मुंबई टेस्ट का दूसरा दिन कमजोर रोशनी की वजह से समय से पहले समाप्त हो गया। वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने पहली पारी में 325 रन बनाए। मयंक अग्रवाल ने सर्वाधिक 150 रन बनाए और अक्षर पटेल (52) ने अपना पहला टेस्ट अर्धशतक लगाया। वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से स्पिनर एजाज पटेल ने सभी 10 विकेट अपने नाम किए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम महज 62 रन के स्कोर पर ही सिमट गई। भारत की तरफ से अश्विन ने चार और सिराज ने तीन विकेट झटके।
भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 263 रन की बढ़त के साथ आगे खेलना शुरू किया और बिना कोई विकेट गंवाए 69 रन बना लिए। मयंक अग्रवाल (38*) और चेतेश्वर पुजारा (29*) की सलामी जोड़ी क्रीज पर बनी हुई है।
भारत की तरफ से दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा और मयंक अग्रवाल की नई सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी कर ली है। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 50/0, मयंक अग्रवाल (24*), चेतेश्वर पुजारा (26*)
मयंक अग्रवाल और उनके नए जोड़ीदार चेतेश्वर पुजारा ने मिलकर दूसरी पारी में भारत को जोरदार शुरुआत दिलाई है। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत की बढ़त भी 300 रन के पार हो गई है। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड के स्कोर: 46/0, चेतेश्वर पुजारा (26*), मयंक अग्रवाल (20*)
शुभमन गिल के चोटिल होने की वजह से चेतेश्वर पुजारा सलामी बल्लेबाजी करने उतरे हैं। वह मयंक अग्रवाल के साथ पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
भारतीय टीम की पहली पारी के 325 रन के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम महज 62 रन पर ही ढेर हो गई है। इसी के साथ टीम इंडिया के पास 263 रनों की मजबूत बढ़त हो गई है। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमीसन ने सबसे अधिक 17 रन बनाए। जबकि भारत की तरफ से अश्विन ने चार, सिराज ने तीन और अक्षर ने दो विकेट चटकाए।
रविचंद्रन अश्विन की झोली में चौथा विकेट आ गया है। इस बार उन्होंने विलियम सोमेरविले को सिराज के हाथों कैच कराया।
चायकाल के बाद अश्विन ने न्यूजीलैंड को मुश्किल में डाल दिया है। अश्विन ने अपने चौथे ओवर में ब्लंडेल और साउदी दोनों को पवेलियन की राह दिखा दी। ब्लंडेल ने आठ रन का योगदान दिया और साउदी खाता खोले बगैर पवेलियन लौटे। 20 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 53/8, काइल जेमीसन (9*)
जयंत यादव के ओवर में जेमीसन और ब्लंडेल ने एक-एक चौके लगाए और 12 रन बटोरे। इसी के साथ न्यूजीलैंड के 50 रन भी पूरे हो गए।
दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन के दूसरे सत्र में दोनों टीमों की तरफ से जोरदार खेल देखने को मिला। भारत की तरफ से मयंक अग्रवाल ने 150 रन की पारी खेली तो अक्षर पटेल ने अपनी पहली टेस्ट फिफ्टी लगाई। वहीं न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल ने 10 विकेट लेकर इतिहास रचा दिया। भारत की टीम 325 रन पर सिमटी, जवाब में न्यूजीलैंड ने 38 रन के स्कोर पर अपने छह विकेट गंवा दिए।
रविचंद्रन अश्विन ने गेंदबाजी में शानदार आगाज किया है। उन्होंने अपना पहला ही ओवर विकेट मेडेन डाला। अश्विन में ओवर की पहली ही गेंद पर हेनरी निकोल्स को सात रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 31/5, रचिन रविंद्र (0*), टॉम ब्लंडेल (0*)
बल्ले से अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में भी शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अपने दूसरे ही ओवर में डैरिल मिचेल को आठ रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया है। 10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 27/4, हेनरी निकोल्स (4*), टॉम ब्लंडेल (0*)
मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड के शीर्षक्रम को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने अपने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर रॉस टेलर को एक रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। 6 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 21/3, हेनरी निकोल्स (4*), डैरिल मिचेल (2*)
भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपने दूसरे ही ओवर में न्यूजीलैंड को दो झटके दिए। उन्होंने सबसे पहले विल यंग को चार रन के स्कोर पर कोहली के हाथों कैच कराया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर टॉम लाथम को 10 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। 4 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 15/2, डैरिल मिचेल (1*), रॉस टेलर (0*)
भारतीय क्रिकेट टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 325 रन का स्कोर किया है। भारत की तरफ से मयंक अग्रवाल (150), अक्षर पटेल (52) और शुभमन गिल (44) ने सबसे बड़ी पारी खेली। न्यूजीलैंड की तरफ से सभी 10 विकेट एजाज पटेल ने चटकाए।
भारतीय मूल के कीवी स्पिनर एजाज पटेल ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारत के सभी 10 विकेट अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। वह टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 10 विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे और न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बन गए हैं।
अक्षर पटेल ने मुश्किल परिस्थिति में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला टेस्ट अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 113 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। 103 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 308/7, अक्षर पटेल (50*), जयंत यादव (0*)
भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने चौके के साथ 150 रन पूरे किए और उसकी अगली ही गेंद पर एजाज पटेल को विकेट थमा बैठे। एजाज पटेल ने मयंक के विकेट के साथ सातवीं सफलता हासिल कर ली है। 100 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 291/7, जयंत यादव (0*), अक्षर पटेल (34*)
दूसरे दिन का लंच हो गया है और भारत ने शुरुआती झटके से उबरते हुए मजबूत वापसी की है। मयंक अग्रवाल और अक्षर पटेल ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 61 रनों की अहम साझेदारी कर ली है। मयंक 150 रन से महज चार रन दूर हैं। 98 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 285/6, मयंक अग्रवाल (146*), अक्षर पटेल (32*)
मयंक अग्रवाल और अक्षर पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। 95 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 275/6, मयंक अग्रवाल (144*), अक्षर पटेल (28*)
दूसरे दिन शुरुआती झटके से उबरते हुए मयंक अग्रवाल और अक्षर पटेल ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 34 रनों की अहम साझेदारी कर ली है। 84 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 258/6, मयंक अग्रवाल (133*), अक्षर पटेल (22*)
न्यूजीलैंड ने दूसरी नई गेंद ले ली है और अपने अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी को गेंदबाजी पर लगा दिया है। भारत ने भी इस ओवर में चार रन बटोरे और इसी के साथ उसके 250 रन पूरे हो गए हैं। 81 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 251/6, अक्षर पटेल (18*), मयंक अग्रवाल (130*)
भारत के लिए दूसरे दिन की शुरुआत बेहद ख़राब हुई। न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल ने दिन के अपने पहले ही ओवर में भारत को लगातार दो झटके दिए। उन्होंने पहले चौथी गेंद पर ऋद्धिमान साहा को एलबीडब्ल्यू आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर अश्विन को बोल्ड कर दिया। 72 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 224/6, मयंक अग्रवाल (121*), अक्षर पटेल (0*)
वानखेड़े में दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। भारत की तरफ से मयंक अग्रवाल और ऋद्धिमान साहा की जोड़ी क्रीज पर है जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने गेंदबाजी शुरू की है।
भारतीय टीम की नजर दूसरे दिन बड़ा स्कोर बनाने की होगी। मयंक अग्रवाल और ऋद्धिमान साहा के बीच 61 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
पहले दिन के खेल में पहला सत्र का खेल नहीं हो पाया। इसकी वजह से आज दूसरे दिन कुल 98 ओवर की गेंदबाजी होगी और शाम 5:30 बजे तक खेल जारी रह सकता है।
वानखेड़े में गीला मैदान होने की वजह से पहले दिन देरी से मैच शुरू हुआ और कुल 70 ओवर की गेंदबाजी हुई। भारत ने इस दौरान चार विकेट खोकर 221 रन बनाए। भारत की तरफ से मयंक अग्रवाल (120*) ने शतक जड़ा जबकि विराट कोहली और चेतेेश्वर पुजारा बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे। न्यूजीलैेंड की तरफ से एजाज पटेल ने भारत के चारों विकेट झटके।