भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 14 रन बना लिए हैं और उसके पास फिलहाल 63 रनों की बढ़त हो गई है। चेतेश्वर पुजारा (9*) और मयंक अग्रवाल (4*) रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमीसन ने विकेट लिया।
इससे पहले तीसरे दिन भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जोरदार वापसी की। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों द्वारा पहले विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने संयम बनाए रखा और कीवी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। इसके बाद अश्विन ने पहली सफलता दिलाई और फिर अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड के मध्यक्रम को तोड़कर रख दिया। भारतीय गेंदबाजों ने 167 रन देकर न्यूजीलैंड के 10 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम ने 95 और विल यंग ने 89 रन बनाए। भारत की तरफ से अक्षर ने पांच जबकि अश्विन ने तीन विकेट अपने नाम किए।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने यह आंकड़ा नौवें मैच में हासिल किया है। इसी के साथ वह न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे तेज 50 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने दिग्गज शेन बांड (12 मैच) को पीछे छोड़ दिया है।
भारतीय टीम को दूसरे ही ओवर में बड़ा झटका लगा। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले शुभमन गिल एक रन बनाकर काइल जेमीसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर: 2/0, मयंक अग्रवाल (1*), चेतेश्वर पुजारा (1*)
न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन बनाकर ऑलआउट हो गई है। इसके आधार पर भारत के पास अब 49 रनों की बढ़त है। तीसरे दिन मेहमान टीम ने 129/0 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 22 रन जोड़े। इसके बाद अश्विन ने जहां विल यंग को 89 रन के स्कोर पर आउट किया तो वहीं उमेश ने लंच से ठीक पहले कप्तान विलियमसन को चलता किया। इससे पहले कि न्यूजीलैंड की टीम संभल पाती अक्षर पटेल ने एक के बाद एक विकेट गिराने शुरू कर दिए। उन्होंने अश्विन के साथ मिलकर चायकाल के बाद पूरी कीवी टीम को 300 रन के अंदर ही समेट दिया।
न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम ने 95 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली तो वहीं विल यंग ने भी 89 रन बनाए। भारत की तरफ से अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे और पांच विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा अश्विन ने भी तीन विकेट चटकाए।
रविचंद्रन अश्विन ने मैच का अपना दूसरा विकेट हासिल कर लिया है। अश्विन ने इस बार जेमीसन को अपनी फिरकी में फंसाया और अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। जेमीसन ने आउट होने से पहले 75 गेंदों में 23 रन बनाए। 139 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 284/9, विलियम समरविले (1*), एजाज पटेल (0*)
अक्षर पटेल ने टिम साउदी को पांच रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया है। इसी के साथ अक्षर ने अपने पांच विकेट भी पूरे कर लिए हैं। यह उनका सातवीं पारी में पांचवीं बार पांच विकेट हॉल है।
अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी से न्यूजीलैंड को पूरी तरह से घुटने पर ला दिया है। उन्होंने इस बार विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल को चकमा दिया और गिल्लियां बिखेर दी। ब्लंडेल ने आउट होने से पहले 94 गेंदों में 13 रन का योगदान दिया। 124 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 258/7, टिम साउदी (0*), काइल जेमीसन (8*)
चायकाल के बाद काइल जेमीसन और टॉम ब्लंडेल न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। जबकि भारत की तरफ से गेंदबाजी का भार स्पिनर्स पर है। 120 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 250/6, टॉम ब्लंडेल (10*), काइल जेमीसन (3*)
दूसरा सत्र भारत के नाम रहा। इसमें भारत ने 52 देकर चार अहम विकेट हासिल किए। 118 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 249/6, काइल जेमीसन (2*), टॉम ब्लंडेल (10*)
रविंद्र जडेजा ने डेब्यूटेंट रचिन रविंद्र को क्लीन बोल्ड कर दिया है। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने अपना छठा विकेट भी गंवा दिया है। रचिन ने आउट होने से पहले 23 गेंदों में 13 रनों का योगदान दिया। 111 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 241/6, काइल जेमीसन (0*), टॉम ब्लंडेल (5*)
अक्षर ने एक बार फिर से भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। अक्षर ने इस बार टॉम लाथम को 95 रन के स्कोर पर स्टंप आउट कराया। केएस भरत ने एक बार फिर से विकेट के पीछे शानदार काम किया।
अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड को तीसरा झटका देते हुए अपना दूसरा विकेट हासिल किया, उन्होंने हेनरी निकोल्स को पूरी तरह से चकमा दिया और एलबीडब्ल्यू आउट किया। निकोल्स 9 गेंद में दो रन बनाकर आउट हुए।
अक्षर पटेल ने मैच की अपनी पहली सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने न्यूजीलैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया। टेलर ने आउट होने से पहले 28 गेंदों में 11 रन का योगदान दिया। 95 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 215/3, टॉम लाथम (88*), हेनरी निकोल्स (1*)
न्यूजीलैंड की पारी के 90 ओवर पूरे हो चुके हैं। मेहमान टीम की तरफ से टॉम लाथम और रॉस टेलर क्रीज पर बने हुए हैं। 90 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 209/2, रॉस टेलर (9*), टॉम लाथम (85*)
लंच के बाद खेल दोबारा शुरू हो चुका है। उमेश यादव अपना ओवर पूरा कर रहे हैं जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम और रॉस टेलर नई जोड़ी के तौर पर मैदान पर हैं। 86 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 201/2, रॉस टेलर (4*), टॉम लाथम (82*)
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन के आउट होते ही लंच ब्रेक ले लिया गया। उमेश यादव ने तीसरी गेंद पर केन विलियमसन को 18 रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। भारत को इस सत्र में दो सफलता मिली। न्यूजीलैंड का स्कोर: 197/2
भारत ने अब दोनों छोर से स्पिन आक्रमण लगा दिया है। एक तरफ से रविंद्र जडेजा और दूसरी तरफ से रविचंद्रन अश्विन को लगाया गया है। न्यूजीलैंड का स्कोर: 165/1, टॉम लाथम (64*), केन विलियमसन (4*)
रविचंद्रन अश्विन ने आखिरकार विल यंग को अपनी फिरकी में फंसा ही लिया। अश्विन की निचली गेंद पर यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेटकीपर केएस भरत ने एक शानदार कैच पकड़ा। यंग 214 गेंदों में 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 67 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 152/1, केन विलियमसन (1*), टॉम लाथम (56*)
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टॉम लाथम और विल यंग ने पारी को आगे बढ़ाते हुए टीम के स्कोर को 150 रन के पास पहुंचा दिया है। 65 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 151/0, विल यंग (89*), टॉम लाथम (56*)
भारत ने दिन के दूसरे ही ओवर में स्पिन को लगा दिया है। टीम की तरफ से अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को गेंद सौंपी गई है।
भारत ने अपने अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा से गेंदबाजी शुरू कराई है। जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम (50*) और विल यंग (75*) क्रीज पर हैं।
बीसीसीआई द्वारा जारी अपडेट के अनुसार आज ऋद्धिमान साहा के गले में कुछ दिक्कत है और इसलिए उनकी जगह केएस भरत विकेटकीपिंग का जिम्मा संभालेंगे।
आज मैच का तीसरा दिन है और पिच अब धीरे-धीरे टूटेगी, ऐसे में यहां स्पिनरों की भूमिका होने वाली है। कोच राहुल द्रविड़ और टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी इस बात को बखूबी जानते हैं और इसलिए पिच का को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
भारतीय टीम पहले दिन के स्कोर में महज 87 रन जोड़े जबकि न्यूजीलैंड ने छह विकेट चटकाए। टीम इंडिया ने 258/4 से आगे खेलना शुरू किया और 345 रन पर सिमट गई। इस दौरान श्रेयस अय्यर ने अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने 13वीं बार पांच विकेट हासिल किया। इसके बाद न्यूजीलैंड की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरे विल यंग और टॉम लाथम ने मिलकर पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े। इस दौरान दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। भारत के पास फिलहाल पहली पारी के आधार पर 216 रनों की बढ़त है।