फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ Highlights: दिन की अंतिम गेंद पर आउट हुए कोहली, स्टंप के समय भारत का स्कोर 231/3

Fri, 18 Oct 2024 05:23 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

खास बातें

IND vs NZ 1st Test Day 3 :  न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन भारत के खिलाफ 356 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। जवाब में भारत ने भी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 231 रन बना लिए हैं। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और सरफराज खान ने अर्धशतक जड़े। भारतीय टीम हालांकि, फिलहाल 125 रन पीछे चल रही है।
विज्ञापन
सरफराज और विराट कोहली - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:18 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: तीसरे दिन का खेल समाप्त

भारत ने तीसरे दिन के खेल की अंतिम गेंद पर सेट बल्लेबाज विराट कोहली का विकेट गंवाया। कोहली और सरफराज खान के बीच शानदार साझेदारी चल रही थी जिसे ग्लेन फिलिप्स ने कोहली को आउट कर तोड़ा। भारत ने इस तरह दिन के खेल की समाप्ति तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 231 रन बना लिए हैं। भारत अभी भी न्यूजीलैंड से 125 रन पीछे चल रहा है। स्टंप के समय सरफराज खान 78 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए और 356 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल और कप्तान रोहित शर्मा ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। इस साझेदारी का अंत यशस्वी जायसवाल के आउट होने से हुआ। यशस्वी 52 गेंदों पर 35 रन बनाए। इसके बाद रोहित ने शानदार पारी खेली और टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक जड़ा, लेकिन वह अजीब तरीके से आउट हुए। रोहित ने 63 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए।

दो झटके लगने के बाद कोहली और सरफराज ने मोर्चा संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी की। पहले सरफराज ने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया और फिर कोहली ने भी पचासा जड़ा। इस दौरान कोहली टेस्ट में नौ हजार रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बने। कोहली और सरफराज ने काफी हद तक भारत को मुश्किल से निकाल दिया, लेकिन कोहली फिलिप्स की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए और इस साझेदारी का अंत हो गया। कोहली के पवेलियन लौटने के साथ ही स्टंप की घोषणा कर दी गई। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल को दो और फिलिप्स को अब तक एक विकेट मिला है। 

05:12 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: सरफराज-कोहली क्रीज पर टिके

विराट कोहली और सरफराज खान क्रीज पर टिके हुए हैं। दोनों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने दूसरी पारी में 200 रन से अधिक का स्कोर कर लिया है। सरफराज और कोहली के बीच अब तक 134 रनों की साझेदारी हुई है, लेकिन टीम न्यूजीलैंड से 127 रन पीछे चल रही है। 

04:44 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: कोहली के टेस्ट में नौ हजार रन पूरे

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में नौ हजार रन पूरे कर लिए हैं और वह ऐसा करने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने सरफराज खान के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी पूरी कर ली है। कोहली और सरफराज दोनों ने ही अर्धशतक जड़े और भारत को मुश्किल से निकालने का प्रयास किया। भारत हालांकि, अभी भी न्यूजीलैंड से 143 रन पीछे चल रहा है। 

विज्ञापन
04:29 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: कोहली का पचासा

सरफराज खान के बाद भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी पचासा जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का 31वां अर्धशतक है। कोहली और सरफराज के बीच इस तरह तीसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी भी पूरी हो गई है। सरफराज 56 और कोहली 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत हालांकि, न्यूजीलैंड से अभी भी 160 रन पीछे चल रहा है। 

04:18 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: सरफराज खान ने जड़ा अर्धशतक

सरफराज खान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। सरफराज ने 42 गेंदों पर पचासा लगाया जो उनके टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक है। सरफराज के साथ दूसरे छोर पर कोहली भी अच्छा साथ निभा रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

विज्ञापन
03:56 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: सरफराज-कोहली की अर्धशतकीय साझेदारी

दो विकेट गंवाने के बाद विराट कोहली और सरफराज खान ने भारतीय पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। यशस्वी और कप्तान रोहित का विकेट गंवाने के बाद कोहली तथा सरफराज ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 76 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

03:36 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: भारत का स्कोर 130 रन के पार

भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 132 रन बना लिए हैं। विराट और सरफराज के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत अभी भी 210+ रन पीछे है।

03:14 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को 95 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अच्छी लय में दिख रहे कप्तान रोहित शर्मा अपना विकेट फेंक बैठे। दरअसल, भारत की दूसरी पारी के 22वें ओवर में एजाज पटेल की गेंद पर रोहित ने डिफेंस किया। हालांकि, गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से से लगकर पीछे की तरफ गई और विकेट से टकरा गई। रोहित ने कोई रिएक्ट नहीं किया, न ही गेंद को विकेट पर जाने से रोक पाए। इस तरह आउट होने के बाद रोहित काफी निराश दिखे। उन्होंने 63 गेंद में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक रहा। फिलहाल विराट कोहली और सरफराज खान क्रीज पर हैं।

03:09 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: रोहित का अर्धशतक

कप्तान रोहित शर्मा ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 59 गेंद में टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक जड़ा। पिछली पारी में फेल रहने के बाद रोहित इस पारी में जमकर चौके छक्के बरसा रहे हैं। भारत को अब तक एकमात्र झटका

02:56 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: भारत को पहला झटका

दूसरी पारी में भारत को 72 के स्कोर पर पहला झटका लगा। एजाज पटेल ने यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। वह 52 गेंद में छह चौके की मदद से 35 रन बना सके। फिलहाल रोहित और विराट कोहली क्रीज पर हैं। विराट एकबार फिर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। पहली पारी में वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए खाता भी नहीं खोल पाए थे।

02:29 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: चायकाल

तीसरे दिन चायकाल तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 27 रन और यशस्वी जायसवाल 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड को 356 रन की बढ़त मिली थी। ऐसे में टीम इंडिया अब भी 299 रन पीछे है। भारत की पहली पारी 46 रन पर सिमट गई थी। जवाब में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए थे।

02:10 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: भारत का स्कोर 40 रन के पार

भारत ने बिना विकेट गंवाए 40 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल संभल कर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों खराब गेंदों को बाउंड्री लाइन के पार भेज रहे हैं। न्यूजीलैंड को 356 रन की बढ़त हासिल है।

01:36 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: भारत की दूसरी पारी शुरू

भारत की दूसरी पारी की शुरुआत हो चुकी है। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। टीम इंडिया ने 12 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम पर न्यूजीलैंड ने 356 रन की बढ़त हासिल की है।

01:12 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 402 रन बनाए

न्यूजीलैंड की पहली पारी 402 रन पर समाप्त हुई। भारत ने अपनी पहली पारी में 46 रन बनाए थे। इस तरह कीवी टीम ने पहली पारी में 356 रन की बढ़त हासिल की। रचिन रवींद्र ने 134 रन की शानदार पारी खेली। वह आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। अपनी 157 गेंद की पारी में रचिन ने 13 चौके और चार छक्के लगाए। उन्हें कुलदीप यादव ने सब्स्टिट्यूट विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। 

न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को तीन विकेट पर 180 रन से आगे खेलना शुरू किया और 222 रन जोड़ने में बाकी बचे सात विकेट गंवाए। डेरिल मिचेल (18), टॉम ब्लंडेल (5), ग्लेन फिलिप्स (14) और मैट हेनरी (8) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद रचिन ने टिम साउदी के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी निभाई। रचिन ने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा, जबकि साउदी ने टेस्ट करियर का सातवां अर्धशतक लगाया। अर्धशतक लगाने के बाद साउदी सिराज का शिकार बने। वह 73 गेंद में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। एजाज चार रन बना सके। भारत की ओर से कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह और आर अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।

01:01 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड को नौवां झटका

न्यूजीलैंड की टीम को 384 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। कुलदीप यादव ने एजाज पटेल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह चार रन बना सके। फिलहाल रचिन रवींद्र के साथ विलियम ओरुर्के क्रीज पर हैं। कीवी टीम की बढ़त 338 रन की हो चुकी है।

12:55 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड के पुछल्ले बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी

न्यूजीलैंड के पुछल्ले बल्लेबाज रचिन रवींद्र का अच्छा साथ निभा रहे हैं। रचिन ने आठवें विकेट के लिए टिम साउदी के साथ 137 रन की साझेदारी की थी। साउदी 65 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रचिन एजाज पटेल के साथ मिलकर कीवी को मजबूत स्कोर तक पहुंचा रहे हैं। टीम का स्कोर आठ विकेट पर 380 रन के पार जा चुका है। रचिन 110+ रन बनाकर खेल रहे हैं। कीवी टीम की बढ़त 330+ रन की हो चुकी है।

12:43 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: आठवां विकेट गिरा

दूसरे सत्र का खेल शुरू होते ही भारत ने कीवियों को आठवां झटका दे दिया है। सिराज ने टिम साउदी को अपना शिकार बनाया। वह 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एजाज पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रचिन रवींद्र क्रीज पर डटे हैं। 

12:21 PM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। रचिन रवींद्र 105 और टिम साउदी 50 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। दोनों के बीच 118* रनों की साझेदारी हो चुकी है। कीवी टीम ने फिलहाल 300+ रनों की बढ़त बना ली है।

11:33 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: लंच ब्रेक

तीसरे दिन लंच तक न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 345 रन बना लिए हैं। रचिन रवींद्र ने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। वह 104 रन और टिम साउदी 49 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड की बढ़त फिलहाल 299 रन की है। साउदी भी सातवें टेस्ट अर्धशतक से एक रन दूर हैं। अपनी पारी में रचिन ने अब तक 11 चौके और दो छक्के लगाए हैं। वहीं, साउदी ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए हैं। 233 रन पर कीवी टीम का सातवां विकेट गिरा था। इसके बाद से साउदी और रचिन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन पहले सत्र में 31 ओवर में 165 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। कीवी टीम ने आज 5.32 के रन रेट से रन बटोरे हैं। टीम ने तीन विकेट पर 180 रन से आगे खेलना शुरू किया और आज डेरिल मिचेल (18), टॉम ब्लंडेल (5), ग्लेन फिलिप्स (14) और मैट हेनरी (8) के विकेट गंवाए। भारत के लिए इस टेस्ट में वापसी करना मुश्किल होगा।

11:22 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: रचिन रवींद्र का शतक

रचिन रवींद्र ने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया है। न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 335 रन बना लिए हैं। रचिन और टिम साउदी के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। फिलहाल रचिन 104 रन और साउदी 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले तीन ओवर में 48 रन आए हैं। ये दोनों खिलाड़ी चौके छक्कों की बरसात कर रहे हैं। 

11:17 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड 300 रन के पार

न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 300 से ज्यादा रन बना लिए हैं। रचिन रवींद्र अपने दूसरे शतक के करीब हैं। फिलहाल रचिन और टिम साउदी के बीच 80 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। वहीं, बढ़त भी कीवी टीम ने 250 से ज्यादा रन की ले ली है।

10:52 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: रचिन रवींद्र का अर्धशतक

न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवाकर 260 रन बना लिए हैं। उनकी बढ़त फिलहाल 214 रन की है। रचिन रवींद्र ने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक जड़ा। फिलहाल वह टिम साउदी के साथ क्रीज पर हैं। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

10:31 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड को सातवां झटका

233 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को सातवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने मैट हेनरी को क्लीन बोल्ड किया। वह आठ रन बना सके। आउट होने से पहले हेनरी ने जडेजा की लगातार दो गेंदों पर दो चौके लगाए थे। इसके बाद तीसरी गेंद पर जडेजा ने उनसे बदला लेते हुए बोल्ड किया। फिलहाल टिम साउदी और रचिन रवींद्र क्रीज पर हैं। कीवियों की बढ़त 188 रन की हो चुकी है।

10:24 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड को छठा झटका

न्यूजीलैंड को 223 के स्कोर पर छठा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया। वह 14 रन बना सके। यह आज के दिन कीवी टीम को लगा तीसरा झटका है। फिलहाल रचिन रवींद्र और मैट हेनरी क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की लीड 175+ रन की हो चुकी है। फिलिप्स से पहले आज डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल आउट हुए।

09:57 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी

न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। 204 पर न्यूजीलैंड को ओवरऑल पांचवां और आज के दिन का दूसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने टॉम ब्लंडेल को स्लिप में राहुल के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बना सके। फिलहाल रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। इससे पहले सिराज ने डेरिल मिचेल (18) को पवेलियन भेजा था। न्यूजीलैंड की बढ़त फिलहाल 158 रनों की है।

09:42 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: न्यूजीलैंड को चौथा झटका

न्यूजीलैंड को तीसरे दिन पहला झटका डेरिल मिचेल के रूप में लगा। मिचेल चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें सिराज ने यशस्वी के हाथों कैच कराया। मिचेल ने 18 रन बनाए। उन्होंने रचिन के साथ 39 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल टॉम ब्लंडेल क्रीज पर आए हैं। रचिन रवींद्र 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की बढ़त 145+ रन की हो चुकी है।

09:17 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: तीसरे दिन का खेल शुरू

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। रचिन रवींद्र ने दिन की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। उन्होंने सिराज की गेंद पर मिड विकेट की दिशा में चौका लगाया। कीवी टीम की बढ़ 135 से ज्यादा रन की हो चुकी है। फिलहाल रचिन रवींद्र और डेरिल मिचल क्रीज पर हैं। भारत को जल्द से जल्द विकेट निकालने होंगे।

08:35 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: शतक से चूके कॉन्वे

कॉन्वे अच्छी लय में दिख रहे थे और धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के कॉन्वे को बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई और कॉन्वे को शतक लगाने से रोका। कॉन्वे 105 गेंदों पर 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर रचिन और मिचेल ने भारत को और सफलता हासिल नहीं करने दी और स्टंप तक क्रीज पर टिके रहे। न्यूजीलैंड ने अब तक भारत पर 134 रन की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया आज कीवी टीम को जल्द से जल्द और कम से कम स्कोर पर समेटना चाहेगी। न्यूजीलैंड जहां तीन तेज गेंदबाजों को लेकर उतरा है, वहीं भारत ने तीन स्पिनर्स खिलाए हैं।

08:34 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: भारत की गेंदबाजी भी नहीं रही अच्छी

खराब बल्लेबाजी के बाद टीम इंडिया की गेंदबाजी भी अच्छी नहीं रही। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान टॉम लाथम और डेवॉन कॉन्वे ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। भारत को कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने पहली सफलता दिलाई और लाथम को एलबीडब्ल्यू किया। लाथम 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कॉन्वे ने विल यंग के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी हुई। यंग जडेजा की गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। 

08:32 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live Score: 11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन नहीं बना सके

इससे पहले, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और ओवरकास्ट कंडीशन में टीम इंडिया के बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। टीम के पांच बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल सके। इनमें विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन शामिल हैं। 46 रन भारत में किसी भी टीम द्वारा टेस्ट में सबसे कम स्कोर है। भारत ने दो साल पहले न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा। 2021 में कीवी टीम वानखेड़े में 62 रन पर सिमट गई थी। यह भारत का अपने घर में सबसे खराब प्रदर्शन है। भारत अपने घर में पहली बार 50 का आंकड़ा भी नहीं छू पाया है। 11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन नहीं बना सके।

वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारत का यह सबसे खराब स्कोर है। इससे पहले 1976 में टीम इंडिया ने वेलिंगटन में कीवियों के खिलाफ 81 रन बनाए थे। यह टेस्ट में भारत का तीसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में भारतीय टीम 36 रन पर सिमट गई थी। वहीं, 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में टीम इंडिया 42 रन पर ऑलआउट हो गई थी। यह टेस्ट में ओवरऑल किसी द्वारा 10वां न्यूनतम स्कोर है। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने पांच विकेट लिए। इसी के साथ टेस्ट में उनके 100 विकेट भी पूरे हो गए। वहीं, 23 साल के तेज गेंदबाज विलियम ओरुर्के ने चार विकेट लिए। टिम साउदी को एक विकेट मिला।

08:28 AM, 18-Oct-2024

IND vs NZ Highlights: दिन की अंतिम गेंद पर आउट हुए कोहली, स्टंप के समय भारत का स्कोर 231/3

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बंगलूरू में जारी है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में महज 46 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 180 रन बना लिए हैं। शुक्रवार को कीवी टीम इससे आगे खेलेगी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें