पर्थ टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया अब भी 83 रन पीछे है। भारतीय बल्लेबाजी के फ्लॉप रहने के बाद और 150 रन पर ऑलआउट होने के बाद ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया हावी है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी और भी खराब रही। अभी तक कोई भी कंगारू बल्लेबाज 20 के आंकड़े से ऊपर नहीं जा सका है। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने अब तक चार विकेट लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी। तीसरे ही ओवर में बुमराह ने नाथन मैकस्वीनी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 10 रन बना सके। इसके बाद बुमराह ने उस्मान ख्वाजा को कोहली के हाथों कैच कराया, फिर अगली ही गेंद पर स्टीव स्मिथ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। ख्वाजा आठ रन और स्मिथ खाता नहीं खोल सके। ट्रेविस हेड को डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने क्लीन बोल्ड किया। वह 11 रन बना सके। वहीं, मिचेल मार्श छह रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। सिराज ने इसके बाद लाबुशेन को एल्बीडब्ल्यू किया। वह 52 गेंद में दो रन बना सके। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भारतीय कप्तान बुमराह ने पंत के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। फिलहाल एलेक्स कैरी 19 रन और मिचेल स्टार्क छह रन बनाकर नाबाद हैं। बुमराह के अलावा मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए, जबकि हर्षित राणा को एक विकेट मिला।
इससे पहले भारत की पहली पारी 150 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया के 11 बल्लेबाज मिलकर 50 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। 49.3 ओवर में पूरी टीम सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 37 और केएल राहुल ने 26 रन की पारी खेली। भारत की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी जायसवाल और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। विराट कोहली पांच रन और ध्रुव जुरेल 11 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर भी चार रन बना सके। पंत और नीतीश ने सातवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कमिंस ने तोड़ा। पंत के आउट होते ही भारतीय पारी 150 रन पर सिमट गई। हर्षित राणा सात रन और बुमराह आठ रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने चार विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और मार्श को दो-दो विकेट मिले। इसी के साथ चायकाल भी हो गया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी भी लड़खड़ा गई है। टीम को 59 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। कप्तान जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। यह उनकी चौथी सफलता रही। इससे पहले वह ख्वाजा, मैकस्वीनी और स्मिथ को पवेलियन भेज चुके हैं। फिलहाल कैरी और स्टार्क क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के 50 रन पूरे हो गए। एलेक्स कैरी ने हर्षित राणा के खिलाफ चौका जड़कर स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया। कैरी और कमिंस फिलहाल क्रीज पर मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलिया को लाबुशने के रूप में छठा झटका लगा। उन्हें मोहम्मद सिराज ने एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने 52 गेंदें खेलीं और सिर्फ दो रन बना पाए। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए पैट कमिंस उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए एलेक्स कैरी क्रीज पर मौजूद हैं।
38 पर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने मिचेल मार्श को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच कराया। राहुल ने बेहतरीन लो कैच पकड़ा। वह छह रन बना सके। मार्नस लाबुशेन काफी देर से क्रीज पर हैं और 38 गेंद में अभी तक एक रन ही बना सके हैं। उनका साथ निभाने एलेक्स कैरी आए हैं।
ऑस्ट्रेलिया को 31 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। डेब्यू कर रहे हर्षित राणा ने ट्रेविस हेड को क्लीन बोल्ड किया। वह 13 गेंद में 11 रन बना सके। फिलहाल मिचेल मार्श और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने नाथन मैकस्वीनी, उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ को आउट किया था।
जसप्रीत बुमराह हैट्रिक से चूक गए। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सातवें ओवर में बुमराह ने लगातार दो गेंद पर दो विकेट लिए। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर उस्मान ख्वाजा को स्लिप में विराट कोहली के हाथों कैच कराया। वह आठ रन बना सके थे। वहीं, इसकी अगली ही गेंद पर बुमराह ने स्टीव स्मिथ को एल्बीब्ल्यू आउट किया। वह खाता नहीं खोल सके। बुमराह ने तीनों विकेट झटके हैं। इससे पहले उन्होंने डेब्यूटांट नाथन मैकस्वीनी को आउट किया था। फिलहाल मार्नस लाबुशेन और ट्रेविस हेड क्रीज पर हैं। कोहली ने लाबुशेन का आसान कैच छोड़ा था, वरना अभी चार विकेट होते। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 19 रन है।
ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका भी लग जाता अगर मैकस्वीनी के आउट होने के बाद वाली गेंद पर विराट कोहली लाबुशेन का कैच ले लेते। तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मैकस्वीनी आउट हुए। इसके बाद अगली गेंद पर लाबुशेन ने डिफेंस किया। ओवर की पांचवीं गेंद पर लाबुशेन ने स्लिप में कैच छोड़ दिया। फिलहाल उस्मान ख्वाजा और लाबुशेन क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका जसप्रीत बुमराह ने 14 रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने नाथन मैकस्वीनी को एलबीडब्ल्यू किया। वह दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्नस लाबुशेन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए उस्मान ख्वाजा क्रीज पर मौजूद हैं।
उस्मान ख्वाजा और नाथन मैकस्वीनी ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाने के लिए बेताब हैं। पारी का पहला ओवर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह डाल रहे हैं।
भारत की पहली पारी 150 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया के 11 बल्लेबाज मिलकर 50 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। 49.3 ओवर में पूरी टीम सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 37 और केएल राहुल ने 26 रन की पारी खेली। भारत की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी जायसवाल और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। विराट कोहली पांच रन और ध्रुव जुरेल 11 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर भी चार रन बना सके। पंत और नीतीश ने सातवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कमिंस ने तोड़ा। पंत के आउट होते ही भारतीय पारी 150 रन पर सिमट गई। हर्षित राणा सात रन और बुमराह आठ रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने चार विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और मार्श को दो-दो विकेट मिले। इसी के साथ चायकाल भी हो गया।
भारत को 144 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। हेजलवुड ने जसप्रीत बुमराह को विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। वह आठ रन बना सके। फिलहाल मोहम्मद सिराज और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं।
128 के स्कोर पर भारत को आठवां झटका लगा। हेजलवुड ने हर्षित राणा को स्लिप में लाबुशेन के हाथों कैच कराया। वह सात रन बना सके। फिलहाल नीतीश रेड्डी और कप्तान जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।
भारत को 121 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। ऋषभ पंत 78 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कमिंस ने स्मिथ के हाथों कैच कराया। पंत ने नीतीश रेड्डी के साथ 85 गेंद में 48 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल हर्षित राणा और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं।
भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 97 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 20 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। फिलहाल दूसरे सत्र का खेल जारी है।
भारत को 73 के स्कोर पर छठा झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर चार रन बनाकर मिचेल मार्श का शिकार बने। भारत की बल्लेबाजी इस टेस्ट में फ्लॉप रही है। यशस्वी और पडिक्कल तो खाता तक नहीं खोल सके थे। फिलहाल ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं।
भारत को 59 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। ध्रुव जुरेल भी 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें मिचेल मार्श ने लाबुशेन के हाथों कैच कराया। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। इससे पहले यशस्वी और पडिक्कल खाता खोले बिना, केएल राहुल 26 रन और विराट कोहली पांच रन बनाकर आउट हुए थे।
पहले सेशन में भारत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। विराट कोहली और केएल राहुल जैसे बड़े नाम पवेलियन लौट चुके हैं। टीम को पहला झटका स्टार्क ने दिया। उन्होंने पांच के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल को निशाना बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद हेजलवुड ने पडिक्कल को पवेलियन भेजा। वह भी खाता नहीं खोल सके। टीम को तीसरा झटका विराट कोहली के रूप में लगा। वह सिर्फ पांच रन बना सके। उन्हें भी हेजलवुड ने अपना शिकार बनाया। लंच तक भारत का स्कोर 51/4 है। फिलहाल क्रीज पर ऋषभ पंत 10 और ध्रुव जुरेल चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को चौथा झटका केएल राहुल के रूप में लगा। उन्हें स्टार्क ने अपना शिकार बनाया। वह 74 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ध्रुव जुरेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को 32 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। विराट कोहली 12 गेंद में पांच रन बनाकर हेजलवुड का शिकार बने। भारतीय टीम करीब एक घंटे के अंदर तीन बहुमूल्य विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल खाता नहीं खोल सके थे। अब दिग्गज विराट भी आउट हो गए। फिलहाल केएल राहुल और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। लंच में अभी एक घंटे का खेल बाकी है।
भारत को 14 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। देवदत्त पडिक्कल भी खाता खोले बिना आउट हुए। उन्हें हेजलवुड ने विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। इससे पहले स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल को पवेलियन भेजा था। फिलहाल केएल राहुल और विराट कोहली क्रीज पर हैं। राहुल ने अब तक शानदार डिफेंसिव अप्रोच दिखाया है।
पांच के स्कोर पर तीसरे ओवर में भारत को पहला झटका लगा। पांचों रन एक्स्ट्राज के रूप में आए थे। यशस्वी खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग उतरे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले ओवर में मिचेल स्टार्क ने गेंदबाजी की। भारत ने पहले ओवर में पांच रन बटोरे। भारत चार तेज गेंदबाजों और एक स्पिनर के साथ मैदान पर उतरा है।
ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), मोहम्मद सिराज।
भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस मैच में हर्षित और नीतीश कुमार रेड्डी टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं। हर्षित को अश्विन और नीतीश को विराट ने डेब्यू कैप सौंपी। टॉस के वक्त बुमराह ने कहा- हम पहले बल्लेबाजी करने जा रहे हैं। अच्छा विकेट लग रहा है। हम अपनी तैयारी को लेकर बहुत आश्वस्त हैं। हमने यहां 2018 में एक टेस्ट मैच खेला था इसलिए हम जानते हैं कि क्या उम्मीद करनी है। विकेट जल्दी गिरते हैं। नीतीश डेब्यू कर रहे हैं। हमारे पास चार तेज गेंदबाज हैं और वॉशिंगटन सुंदर एकमात्र स्पिनर हैं।
भारतीय टीम नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में शुक्रवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में खेलने उतरेगा। पर्थ में होने वाले इस मुकाबले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम की कमान संभालेंगे। रोहित दूसरे बच्चे के जन्म के कारण इस मैच से बाहर रहेंगे। भारत के लिए इस मैच में सही संयोजन ढूंढना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
भारत ने 2018-19 और 2020-21 दौरों पर ऑस्ट्रेलिया को हराया था, लेकिन जिस तरह से हाल ही में न्यूजीलैंड ने भारत को उसकी धरती पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया, इससे भारतीय टीम का मनोबल जरूर गिरा होगा। भारत के लिए जरूरी है कि वह पुरानी कड़वी यादों को भुलाए और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अतीत में किए गए प्रदर्शन से प्रेरणा लेनी होगी। भारत को 2020-21 दौरे के शुरुआती मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा था और टीम एडिलेड में खेले गए उस मैच की दूसरी पारी में महज 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम ने खराब दौर से उबरकर वापसी की थी और मेलबर्न तथा ब्रिसबेन में अगले दोनों मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने में सफल रही थी।
कप्तान रोहित पहले ही इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे, लेकिन इसके बाद शुभमन गिल भी चोटिल हो गए जिससे भारत की चिंता बढ़ गई। गिल कुछ दिन पहले इंट्रा स्क्वाड मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और उनका इस मुकाबले में नहीं खेलना लगभग तय है। हालांकि, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बुधवार को कहा था कि गिल के बारे में कोई भी फैसला शुक्रवार की सुबह मैच शुरू होने से पहले लिया जाएगा। गिल तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं, ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन उनकी अनुपस्थिति में किस खिलाड़ी को लेगा यह देखना दिलचस्प होगा। माना जा रहा है कि गिल की जगह देवदत्त पडिक्कल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।
रोहित की अनुपस्थिति में केएल राहुल यशस्वी जायसवाल के साथ पारी का आगाज करने उतर सकते हैं। राहुल ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में ओपनिंग की थी। राहुल भारत ए के लिए भी प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सके थे और उन्होंने पहली पारी में चार रन और दूसरी पारी में 10 रन बनाए थे। राहुल हालांकि पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं जिस कारण उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले दो टेस्ट मैच से बाहर रखा गया था। ऑस्ट्रेलिया में ओपनर के तौर पर राहुल का रिकॉर्ड बेहतर नहीं है। उन्होंने चार मैचों की सात पारियों में 26.14 के औसत और 45.29 के स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक शामिल है। राहुल हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास सत्र के दौरान जमकर पसीना बहाते नजर आए थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले के लिए 21 वर्षीय ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को प्लेइंग-11 में शामिल होने मौका मिल सकता है। मोर्कल ने नीतीश को अवसर मिलने के संकेत दिए थे। अगर नीतीश प्लेइंग-11 में जगह बनाने में सफल रहे तो वह इस मैच से लाल गेंद के प्रारूप में डेब्यू करेंगे। नीतीश ने आईपीएल 2024 सीजन से प्रभाव छोड़ना शुरू किया था जिस कारण उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने का मौका मिला। नीतीश ने 23 प्रथम श्रेणी मैच ही खेले हैं, लेकिन मध्यम गति से गेंदबाजी करना और निचले क्रम में महत्वपूर्ण रन बनाने की उनकी क्षमता भारत के लिए विदेशी परिस्थिति में अहम साबित हो सकती है।
पहले टेस्ट के लिए पिच में नमी और उछाल को देखते हुए भारत ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की जगह बेहतर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को उतार सकता है। नीतीश के शामिल होने से टीम प्रबंधन जडेजा को आराम दे सकता है क्योंकि नीतीश निचले क्रम पर बल्लेबाजी के साथ चौथे तेज गेंदबाज की भूमिका निभा सकते हैं। बल्लेबाजी में भारत के शीर्ष छह बल्लेबाजों में से तीन ने ऑस्ट्रेलिया में कभी नहीं खेला है और दो के पास चार मैचों का ही टेस्ट अनुभव है। लेकिन यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल के पास आत्मविश्वास है। पिछले पांच साल में भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज ऋषभ पंत और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से काफी उम्मीदें होंगी।
भारतः यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), मोहम्मद सिराज, आकाश दीप।
ऑस्ट्रेलियाः नाथन मैकस्वीनी, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। शुक्रवार यानी 22 नवंबर से पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है और यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचेगी। भारत को कम से कम चार टेस्ट जीतने की जरूरत है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वह एक भी मैच न हारें।