फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, पहली पारी में भारत 336/6, यशस्वी 179 रन बनाकर नाबाद

Fri, 02 Feb 2024 04:43 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

खास बातें

IND vs ENG 2nd Test 2024 Day-1 Highlights : आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हुआ है। भारतीय टीम फिलहाल 0-1 से पिछड़ रही है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में भारत सीरीज में वापसी करने की कोशिश करेगा। दूसरा टेस्ट विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।
विज्ञापन
यशस्वी जायसवाल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:35 PM, 02-Feb-2024

पहले दिन का खेल खत्म

दूसरे टेस्ट में भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 336 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 179 रन और रविचंद्रन अश्विन पांच रन बनाकर नाबाद हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत ठीक ठाक रही थी। रोहित ने यशस्वी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। वह 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशस्वी ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।

शुभमन एक बार फिर फ्लॉप रहे और 34 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर कैच आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने श्रेयस ने यशस्वी के साथ 90 रन की साझेदारी निभाई। टेस्ट डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार ने 32 रन की पारी खेली और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। उनकी यशस्वी के साथ 70 रन की साझेदारी हुई। फिर यशस्वी ने अक्षर के साथ 52 रन की साझेदारी की। अक्षर ने 27 रन बनाए।

वहीं, श्रीकर भरत 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यशस्वी फिलहाल 179 रन की पारी में 17 चौके और पांच छक्के लगा चुके हैं। भारतीय टीम शनिवार को 400+ रन बनाना चाहेगी। इंग्लैंड की ओर से अब तक शोएब बशीर और रेहान अहमद ने दो-दो विकेट लिए हैं। वहीं, जेम्स एंडरसन और टॉम हार्टले को एक-एक विकेट मिला है।

04:27 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को छठा झटका

भारत को 330 के स्कोर पर छठा झटका। रेहान अहमद ने केएस भरत को शोएब बशीर के हाथों कैच कराया। वह 17 रन बना सके। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 179 रन और रविचंद्रन अश्विन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

04:03 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को पांचवां झटका

भारत को 301 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। शोएब बशीर ने अक्षर पटेल को रेहान अहमद के हाथों कैच कराया। वह 27 रन बना सके। अक्षर और यशस्वी के बीच पांचवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल यशस्वी का साथ निभाने श्रीकर भरत आए हैं। यशस्वी 167 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
03:26 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी के 150 रन पूरे

यशस्वी जायसवाल ने 150 रन पूरे कर लिए हैं। ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ियों और स्टाफ से उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन मिली। भारत ने फिलहाल चार विकेट पर 272 रन बना लिए हैं। यशस्वी 151 और अक्षर पटेल 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

03:08 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: रजत पाटीदार आउट

डेब्यू मैच में रजत पाटीदार दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। दरअसल, रेहान अहमद की गेंद को रजत ने डिफेंड किया। गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेट की तरह गई। रजत ने गेंद पर पैर मारकर उसे दूर करने की कोशिश की, लेकिन तब तक गेंद विकेट पर लग चुकी थी। रजत आउट होने के बाद काफी निराश दिखे। उन्होंने 32 रन की पारी खेली और अपनी पारी में तीन चौके लगाए। रजत ने यशस्वी के साथ चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल भारत का स्कोर चार विकेट पर 250 रन के पार पहुंच गया है। यशस्वी 150 रन के नजदीक हैं। उनके साथ अक्षर पटेल बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

विज्ञापन
02:42 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी-रजत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

यशस्वी और रजत पाटीदार के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। भारत ने तीन विकेट पर 232 रन बना लिए हैं। यशस्वी 128 रन और रजत 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इन दोनों से भारत को बड़े स्कोर तक ले जाने की उम्मीद है।

02:16 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: चायकाल

पहले दिन चायकाल तक भारत ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 225 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 125 रन और रजत पाटीदार 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित शर्मा 14 रन, शुभमन गिल 34 रन और श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर आउट हुए।

01:28 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 179 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। श्रेयस अय्यर इस टेस्ट के पहली पारी में भी फेल रहे। उन्हें टॉम हार्टले ने विकेटकीपर फोक्स के हाथों कैच कराया। वह 59 गेंद में 27 रन बना सके। श्रेयस ने यशस्वी के साथ 90 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल भारत का स्कोर तीन विकेट पर 180 रन है। यशस्वी 104 रन और टेस्ट डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

01:20 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी का शतक

यशस्वी जायसवाल ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखा है। उन्होंने 151 गेंद में टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। यशस्वी ने टेस्ट डेब्यू पर ही वेस्टइंडीज के खिलाफ 171 रन की पारी खेली थी। अब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगा बता दिया कि वह आने वाले समय के बड़े बल्लेबाज हैं। भारत ने दो विकेट पर 173 रन बना लिए हैं। यशस्वी के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 85+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को दो झटके रोहित शर्मा और शुभमन गिल के रूप में लगे थे।

12:59 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी-श्रेयस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

यशस्वी और श्रेयस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। भारत ने दो विकेट 155 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी 86 रन और श्रेयस 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। यशस्वी शतक की ओर बढ़ रहे हैं। पिछले मैच में वह इससे चूक गए थे।

12:20 PM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: लंच के बाद खेल शुरू

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। भारतीय टीम का स्कोर दो विकेट पर 100 रन के पार है। यशस्वी और श्रेयस क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश करेंगे।

11:32 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: लंच ब्रेक

पहले दिन लंच तक भारत ने अपनी पहली पारी में दो विकेट गंवाकर 103 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 51 रन और श्रेयस अय्यर चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। रोहित 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेब्यूटेंट शोएब बशीर ने ओली पोप के हाथों कैच कराया। फिर यशस्वी ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। जब लग रहा था कि गिल बड़ी पारी खेल सकते हैं तभी जेम्स एंडरसन ने उन्हें विकेटकीपर फोक्स के हाथों कैच कराया। शुभमन पांच चौके की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के बाद से वह लगातार फेल हो रहे हैं।

11:25 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी का अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने 89 गेंद पर टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अब तक छह चौके और एक छक्का लगाया है। यशस्वी और श्रेयस अय्यर पर बड़ी साझेदारी कर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने का दारोमदार है। भारत को दो झटके लग चुके हैं। रोहित 14 रन और शुभमन गिल 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोहित को बशीर और शुभमन को एंडरसन ने आउट किया।

11:21 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 89 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जेम्स एंडरसन ने शुभमन गिल को विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों कैच कराया। वह 46 गेंद में 34 रन बना सके। गिल ने पारी की शुरुआत तो अच्छी की थी और पांच चौके भी लगाए, लेकिन एंडरसन के खिलाफ उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। एंडरसन लगातार सीम और स्विंग से शुभमन से सवाल पूछ रहे थे। आखिर में गेंद ने शुभमन के बल्ले का किनारा लिया और विकेटकीपर के हाथों में चली गई। 

10:52 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत को पहला झटका

भारत को 40 के स्कोर पर पहला झटका लगा। डेब्यू करने वाले शोएब बशीर ने रोहित शर्मा को ओली पोप के हाथों कैच कराया। वह 41 गेंद में 14 रन बना सके। फिलहाल शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर एक विकेट पर 50 रन के पार जा चुका है।

10:11 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: रोहित-यशस्वी क्रीज पर

पहले आधे घंटे के खेल में भारत ने कोई विकेट नहीं गंवाया है। रोहित शर्मा 11 रन और यशस्वी जायसवाल 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन, जो रूट और टॉम हार्टले गेंदबाजी कर चुके हैं।

09:35 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी-रोहित क्रीज पर

भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ओपनिंग के लिए उतरे हैं। जेम्स एंडरसन ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। भारतीय टीम इस मैच में बड़ा स्कोर करना चाहेगी और पिछले मुकाबले में मिली हार का बदला लेना चाहेगी।

09:04 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

इंग्लैंड: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोकस (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, शोएब बशीर, जेम्स एंडरसन।

भारत: यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मुकेश कुमार।

09:00 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत ने टॉस जीता

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम तीन स्पिनर्स के साथ ही मैदान पर उतरी है और दो तेज गेंदबाज खेल रहे हैं। रवींद्र जडेजा और केएल राहुल चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। वहीं, मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। कप्तान रोहित ने कहा कि जडेजा की जगह कुलदीप, राहुल की जगह रजत पाटीदार और सिराज की जगह मुकेश कुमार खेल रहे हैं।

08:55 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: रजत पाटीदार का डेब्यू

रजत पाटीदार टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं। उन्हें केएल राहुल की जगह टीम में शामिल किया गया है। रजत भारत के लिए एक वनडे खेल चुके हैं। वहीं, इंग्लैंड के लिए भी शोएब बशीर ने डेब्यू किया। रजत को सरफराज पर तरजीह दी गई है, जिन्हें अभी और इंतजार करना होगा। 

08:29 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 का एलान किया

जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, शोएब बशीर, जेम्स एंडरसन।

टीम में दो बदलाव हैं। जैक लीच की जगह शोएब बशीर और मार्क वुड की जगह जेम्स एंडरसन टीम में हैं।

08:29 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारत का विशाखापत्तनम में रिकॉर्ड

भारत ने पहले भी विशाखापत्तनम में दो टेस्ट खेले हैं और वहां उसका रिकॉर्ड शानदार रहा है, पिच अमूमन पहली पारी में बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। देखना है कि भारतीय टीम प्रबंधन किस तरह की पिच के साथ इस मैच में उतरता है। एंडरसन का यह 184वां टेस्ट मैच होगा।

08:28 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने बशीर को चुना, एंडरसन की वापसी

दूसरी ओर, इंग्लैंड के पास पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त करने का अवसर है जिससे भारतीय टीम पर दबाव और बढ़ाया जा सकता है। कप्तान बेन स्टोक्स ने जिस तरह अपने स्पिनरों का इस्तेमाल किया वह उनके नेतृत्व कौशल का प्रमाण है। उन्होंने पहला टेस्ट खेल रहे स्पिनर हार्टले से लंबा स्पेल फिंकवाया, जबकि यशस्वी जायसवाल आक्रामक तेवर अपना रहे थे।

टीम के लिए अनुभवी स्पिनर जैक लीच का घुटने की चोट के कारण उपलब्ध न होना चिंता का सबब हो सकता है। उनकी जगह 20 साल के स्पिनर बशीर यहां अपना पहला टेस्ट खेलेंगे। हैदराबाद में तेज गेंदबाज मार्क वुड प्रभाव छोड़ने में बेअसर रहे थे। ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को उनकी जगह लाया गया है।

08:28 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: जडेजा की जगह मिल सकता है कुलदीप को मौका

जडेजा की अनुपस्थिति में कुलदीप यादव के खेलने की उम्मीद है। अब देखना यह है कि क्या भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह के रूप में केवल एक ही तेज गेंदबाज के साथ उतरती है या फिर अतिरिक्त स्पिनर के रूप में वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया जाता है। वैसे उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के युवा स्पिनर सौरभ कुमार भी टीम में शामिल हैं। जहां भारत के विश्व स्तरीय स्पिनरों को इंग्लैंड के सामने संघर्ष करना पड़ा, वहीं भारतीय बल्लेबाजों ने भी टर्निंग ट्रैक पर निराश किया। बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले ने अपने पहले ही टेस्ट में दमदार प्रदर्शन किया।

दूसरी पारी में शीर्ष क्रम में केवल कप्तान रोहित शर्मा ही कुछ आत्मविश्वास से खेलते नजर आए। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल घूमती गेंदों का ढंग से सामना नहीं कर पाए। तीसरे टेस्ट में विराट कोहली टीम में वापसी कर सकते हैं। ऐसे में गिल और श्रेयस अय्यर पर बेहतर करने का दबाव है। रजत पाटीदार भी टीम का हिस्सा हैं। उन्हें लोकेश राहुल की जगह शामिल किया जा सकता है। घरेलू स्तर पर ढेरों रन बनाने वाले सरफराज को चयनकर्ताओं का बुलावा मिला है और वह टेस्ट कैप पाने को बेताब होंगे। हालांकि, टीम प्रबंधन अंतिम एकादश से पहले पिच और हालात पर गौर करेगा।

08:28 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: गेंदबाजों को रखना होगा रनों पर अंकुश

बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा चोटिल हैं, लेकिन पांच सौ विकेट पूरा करने की दहलीज पर खड़े रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल को अपनी नई योजनाएं बनानी होंगी। इंग्लैंड के बल्लेबाज किसी भी हालात में अपने आक्रामक तेवर अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। हैदराबाद टेस्ट में 28 रन की हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक राहुल द्रविड़ ने कहा था कि यह महत्वपूर्ण होगा कि हम नई योजना अपनाएं। हम गेंदों की लंबाई ऐसी रखें जहां अनऑर्थोडॉक्स शॉट खेलने में उन्हें मुश्किलें आएं। हमें गेंदबाजी में और अनुशासित प्रदर्शन करने की जरूरत है और योजनाओं को लागू करने की जरूरत है।

08:27 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: पहले टेस्ट में संघर्ष करती दिखी थी टीम इंडिया

घरेलू मैदानों में भारतीय टीम कम ही संघर्ष करती नजर आती है, लेकिन पहले टेस्ट की दूसरी पारी में ऐसा देखने को मिला। तीन साल पहले भी हमें इसी प्रतिद्वंद्वी के हाथों चेन्नई में पहले टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा था। वो बात अलग है कि भारतीय टीम ने वापसी करते हुए सीरीज अपने कब्जे में कर ली। तब इंग्लैंड की अगुआई जो रूट कर रहे थे। अब भारतीय टीम को बेन स्टोक्स की अगुआई वाली उस टीम के खिलाफ पलटवार करने की चुनौती है जिसने टेस्ट क्रिकेट खेलने का अंदाज बदल दिया है। पहली पारी में 190 रन से पिछड़ने के बाद इंग्लैंड की टीम जीतने में सफल रही।

08:27 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Live: भारतीय टीम पर होगा दबाव

पहले टेस्ट में मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम पर शुक्रवार से विशाखापत्तनम में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में जीत से वापसी करने का दबाव होगा। भारतीय टीम के लिए चुनौती इसलिए भी बड़ी है क्योंकि विराट कोहली पहले ही उपलब्ध नहीं हैं, इसके अलावा लोकेश राहुल और रवींद्र जडेजा जैसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी चोट के कारण इस मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भारतीय टीम को इंग्लैंड की बैजबॉल नीति (आक्रामक शैली) को लेकर भी अलग रणनीति अपनाने की जरूरत है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप ने 196 रन की पारी खेली थी। पोप ने अनऑर्थोडॉक्स शॉट जैसे कि रिवर्स स्वीप, स्कूप शॉट खेलकर भारतीय स्पिनरों की धार कुंद कर दी थी।

08:24 AM, 02-Feb-2024

IND vs ENG Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, पहली पारी में भारत 336/6, यशस्वी 179 रन बनाकर नाबाद

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला है। भारतीय टीम फिलहाल 0-1 से पिछड़ रही है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में भारत सीरीज में वापसी करने की कोशिश करेगा। दूसरा टेस्ट विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है। थोड़ी देर में टॉस होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें