फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: तीसरे दिन का खेल खत्म, दूसरी पारी में इंग्लैंड 67/1, अब भी 332 रन की जरूरत, भारत को नौ विकेट चाहिए

Sun, 04 Feb 2024 04:54 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

खास बातें

Live Cricket Score Today IND vs ENG 2nd Test Day 3: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला विशाखापत्तनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का तीसरा दिन है। भारत ने यशस्वी जायसवाल के दोहरे शतक की मदद से पहली पारी में 396 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 253 रन ही बना पाई और पहली पारी में भारत को 143 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में गिल के शतक के चलते भारत ने 255 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 399 रन का लक्ष्य है।
विज्ञापन
बेन डकेट - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:49 PM, 04-Feb-2024

तीसरे दिन का खेल खत्म

तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। इंग्लिश टीम को जीत के लिए अभी भी 332 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को जीत के लिए नौ विकेट चाहिए। इंग्लैंड को एकमात्र झटका बेन डकेट के रूप में लगा, जिन्हें अश्विन ने विकेटकीपर भरत के हाथों कैच कराया। वह 28 रन बना सके। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक जैक क्राउली 29 रन और रेहान अहमद नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 396 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 253 रन पर समाप्त हो गई थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 255 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड को 399 रन का लक्ष्य मिला है।

04:35 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को 50 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अश्विन ने बेन डकेट को कैच आउट कराया। भरत ने शानदार कैच लपका। फिलहाल जैक क्राउली का साथ निभाने नाइट वाचमैन रेहान अहमद आए हैं।

04:16 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की तेज शुरुआत

इंग्लैंड को जैक क्राउली और बेन डकेट ने तेज शुरुआत दिलाई है। भारत ने 399 रन का लक्ष्य रखा है। जवाब में इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए आठ ओवर में 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्राउली 32 गेंद में 19 रन और बेन डकेट 17 गेंद में 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
03:37 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: दूसरी पारी में भारतीय टीम 255 रन पर सिमटी

दूसरी पारी में भारतीय टीम 255 रन पर सिमट गई है। रेहान अहमद ने अश्विन को आउट कर भारत की पारी खत्म की। अब इंग्लैंड के सामने मैच जीतने के लिए 399 रन का लक्ष्य है। इस पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा 104 रन शुभमन गिल ने बनाए। अक्षर पटेल ने 45 और रविचंद्रन अश्विन ने 29 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए टॉम हार्टले ने चार विकेट लिए। रेहाम अहमद को तीन, जेम्स एंडरसन को दो और शोएब बशीर को एक विकेट मिला।

03:30 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का नौवां विकेट गिरा

255 रन पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। जसप्रीत बुमराह 26 गेंदों का सामना करने के बाद आउट हो गए। वह अपना खाता तक नहीं खोल सके, लेकिन अश्विन के साथ 26 रन की साझेदारी की। अब भारत के पास इंग्लैंड के सामने 400 रन से ज्यादा का लक्ष्य रखने का मौका है।

विज्ञापन
03:28 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का स्कोर 250 रन के पार

आठ विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। अश्विन रन बना रहे हैं, जबकि बुमराह एक छोर पर जमे हुए हैं।

02:43 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का आठवां विकेट गिरा

229 रन पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। कुलदीप यादव अपना खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। टॉम हार्टले ने उन्हें बेन डकेट के हाथों कैच कराया। अब अश्विन के साथ जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।

02:37 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का सातवां विकेट गिरा

चायकाल के बाद खेल शुरू होते ही टीम इंडिया को एक और झटका लगा है। श्रीकर भरत 28 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रेहान अहमद ने उन्हें बेन स्टोक्स के हाथों कैच कराया। अब रविचंद्रन अश्विन के साथ कुलदीप यादव क्रीज पर हैं।

02:17 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: चायकाल तक भारत का स्कोर 227/6

चायकाल तक भारत का स्कोर 227/6 है। टीम इंडिया की कुल बढ़त 370 रन की हो चुकी है। रविचंद्रन अश्विन एक और श्रीकर भरत छह रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम यहां से कम से कम 100 रन और बनाना चाहेगी। अगर इंग्लैंड की टीम को 400 रन से कम का लक्ष्य मिलता है तो बेन स्टोक्स की टीम लक्ष्य हासिल करने की क्षमता रखती है।

01:55 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: अक्षर पटेल अर्धशतक से चूके

220 रन पर भारत का छठा विकेट गिरा है। अक्षर पटेल अपने अर्धशतक से चूक गए हैं। उन्होंने 84 गेंद में 45 रन बनाए। टॉम हार्टले ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब श्रीकर भरत के साथ रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। 60 ओवर के बाद भारत का स्कोर 220/6 है। टीम इंडिया की कुल बढ़त 363 रन की हो चुकी है।

01:43 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: शुभमन गिल शतक लगाकर आउट

211 रन पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। शुभमन गिल 147 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए। शोएब बशीर की गेंद पर बेन फोक्स ने उनका कैच पकड़ा। अक्षर पटेल के साथ श्रीकर भरत क्रीज पर हैं।

01:18 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: शुभमन गिल ने टेस्ट करियर का तीसरा शतक जड़ा

शुभमन गिल ने टेस्ट करियर का तीसरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने 132 गेंदों में अपने 100 रन पूरे किए। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। वह लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और उन्हें टीम से बाहर करने की बातें भी हो रही थीं, लेकिन इस शतक के साथ उन्होंने टीम में अपनी जगह बचाई है और आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है।

01:14 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: गिल-अक्षर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

शुभमन गिल और अक्षर पटेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और टीम इंडिया को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। भारत का स्कोर 174/4 है।

12:39 PM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का स्कोर 150 रन के पार

लंच के बाद भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है। शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, भारत का स्कोर चार विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है।

11:40 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: लंच तक भारत का स्कोर 130/4

तीसरे दिन पहले सत्र का खेल खत्म हो चुका है। भारत का स्कोर 130/4 है। शुभमन गिल 60 और अक्षर पटेल दो रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत की कुल बढ़त 273 रन की हो चुकी है। आज के पहले सत्र में जेम्स एंडरसन ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के विकेट लेकर टीम इंडिया को मुश्किल में डाल दिया। हालांकि, खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला। अय्यर एक बार फिर सेट होकर आउट हुए, लेकिन गिल अभी भी जमे हुए हैं। वहीं, रजत पाटीदार पहली पारी की तरह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हो गए। टॉम हार्टले और रेहान अहमद को एक-एक विकेट मिला है।

11:26 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

122 रन पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। रजत पाटीदार 19 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रेहान अहमद की गेंद पर बेन फोक्स ने उनका कैच पकड़ा। अब शुभमन गिल और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर 130/4 है।

11:25 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का तीसरा विकेट गिरा

111 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर 52 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टॉम हार्टले की गेंद पर बेन स्टोक्स ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अब गिल के साथ रजत पाटीदार क्रीज पर हैं।

11:21 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के बीच बेहतरीन अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं।

10:28 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: भारत का स्कोर 50 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को संभाला है। ये दोनों खिलाड़ी अब तक सीरीज में अच्छा स्कोर नहीं बना पाए हैं, लेकिन इस मैच में बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।

09:46 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: यशस्वी भी एंडरसन का शिकार बने

30 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। जेम्स एंडरसन ने रोहित के बाद यशस्वी जायसवाल को भी आउट कर दिया है। रूट ने पहली स्लिप में यशस्वी का कैच पकड़ा। उन्होंने 27 गेंद में 17 रन बनाए। अब गिल के साथ श्रेयस क्रीज पर हैं। इन दोनों को इस मैच में बड़ी पारी खेलनी होगी। ऐसा नहीं होने पर दोनों बल्लेबाज टीम से बाहर हो सकते हैं।

09:37 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: रोहित शर्मा 13 रन बनाकर एंडरसन का शिकार बने

तीसरे दिन की शुरुआत में ही भारत को पहला झटका लगा है। रोहित शर्मा 21 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जेम्स एंडरसन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब यशस्वी जायसवाल के साथ शुभमन गिल क्रीज पर हैं।

09:31 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: तीसरे दिन का खेल शुरू

तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। दोनों आज बड़ी पारी खेलकर टीम इंडिया को विशाल स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे। पिछले मैच में इंग्लैंड ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी कर मैच पलट दिया था। इस मैच में टीम इंडिया की कोशिश इंग्लैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की होगी।

09:19 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG Live Score: मैच में अब तक क्या हुआ?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत ठीक ठाक रही थी। रोहित ने यशस्वी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। वह 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशस्वी ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।

शुभमन एक बार फिर फ्लॉप रहे और 34 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर कैच आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने श्रेयस ने यशस्वी के साथ 90 रन की साझेदारी निभाई। टेस्ट डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार ने 32 रन की पारी खेली और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। उनकी यशस्वी के साथ 70 रन की साझेदारी हुई। फिर यशस्वी ने अक्षर के साथ 52 रन की साझेदारी की। अक्षर ने 27 रन बनाए।

वहीं, श्रीकर भरत 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पहले दिन का खेल खत्म होने तक यशस्वी 179 रन बनाकर और रविचंद्रन अश्विन पांच रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 336 रन बनाए।

पहले दिन के खेल का पूरा हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें

दूसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद अश्विन जल्द ही पवेलियन लौट गए, लेकिन यशस्वी अपना दोहरा शतक पूरा करने के बाद आउट हुए। उन्होंने 290 गेंद में 209 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके और सात छक्के लगाए। भारत ने पहली पारी में 396 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज 40 रन का आंकड़ा नहीं पार कर सका। 34 रन बनाने वाले शुभमन गिल टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन, शोएब बशीर और रेहान अहमद ने तीन-तीन विकेट लिए। पहले मैच के हीरो टॉम हार्टले को एक विकेट मिला।

इंग्लैंड ने भारत के 396 रनों के जवाब में अच्छी शुरुआत की और बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बना लिए। बेन डकेट 17 गेंद में चार चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन क्राउली ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने मजह 52 गेंदों ंमें अपना अर्धशतक पूरा कर इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 100 रन के पार पहुंचा दिया। वह 76 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नियमित अंतराल पर जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड को झटके दिए। 

इंग्लैंड की पहली पारी 253 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही भारतीय टीम ने 143 रन की बढ़त ली। जसप्रीत बुमराह इस मैच में छह विकेट लिए। उनके अलावा कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। अक्षर पटेल को एक विकेट मिला। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 76 रन जैक क्राउली ने बनाए। उनके अलावा इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। 47 रन बनाने वाले बेन स्टोक्स टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 28/0 था। रोहित-यशस्वी क्रीज पर थे।

दूसरे दिन के खेल का पूरा हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें

08:44 AM, 04-Feb-2024

IND vs ENG: तीसरे दिन का खेल खत्म, दूसरी पारी में इंग्लैंड 67/1, अब भी 332 रन की जरूरत, भारत को नौ विकेट चाहिए

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले का आज तीसरा दिन है। पांच मैच की सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 0-1 से पिछड़ रही है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में भारत सीरीज में वापसी करने की कोशिश करेगा। दूसरा टेस्ट विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में भारत का स्कोर 28/0 है। भारत की कुल बढ़त 170 रन से ज्यादा की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें