फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, भारत 326/5, रोहित-जडेजा के शतक पर सरफराज की तूफानी पारी पड़ी भारी

Thu, 15 Feb 2024 05:15 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

खास बातें

IND vs ENG Test 2024 Day-1 Highlights: आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। हैदराबाद में पहला टेस्ट इंग्लैंड ने तो विशाखापत्तनम में दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। अब तीसरे टेस्ट को जीतकर टीम इंडिया सीरीज में बढ़त हासिल करने उतरी है। यह मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
विज्ञापन
जडेजा और रोहित - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:04 PM, 15-Feb-2024

पहले दिन का खेल खत्म

राजकोट में तीसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 326 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद् जडेजा 110 रन और कुलदीप यादव एक रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड के लिए अब तक मार्क वुड ने तीन विकेट लिए हैं, जबकि टॉम हार्टले को एक विकेट मिला।

भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। 33 रन पर टीम इंडिया ने तीन विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल 10 रन बनाकर आउट हुए, शुभमन गिल खाता नहीं खोल सके, जबकि रजत पाटीदार पांच रन बना सके। इसके बाद रोहित शर्मा और जडेजा ने 204 रन की साझेदारी निभाई। रोहित ने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया। वह 131 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस साझेदारी को वुड ने तोड़ा। उन्होंने रोहित को आउट किया। रोहित के आउट होने पर डेब्यू करने वाले सरफराज खान क्रीज पर आए। 

जब सरफराज बल्लेबाजी के लिए आए थे तो जडेजा 153 गेंद में 84 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद सरफराज ने 66 गेंद में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 62 रन की पारी खेली, जबकि जडेजा को 16 रन बनाने में 45 गेंद लग गए। जडेजा ने 198 गेंद में टेस्ट करियर का चौथा शतक पूरा किया। 

भारत को 314 के स्कोर पर सरफराज के रूप में झटका लगा। बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे सरफराज रवींद्र जडेजा के शतक के चक्कर में रन आउट हो गए। दरअसल, जडेजा 99 के स्कोर पर थे। इसके बाद पारी के 82वें ओवर में एंडरसन की गेंद पर जडेजा ने मिड ऑन पर शॉट खेला। जडेजा ने सिंगल के लिए सरफराज को कॉल किया दो कदम आगे बढ़ाए लेकिन फिर वापस लौट गए। इतनी देर में सरफराज आधी पिच तक पहुंच चुके थे। ऐसे में उनके पास वापस लौटने का समय नहीं बचा। वुड ने डायरेक्ट थ्रो पर सरफराज को रन आउट किया।

04:46 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: सरफराज आउट, जडेजा का शतक

भारत को 314 के स्कोर पर बड़ा झटका लगा। बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे सरफराज खान रवींद्र जडेजा के शतक के चक्कर में रन आउट हो गए। दरअसल, जडेजा 99 के स्कोर पर थे। इसके बाद पारी के 82वें ओवर में एंडरसन की गेंद पर जडेजा ने मिड ऑन पर शॉट खेला। जडेजा ने सिंगल के लिए सरफराज को कॉल किया दो कदम आगे बढ़ाए लेकिन फिर वापस लौट गए। इतनी देर में सरफराज आधी पिच तक पहुंच चुके थे। ऐसे में उनके पास वापस लौटने का समय नहीं बचा। वुड ने डायरेक्ट थ्रो पर सरफराज को रन आउट किया। जब सरफराज बल्लेबाजी के लिए आए थे तो जडेजा 153 गेंद में 84 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद सरफराज ने 66 गेंद में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 62 रन की पारी खेली, जबकि जडेजा को 16 रन बनाने में 45 गेंद लग गए। जडेजा ने 198 गेंद में टेस्ट करियर का चौथा शतक पूरा किया। भारत ने पांच विकेट पर 315 रन बना लिए हैं। फिलहाल जडेजा का साथ निभाने नाइट वाचमैन कुलदीप यादव आए हैं।

04:20 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: सरफराज का तूफानी अर्धशतक

सरफराज खान ने शानदार डेब्यू किया है। उन्होंने डेब्यू पारी में ही अर्धशतक जड़ा। इसके लिए उन्होंने सिर्फ 48 गेंद खेली। सरफराज इस पारी को शतक में बदलना चाहेंगे। वहीं दूसरी तरफ रवींद्र जडेजा शतक के करीब हैं। वह 96 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत का स्कोर चार विकेट पर 301 रन है।

विज्ञापन
04:16 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: सरफराज की आक्रामक बल्लेबाजी

भारत ने चार विकेट गंवाकर 291 रन बना लिए हैं। जडेजा 95 रन और सरफराज 43 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस 43 रन के लिए सरफराज ने महज 45 गेंदें खेली हैं। वह आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। जडेजा और सरफराज के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है।

04:04 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: जडेजा भी शतक के करीब

भारत ने चार विकेट पर 270+ रन बना लिए हैं। फिलहाल जडेजा 93 रन और सरफराज 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 35+ रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित 131 रन बनाकर आउट हुए थे।

विज्ञापन
03:26 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को चौथा झटका

भारत को 237 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। रोहित शर्मा की कप्तानी पारी 131 रन पर समाप्त हुई। उन्होंने 196 गेंद पर 14 चौके और तीन छक्के की मदद से यह पारी खेली। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ 204 रन की साझेदारी निभाई। भारत का स्कोर फिलहाल चार विकेट पर 238 रन है। रवींद्र जडेजा 85 रन बनाकर क्रीज पर हैं। सरफराज खान उनका साथ निभाने आए हैं।

02:35 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: रोहित का शतक

रोहित शर्मा ने 157 गेंद पर शतक जड़ दिया है। उनके टेस्ट करियर का यह 11वां शतक रहा। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ 150 से ज्यादा की साझेदारी भी कर ली है। भारत का स्कोर तीन विकेट पर 190 रन है। रोहित 102 और जडेजा 68 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित ने टेस्ट में जुलाई 2023 के बाद पहला शतक जड़ा है। उनका पिछला शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ जुलाई में आया था। तब उन्होंने विंडसर पार्क में 103 रन की पारी खेली थी।

02:13 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: चायकाल

चायकाल तक भारत ने तीन विकेट गंवाकर 185 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा अपने 11वें टेस्ट शतक से तीन रन दूर हैं। वह 97 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, रवींद्र जडेजा 68 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 152 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को तीसरा झटका 33 रन के स्कोर पर लगा था। तब से अब तक रोहित और जडेजा ने सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी की है। जडेजा ने टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक लगाया।

भारत ने पहले सत्र में लंच तक तीन विकेट गंवाकर 93 रन बनाए थे। वहीं, दूसरे सत्र में भारत ने 27 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 92 रन बनाए। यह तीन टेस्ट में पहली बार है जब भारत ने एक पूरे सत्र में बल्लेबाजी के दौरान कोई विकेट नहीं गंवाया। यशस्वी जायसवाल 10 रन, शुभमन गिल खाता खोले बिना और रजत पाटीदार पांच रन बनाकर आउट हुए थे।

01:40 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: जडेजा का अर्धशतक

रवींद्र जडेजा ने 97 गेंद पर टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने रोहित के साथ अब तक चौथे विकेट के लिए 110 से ज्यादा रन की साझेदारी कर ली है। फिलहाल रोहित 79 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत ने तीन विकेट गंवाकर 150 रन बना लिए हैं।

01:16 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: जडेजा-रोहित के बीच शतकीय साझेदारी

भारत ने तीन विकेट गंवाकर 133 रन बना लिए हैं। 33 पर तीसरा विकेट गिरा था और उसके बाद से रवींद्र जडेजा और रोहित शर्मा ने सूझबूझ वाली पारी खेली है। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। रोहित 73 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि जडेजा ने 41 रन बना लिए हैं। यशस्वी 10 रन, शुभमन खाता खोले बिना और रजत पाटीदार पांच रन बनाकर आउट हुए थे।

12:54 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 120 रन के पार

भारत ने तीन विकेट पर 123 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 40 रन और रोहित शर्मा 64 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी हो गई है।

12:15 PM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र का खेल जारी है। भारतीय टीम 100 रन के करीब है। रवींद्र जडेजा और रोहित शर्मा सूझबूझ से बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित ने टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। 

11:34 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: लंच ब्रेक

लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 93 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 52 रन और रवींद्र जडेजा 24 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 60 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया को तीन झटके यशस्वी जायसवाल (10), शुभमन गिल (0) और रजत पाटीदार (5) के रूप में लगे हैं। मार्क वुड ने दो और टॉम हार्टले को एक विकेट मिला है।

11:28 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: रोहित का अर्धशतक

भारत ने तीन विकेट गंवाकर 80 से ज्यादा रन बना लिए हैं। रोहित ने टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। शुरुआती दो टेस्ट में वह एक भी पचास से ज्यादा का स्कोर नहीं कर पाए थे। हालांकि, इस टेस्ट में मुश्किल समय में उन्होंने बहुमूल्य पारी खेली। साथ ही रवींद्र जडेजा के साथ अब तक अर्धशतकीय साझेदारी भी कर ली है। लंच में अब बस कुछ समय बचा है।

11:13 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: रोहित अर्धशतक के करीब

भारत ने तीन विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। लंच में अब कुछ समय का ही वक्त बचा है। ऐसे में रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा अभी बिना विकेट गंवाए लंच तक पहुंचना चाहेंगे। भारत को शुरुआती घंटे में ही तीन झटके लगे थे। यशस्वी 10 रन, शुभमन खाता खोले बिना और रजत पांच रन बनाकर आउट हुए थे।

10:48 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 50 का आंकड़ा छुआ

भारत ने तीन विकेट पर 50 से ज्यादा रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को तीन झटके यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और रजत पाटीदार के रूप में लगे। एंडरसन की गेंद पर रोहित को भी एल्बीडब्ल्यू आउट दे दिया गया था। हालांकि, रोहित ने रिव्यू लिया और दिखा कि गेंद बल्ले से लगकर पैड पर लगी थी। ऐसे में फील्ड अंपायर को अपना फैसला पलटकर नॉटआउट करना पड़ा। फिलहाल रोहित 29 रन और जडेजा चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।

10:19 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत के तीन विकेट गिरे

भारत को 33 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल के बाद रजत पाटीदार भी पवेलियन लौट चुके हैं। वुड ने यशस्वी और शुभमन को आउट किया, जबकि टॉम हार्टले ने रजत को पवेलियन भेजा। यशस्वी 10 रन, शुभमन खाता खोले बिना और रजत पांच रन बनाकर आउट हुए। भारत की यह बल्लेबाजी लाइन अप अनुभवहीन है। मध्यक्रम में तो सरफराज और ध्रुव के रूप में दो डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं। ऐसे में इंग्लैंड की टीम इस चीज का पूरा फायदा उठाने की कोशिश में लगी है। टीम ने शुरुआती एक घंटे में तीन विकेट गिराकर दबदबा दिखाया है।

10:00 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को दूसरा झटका

24 पर भारत को दूसरा झटका लगा। वुड का कहर देखने को मिल रहा है। उन्होंने पहले यशस्वी को पवेलियन भेजा था। अब शुभमन गिल को भी आउट किया है। शुभमन खाता नहीं खोल सके। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं।

09:51 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को पहला झटका

भारत को पहली पारी में 22 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मार्क वुड ने यशस्वी जायसवाल को स्लिप में जो रूट के हाथों कैच कराया। वह 10 रन बना सके। फिलहाल शुभमन गिल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।

09:33 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी-रोहित ओपनिंग उतरे

यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ओपनिंग के लिए उतरे हैं। जेम्स एंडरसन की पहली ही बॉल पर यशस्वी ने चौका जड़ा और आक्रामक शुरुआत दिलाई। इस मैच में इंग्लैंड की टीम दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरी है। एंडरसन के अलावा मार्क वुड यह मैच खेल रहे।

09:05 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), टॉम हार्टले, जेम्स एंडरसन, रेहान अहमद, मार्क वुड।

09:01 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान ने बताया कि टीम में चार बदलाव किए गए हैं। सरफराज और ध्रुव जुरेल अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर रहे हैं। वहीं, अक्षर और मुकेश कुमार को बाहर किया गया है। इनकी जगह रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है। जडेजा पिछले टेस्ट में चोट की वजह से नहीं खेले थे। वहीं, यह इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का यह 100वां टेस्ट मैच है।

08:50 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: सरफराज और ध्रुव जुरेल का डेब्यू

भारत के लिए इस टेस्ट में सरफराज और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल इस टेस्ट में डेब्यू कर रहे हैं। दोनों का यह अंतरराष्ट्रीय डेब्यू है। सरफराज को अनिल कुंबले ने डेब्यू कैप सौंपी। वहीं, ध्रुव को दिनेश कार्तिक ने डेब्यू कैप सौंपी। सरफराज टेस्ट में प्रतिनिधित्व करने वाले भारत के 311वें और ध्रुव 312वें खिलाड़ी हैं। सरफराज को जब डेब्यू कैप सौंपी जा रही थी तो उनके कोच और पिता नौशाद खान भी वहां मौजूद रहे। वह बेटे को कैप मिलता देख रो पड़े।

08:32 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की घोषित प्लेइंग-11

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ गुरुवार (15 फरवरी) से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग-11 बुधवार को घोषित कर दी। उसने टीम में एक बदलाव किया है। वहीं, पहली बार सीरीज में दो विशुद्ध तेज गेंदबाजों को उतारने का फैसला किया है। इंग्लैंड ने अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के साथ मार्क वुड को भी टीम में जगह दी है। वुड हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में उतरे थे। उस मुकाबले को इंग्लैंड ने अपने नाम किया था। वहीं, एंडरसन ने विशाखापत्तन में दूसरे टेस्ट में हिस्सा लिया था। इस मैच में भारत को जीत हासिल हुई थी।

इंग्लैंड ने पाकिस्तानी मूल के स्पिनर शोएब बशीर को बाहर कर दिया है। बशीर ने विशाखापत्तनम में टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर कुल चार विकेट लिए थे। बशीर के बाहर होने से टीम में दो स्पेशलिस्ट स्पिनर रेहान अहमद और टॉम हार्टले हैं। वहीं, अनुभवी खिलाड़ी जो रूट तीसरे स्पिनर की भूमिका में नजर आ सकते हैं।

टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), टॉम हार्टले, जेम्स एंडरसन, रेहान अहमद, मार्क वुड।

08:32 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: द्रविड़, रोहित ने किया पिच का निरीक्षण

कोच राहुल द्रविड़ के साथ पिच की मुआयना करने के बाद रोहित शर्मा भी अभ्यास सत्र में शामिल हो गए। भरत ने अकेले ही अभ्यास किया। यहां कि पिच पर स्पिनर्स का जलवा देखने को मिला है। अश्विन राजकोट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर रवींद्र जडेजा है। ऐसे में देखना है कि भारतीय टीम किस संयोजन के साथ उतरती है।

08:31 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: जुरेल, पाटीदार और सरफराज ने बहाया पसीना

आगरा के जुरेल का टीम में आने का दावा बल्लेबाजी में केएस भरत के मुकाबले ज्यादा दक्ष होने के कारण मजबूत है। ऐसे में राजकोट में मध्यक्रम में विशाखापत्तनम में पदार्पण करने वाले मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार, सरफराज और ध्रुव जुरेल के भरोसे रहने की उम्मीद है। तीनों के पास सिर्फ एक टेस्ट का अनुभव है। जडेजा के खेलने के स्थिति में स्थिति सुधर सकती है। अगर जडेजा नहीं खेले और अक्षर को मौका मिला तो मध्यक्रम पूरी तरह अनुभवहीन होगा। मंगलवार को पाटीदार ने गली और सरफराज ने पहली स्लिप के क्षेत्र में अभ्यास किया, जबकि जुरेल ने कई कठिन कैच पकड़े।

08:31 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: शुभमन गिल ने नहीं किया अभ्यास

मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में विशाखापत्तनम में शतक लगाने वाले शुभमन गिल नहीं उतरे। दूसरे टेस्ट के दौरान उनकी अंगुली में चोट लग गई थी। उन्होंने इंग्लैंड की दूसरी पारी के दौरान क्षेत्ररक्षण भी नहीं किया था। हालांकि, उनकी चोट गंभीर नहीं बताई गई थी। श्रेयस के टीम से बाहर होने और राहुल के चोटिल होने के चलते रणजी ट्रॉफी में रनों का अंबार लगाने वाले सरफराज खान के लिए टेस्ट के दरवाजे खुल गए हैं।

08:30 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: क्या जडेजा खेलेंगे?

कुलदीप यादव की मानें तो रविंद्र जडेजा तीसरे टेस्ट में उतर सकते हैं। जडेजा ने मंगलवार को काफी देर बल्लेबाजी की। कुलदीप ने जडेजा के बारे में बताया कि वह अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को भी एक अभ्यास सत्र में भाग लिया। मेरे ख्याल से वह तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हैं। जडेजा के टीम में शामिल होने पर देखना होगा कि कुलदीप और अक्षर में से टीम में किसे मौका मिलता।

08:30 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Live: दो खिलाड़ी कर सकते हैं डेब्यू

भारत इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकता है। इसके लिए दो खिलाड़ियों के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा है। विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। प्रमुख क्रिकेटरों की अनुपलब्धता से जूझ रही भारतीय टीम मुंबई के सरफराज और उत्तर प्रदेश के ध्रुव जुरेल के साथ उतर सकती है। दोनों ही क्रिकेटरों के टेस्ट डेब्यू करने की उम्मीदों को मंगलवार को बल मिला, जब दोनों ने अभ्यास सत्र में न सिर्फ क्षेत्ररक्षण, विकेटकीपिंग में हाथ आजमाए बल्कि लंबे समय तक नेट पर बल्लेबाजी भी की।

08:27 AM, 15-Feb-2024

IND vs ENG Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, भारत 326/5, रोहित-जडेजा के शतक पर सरफराज की तूफानी पारी पड़ी भारी

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला शुरू हो रहा है। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। हैदराबाद में पहला टेस्ट इंग्लैंड ने तो विशाखापत्तनम में दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। अब तीसरे टेस्ट को जीतकर टीम इंडिया सीरीज में बढ़त हासिल करने उतरी है। यह मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें