनकी किस्मत खराब रही।
भारतीय टीम की बढ़त 150 रन के पार जा चुकी है। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन और हुनमा विहारी क्रीज पर मौजूद हैं। आधी टीम इंडिया पवेलियन लौट चुकी है, लेकिन अश्विन पिछली पारी की तरह सकारात्मक सोच के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं। अगर वो पिछली पारी की तरह ही 40 या 50 रन बना पाते हैं तो भारत इस मैच में बहुत ही अच्छी स्थिति में होगा।
कगिसो रबादा ने भारत को पांचवां झटका दिया है। ऋषभ पंत भी कगिसो रबाडा का शिकार बने। वो इस पारी में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अफ्रीकी टीम ने प्लान बनाकर उनको आउट किया। पहले शॉर्ट लेग में खडे़ खिलाड़ी ने उनके साथ स्लेजिंग की और फिर रबाडा ने बाउंसर डालकर उन पर दबाव बनाया। दो गेंद खेलने के बाद पंत परेशान हो गए और तीसरी गेंद पर उन्होंने आगे बढ़कर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। रबाडा ने प्लान के तहत गेंद उनसे दूर रखी और गेंद पंत के बल्ले के बाहरी किनारे में लगकर विकेटकीपर वेरेने के पास पहुंच गई।
अब भारतीय टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है। 167 के स्कोर पर भारतीय टीम के पांच बल्लेबाज आउट हो गए हैं। रबाडा ने अकेले अफ्रीकी टीम की मैच में वापसी कराई है। उन्होंने 13 ओवर में तीन विकेट अपने नाम किए हैं। रहाणे और पुजारा के बीच शतकीय साझेदारी के बाद उन्होंने ही तीन विकेट निकाले हैं और अपनी टीम की वापसी कराई है।
कगिसो रबाडा ने भारत को चौथा झटका दिया है। उन्होंने पुजारा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। पुजारा ने रिव्यू लेकर अपना विकेट बचाने की कोशिश भी की, लेकिन वो अंपायर के फैसले को नहीं बदल सके। पुजारा 53 रन बनाकर आउट हुए। अब हनुमा विहारी और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। रबादा ने अपने दो ओवरों में लगातार विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया है। एक समय पर भारतीय टीम दो विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाकर मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन अब भारत का स्कोर 167 रन पर चार विकेट हो चुका है।
विहारी और पंत को एक बार फिर से अच्छी साझेदारी करने की जरूरत है, तभी भारतीय टीम अफ्रीका के सामने बड़ा लक्ष्य रख पाएगी। फिलहाल टीम इंडिया के पास 140 रन की बढ़त है।
कगिसो रबाडा ने भारत को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने अजिंक्य रहाणे को विकेटकीपर वेरेने के हाथों कैच आउट कराया। रहाणे ने 78 गेंदों में 58 रन बनाए। उन्होंने इस पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया है। रबाडा की यह गेंद काफी आगे से उछली थी और पिच पर गिरने के बाद बाहर की तरफ भी निकली थी। गेंद को खेलने की कोशिश में रहाणे थोड़ा ज्यादा खुल गए और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई।
टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। रहाणे और पुजारा अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। तीसरे दिन की शुरुआत से ही इन दोनों बल्लेबाजों ने काफी तेजी से रन बनाए हैं। दोनों बल्लेबाज खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन इस पारी में इन दोनों ने न सिर्फ खुद को मुश्किल हालातों से बाहर निकाला है, बल्कि टीम को भी बेहतर स्थिति में ले गए हैं।
पुजारा के बाद अजिंक्य रहाणे ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 67 गेंद में 52 रन बनाए हैं। रहाणे ने भी इस मैच में काफी तेजी से बल्लेबाजी की है। उन्होंने इस पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया है। टेस्ट करियर में यह उनका 25वां अर्धशतक है। रहाणे पुजारा के साथ शतकीय साझेदारी भी कर चुके हैं।
चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने 112 गेंदों में शतकीय साझेदारी की है। इन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर टीम इंडिया को बहुत ही बेहतर स्थिति में ला दिया है। लंबे समय बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई है।
पुजारा ने अपने टेस्ट करियर का 32वां अर्धशतक लगाया है। उन्होंने इस मैच में काफी तेजी से रन बनाए हैं। पुजारा ने 62 गेंद में 50 रन बनाए हैं। इस पारी में उन्होंने 10 चौके लगाए। पुजारा के ऊपर इस मैच में बड़ी पारी खेलने का दवाब था और उन्होंने मुश्किल हालातों में अच्छी बल्लेबाजी की है। अब वो इस पारी को बड़े शतक में तब्दील करना चाहेंगे।
भारतीय टीम की बढ़त 100 के पार जा चुकी है। चेतेश्वर पुजारा और रहाणे बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने काफी तेजी से रन बनाए हैं। टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 130 के पार जा चुका है। रहाणे और पुजारा दोनों अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
तीसरे दिन अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा ने काफी आक्रामक शुरुआत की है। ये दोनों लगातार बड़े शॉट खेल रहे हैं और दूसरी पारी में 15 से 25 ओवर के बीच 53 रन जोड़े हैं। पुजारा और रहाणे के बीच 85 गेंद में 68 रन की साझेदारी हो चुकी है। इन दोनों ने हर छोटी गेंद और आगे की गेंद पर बेहतरीन चौके लगाए हैं। अगर पहले सत्र में ये दोनों खिलाड़ी इसी तरीके से बल्लेबाजी करते हैं तो मैच आसानी से अफ्रीकी की पकड़ से दूर चला जाएगा।
मैच के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की है। रहाणे और पुजारा ने अच्छी गति से रन बनाए हैं और अधिकतर रन चौके से बनाए हैं। भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 100 रन के पार जा चुका है। शुरुआती कुछ ओवरों में दोनों ही बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और दोनों बड़ी साझेदारी की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा अर्धशतकीय साझेदारी कर चुके हैं। इन दोनों ने तीसरे विकेट लिए अच्छी साझेदारी की है। पुजारा इस पारी में अपने स्वभाव के विपरीत काफी तेजी से रन बना रहे हैं और अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। वहीं रहाणे संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत का स्कोर भी 100 के करीब पहुंच रहा है।
तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की बढ़त 60 रन के पार हो चुकी है। इन दोनों बल्लेबाजों पर भारत के लिए मैच बचाने के लिए जिम्मेदारी है। दोनों ही सीनियर खिलाड़ी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और इस मैच में अपनी फॉर्म वापस पाना चाहेंगे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच जोहानिसबर्ग के मैदान में खेला जा रहा है। टीम इंडिया इस मैच में 58 रन की बढ़त ले चुकी है और दूसरी पारी में उसके आठ विकेट बचे हुए हैं। मैच के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए थे। कप्तान राहुल ने सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली थी। इसके जवाब में अफ्रीका की टीम ने 229 रन बनाए और पहली पारी में 27 रन की बढ़त ली। अफ्रीका के लिए पीटरसन ने सबसे ज्यादा 62 और बावुमा ने 51 रन बनाए।
वहीं दूसरी पारी में भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 85 रन बना लिए हैं। पहली पारी में फेल रहे अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर मौजूद हैं। पुजारा 35 और रहाणे 11 रन बनाकर नाबाद हैं। इन दोनों बल्लेबाजों पर मैच बचाने की जिम्मेदारी होगी। भारत के नियमित टेस्ट कप्तान विराट कोहली यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी पीठ में तकलीफ है। विराट की जगह हनुमा विहारी को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। अगर भारत यह मैच जीते लेता है तो पहली बार टीम इंडिया अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज जीतेगी।
शार्दुल ठाकुर ने रचा इतिहास
भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने पहली पारी में अफ्रीका के सात बल्लेबाजों को आउट किया और इस मैदान में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाल भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने 61 रन देकर सात विकेट झटके। उनके अलावा शमी ने दो और बुमराह ने एक विकेट लिया।