फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ Test Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, न्यूजीलैंड का पहली पारी में स्कोर 180/3, 134 रनों की बढ़त

Thu, 17 Oct 2024 05:26 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु

खास बातें

IND vs NZ 1st Test Day 2 : न्यूजीलैंड ने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी प्रभावित किया और पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड ने भारत को पहली पारी में 46 रनों पर ढेर किया और फिर स्टंप तक तीन विकेट पर 180 रन बनाकर अब तक 134 रनों की बढ़त हासिल कर ली। 
विज्ञापन
कॉन्वे - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:25 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: दूसरे दिन का खेल समाप्त

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। पहली पारी में भारत को 46 रन पर समेटने के बाद न्यूजीलैंड ने अच्छी बल्लेबाजी की और स्टंप तक पहली पारी में तीन विकेट पर 180 रन बनाकर 134 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। दिन के खेल की समाप्ति तक रचिन रवींद्र 22 रन और डेरिल मिचेल 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए अब तक रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिले हैं। 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले दिन का खेल बारिश के कारण बिना टॉस हुए ही समाप्त करना पड़ा था। दूसरे दिन मैच 15 मिनट जल्दी शुरू किया गया और भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का यह निर्णय गलत रहा क्योंकि भारतीय बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और टीम के 11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन भी नहीं बना सके। खराब बल्लेबाजी के बाद टीम इंडिया की गेंदबाजी भी अच्छी नहीं रही। कुल मिलाकर भारत के लिए यह दिन अच्छा नहीं रहा। 

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान टॉम लाथम और डेवॉन कॉन्वे ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। लाथम 15 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने। इसके बाद कॉन्वे ने विल यंग के साथ मिलकर पारी को संभाला। यंग जडेजा की गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने शतक की ओर बढ़ रहे कॉन्वे को बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई और कॉन्वे को शतक लगाने से रोका। कॉन्वे 105 गेंदों पर 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

04:43 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: शतक से चूके कॉन्वे

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे डेवॉन कॉन्वे को बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। कॉन्वे इस तरह शतक पूरा नहीं कर सके और 105 गेंदों पर 91 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन की गेंद पर कॉन्वे ने स्वीप शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद सीधे विकेट पर जाकर लगी। न्यूजीलैंड ने हालांकि, भारत के खिलाफ 108 रनों की बढ़त ले ली है। 

04:33 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: चोटिल पंत मैदान से बाहर गए

भारतीय टीम के बल्लेबाज ऋषभ पंत विकेटकीपिंग करते वक्त गेंद लगने से चोटिल हो गए जिस कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। जडेजा की गेंद स्टंप्स से मिस होती हुई पंत के पैर में लगी और वह दर्द में दिखे। पंत के दाएं पैर में चोट लगी है। मालूम हो कि दिसंबर 2022 में पंत जब कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे उन्हें दाएं पैर में ही चोट लगी थी। बीच मैच से पंत का बाहर जाना भारत के लिए अच्छी खबर नहीं है। हालांकि, उनकी चोट कितनी गंभीर है फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पंत की जगह ध्रुव जुरेल मैदान पर उतरे हैं और विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल रहे हैं। 

पंत को जब गेंद लगी थी तो वह दर्द के कारण मैदान पर लेट गए। इस बीच, फिजियो ने मैदान पर उन्हें देखा और पैर को मोड़ने की कोशिश की। हालांकि, पंत को इससे आराम नहीं मिला और वह लंगड़ाते हुए फिजियो के सहारे से मैदान से बाहर निकले। 

विज्ञापन
04:22 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: विल यंग आउट

रवींद्र जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे विल यंग को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। यंग अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन जडेजा की गेंद पर कुलदीप यादव को कैच थमा बैठे। यंग 73 गेंदों पर 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस तरह यंग और डेवॉन कॉन्वे के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी का भी अंत हो गया। 

04:07 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: कॉन्वे-यंग के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी

भारत को सस्ते में निपटाने के बाद न्यूजीलैंड को डेवॉन कॉन्वे और विल यंग ने अच्छी शुरुआत दिलाई है। कप्तान टॉम लाथम का विकेट गिरने के बाद कॉन्वे और यंग ने रन गति को कम नहीं पड़ने दिया और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। कॉन्वे 74 रन और यंग 31 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

विज्ञापन
03:48 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का स्कोर 100 के पार पहुंचा

न्यूजीलैंड का स्कोर 100 के पार पहुंच चुका है। डेवोन कॉनवे 65 और विल यंग 22 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। 28 ओवर के बाद टीम का स्कोर 107/1 हो गया है। वहीं, कीवी टीम ने 61 रन की बढ़त बना ली है।

02:48 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरा

न्यूजीलैंड को पहला झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने कप्तान टॉम लैथम को एलबीडब्ल्यू किया। वह 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विल यंग उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्रीज पर डेवोन कॉनवे मौजूद हैं। 33 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 54 गेंदों में अपने करियर का 10वां अर्धशतक जड़ा है। 

02:25 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को बढ़त

न्यूजीलैंड की टीम ने भारत पर बढ़त हासिल कर ली है। उन्होंने बिना विकेट गंवाए 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान टॉम लाथम 11 रन और डेवोन कॉनवे 37 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कीवी ओपनर्स ने अब तक अच्छी बल्लेबाजी की है। 

01:59 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड की सधी हुई शुरुआत

न्यूजीलैंड की टीम ने तेज शुरुआत की है। डेवोन कॉन्वे और टॉम लाथम क्रीज पर हैं। उन्होंने बिना विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम 46 रन पर सिमट गई थी।

01:17 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारतीय टीम 46 रन पर ऑलआउट

बेंगलुरु टेस्ट में भारत की पहली पारी 46 रन पर सिमट गई है। कप्तान रोहित शर्मा का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला गलत साबित हुआ। ओवरकास्ट कंडीशन में टीम इंडिया के बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। टीम के पांच बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल सके। इनमें विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन शामिल हैं। ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 13 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा दो रन और जसप्रीत बुमराह एक रन बनाकर आउट हुए।

46 रन भारत में किसी भी टीम द्वारा टेस्ट में सबसे कम स्कोर है। भारत ने दो साल पहले न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा। 2021 में कीवी टीम वानखेड़े में 62 रन पर सिमट गई थी। यह भारत का अपने घर में सबसे खराब प्रदर्शन है। 37 साल पहले यानी 1987 में दिल्ली में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 75 रन बनाए थे। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारत का यह सबसे खराब स्कोर है। इससे पहले 1976 में टीम इंडिया ने वेलिंगटन में कीवियों के खिलाफ 81 रन बनाए थे। यह टेस्ट में भारत का तीसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में भारतीय टीम 36 रन पर सिमट गई थी। वहीं, 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में टीम इंडिया 42 रन पर ऑलआउट हो गई थी। यह टेस्ट में ओवरऑल किसी द्वारा 10वां न्यूनतम स्कोर है। 
 

12:50 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत के नौ विकेट गिरे

भारत ने 40 रन पर नौ विकेट गंवा दिए हैं। ऋषभ पंत 20 और जसप्रीत बुमराह एक रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। पंत को हेनरी ने और बुमराह को रुर्के ने आउट किया। हेनरी ने चार विकेट लिए हैं, जबकि रुर्को को तीन विकेट मिले हैं।

12:41 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत को सातवां झटका

मैट हेनरी ने कहर बरपाते हुए लंच की आखिरी और लंच के बाद पहली ही गेंद पर टीम इंडिया को झटका दिया है। जडेजा के विकेट के साथ लंच हुआ था। अब लंच से वापस आते ही पहली ही गेंद पर उन्होंने अश्विन को पवेलियन भेजा। जडेजा के बाद अश्विन भी खाता नहीं खोल सके। भारत के पांच बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके हैं। इनमें विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और अश्विन शामिल हैं। फिलहाल ऋषभ पंत और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। हेनरी के पास अगले ओवर में हैट्रिक का मौका है। भारत का स्कोर फिलहाल सात विकेट पर 34 रन है।

12:01 PM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत को छठा झटका

भारत ने दूसरे दिन लंच तक अपनी पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 34 रन बना लिए हैं। बुधवार को टॉस नहीं हुआ और बारिश की वजह से पूरा दिन धुल गया था। गुरुवार को टॉस हुआ और भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ओवरकास्ट कंडीशन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। हालांकि, उनका यह फैसला अब तक गलत साबित हुआ है और टीम इंडिया ने महज 23.5 ओवर में 34 रन बनाए हैं और छह विकेट गंवा दिए हैं। लंच से ठीक पहले रवींद्र जडेजा आउट हुए। छह में से चार बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल सके। इनमें विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा शामिल हैं। वहीं, रोहित दो रन और यशस्वी 13 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत 15 रन बनाकर नाबाद हैं। न्यूजीलैंड की ओर से विलियम ओरुर्के ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए हैं। मैट हेनरी को दो और टिम साउदी को एक विकेट मिला है।

11:55 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

33 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। पांच में से तीन बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल सके। इनमें विराट कोहली, सरफराज खान और केएल राहुल शामिल हैं। वहीं, रोहित दो रन और यशस्वी 13 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। विलियम ने पांचवें विकेट के रूप में राहुल को पवेलियन भेजा।

11:46 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत को चौथा झटका

भारत को 31 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। विलियम ओरुर्के ने यशस्वी जायसवाल को एजाज पटेल के हाथों कैच कराया। वह 13 रन बना सके। फिलहाल ऋषभ पंत और केएल राहुल क्रीज पर हैं। भारत ने 10 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पंत और यशस्वी के बीच 21 रन की साझेदारी हुई। ओवरकास्ट कंडीशन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना टीम इंडिया को भारी पड़ रहा है।

10:59 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: बारिश रुकी, खेल फिर से शुरू

बारिश रुक चुकी है। खेल को 11 बजकर पांच मिनट पर चालू किया गया। लंच का समय बढ़ाकर दोपहर 12 बजे का कर दिया गया है। ओरुर्के की पहली ही गेंद को पंत ने चौके के लिए भेजा। भारत का स्कोर फिलहाल तीन विकेट पर 17 रन है। पत के साथ यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं।

10:28 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: बारिश की वजह से रुका मैच

बारिश की वजह से खेल को रोक दिया गया है। आज मैच अपने नियमित समय से 15 मिनट पहले शुरू हुआ था। हालांकि, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का रोहित का फैसला गलत साबित हुआ है। रोहित दो रन बनाकर आउट हुए और विराट कोहली और सरफराज खान खाता नहीं खोल सके। ओवरकास्ट कंडीशन में टीम इंडिया ने 12.4 ओवर में 13 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। शुभमन गिल अनफिट थे और आकाश दीप को आराम दिया गया है। इन दोनों की जगह सरफराज खान और कुलदीप यादव को मौका दिया गया।

10:08 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत को तीसरा झटका

नौ के स्कोर पर ही भारत को दो झटके लगे थे। अब 10 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा है। रोहित (2) को टिम साउदी ने क्लीन बोल्ड किया था। विराट को नए तेज गेंदबाज विलियम ओरुर्के ने कैच आउट कराया। विराट खाता नहीं खोल सके और टेस्ट में उनका औसत प्रदर्शन जारी है। 2020 से लेकर अब तक टेस्ट में वह सिर्फ दो शतक लगा सके हैं। शुभमन गिल इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। विराट के आउट होने पर बल्लेबाजी करने आए सरफराज खान मैट हेनरी की गेंद पर कॉन्वे को कैच थमा बैठे। विराट के बाद सरफराज भी खाता नहीं खोल सके। भारत का शीर्षक्रम लड़खड़ा गया है।

10:05 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत को दूसरा झटका

नौ के स्कोर पर ही भारत को दो झटके लगे हैं। रोहित के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट चुके हैं। रोहित (2) को टिम साउदी ने क्लीन बोल्ड किया था। अब विराट को नए तेज गेंदबाज विलियम ओरुर्के ने कैच आउट कराया। विराट खाता नहीं खोल सके और टेस्ट में उनका औसत प्रदर्शन जारी है। 2020 से लेकर अब तक टेस्ट में वह सिर्फ दो शतक लगा सके हैं। शुभमन गिल इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।

09:52 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत को पहला झटका

भारतीय टीम को नौ के स्कोर पर पहला झटका लगा। टिम साउदी ने कप्तान रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। वह दो रन बना सके। शुभमन गिल नहीं खेल रहे हैं, ऐसे में विराट कोहली चार की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हैं। रोहित ने साउदी की इन स्विंग गेंद को आगे बढ़कर मारने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले और पैर के बीच के गैप से विकेट में घुस गई। फिलहाल विराट के साथ यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं।

09:32 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत की पारी शुरू

भारतीय पारी की शुरुआत हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। ओवरकास्ट कंडीशन है और कीवी तेज गेंदबाजों की गेंद स्विंग हो रही है। हालांकि, टीम इंडिया ने तीन ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए छह रन बना लिए हैं।

08:51 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, केएल राहुल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

न्यूजीलैंड: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मैट हेनरी, टिम साउदी, एजाज पटेल, विलियम ओ'रूर्के।

08:44 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। रोहित ने कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। यह कवर के अंदर रहा है और हम समझते हैं कि शुरुआत में इसमें थोड़ी नमी हो सकती है, लेकिन पिच की प्रकृति ऐसी है कि आप पहले बोर्ड पर रन बनाना चाहेंगे। रोहित ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ पिछले टेस्ट खेलने वाली टीम से दो बदलाव हैं। शुभमन गिल 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं। उनकी जगह सरफराज खान को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, तेज गेंदबाज आकाश दीप की जगह कुलदीप यादव की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। वहीं, टॉम लाथम ने कहा, 'विकेट को कवर के अंदर रखा गया है इसलिए उम्मीद है कि हम गेंद के साथ शुरुआत में इसका अच्छा उपयोग कर सकेंगे। मौसम खराब है, इसलिए हमारी यहां अच्छी तैयारी नहीं हो पाई है। एजाज पटेल के साथ तीन सीमर खेलेंगे। हमारे पास दो ऑलराउंडर हैं जो स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।

08:37 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: विलियम्सन के बिना उतरेगी कीवी टीम

कीवी टीम पहले मैच में केन विलियम्सन के बिना उतरेगी। विलियम्सन को श्रीलंका दौरे के दौरान चोट लगी थी। इससे वह अब तक उबर नहीं सके हैं। विलियम्सन कीवी स्क्वॉड में शामिल हैं, लेकिन वह बाकी के दो टेस्ट खेलेंगे या नहीं उस पर भी संशय बरकरार है। भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे आठ में से पांच टेस्ट जीतने जरूरी हैं।

08:37 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: श्रीलंका दौरे की कड़वाहट को भुलाकर आगे बढ़ना चाहेगी न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाकर भारत दौरे पर आई है। न्यूजीलैंड की कमान टॉम लाथम के हाथों में है और वह भारतीय चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे। भारत के सामने समस्याएं बड़ी नहीं है, लेकिन न्यूजीलैंड को गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में कई दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। स्पिनरों के सामने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण कीवी टीम को श्रीलंका ने 2-0 से हराया। अब भारत के रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा जैसे खतरनाक स्पिनरों का सामना करना उनके लिए कठिन चुनौती होगा।

08:34 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: भारत और कीवी खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचे

भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी स्टेडियम पहुंच चुके हैं। वे मैदान में अभ्यास करते दिख रहे हैं। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम और कई खिलाड़ी पिच का जायजा लेते दिखे। थोड़ी देर में टॉस होना है। पिच दो दिन तक कवर्स के अंदर रही है। ऐसे में नमी की वजह से तेज गेंदबाजों को शुरू में मदद मिल सकती है। इस मैच में रचिन रवींद्र पर खास ध्यान होगा।

08:34 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: दूसरे दिन के लिए संशोधित समय

  • टॉस: सुबह 8:45 बजे से
  • पहला सत्र: सुबह 9:15 बजे से सुबह 11:30 बजे तक
  • सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:10 बजे तक लंच
  • दूसरा सत्र: दोपहर 12:10 बजे से दोपहर 2:25 बजे तक
  • दोपहर 2: 25 बजे से 2:45 बजे तक चायकाल
  • तीसरा सत्र: दोपहर 2:45 बजे से शाम 4:45 बजे तक

08:32 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Live Score: बारिश के कारण पहले दिन का खेल रद्द

बारिश के कारण पहले दिन का खेल रद्द कर दिया गया था। बुधवार को एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। यहां तक कि टॉस भी नहीं हो सका। बुधवार को पूरे दिन बारिश की संभावना जताई गई थी। बीच बीच में कुछ देर के लिए बारिश रुकी, लेकिन मैदान पर गड्ढों की वजह से पिच को इतनी आसानी से नहीं सुखाया जा सकता था। लगभग पूरे दिन पिच कवर्स के अंदर रहा। बुधवार को बेंगलुरु में ऑरेंज अलर्ट था और स्कूल भी बंद कर दिए गए थे। मंगलवार से ही बेंगलुरु में बारिश हो रही है। बीसीसीआई ने अपडेट दिया था कि गुरुवार को टेस्ट के दूसरे दिन 98 ओवर गेंदबाजी होगी टॉस पौने नौ बजे होगा, जबकि पहली गेंद नौ बजकर 15 मिनट पर फेंकी जाएगी।

08:24 AM, 17-Oct-2024

IND vs NZ Test Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, न्यूजीलैंड का पहली पारी में स्कोर 180/3, 134 रनों की बढ़त

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बेंगलुरु में है। टेस्ट का पहला दिन बारिश से पूरी तरह धुल गया था। अब तक इस टेस्ट में टॉस भी नहीं हो सका है। गुरुवार को 98 ओवर का खेल होना है, लेकिन सवाल यह है कि क्या आज भी बारिश विलेन बनेगी? भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें