भारत और इंग्लैंड के बीच रांची में चौथा टेस्ट खेला जा रहा है। पहले दिन की समाप्ती के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 302 रन बना लिए हैं। फिलहाल ओली रॉबिन्सन 31 रन और जो रूट 106 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 57 रन की साझेदारी हो चुकी है। आज पहला सत्र भारत के नाम रहा था। आकाश दीप के तीन विकेट ने इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को उखाड़ कर रख दिया था। उन्होंने बेन डकेट (11), ओली पोप (0) और जैक क्राउली (42) को पवेलियन भेजा। इसके बाद आकाश के कहर बरपाने के बाद बारी स्पिनर्स की थी। अश्विन ने जॉनी बेयरस्टो को और रवींद्र जडेजा ने बेन स्टोक्स को पवेलियन भेज इंग्लैंड की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। बेयरस्टो 38 और स्टोक्स तीन रन बना सके।
लंच तक पहले सत्र में इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 112 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे सत्र में यानी चायकाल तक जो रूट और बेन फोक्स ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने मिलकर उस सत्र में 86 रन जोड़े। तीसरे सत्र यानी चायकाल के बाद सिराज ने टीम इंडिया की वापसी कराई। उन्होंने रूट और फोक्स की 113 रन की साझेदारी को तोड़ा। फोक्स अर्धशतक से चूक गए। वह 47 रन बनाकर सिराज की गेंद पर कैच आउट हुए। वहीं, टॉम हार्टले 13 रन बनाकर सिराज की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। रूट ने टेस्ट करियर का 31वां शतक जड़ा। उन्होंने ओली रॉबिन्सन के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी को संभाला है। भारत की ओर से अब तक आकाश ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए हैं। वहीं, सिराज को दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा और अश्विन को एक-एक विकेट मिला। तीसरे सत्र में इंग्लैंड ने 29 ओवर में दो विकेट गंवाकर 104 रन बनाए।
इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 279 रन बना लिए हैं। जो रूट ने टेस्ट करियर का 31वां शतक जड़ा। इस सीरीज की शुरुआती छह पारियों में फेल रहने के बाद आखिरकार रूट के बल्ले ने रन उगला है। उन्होंने चौका लगाकर शतक पूरा किया। फिलहाल रॉबिन्सन 13 रन और रूट 103 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड को 245 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। सिराज ने बेन फोक्स को पवेलियन भेजने के बाद टॉम हार्टले को बोल्ड किया। वह 13 रन बना सके। फिलहाल जो रूट 82 रन और ओली रॉबिन्सन पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड को 225 के स्कोर पर छठा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने जो रूट और बेन फोक्स की 113 रन की साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने फोक्स को जडेजा के हाथों कैच कराया। फोक्स अर्धशतक से चूक गए। वह 126 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल टॉम हार्टली एक रन और रूट 76 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 227 रन है।
तीसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 208 रन है। बेन फोक्स 31 रन और जो रूट 74 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 90 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
पहले दिन चायकाल तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 198 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट 67 रन और बेन फोक्स 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक छठे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी हो चुकी है।
पहला सत्र भारत के नाम रहा था। इंग्लैंड ने उसमें 112 रन बनाए थे और पांच विकेट गंवाए थे। दूसरे सत्र में रूट और फोक्स ने धीमी पर सूझबूझ वाली बल्लेबाजी की। इस सत्र में इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 86 रन बनाए। यह अब तक इस सीरीज में पहली बार है जब इंग्लैंड ने किसी सत्र में एक भी विकेट नहीं गंवाया है।
इंग्लैंड के लिए गेंद के हिसाब से यह सीरीज की सबसे लंबी साझेदारी है। रूट और फोक्स अब तक 221 गेंद खेल चुके हैं।। पिछली सबसे बड़ी साझेदारी हैदराबाद में पोप और फोक्स के बीच 181 गेंदों की रही थी। साथ ही भारत ने पहली बार इस सीरीज में इंग्लैंड की बल्लेबाजी के दौरान किसी सत्र में कोई विकेट नहीं लिया।
इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 176 रन बना लिए हैं। रूट ने इस सीरीज का अपना पहला अर्धशतक 108 गेंद में पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 61वां अर्धशतक रहा। एशिया में पिछली 19 पारियों में यह उनका सिर्फ दूसरा अर्धशतक है। वहीं, यह उनका भारत के खिलाफ टेस्ट में 20वां 50+ का स्कोर है। रिकी पोंटिंग के साथ वह इस मामले में शीर्ष पर हैं। रूट ने बेन फोक्स के साथ 60 से ज्यादा रन की साझेदारी भी कर ली है। 112 पर पांचवां विकेट गिरा था।
इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 156 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट 42 रन और बेन फोक्स 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 40 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 129 रन है। जो रूट 27 रन और बेन फोक्स छह रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पहले दिन लंच ब्रेक तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आकाश ने अपने दूसरी ही ओवर में जैक क्राउली को क्लीन बोल्ड किया था। हालांकि, वह गेंद नो बॉल निकली। हालांकि, आकाश ने हार नहीं मानी और फिर उन्होंने बेन डकेट को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। डकेट 11 रन बना सके। इसके बाद उन्होंने उसी ओवर में ओली पोप को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। पोप खाता नहीं खोल सके। एक ओवर में दो विकेट गिरने के बाद इंग्लिश टीम उबर नहीं सकी। आकाश ने क्राउली से भी बदला लिया और उन्हें फिर से क्लीन बोल्ड किया। क्राउली 42 रन बना सके। आकाश के कहर बरपाने के बाद बारी स्पिनर्स की थी। अश्विन ने जॉनी बेयरस्टो को और रवींद्र जडेजा ने बेन स्टोक्स को पवेलियन भेज इंग्लैंड की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। शुरुआती दो घंटे में ही इंग्लैंड की टीम परेशानियों में दिख रही है। बेयरस्टो 38 और स्टोक्स तीन रन बना सके। स्टोक्स के आउट होते ही लंच की घोषणा की गई।
इंग्लैंड को 109 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। अश्विन ने मैच में अपना पहला विकेट लेते हुए जॉनी बेयरस्टो को पवेलियन भेजा। वह 35 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हुए। बेयरस्टो ने जो रूट के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल रूट का साथ निभाने कप्तान बेन स्टोक्स आए हैं। इससे पहले आकाश दीप ने कहर बरपाया था। अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर ही उन्होंने जैक क्राउली, बेन डकेट और ओली पोप को पवेलियन भेजा।
इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट 16 और जॉनी बेयरस्टो 34 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
रांची में आकाश दीप का कहर देखने को मिल रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है। आकाश ने अपने पांचवें और इंग्लिश पारी के 10वें ओवर में दो विकेट झटके थे। उन्होंने बेन डकेट को ओवर की दूसरी गेंद पर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 11 रन बना सके। फिर बल्लेबाजी करने आए ओली पोप को ओवर की चौथी गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट किया। पोप खाता भी नहीं खोल सके। आकाश ने इसके बाद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। इसके बाद इंग्लैंड की पारी के 12वें ओवर में जैक क्राउली से बदला लिया। उन्होंने क्राउली को क्लीन बोल्ड किया। आकाश ने अपनी 11वीं गेंद पर भी क्राउली को बोल्ड किया था, लेकिन तह नो बॉल निकला था। अब उन्होंने फिर से क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू शानदार अंदाज में किया है। इंग्लैंड का स्कोर फिलहाल तीन विकेट गंवाकर 57 रन है। जो रूट और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। शुरुआती एक घंटे में ही इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवा दिए हैं।
क्राउली के विकेट से चूकने के बाद आकाश दीप ने अपने पांचवें और इंग्लिश पारी के 10वें ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने बेन डकेट को ओवर की दूसरी गेंद पर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 11 रन बना सके। आकाश ने इसके बाद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। फिर बल्लेबाजी करने आए ओली पोप को ओवर की चौथी गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट किया। आकाश ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू शानदार अंदाज में किया है। पोप खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर जो रूट पर भी एल्बीडब्ल्यू अपील की। हालांकि, इम्पैक्ट आउटसाइट था और रूट बाल बाल बच गए। इंग्लैंड का स्कोर फिलहाल दो विकेट पर 47 रन है। क्राउली और रूट क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड ने सात ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 37 रन बना लिए हैं। क्राउली 32 रन और डकेट चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। डेब्यू कर रहे आकाश दीप को अपने दूसरे ओवर और पारी के चौथे ओवर में ही विकेट मिल जाता, लेकिन वह बदकिस्मत निकले। दरअसल, आकाश ने शानदार इन स्विंग से क्राउली को क्लीन बोल्ड किया। हालांकि, अंपायर ने ओवर स्टेपिंग के लिए उसे नो बॉल दिया। आकाश इससे काफी निराश दिखे।
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत हो चुकी है। ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर हैं। भारत के लिए सिराज ने पहले ओवर में गेंदबाजी की और उन्हें स्विंग भी मिला।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), शोएब बशीर, टॉम हार्टले, ओली रॉबिंसन, जेम्स एंडरसन।
भारत: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, सरफराज खान, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इंग्लिश टीम ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा गुरुवार को कर दी थी। वहीं, भारतीय टीम में सिर्फ एक बदलाव है। जसप्रीत बुमराह की जगह आकाश दीप आए हैं। उनका यह अंतरराष्ट्रीय डेब्यू है।
जसप्रीत बुमराह को इस टेस्ट से आराम दिया गया है। ऐसे में उनकी जगह आरसीबी के तेज गेंदबाज आकाश दीप को डेब्यू कराया जा रहा है। वह डेब्यू कैप पाने वाले भारत के 313वें खिलाड़ी हैं। आकाश ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने डेब्यू कैप सौंपी। आकाश के डेब्यू के समय उनकी मां भी मौजूद रहीं। आकाश ने उन्हें गले से लगाया और भावुक हो गए। आकाश ने 30 प्रथम श्रेणी मैचों में 104 विकेट लिए हैं। 60 रन देकर छह एक पारी में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है।
कप्तान बेन स्टोक्स ने नेट पर गेंदबाजी के कड़े अभ्यास से भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट में गेंदबाजी करने की उम्मीद बढ़ा दी हैं लेकिन इंग्लैंड के कप्तान ने बृहस्पतिवार को यहां बतौर गेंदबाज अपनी उपलब्धता पर संदेह कायम रखना ही सही समझा। घुटने की समस्या के कारण स्टोक्स पिछले साल जून में दूसरे एशेज टेस्ट से बाद से बतौर बल्लेबाज ही खेल रहे हैं। घुटने की समस्या के कारण स्टोक्स पिछले साल जून में दूसरे एशेज टेस्ट से बाद से बतौर बल्लेबाज ही खेल रहे हैं। भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट की पूर्व संध्या पर उन्हें पूरी शिद्दत से गेंदबाजी करते हुए देखा गया। मैच में उनके गेंदबाजी की संभावना के बारे में पूछने पर स्टोक्स ने कहा, ''ना, मुझे लगता है कि ऐसा हो सकता है और शायद नहीं भी।''
रजत के स्थान पर कर्नाटक के बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को मौका मिल सकता है। पडिक्कल ने 31 प्रथम श्रेणी मैचों में 44.54 की औसत से 2227 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने छह शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। पडिक्कल ने अपनी पिछली 11 पारियों में पांच शतक लगाए हैं। उन्होंने तीन शतक कर्नाटक के लिए और दो भारत-ए के लिए लगाए हैं। उनके शानदार फॉर्म को देखकर रोहित शर्मा रांची टेस्ट में रजत पाटीदार की जगह उन्हें मौका दे सकते हैं।
रजत पाटीदार प्लेइंग-11 से बाहर हो सकते हैं। रजत को विशाखापत्तनम टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला था। वह पहली पारी में 32 और दूसरी पारी में नौ रन बनाकर आउट हो गए थे। उसके बाद उन्हें राजकोट में फिर से मौका दिया गया। रजत एक बार फिर से फेल हो गए। वह पहली पारी में पांच रन ही बना पाए थे। दूसरी पारी में तो खाता भी नहीं खोल पाए। ऐसे में चार पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगाने वाले रजत को बाहर बैठना पड़ सकता है।
आंकड़ों को देखें तो इस मैदान के पिच की मिजाज के हिसाब से दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिन गेंदबाजों की थ्योरी सही रहती है। इस मैदान पर पिछला टेस्ट 2019 में खेला गया था। तब तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उमेश यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 10 विकेट लिए थे। भारतीय स्पिनरों ने आठ विकेट लिए थे। इंग्लैंड ने टॉम हार्टले के साथ ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को टीम में शामिल किया है। वह लेग स्पिनर रेहान अहमद की जगह लेंगे। तीसरे स्पिनर की भूमिका में जो रूट होंगे। हालांकि रूट बल्लेबाजी में फॉर्म में नहीं हैं। उन्होंने अभी तक 77 रन बनाए जबकि गेंदबाजी में 107 ओवर किए हैं।
सिराज के साथ बंगाल के मुकेश कुमार और आकाशदीप में से किसी को चुना जा सकता है। मुकेश कुमार अधिक अनुभवी हैं। उन्होंने हाल में रणजी ट्रॉफी में 10 विकेट लिए थे। वह दूसरे टेस्ट मैच में खेले थे जिसमें उन्होंने दोनों पारियों में कुल मिलाकर 12 ओवर में एक विकेट लिया था। यह देखना होगा कि टीम प्रबंधन मुकेश पर विश्वास बनाए रखता है या आकाशदीप को पहले टेस्ट में खेलने का मौका देता है।
फिर चाहे वह यशस्वी जायसवाल हो या सरफराज खान। जायसवाल ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने पहले तीन मैचों में 545 रन बनाए हैं जिसमें दो दोहरे शतक शामिल हैं। सरफराज ने अपने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए। शुभमन गिल ने भी तीसरे नंबर पर अपने पांव जमा लिए हैं। शृंखला में अभी तक सर्वाधिक 17 विकेट लेने वाले बुमराह को विश्राम दिया गया है। धर्मशाला में पांचवें टेस्ट मैच में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है और तब बुमराह भारतीय तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे लेकिन अभी टीम में मोहम्मद सिराज सबसे अनुभवी गेंदबाज हैं।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति के बावजूद भारत चौथे टेस्ट मैच में भी इंग्लैंड की बैजबॉल (आक्रामक बल्लेबाजी) शैली को धता बताकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने उतरेगा। भारत अभी 2-1 से आगे चल रहा है और उसकी निगाह घरेलू मैदान पर लगातार 17वीं सीरीज जीतने पर लगी हैं। 2012 में एलिस्टर कुक की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम से हारने के बाद भारतीय टीम अपनी धरती पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही है। उसके बाद उसने जो 47 टेस्ट मैच के लिए उनमें से 38 में जीत दर्ज की है। इस बीच उसे ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से ही हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के नेतृत्व में युवा बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले की शुरुआत हो रही है। यह मैच रांची में खेला जा रहा है। भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है। इस मैच को जीतकर टीम इंडिया अजेय बढ़त हासिल करना चाहेगी। हैदराबाद में पहला मुकाबला इंग्लैंड ने जीता था। इसके बाद भारतीय टीम ने विशाखापत्तनम और राजकोट में जीत हासिल की।