फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: टीम इंडिया की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, 434 रन से जीता तीसरा मुकाबला, जडेजा ने पांच विकेट झटके

Sun, 18 Feb 2024 05:23 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

खास बातें

IND vs ENG 3rd Test Day 4 Highlights: भारत ने इंग्लैंड को राजकोट में तीसरे टेस्ट मैच में 434 रन से हरा दिया है। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर सिमटी। भारत ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 430 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
सरफराज, कुलदीप और जडेजा - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:47 PM, 18-Feb-2024

भारत ने इंग्लैंड को 434 रन से हराया

भारत ने तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 434 रन से हरा दिया है। राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में इंग्लैंड की टीम 122 रन पर सिमट गई। मार्क वुड को छोड़कर इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। वुड ने 15 गेंद में 33 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट झटके। इसके अलावा कुलदीप को दो विकेट मिले। बुमराह और अश्विन को एक-एक विकेट मिला। भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। हैदराबाद में पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता था, वहीं विशाखापत्तनम में दूसरा टेस्ट भारत ने जीता था।

भारत ने राजकोट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 445 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। पहली पारी के आधार पर भारत को दूसरी पारी में 126 रन की बढ़त मिली थी। अपनी दूसरी पारी भारत ने चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी थी। कुल बढ़त 556 रन की हुई। 557 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई। सीरीज का चौथा मुकाबला 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा।

रनों के अंतर से टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत

जीत का
अंतर
खिलाफ मैदान साल
434 रन इंग्लैंड राजकोट 2024
372 रन न्यूजीलैंड वानखेड़े 2021
337 रन दक्षिण अफ्रीका दिल्ली 2015
321 रन न्यूजीलैंड इंदौर 2016
320 रन ऑस्ट्रेलिया मोहाली 2008

04:33 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को नौवां झटका

इंग्लैंड को 91 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। अश्विन ने टॉम हार्टले को बोल्ड किया। वह 16 रन बना सके। इसी के साथ अश्विन का यह टेस्ट में 250वां बाएं हाथ का शिकार रहा। भारत जीत से एक कदम दूर है।

04:30 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को आठवां झटका

82 के स्कोर पर इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। जडेजा ने बेन फोक्स को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 16 रन बना सके। फिलहाल मार्क वुड और टॉम हार्टले क्रीज पर हैं। जडेजा की यह चौथी सफलता रही।

विज्ञापन
03:51 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को सातवां झटका

इंग्लैंड को 50 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रेहान अहमद को कुलदीप ने सिराज के हाथों कैच कराया। वह खाता नहीं खोल सके। कुलदीप ने इससे पहले बेन स्टोक्स को पवेलियन भेजा था। वहीं, जडेजा पोप, रूट और बेयरस्टो को आउट कर चुके हैं। भारतीय खिलाड़ी आज ही मैच खत्म करना चाहते हैं। 

03:42 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को छठा झटका

इंग्लैंड को 50 के ही स्कोर पर छठा झटका लगा। भारतीय गेंदबाज कहर बरपा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि टीम इंडिया ने आज ही मैच खत्म करने की ठान ली है। कुलदीप यादव ने कप्तान बेन स्टोक्स को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 15 रन बना सके। इससे पहले रवींद्र जडेजा ने ओली पोप (3), जो रूट (7) और जॉनी बेयरस्टो (4) को पवेलियन भेजा था। बुमराह ने क्राउली (11) को आउट किया था। इंग्लैंड को अब भी 507 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
03:35 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पांचवां झटका

इंग्लैंड को 50 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा की फिरकी में इंग्लिश बल्लेबाज फंस गए हैं। उन्होंने तीन विकेट ले लिए हैं। जडेजा ने ओली पोप, जॉनी बेयरस्टो और अब जो रूट को पवेलियन भेजा है। पोप तीन रन, बेयरस्टो चार रन और रूट सात रन बनाकर आउट हुए। क्राउली 11 रन और डकेट छह रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। 

02:51 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को चौथा झटका

इंग्लैंड को 28 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। जडेजा ने पोप को आउट करने के बाद अब आउट ऑफ फॉर्म जॉनी बेयरस्टो को पवेलियन भेजा। बेयरस्टो चार रन बना सके। फिलहाल जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।

02:39 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को तीसरा झटका

20 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। जडेजा ने ओली पोप को स्लिप में रोहित के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। इंग्लिश टीम मुश्किलों में दिख रही है। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो और जो रूट क्रीज पर हैं। चायकाल के बाद अश्विन भी मैदान पर लौट आए हैं। इससे टीम इंडिया की गेंदबाजी को मजबूती मिली है। वह तीसरे दिन नहीं दिखे थे और चेन्नई घर लौट गए थे। उनकी मां की तबीयत खराब थी।

02:14 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: दूसरे विकेट के साथ ही चायकाल

इंग्लैंड को दूसरी पारी में 18 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर जैक क्राउली एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद वापस पवेलियन वापस लौटते समय क्राउली अंपायर धर्मसेना को कुछ कहते देखे गए। इस पर धर्मसेना ने भी पलट कर जवाब दिया। दरअसल, क्राउली का आउट होना रिव्यू में अंपायर्स कॉल था। क्राउली के आउट होते ही चायकाल का एलान किया गया। इंग्लैंड की टीम मुश्किल में दिख रही है। ओली पोप नाबाद हैं। भारत ने 557 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य दिया है। टीम को अभी भी 539 रन की जरूरत है। डकेट को जुरेल ने रन आउट किया था, जबकि एक विकेट बुमराह को मिला। 

02:05 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को 15 के स्कोर पर पहला झटका लगा। विकेटकीपर ध्रुव जुरेल की शानदार फील्डिंग की बदौलत भारत ने डकेट को रन आउट किया। डकेट चार रन बना सके। फिलहाल जैक क्राउली और ओली पोप क्रीज पर हैं।

01:23 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत ने पारी घोषित की

भारत ने दूसरी पारी चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी। इस तरह इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला है। भारत ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। टीम इंडिया को 126 रन की लीड मिली थी। दूसरी पारी में 430 रन यानी कुल बढ़त 556 रन की हुई। यशस्वी जायसवाल 236 गेंद पर 14 चौके और 12 छक्के बनाकर नाबाद रहे। वहीं, सरफराज ने 72 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 68 रन की पारी खेली। दोनों के बीच नाबाद 158 गेंद में 172 रन की तूफानी साझेदारी हुई। इतना बड़ा लक्ष्य कभी टेस्ट इतिहास में चेज नहीं हुआ है। ऐसे में 'बैजबॉल' के लिए प्रसिद्ध इंग्लिश टीम चेज के लिए जाएगी या टेस्ट ड्रॉ कराने जाएगी यह देखना दिलचस्प होगा। इससे पहले भारत की दूसरी पारी में आज शुभमन गिल 91 रन और कुलदीप यादव 27 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, शनिवार को रोहित शर्मा 19 रन और रजत पाटीदार खाता खोले बिना आउट हुए थे। इंग्लैंड की ओर से रूट, हार्टले और रेहान को एक-एक विकेट मिला। अश्विन भी आज टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे। ऐसे में इंग्लैंड के लिए परिस्थिति आसान नहीं रहने वाली है। फिलहाल इंग्लैंड के ओपनर्स बेन डकेट और जैक क्राउली क्रीज पर हैं।

01:09 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी का दोहरा शतक, सरफराज की फिफ्टी

यशस्वी ने लगातार दूसरे टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा है। इससे पहले विशाखापत्तनम टेस्ट की पहली पारी में भी यशस्वी ने 209 रन बनाए थे। अब उन्होंने एक बार फिर दोहरा शतक लगाकर बता दिया है कि उन्हें क्यों आने वाले समय का स्टार माना जा रहा है। वह फिलहाल 213 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, सरफराज ने डेब्यू टेस्ट की लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा। पहली पारी में वह 62 रन बनाकर रन आउट हुए थे। वह फिलहाल 51 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत का स्कोर चार विकेट पर 412 रन है। वहीं, बढ़त 538 रन की हो चुकी है। दोनों के बीच 154 रन की साझेदारी हो चुकी है।

12:31 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: एंडरसन की गेंद पर लगातार तीन छक्के

यशस्वी ने भारत की दूसरी पारी के 85वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए। भारत का स्कोर चार विकेट पर 350 रन के पार है। वहीं, लीड 480 से ज्यादा रन की हो चुकी है।

12:23 PM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी के 150 रन पूरे

दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। यशस्वी के 150 रन पूरे हो चुके हैं। भारत ने 325 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल भारत की लीड 450 से ज्यादा रन की हो गई है।

11:34 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: लंच ब्रेक

चौथे दिन लंच ब्रेक तक भारत ने चार विकेट गंवाकर 314 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 149 रन और सरफराज 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने तूफानी बल्लेबाजी की है और 62 गेंद में 56 रन की साझेदारी कर ली है। टीम इंडिया की कुल बढ़त अब तक 440 रन की हो चुकी है। भारत ने पहली पारी में 445 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 126 रन की बढ़त मिली थी। 

भारत ने रोहित शर्मा (19) और रजत पाटीदार (0) का विकेट शनिवार को ही गंवा दिया था। वहीं, शुभमन गिल के साथ 155 रन की साझेदारी करने के बाद यशस्वी जायसवाल कमर में दर्द की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए थे। आज रविवार को शुभमन गिल के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वह रन आउट हो गए और शतक से नौ रन से चूक गए। गिल 91 रन बना सके। उन्होंने कुलदीप यादव के साथ 55 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद यशस्वी मैदान पर आए। कुछ देर के आराम के बाद आज वह फिट दिख रहे हैं। कुलदीप ने 27 रन की छोटी मगर उपयोगी पारी खेली। इसके बाद से यशस्वी और सरफराज ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया है। 

11:24 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी-सरफराज की आक्रामक बल्लेबाजी

भारत ने चार विकेट गंवाकर 304 रन बना लिए हैं। फिलहाल सरफराज 21 गेंद में 21 रन और यशस्वी जायसवाल 140 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 46 रन की साझेदारी हो चुकी है। वहीं, बढ़त 430 रन की हो चुकी है। शुभमन 91 रन बनाकर आउट हुए। 

10:55 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को चौथा झटका

भारत को 258 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। कुलदीप यादव 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रेहान अहमद ने रूट के हाथों कैच कराया। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान क्रीज पर हैं। भारत की बढ़त 384 रन की हो चुकी है। इससे पहले शुभमन गिल 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।

10:29 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को तीसरा झटका

246 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। यह आज भारत को पहला झटका है। रोहित और रजत शनिवार को पवेलियन लौटे थे। शुभमन गिल 91 रन बनाकर रन आउट हो गए। कुलदीप ने मिड ऑन पर शॉट खेला। तब तक शुभमन आधे क्रीज तक पहुंच गए थे। स्टोक्स के थ्रो पर हार्टले ने शुभमन के लौटने से पहले गिल्लियां उखाड़ दीं। इस तरह वह रन आउट हो गए। फिलहाल कुलदीप का साथ निभाने यशस्वी जायसवाल आए हैं। यशस्वी शनिवार को रिटायर्ड हर्ट हुए थे।

10:22 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: कुलदीप की शानदार बैटिंग

कुलदीप यादव और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने आज सुबह से कोई विकेट नहीं गिरने दिया है। भारत ने दो विकेट पर 241 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 86 रन और कुलदीप यादव 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया की बढ़त अब तक 367 रन की हो चुकी है।

10:09 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: 350+ रन की हुई बढ़त

भारत ने दो विकेट पर 230 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 84 रन और कुलदीप यादव 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया की बढ़त अब तक 356 रन की हो चुकी है।

09:32 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: चौथे दिन का खेल शुरू

चौथे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। भारत दो विकेट पर 196 रन से आगे खेल रहा है। नाइट वाचमैन कुलदीप यादव चार रन और शुभमन गिल 67 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने 320 से ज्यादा रन की लीड ले ली है। टीम इंडिया की नजर 450 तक की लीड लेना चाहेगी।

08:51 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत की बढ़त 322 रन की

इंग्लैंड की ओर से जो रूट और टॉम हार्टले को एक-एक विकेट मिला है। दूसरी पारी में भारत की कुल बढ़त अब तक 322 रन की हो चुकी है। पहली पारी में टीम इंडिया ने 445 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को दूसरी पारी में 126 रन की लीड मिली थी।

08:50 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी की कमर में दर्द

यशस्वी जायसवाल कमर में दर्द की वजह से 133 गेंद में 104 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। वह अब तक अपनी पारी में नौ चौके और पांच छक्के लगा चुके हैं। वह आगे बल्लेबाजी के लिए आएंगे या नहीं इस पर बीसीसीआई ने अभी कोई पुष्टि नहीं की है।

08:49 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG Live: शुभमन-कुलदीप क्रीज पर

भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट गंवकर 196 रन बना लिए हैं। फिलहाल कुलदीप यादव तीन रन और शुभमन गिल 65 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को दो झटके रोहित (19) और रजत पाटीदार (0) के रूप में लगे।

08:35 AM, 18-Feb-2024

IND vs ENG: टीम इंडिया की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, 434 रन से जीता तीसरा मुकाबला, जडेजा ने पांच विकेट झटके

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट में जारी तीसरे टेस्ट मैच का चौथा दिन है। मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर सिमटी। फिलहाल भारत की दूसरी पारी जारी है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें