फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया, सीरीज में ली 1-0 की बढ़त, सूर्यकुमार ने खेली 62 रन की पारी

Wed, 17 Nov 2021 11:03 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

India vs New Zealand (IND vs NZ) 1st T20I, HIGHLIGHTS: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया। भारत ने न्यूजीलैंड के 165 रन के लक्ष्य को पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने 62 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। भारत ने जीत के साथ ही तीन मैंचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।   
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 लाइव स्कोर - फोटो : social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:49 PM, 17-Nov-2021

भारत की पांच विकेट से जीत

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया। भारत ने न्यूजीलैंड के 165 रन के लक्ष्य को पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत के साथ ही भारत ने तीन मैंचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त भी ले ली है।   

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इससे पहले टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया। जवाब में न्यूजीलैंड ने मार्टिन गुप्टिल (70) और मार्क चैपमैन (63) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर छह विकेट खोकर 164 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत की तरफ से गेंदबाजी में अश्विन और भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे और दो-दो विकेट हासिल किए। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की। रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। हालांकि राहुल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और जल्दी ही पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने रोहित के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे और दूसरे विकेट के लिए भी अर्धशतकीय साझेदारी की। इस दौरान सूर्यकुमार ने 62 रन की पारी खेली जबकि रोहित 48 रन बनाकर आउट हो गए। एक समय मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था लेकिन आखिरी ओवर में ऋषभ पंत ने चौका मारकर बाजी अपने नाम कर ली।      
 

10:37 PM, 17-Nov-2021

श्रेयस आउट

श्रेयस अय्यर के लिए वापसी अच्छी नहीं रही और वह इस मैच में आठ गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हुए।

10:33 PM, 17-Nov-2021

भारत को 12 गेंद में 16 रन की जरुरत 

मैच अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। टीम इंडिया को अब जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों में 16 रन की दरकार है।  

विज्ञापन
10:25 PM, 17-Nov-2021

बोल्ट का शिकार हुए सूर्या 

ट्रेंट बोल्ट अपने दूसरे स्पेल में बेहद खतरनाक साबित हो रहे हैं। अपने आखिरी ओवर में उन्होंने महज दो रन देकर सूर्यकुमार का बड़ा विकेट हासिल किया। बोल्ट ने सूर्यकुमार को 62 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 144/3, श्रेयस अय्यर (0*), ऋषभ पंत (11*)

  

10:19 PM, 17-Nov-2021

भारत को 23 रन की दरकार 

ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर टिम साउदी के तीसरे ओवर में 15 रन बटोरे। भारत को अब इस मैच को जीतने के लिए 24 गेंदो में 23 रनों की जरुरत है।

विज्ञापन
10:15 PM, 17-Nov-2021

सूर्यकुमार का अर्धशतक 

सूर्यकुमार यादव ने अपनी लय को हासिल करते हुए 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने फ़र्ग्युसन की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 127/2, ऋषभ पंत (5*), सूर्यकुमार यादव (53*)

10:11 PM, 17-Nov-2021

चैपमैन की अनोखी उपलब्धि

मार्क चैपमैन पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दो देशों की तरफ से अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 2015 में हांगकांग की तरफ से खेलते हुए ओमान के खिलाफ 63 रन की पारी खेली थी और अब उन्होंने न्यूजीलैंड की तरफ से भारत के खिलाफ 63 रन की पारी खेली।    
 

10:06 PM, 17-Nov-2021

रोहित अर्धशतक से चूके

ट्रेंट बोल्ट ने दूसरे स्पेल में जोरदार वापसी करते हुए कप्तान रोहित शर्मा को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। बोल्ट ने रोहित को 48 रन के स्कोर पर रविंद्र के हाथों कैच कराया।   

09:59 PM, 17-Nov-2021

भारत के 100 रन पूरे

रोहित शर्मा और सूर्यकुमार दोनों मिलकर कीवी गेंदबाजों की खबर ले रहे हैं। दोनों ने मिलकर 50 रन से अधिक की साझेदारी कर ली है। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 104/1, सूर्यकुमार यादव (37*), रोहित शर्मा (46*)

09:57 PM, 17-Nov-2021

रोहित-सूर्या के बीच अर्धशतकीय साझेदारी 

केएल राहुल का विकेट गंवाने के बावजूद भारत ने रनों की रफ्तार बरकरार रखी है। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए भी अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है।

09:34 PM, 17-Nov-2021

पहला पॉवरप्ले समाप्त 

भारत के लिए पहले छह ओवर अच्छे रहे, टीम इंडिया ने इस सत्र में एक विकेट खोकर 56 रन बटोरे। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर: 56/1, सूर्यकुमार यादव (5*), रोहित शर्मा (32*)

 

09:30 PM, 17-Nov-2021

सैंटनर की फिरकी में फंसे राहुल 

न्यूजीलैंड ने स्पिनर मिचेल सैंटनर को गेंदबाजी पर लगाया और उन्होंने आते ही पहली ही गेंद पर राहुल को पवेलियन की राह दिखा दी। ओवर की पहली गेंद पर राहुल स्क्वायर लेग की दिशा में उठाकर मारना चाहते थे लेकिन बाउंड्री पर चैपमैन को आसान कैच दे बैठे। आउट होने से पहले राहुल ने 14 गेंदों में 15 रन बनाए।   

09:26 PM, 17-Nov-2021

भारत के 50 रन पूरे 

रोहित शर्मा और केएल राहुल ने मिलकर ट्रेंट बोल्ट के दूसरे ओवर में जमकर लताड़ लगाई। दोनों ने इस ओवर में 21 रन बटोरे। इसी के साथ भारत का स्कोर भी 50 पर पहुंच गया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर: 50/0, रोहित शर्मा (31*), केएल राहुल (15*)
 

09:20 PM, 17-Nov-2021

रोहित ने साउदी की धुनाई की 

कप्तान रोहित शर्मा ने आक्रामक रूख अपनाते हुए टिम साउदी के दूसरे ओवर में 15 रन बटोरे। रोहित ने इस ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर: 24/0, रोहित शर्मा (15*), केएल राहुल (7*)

  

09:06 PM, 17-Nov-2021

भारत की सधी हुई शुरुआत 

केएल राहुल ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर चौका जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिया। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर: 7/0, रोहित शर्मा (0*), केएल राहुल (6*)

  

09:02 PM, 17-Nov-2021

भारतीय पारी शुरू

भारतीय टीम की तरफ से केएल राहुल और रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की है जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तान टिम साउदी ने नई गेंद थामी है।  

08:52 PM, 17-Nov-2021

भारत के सामने 165 रन का लक्ष्य

न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 164/6 का स्कोर खड़ा किया है। भारत को अब इस मुकाबले को जीतने के लिए 165 रन के लक्ष्य को हासिल करना होगा। न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल ने सबसे बड़ी पारी खेली और 42 गेंदों में 70 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा मार्क चैपमैन ने 50 गेंदों में 63 रन की पारी खेली।  

भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन और भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने दो-दो विकेट हासिल किए।  
 

08:27 PM, 17-Nov-2021

सबसे बड़ी साझेदारी 

मार्क चैपमैन और मार्टिन गुप्टिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 105 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई है। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।   
 

08:24 PM, 17-Nov-2021

गुप्टिल का अर्धशतक 

मार्टिन गुप्टिल ने धीमी शुरुआत के बाद तेजी से रन बनाना शुरू किया और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 16 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 130/3, टिम साइफ़र्ट (6*), मार्टिन गुप्टिल (56*)
 

 

08:13 PM, 17-Nov-2021

अश्विन का सफल ओवर 

रविचंद्रन अश्विन ने अपने अनुभव का भरपूर फायदा उठाते हुए कोटे के आखिरी ओवर में चार रन देकर दो विकेट झटके। अश्विन ने ओवर की दूसरी गेंद पर चैपमैन और फिर पांचवीं गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को बोल्ड किया। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 110/3, मार्टिन गुप्टिल (42*), टिम साइफर्ट (0*)

  

08:04 PM, 17-Nov-2021

न्यूजीलैंड के 100 रन पूरे 

न्यूजीलैंड की टीम ने मार्टिन गुप्टिल और मार्क चैपमैन की शानदार पारियों के दम पर अपने 100 रन पूरे कर लिए हैं। 13 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 106/1, मार्टिन गुप्टिल (42*), मार्क चैपमैन (59*)

 

07:56 PM, 17-Nov-2021

चैपमैन का अर्धशतक 

मार्क चैपमैन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने अक्षर पटेल के ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाया। 12 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 96/1, मार्क चैपमैन (56*), मार्टिन गुप्टिल (35*)
 


 

07:55 PM, 17-Nov-2021

सिराज की हुई धुनाई 

मोहम्मद सिराज के लिए उनका दूसरा ओवर बेहद महंगा साबित हुआ। उनके इस ओवर में कुल 16 रन आए। 11 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 81/1, मार्टिन गुप्टिल (34*), मार्क चैपमैन (43*)
 

 

07:40 PM, 17-Nov-2021

न्यूजीलैंड के 50 रन पूरे 

न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआती झटके से उबरते हुए अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं। मार्टिन गुप्टिल और मार्क चैपमैन के बीच एक मजबूत साझेदारी हो चुकी है। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 55/1, मार्क चैपमैन (39*), मार्टिन गुप्टिल (14*)

 

07:34 PM, 17-Nov-2021

पहला पॉवरप्ले समाप्त 

दीपक चाहर अभी तक काफी महंगे साबित हुए हैं। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में 15 रन लुटाए। इसी के साथ पहला पॉवरप्ले यानी छह ओवर का खेल भी खत्म हो गया है। 6 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 41/1, मार्क चैपमैन (30*), मार्टिन गुप्टिल (9*)

 

07:30 PM, 17-Nov-2021

स्पिन को कमान 

भारतीय टीम ने अब अपने अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को गेंदबाजी पर लगाया है। अश्विन ने भी कसी हुई गेंदबाजी की और अपने पहले ओवर में छह रन दिया। पांच ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 26/1, मार्टिन गुप्टिल (4*), मार्क चैपमैन (20*)

 

07:09 PM, 17-Nov-2021

भुवी का सफल ओवर 

भुवनेश्वर अपने पहले ओवर में पुराने रंग में दिखे और अपनी स्विंग गेंद का कहर बरपाया। उन्होंने पहले ओवर में महज दो रन देकर एक विकेट झटका। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 2/1, मार्टिन गुप्टिल (1*), मार्क चैपमैन (0*) 

07:06 PM, 17-Nov-2021

भुवनेश्वर को पहली सफलता 

भुवनेश्वर कुमार ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ओवर में ही भारत की बड़ी सफलता दिला दी है।  भुवी ने ओवर की तीसरी गेंद पर डैरिल मिचेल को शून्य के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया।  

07:02 PM, 17-Nov-2021

मैच शुरू

न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल और डैरिल मिचेल पारी की शुरुआत कर रहे हैं जबकि भारत ने भुवनेश्वर कुमार को नई गेंद थमाई है। 

06:43 PM, 17-Nov-2021

प्लेइंग XI

भारत: 
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, मोहम्मद सिराज
 

न्यूजीलैंड: 
मार्टिन गुप्टिल, डेरिल मिशेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), मिशेल सेंटनर, टिम साउदी (कप्तान), टॉड एस्टल, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट

06:42 PM, 17-Nov-2021

भारतीय टीम

भारतीय टीम आज दो स्पिनर्स, तीन तेज गेंदबाज और छह बल्लेबाज के कॉम्बिनेशन से उतरी है। इसमें वेंकटेश अय्यर आज डेब्यू कर रहे, जबकि श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है।

06:38 PM, 17-Nov-2021

टॉस रिपोर्ट

भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है, यानी न्यूजीलैंड की टीम यहां बल्लेबाजी करने उतरेगी। 

06:30 PM, 17-Nov-2021

पिच रिपोर्ट:

दीप दासगुप्ता ने पिच का मुआयना करने के बाद बताया कि 2019 से इस मैदान पर औसतन स्कोर 163 का रहा है। स्पिनरों का रिकॉर्ड यहां पर अच्छा रहा है, 2019 के बाद से पिछले सात मैचों को दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करने वाली टीम जीती है। टॉस जीतकर यहां पर लक्ष्य का पीछा करना सही रहेगा।

06:27 PM, 17-Nov-2021

वेंकटेश अय्यर का डेब्यू 

आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने वाले वेंकटेश अय्यर को कप्तान रोहित शर्मा ने डेब्यू कैप थमाई है, यानी मध्यप्रदेश का यह ऑलराउंडर आज अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करेगा। 
 

06:06 PM, 17-Nov-2021

राहुल द्रविड़ ने पिच का लिया जायजा

भारत के नए हेड कोच राहुल द्रविड़ ने पिच का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मैदान पर भी कुछ वक्त गुजारा। द्रविड़ ने पिच को छूकर देखा। जयपुर में पहली बार भारत न्यूजीलैंड टी-20 मैच खेला जा रहा है। 
 

06:03 PM, 17-Nov-2021

नए जोश, नए कलेवर में टीम इंडिया 

भारतीय टीम नए नेतृत्व और नए जोश के साथ एक बार फिर से मैदान में है। विराट कोहली समेत कुछ अहम खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में टीम में कई युवा खिलाड़ियों को जगह दी गई है।
 

05:59 PM, 17-Nov-2021

विराट-विलियमसन के बिना मैच 

दोनों टीमों से कई महत्वपूर्ण खिलाड़ी इस टी-20 सीरीज में नहीं हैं। इसमें विराट कोहली और केन विलियमसन मुख्य तौर पर नहीं खेल रहे और दोनों ही टेस्ट श्रृंखला में नजर आएंगे। 

05:57 PM, 17-Nov-2021

अगले साल टी-20 वर्ल्ड कप 

यूएई में भले ही टी-20 वर्ल्ड कप का समापन हो चुका है लेकिन एक साल साल से भी कम समय दोबारा से इस टूर्नामेंट का आयोजन होना है, ऐसे में भारतीय टीम नई रणनीति और तैयारी के साथ अपनी बेंच स्ट्रेंथ को भी आजमाना चाहेगी। 

05:48 PM, 17-Nov-2021

जयपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आठ साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आयोजन हो रहा है।  दिलचस्प यह है कि 38 साल पुराने इस स्टेडियम में पहली बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जा रहा है।
 

05:34 PM, 17-Nov-2021

द्रविड़-रोहित युग की शुरुआत 

विराट कोहली टी-20 की कप्तानी छोड़ चुके हैं और रवि शास्त्री का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, ऐसे में अब राहुल द्रविड़ टीम के नए कोच और रोहित शर्मा नए कप्तान हैं। द्रविड़-रोहित की इस जोड़ी के आगे सबसे पहली चुनौती न्यूजीलैंड है। न्यूजीलैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2021 की फाइनलिस्ट रही और ग्रुप स्टेज में उसने टीम इंडिया को बुरी तरह से हराया था। हालांकि इस बार खिलाड़ी से लेकर परिस्थितियां सब अलग हैं।
 

05:14 PM, 17-Nov-2021

IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया, सीरीज में ली 1-0 की बढ़त, सूर्यकुमार ने खेली 62 रन की पारी

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप के अपने निराशाजनक प्रदर्शन को भूलकर आज से नए अभियान की शुरुआत कर रही है। टीम की कमान अब नए कोच राहुल द्रविड़ और नए कप्तान रोहित शर्मा के हाथों में है, यानी भारतीय क्रिकेट में आज से नए युग की शुरुआत हो रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें