फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG 2nd T20: भारत ने इंग्लैंड को 49 रन से हराया, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ली, भुवनेश्वर ने झटके तीन विकेट

Sat, 09 Jul 2022 11:04 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एजबेस्टन

खास बातें

India vs England (IND vs ENG) 2nd T20: भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार को तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में खेला गया। इस मैच में विराट कोहली, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह की टी-20 टीम में वापसी हुई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 170 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 17 ओवर में 121 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:20 PM, 09-Jul-2022

भारत ने इंग्लैंड को 49 रन से हराया

भारत ने दूसरे टी-20 में इंग्लैंड को 49 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने रवींद्र जडेजा की नाबाद 46 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में आठ विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 17 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाजों की एक न चली। भुवनेश्वर ने तीन विकेट झटके। वहीं, बुमराह और चहल को दो-दो विकेट मिले।

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। भारत ने इंग्लैंड में लगातार चौथी टी-20 सीरीज में जीत हासिल की। इससे पहले उसने 2021 में 3-2, 2018 में 2-1 और 2017 में 2-1 से सीरीज को अपने नाम किया था। वहीं, बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने लगातार 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जीता। वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले कप्तान हैं।

यहां पढ़ें मैच रिपोर्ट

10:12 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को नौवां झटका

16वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने रिचर्ड ग्लीसन को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। ग्लीसन दो रन बना सके। फिलहाल मैथ्यू पार्किंसन और डेविड विली क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर नौ विकेट पर 110 रन है।

10:02 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को 15वें ओवर में दो झटके

15वें ओवर में इंग्लैंड ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट गंवा दिए। 15वें ओवर की पहली गेंद पर मोईन अली ने छक्का लगाया। दूसरी गेंद पर फिर वह बड़ी शॉट खेलने गए। हार्दिक पांड्या ने इस बार मोईन को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। मोईन 21 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरी गेंद पर क्रिस जॉर्डन ने दो रन की मांग की और जैसे ही वह दूसरे रन के लिए दौड़े चहल के शानदार थ्रो पर रोहित शर्मा ने उन्हें रन आउट किया। 15 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 106 रन है। फिलहाल डेविड विली और रिचर्ड ग्लीसन क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
09:59 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: 13 ओवर के बाद इंग्लैंड 74/6

13 ओवर के बाद इंग्लैंड ने छह विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोईन अली और डेविड विली क्रीज पर हैं। इंग्लैंड की बल्लेबाजी खराब रही है। कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट झटके।

09:50 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को छठा झटका

11वें ओवर में 60 के स्कोर पर इंग्लैंड को छठा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने सैम करन को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। करन दो रन बना सके। 11 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 61 रन है। फिलहाल डेविड विली और मोईन अली क्रीज पर हैं। बुमराह का यह दूसरा विकेट रहा। वहीं, भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल ने भी दो-दो विकेट झटके हैं। 

विज्ञापन
09:46 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पांचवां झटका

10वें ओवर में पहली ही गेंद पर युजवेंद्र चहल ने डेविड मलान को हर्षल पटेल के हाथों कैच कराया। मलान 25 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। 10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 59 रन है। फिलहाल मोईन अली और सैम करन क्रीज पर हैं। 

09:35 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को चौथा झटका

सातवें ओवर में 41 के स्कोर पर इंग्लैंड को चौथा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने मैच में अपने पहले ही ओवर में हैरी ब्रुक को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। ब्रुक आठ रन बना सके। सात ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 42 रन है। फिलहाल डेविड मलान और मोईन अली क्रीज पर हैं। 

09:24 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को तीसरा झटका

पांचवें ओवर की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने लियाम लिविंगस्टोन को क्लीन बोल्ड किया। लिविंगस्टोन नौ गेंदों पर 15 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके लगाए। पांच ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 27 रन है। फिलहाल हैरी ब्रुक और डेविड मलान क्रीज पर हैं। 


लिविंगस्टोन

09:19 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: भुवनेश्वर ने बटलर को पवेलियन भेजा

तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जोस बटलर को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। कैच लपकने के बाद पंत और भुवनेश्वर कुमार ने अपील की, जिस पर फील्ड अंपायर ने नॉटआउट दिया। इसके बाद पंत ने रिव्यू लेने की अपील की। इसके बाद रोहित ने डीआरएस का इस्तेमाल किया। डीआरएस में दिखा कि गेंद बल्ले पर लगी थी और बटलर कैच आउट हुए। बटलर चार रन बनाकर आउट हुए। तीन ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 19 रन है। फिलहाल लियाम लिविंगस्टोन और डेविड मलान क्रीज पर हैं। 

08:58 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को शून्य पर पहला झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने इंग्लैंड की पारी के पहली ही गेंद पर पहला विकेट झटका। उन्होंने जेसन रॉय को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। रॉय खाता भी नहीं खोल सके। भुवनेश्वर ने पहला ओवर विकेट मेडन फेंका। फिलहाल जोस बटलर और डेविड मलान क्रीज पर हैं।

08:42 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत ने बनाए 170 रन

भारत ने इंग्लैंड के सामने 171 रन का लक्ष्य रखा है। 20 ओवर में टीम इंडिया ने आठ विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। रवींद्र जडेजा 29 गेंदों पर 46 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से रिचर्ड ग्लीसन ने तीन और क्रिस जॉर्डन ने चार विकेट लिए। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा ने नए जोड़ीदार ऋषभ पंत के साथ मिलकर 29 गेंदों में 49 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को रिचर्ड ग्लीसन ने तोड़ा। उन्होंने कप्तान रोहित को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। रोहित 20 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली फेल रहे। वह तीन गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ग्लीसन ने डेविड मलान के हाथों कराया। ग्लीसन ने अगली ही गेंद पर ऋषभ पंत को भी चलता किया। पंत 15 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। लगातार दो गेंदों पर दो विकेट गिरने से भारत का स्कोर तीन विकेट पर 61 रन हो चुका था। 

इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने टीम इंडिया की पारी संभालनी चाही, लेकिन दोनों 28 रन की साझेदारी ही कर सके। 11वें ओवर में क्रिस जॉर्डन ने लगातार दो गेंदों पर सूर्यकुमार और हार्दिक को चलता किया। सूर्यकुमार 15 रन और हार्दिक 12 रन ही बना सके। इसके बाद दिनेश कार्तिक 17 गेंदों पर 12 रन बनाकर रन आउट हो गए। हर्षल पटेल ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए और छह गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जॉर्डन ने ग्लीसन के हाथों कैच कराया। भुवनेश्वर कुमार दो रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने एक छोर संभाले रखा और 29 गेंदों पर पांच चौके की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद रहे। बुमराह भी नाबाद पवेलियन लौटे।

08:30 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत को सातवां झटका

17 ओवर में भारत ने सात विकेट गंवाकर 145 रन बना लिए हैं। 17वें ओवर में क्रिस जॉर्डन ने हर्षल पटेल को रिचर्ड ग्लीसन के हाथों कैच कराया। हर्षल ने इस गेंद से पहले पिछली गेंद पर छक्का लगाया था। एक और बड़े शॉट के चक्कर में हर्षल अपना विकेट गंवा बैठे। फिलहाल भुवनेश्वर कुमार और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 

08:25 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत को छठा झटका

16वें ओवर में 122 के स्कोर पर छठा झटका लगा। दिनेश कार्तिक रन आउट हुए। वे 17 गेंदों पर 12 रन बना सके। उन्हें हैरी ब्रुक के थ्रो पर जोस बटलर ने रन आउट किया। फिलहाल हर्षल पटेल और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 132 रन है। 

08:12 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: 14 ओवर के बाद भारत 107/5

14 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा छह गेंदों पर 10 रन और दिनेश कार्तिक सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैच में विराट कोहली फेल रहे। वे एक रन बना सके। वहीं, हार्दिक पांड्या भी सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार ने 15 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा 31 रन और ऋषभ पंत 26 रन बनाकर आउट हुए। 

08:01 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: हार्दिक-सूर्यकुमार पवेलियन लौटे

11वें ओवर में 89 के स्कोर पर टीम इंडिया को लगातार दो गेंदों पर दो झटके लगे। इस ओवर की तीसरी गेंद पर जॉर्डन ने सूर्यकुमार को सैम करन के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार 11 गेंदों पर 15 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। वहीं, इसकी अगली गेंद पर जॉर्डन ने हार्दिक पांड्या को डेविड मलान के हाथों कैच कराया। पांड्या 15 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बना सके। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 89 रन है। फिलहाल दिनेश कार्तिक और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।


विकेट मिलने के बाद जॉर्डन

07:52 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: हार्दिक-सूर्यकुमार पर दारोमदार

नौ ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या तीन रन और सूर्यकुमार यादव आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। अच्छी शुरुआत के बाद भारत ने लगातार तीन विकेट गंवा दिए। एक वक्त पांचवें ओवर में टीम इंडिया बिना कोई विकेट गंवाए 49 रन बना लिए थे। इसके बाद रोहित (31 रन) को ग्लीसन ने पवेलियन भेजा। सातवें ओवर में ग्लीसन ने लगातार दो गेंदों पर विराट कोहली (1 रन) और ऋषभ पंत (26 रन) को पवेलियन भेजा।

07:32 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: ग्लीसन की घातक गेंदबाजी, कोहली-पंत आउट

भारत ने सातवें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो विकेट गंवा दिए। रिचर्ड ग्लीसन ने डेब्यू पर कहर बरपाया है। उन्होंने सातवें ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली को डेविड मलान के हाथों कैच आउट कराया। कोहली एकबार फिर फेल रहे। वह तीन गेंदों पर एक रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर ग्लीसन ने पंत को विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया। पंत 15 गेंदों पर 26 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 61 रन है। ग्लीसन ने डेब्यू पर प्रभावित किया और तीनों विकेट झटके हैं।

पंत को आउट करने के बाद ग्लीसन

07:25 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: रोहित शर्मा पवेलियन लौटे

पांचवें ओवर में 49 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 20 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में रोहित ने तीन चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें रिचर्ड ग्लीसन ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। ग्लीसन का यह इंग्लैंड के लिए टी-20 डेब्यू मैच है। रोहित उनका पहला शिकार बने। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 49 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत और विराट कोहली क्रीज पर हैं। 

07:17 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: रोहित-पंत की आक्रामक बल्लेबाजी

रोहित शर्मा और ऋषभ पंत ने टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों ने तीन ओवर में 32 रन जोड़ लिए हैं। पंत आठ गेंदों में 14 रन और रोहित शर्मा 10 गेंदों में 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। डेविड विली के दूसरे और पारी के तीसरे ओवर में रोहित-पंत ने 17 रन बनाए।

07:03 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: रोहित और पंत ओपनिंग करने उतरे

दूसरे टी-20 में कप्तान रोहित शर्मा के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ओपनिंग के लिए उतरे हैं। ईशान किशन यह मैच नहीं खेल रहे। पहले ही ओवर में डेविड विली की गेंद पर जेसन रॉय ने प्वाइंट पर रोहित का आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद रोहित ने इस जख्म पर नमक छिड़कते हुए ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया। एक ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन है। 

06:49 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: आठ महीने बाद एकसाथ नजर आएंगे बुमराह, विराट और रोहित

विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह लगभग आठ महीने बाद एकसाथ टी-20 मुकाबला खेलते नजर आएंगे। इससे पहले तीनों खिलाड़ी टी-20 में 8 नवंबर 2021 को टी-20 वर्ल्ड कप में एकसाथ खेलते नजर आए थे। यह मुकाबला भारत और नामीबिया के बीच खेला गया था। इसके बाद किसी सीरीज में बुमराह को आराम दिया गया था तो किसी सीरीज में विराट कोहली को। तीनों इस साल किसी टी-20 मैच में साथ नहीं खेले। रोहित शर्मा अगर यह मैच जीतते हैं तो लगातार 14 टी-20 मुकाबला जीतने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन जाएंगे।

06:43 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: रोहित-पंत करेंगे ओपनिंग

भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी। रोहित और पंत ओपनिंग करेंगे, क्योंकि ईशान किशन नहीं खेल रहे। वहीं, कोहली पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। फेल होने पर प्लेइंग-11 में उनकी जगह खतरे में पड़ सकती है। शानदार फॉर्म में चल रहे दीपक हुड्डा को बाहर किया गया है। ऐसे में कोहली तीसरे नंबर पर उतरेंगे। उनके प्रदर्शन पर सबकी नजर होगी।

06:37 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, रवींद्र जडेजा, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

इंग्लैंड: जेसन रॉय, जोस बटलर ( विकेटकीपर/कप्तान), डेविड मलान, लियाम लिविंगस्टोन, हैरी ब्रुक, मोईन अली, सैम करन, डेविड विली, क्रिस जॉर्डन, रिचर्ड ग्लीसन, मैथ्यू पार्किंसन ।

06:16 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

भारत के खिलाफ इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इंग्लैंड के कप्तान ने टीम में दो बदलाव किए हैं। रीस टॉपली और टायमल मिल्स की जगह डेविड विली और रिचर्ड ग्लीसन को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में चार बदलाव किए हैं। ईशान किशन, दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को टीम से बाहर किया गया है। वहीं, विराट कोहली, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है।

06:14 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: बटलर-मोईन से इंग्लैंड को बड़ी उम्मीद 

हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। रोहित को फील्डिंग में टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दूसरी ओर, इंग्लैंड टीम पहले मैच की हार को भुलाकर वापसी करना चाहेगी। पहली गेंद पर आउट हुए कप्तान जोस बटलर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। ऑलराउंडर मोईन अली से भी टीम को बड़ी उम्मीदें रहेंगी। मेजबानों को अपने घर में सीरीज बचाने के लिए बेहतर प्रयास करने होंगे।

दोनों स्क्वॉड: 
इंग्लैंड : 
जोस बटलर ( विकेटकीपर, कप्तान), डेविड मलान, लियाम लिविंगस्टोन, हैरी ब्रूक, मोईन अली, सैम करन, क्रिस जॉर्डन, टायमल मिल्स, रीस टोप्ले, मैथ्यू पार्किंसन, डेविड विली, फिलिप साल्ट, रिचर्ड ग्लीसन।

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, आवेश खान, रवि बिश्नोई, उमरान मलिक।

06:13 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: पंत, जडेजा, बुमराह की वापसी से टीम मजबूत

विराट कोहली, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और श्रेयस अय्यर भी टी-20 टीम से जुड़ गए हैं। पहले मैच में भारत को एक बल्लेबाज की कमी खली हालांकि टीम ने 198 रन बने। अक्षर पटेल की जगह आए जडेजा से बल्लेबाजी मजबूत नजर आ रही है। भुवनेश्वर कुमार ने नई गेंद से प्रभावित किया और अब बुमराह भी उनके साथ जुड़ जाएंगे। अर्शदीप का पदार्पण सफल रहा लेकिन वह अगले दो मैचों में टीम में नहीं हैं। उमरान मलिक को उनकी जगह चुना गया है।

06:13 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: प्रदर्शन पर टिका है कोहली का भविष्य

कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी-20 मैचों की सीरीज में भी ब्रेक दिया गया है। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ आगामी दो मैच इस प्रारूप में उनके भविष्य को देखते हुए काफी अहम होंगे। कोहली अपने आप को कई बार साबित कर चुके हैं लेकिन युवा खिलाड़ियों के बेखौफ खेल को देखते हुए उन्हें फिर अपने चिर परिचित रंग में लौटना होगा। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में रोहित की वापसी हुई है जो कोरोना संक्रमण के कारण टेस्ट मैच नहीं खेल सके थे। भारतीय खिलाड़ियों ने पहले मैच में पारंपरिक अंदाज में नहीं खेला चूंकि विश्व कप में खराब प्रदर्शन की वजह यह भी थी। पावरप्ले में 66 रन बने और विकेट गिरने के बावजूद भी तेजी से रन बनते रहे। भारत को हालांकि ‘फिनिशिंग’ पर काम करना होगा।

06:12 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: रोहित के साथ कोहली कर सकते हैं ओपनिंग

टीम की रोटेशन नीति के तहत कोहली और अन्य सीनियर खिलाड़ियों को समय-समय पर आराम दिया जाता है। उनकी जगह दीपक हुड्डा जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया और उनकी फॉर्म को देखते हुए उन्हें टीम से बाहर कर पाना मुश्किल होगा। कोहली के क्रम पर बल्लेबाजी कर रहे हुड्डा ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में 17 गेंद में 33 रन बनाए। अगर उन्हें बरकरार रखा जाता है तो कोहली को कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करना होगा। ऐसे में ईशान किशन को बाहर रहना होगा। कोहली ने टी20 में आखिरी अर्धशतक पारी की शुरूआत करते हुए ही बनाया था।

06:10 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत बना सकता है रिकॉर्ड

अगर भारत यह मुकाबला जीत लेता है तो वह इंग्लैंड में लगातार चौथी टी20 सीरीज में जीत हासिल कर लेगा। इससे पहले उसने 2021 में 3-2, 2018 में 2-1 और 2017 में 2-1 से सीरीज को अपने नाम किया था। इस मैच के जरिए पांच महीने बाद टी-20 क्रिकेट में वापसी कर रहे भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर लंबे खराब फॉर्म से निजात पाने का भारी दबाव होगा।

कोहली ने आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी में खेला था। अक्टूबर-नवंबर में टी20 विश्व कप में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद से वह सिर्फ दो टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने इस दौरान सिर्फ आईपीएल में टी20 क्रिकेट खेला लेकिन उसमें भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके।

05:46 PM, 09-Jul-2022

IND vs ENG 2nd T20: भारत ने इंग्लैंड को 49 रन से हराया, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ली, भुवनेश्वर ने झटके तीन विकेट

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस मैच में विराट कोहली, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह की टी-20 टीम में वापसी हो रही है। अब यह देखने वाली बात होगी कि कप्तान रोहित शर्मा प्लेइंग-11 में क्या-क्या बदलाव करते हैं। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें