फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, भारत का पहली पारी में स्कोर 119/1, इंग्लैंड ने बनाए 246 रन

Thu, 25 Jan 2024 05:11 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

IND vs ENG Test 2024 Day-1 Highlights: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत गुरुवार से हो गई है। पहला टेस्ट आज से हैदराबाद में खेला जा रहा है। विराट कोहली शुरुआती दो टेस्ट से बाहर हो गए हैं। निजी कारणों से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। साथ ही कोच द्रविड़ ने केएल राहुल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। ऐसे में केएस भरत को बतौर विशेषज्ञ विकेटकीपर प्लेइंग-11 में मौका दिया गया है। ध्रुव जुरेल को डेब्यू के लिए इंतजार करना होगा। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। 
विज्ञापन
यशस्वी जायसवाल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:45 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: पहले दिन का खेल खत्म

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला हैदराबाद में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल होने तक टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 119 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 70 गेंद में 76 रन और शुभमन गिल 43 गेंद में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी हो चुकी है।

सबसे अहम बात तो यह है कि भारत ने अभी तक अपनी पहली पारी में 23 ओवर ही बल्लेबाजी की है और एक विकेट गंवाया है। अभी भी उसके तीनों रिव्यू बाकी हैं, लेकिन इंग्लैंड अभी ही अपने तीनों रिव्यू गंवा चुकी है। उसके पास अब इस पारी में अंपायर को चुनौती देने के लिए कोई रिव्यू नहीं बचा है। पहले दिन 11 विकेट गिरे और 365 रन बने। इंग्लैंड की पहली पारी 246 रन पर समाप्त हुई थी। भारत अभी भी इस स्कोर से 127 रन पीछे है। मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

04:05 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: रोहित शर्मा आउट

भारत को 80 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा बड़े शॉट के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें जैक लीच ने स्टोक्स के हाथों कैच कराया। वह 27 गेंद में 24 रन बना सके। यशस्वी जायसवाल ने तूफानी बल्लेबाजी की। वह अर्धशतक लगाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ निभाने शुभमन गिल आए हैं। 

03:59 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी का अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने 47 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। यशस्वी तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अब तक अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के जड़ चुके हैं। रोहित उनका बखूबी साथ निभा रहे हैं। वह 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर 12 ओवर में बिना विकेट गंवाए 80 रन है। यशस्वी 52 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
03:45 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: भारत खेल रहा बैजबॉल क्रिकेट

इंग्लैंड ने पिछले कुछ समय में नई शैली की क्रिकेट खेली है। टेस्ट में इसे बैजबॉल क्रिकेट कहा गया, जो कि इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट कप्तान ब्रैंडन मैकुलम के नाम पर है। दरअसल, मैकुलम का निकनेम बैज है। तो उनके और स्टोक्स के कप्तान बनने के बाद इंग्लैंड ने आक्रामक बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी, जिसे बैजबॉल कहा गया। अब इंग्लैंड नहीं बल्कि भारत हैदराबाद टेस्ट में उस तरह की बल्लेबाजी करता दिखा रहा है। नौ ओवर में टीम इंडिया ने 63 रन बना लिए हैं। सात के रन रेट से टीम इंडिया स्कोर कर रही है। यशस्वी 39 गेंद में 41 रन और रोहित शर्मा 15 गेंद में 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

03:29 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: भारत की तेज शुरुआत

भारत ने चार ओवर में 35 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 21 गेंद में 27 रन और रोहित शर्मा तीन गेंद में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

विज्ञापन
03:11 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: यशस्वी-रोहित क्रीज पर

यशस्वी ने भारत की पहली पारी की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। उन्होंने मार्क वुड की गेंद पर स्क्वायर लेग में चौका जड़ा। यशस्वी के साथ फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।

02:59 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी 246 रन पर खत्म

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की पहली पारी पहले दिन ही 246 रन पर खत्म हो गई। बेन स्टोक्स ने कप्तानी पारी खेली और 70 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से अश्विन और जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। 

इंग्लैंड की पहली पारी
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही थी। जैक क्राउली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। एक वक्त 12वें ओवर में स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 55 रन था, इसके बाद 16वें ओवर में टीम ने तीन रन बनाने में तीन विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड का स्कोर 58 रन पर तीन विकेट हो गया। डकेट 35 रन और ओली पोप एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, क्राउली 20 रन बना सके। डकेट और क्राउली को अश्विन ने पवेलियन भेजा। वहीं, पोप को जडेजा ने आउट किया।

लंच तक इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 108 रन था। लंच के ठीक बाद बेयरस्टो और रूट आउट हो गए। अक्षर ने बेयरस्टो को क्लीन बोल्ड किया। वह 37 रन बना सके। वहीं, जडेजा ने जो रूट को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंद में 29 रन बना सके। बेन फोक्स चार रन बनाकर अक्षर का दूसरा शिकार बने। वहीं, बुमराह ने भी विकेट का खाता खोलते हुए रेहान अहमद को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया।

इंग्लैंड को आठवां झटका जडेजा ने दिया। उन्होंने टॉम हार्टले को क्लीन बोल्ड किया। वहीं, अश्विन ने मार्क वुड और बुमराह ने स्टोक्स को क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी 246 रन पर समेट दी। आउट होने से पहले स्टोक्स ने 88 गेंद पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 70 रन बनाए। अश्विन और जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि बुमराह और अक्षर को दो-दो विकेट मिले।

02:45 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को नौवां झटका

234 के स्कोर पर इंग्लैंड को नौवां झटका लगा। अश्विन ने मार्क वुड को क्लीन बोल्ड किया। वुड 11 रन बना सके। बोल्ड से पहले वाली गेंद पर भारत ने अपना तीसरा रिव्यू गंवाया था। हालांकि, अश्विन ने इसकी भरपाई कर दी। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स 58 रन बनाकर और जैक लीच खाता खोले बिना क्रीज पर हैं।

02:38 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: स्टोक्स का अर्धशतक

बेन स्टोक्स ने रवींद्र जडेजा की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। वह आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और बाउंड्रीज में ही डील कर रहे हैं। 

02:15 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: चायकाल

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन का दूसरा सत्र भी खत्म हो चुका है। चायकाल तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट गंवाकर 215 रन बना लिए हैं। कप्तान बेन स्टोक्स एक छोर पर जमे हुए हैं। वह 66 गेंद में पांच चौके की मदद से 43 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, मार्क वुड दूसरे छोर पर मौजूद हैं। इंग्लैंड ने पहले सत्र में 108 रन बनाए थे और तीन विकेट गंवाए थे। वहीं, दूसरे सत्र में टीम ने 107 रन बनाए और पांच विकेट गंवाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने अब तक सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए हैं, जबकि अश्विन और अक्षर को दो-दो विकेट मिले। बुमराह ने एक विकेट लिया।

01:58 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को आठवां झटका

193 के स्कोर पर इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। जडेजा ने टॉम हार्टले को क्लीन बोल्ड किया। वह 23 रन बना सके। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स और मार्क वुड क्रीज पर हैं। जडेजा को मिली यह तीसरी सफलता रही। इसके अलावा अश्विन और अक्षर ने दो-दो विकेट लिए हैं।

01:30 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को सातवां झटका

155 के स्कोर पर इंग्लैंड को सातवां झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने भी विकेट का खाता खोलते हुए रेहान अहमद को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया। फिलहाल टॉम हार्टले और कप्तान बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। 

01:04 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: अक्षर को दूसरी सफलता

137 के स्कोर पर इंग्लैंड को छठा झटका लगा। अक्षर पटेल ने बेन फोक्स को विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सके। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स और रेहान अहमद क्रीज पर हैं।

12:41 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: जडेजा ने रूट को आउट किया

125 के स्कोर पर इंग्लैंड को पांचवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने जो रूट को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंद में 29 रन बना सके। फिलहाल बेन स्टोक्स और बेन फोक्स क्रीज पर हैं। इससे पहले अक्षर पटेल ने जॉनी बेयरस्टो को क्लीन बोल्ड किया था।

12:31 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: बेयरस्टो पवेलियन लौटे

121 के स्कोर पर इंग्लैंड को चौथा झटका लगा। अक्षर पटेल ने जॉनी बेयरस्टो को क्लीन बोल्ड किया। वह 58 गेंद में 37 रन बना सके। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स और जो रूट क्रीज पर हैं। 

12:16 PM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: लंच के बाद का खेल शुरू

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। जो रूट और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 

11:34 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: लंच

लंच ब्रेक तक इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही थी। जैक क्राउली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। एक वक्त 12वें ओवर में स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 55 रन था, इसके बाद 16वें ओवर में टीम ने तीन रन बनाने में तीन विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड का स्कोर 58 रन पर तीन विकेट हो गया। डकेट 35 रन और ओली पोप एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, क्राउली 20 रन बना सके। डकेट और क्राउली को अश्विन ने पवेलियन भेजा। वहीं, पोप को जडेजा ने आउट किया। फिलहाल जो रूट 18 रन और जॉनी बेयरस्टो 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 48 रन की साझेदारी हो चुकी है।

11:12 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड का स्कोर 80 रन के पार

इंग्लैंड ने 21 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। एक वक्त टीम बिना किसी विकेट के 55 रन पर थी और चार ओवर के अंदर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। जैक क्राउली, बेन डकेट और ओली पोप पवेलियन लौट चुके हैं। अश्विन को दो और जडेजा को एक विकेट मिला है। फिलहाल जो रूट और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं।

10:47 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: चार ओवर में इंग्लैंड को तीन झटके

12वें ओवर में एक वक्त इंग्लैंड का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 55 रन था। अब 16 ओवर तक इंग्लिश टीम ने 58 रन बनाकर तीन विकेट गंवा दिए हैं। चार ओवर के अंदर पासा पलट गया है। अश्विन और जडेजा की स्पिन जोड़ी कहर बरपा रही है। बेन डकेट (35) और जैक क्राउली (20) को अश्विन ने पवेलियन भेजा। वहीं, ओली पोप को रवींद्र जडेजदा ने आउट किया। फिलहाल जो रूट और जॉनी बेयरस्टो मैदान पर हैं। 

10:37 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को दूसरा झटका

भारतीय स्पिनर्स ने पासा पलट दिया है। पिछले 15 मिनट में इंग्लैंड की टीम ने दो विकेट गंवा दिए हैं। 55 पर एक भी विकेट नहीं गिरा था और अब 58 पर दो विकेट हैं। फिलहाल जो रूट और जैक क्राउली क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा ने उपकप्तान ओली पोप को रोहित के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। इससे पहले अश्विन ने बेन डकेट को पवेलियन भेजा था।

10:24 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: डकेट के रूप में इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को 12वें ओवर में 55 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अश्विन ने बेन डकेट को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 39 गेंद में सात चौके की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल जैक क्राउली और उपकप्तान ओली पोप क्रीज पर हैं। 

10:16 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: दोनों छोर से स्पिनर्स

इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। दोनों ने 11 ओवर में 53 रन जोड़ लिए हैं। बेन डकेट 36 गेंद में 34 रन और क्राउली 31 गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसी को देखते हुए कप्तान रोहित ने दोनों छोर से स्पिनर्स लगा दिए हैं। एक छोर से रवींद्र जडेजा और दूसरे छोर से अश्विन गेंदबाजी कर रहे हैं।

09:49 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी

इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। दोनों ने चार ओवर में 25 रन बना लिए हैं। सिराज और बुमराह अभी तक साधारण दिखे हैं। 

09:31 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: क्राउली और डकेट क्रीज पर

इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर हैं। वहीं, भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।

09:02 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोकस (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जैक लीच।

09:01 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने जीता टॉस

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। स्टोक्स ने पहले ही प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी है। टीम तीन स्पिनर के साथ मैदान पर उतरी है। वहीं, भारतीय टीम तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाज की रणनीति से मैदान पर उतरी है। कुलदीप नहीं खेल रहे। अक्षर, अश्विन और जडेजा तीन स्पिनर होंगे। वहीं, बुमराह और सिराज दो तेज गेंदबाज होंगे।

08:49 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने घोषित की अंतिम एकादश

यह साफ हो गया है कि आकर्षण का केंद्र बिंदु स्पिन गेंदबाजी होगी। कप्तान रोहित शर्मा ने भी बुधवार को माना कि पिच से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलेगी। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा स्पिनर और धारदार होते जाएंगे। वहीं एंडरसन, वुड जैसे तेज गेंदबाजों के भरोसे रहने वाली इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा करते हुए जैक लीच, टॉम हार्टले और लेग स्पिनर रेहान अहमद के रूप में तीन स्पिन गेंदबाजों को जगह दी है। मार्क वुड टीम के एकमात्र तेज गेंदबाज होंगे। एंडरसन टीम में जगह नहीं बना पाए हैं।

08:49 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड का भारत में रिकॉर्ड

रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की अगुवाई में भारतीय पिचों पर स्पिन गेंदबाजी के आगे उन्हें अब तक के सबसे बड़े टेस्ट से गुजरना होगा। अश्विन 500 टेस्ट विकेट से 10 कदम दूर खड़े हैं, वह सीरीज के पांच टेस्ट खेलते हैं तो 100 टेस्ट पूरे कर लेंगे। हैदराबाद में गुरुवार से इंग्लैंड के बैजबॉल और भारत के स्पिनबॉल (स्पिन गेंदबाजी) के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरू होगी। पहल टेस्ट में दोनों टीमें तीन-तीन स्पिनरों के साथ उतरेंगी। 2012 में भारतीय धरती पर सीरीज जीतने के बाद इंग्लैंड ने भारत में नौ टेस्ट खेले हैं, जिसमें सात में उसे हार मिली है, एक जीता और एक ड्रॉ रहा है।

08:48 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: 12 साल पहले इंग्लैंड से हारा था भारत

भारत को टेस्ट क्रिकेट में उसके घर में अंतिम बार 12 साल पहले इंग्लैंड ने 2-1 से हराया था। 2012 में मिली इस हार के बाद कोई भी टीम अब तक भारत को उसकी धरती पर नहीं हरा पाई है। इस बीच भारत ने घर में 16 टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें भी सात में उसने क्लीन स्वीप किया है। वहीं इंग्लैंड एक बार फिर भारतीय टीम को उसी की मांद में चुनौती देने के लिए उतरी है। बेन स्टोक्स की टीम ने 12 साल पहले एलियस्टर कुक की कप्तानी में मिली सफलता को दोहराने के लिए बैजबॉल (आक्रामक क्रिकेट) की रणनीति को चुना है। बैजबॉल के जरिए उसने दुनिया भर में सफलता अर्जित की है, लेकिन भारत में यह उसके लिए आसान नहीं होगा।

08:45 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की प्लेइंग-11

इंग्लैंड की बात करें तो बेन स्टोक्स की अगुआई वाली टीम की प्लेइंग 11 का एलान हो चुका है। जैक क्राउली और बेन डकेट की आक्रामक जोड़ी पारी की शुरुआत करेगी। तीसरे नंबर पर ओली पोप और चौथे नंबर पर जो रूट टीम को स्थायित्व प्रदान करेंगे। पांचवें नंबर पर जॉनी बेयरस्टो और छठे नंबर पर बेन स्टोक्स पलटवार कर तेजी से रन बनाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद बेन फोकस भी टीम के जरूरत के हिसाब से आक्रामक बल्लेबाजी और विकेट बचाकर खेलने में सक्षम हैं। इसके बाद रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड और जैक लीच गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग 11 में तीन स्पिन गेंदबाजों को मौका दिया है। मार्क वुड टीम में एकमात्र तेज गेंदबाज हैं। हालांकि, बेन स्टोक्स भी जरूरत पड़ने पर तेज गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। हालांकि, सर्जरी के बाद वह गेंदबाजी के लिए फिट हैं या नहीं यह देखने वाली बात होगी।

इंग्लैंड प्लेइंग 11: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोकस (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जैक लीच।

08:44 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: अक्षर या कुलदीप खेलेंगे?

सातवें, आठवें और नौवें नंबर पर स्पिन गेंदबाजों का खेलना तय है। रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की जगह टीम में पक्की है। तीसरे स्पिनर के रूप में अक्षर पटेल का खेलना भी लगभग तय है। हालांकि, उनकी जगह कुलदीप को भी मौका दिया जा सकता है। तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का खेलना तय है।

08:43 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: जुरेल या भरत खेलेंगे?

रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर पर शुभमन गिल की जगह पक्की है। चौथे नंबर पर विराट की जगह रजत पाटीदार को मौका मिल सकता है। इसके अलावा श्रेयस अय्यर भी इस क्रम पर खेल सकते हैं। अगर श्रेयस चौथे नंबर पर खेलते हैं तो लोकेश राहुल पांचवें नंबर पर खेलेंगे और छठे नंबर पर ध्रुव जुरेल या श्रीकर भरत को मौका मिल सकता है।

08:42 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने एक दिन पहले प्लेइंग-11 की घोषणा की

इंग्लैंड ने अपना आक्रामक रवैया जारी रखते हुए मैच से एक दिन पहले ही प्लेइंग 11 का एलान कर दिया है। वहीं, भारतीय टीम ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे छोटा टेस्ट मैच खेलने वाली टीम इंडिया में कई बदलाव होने तय हैं। भारतीय पिचों को ध्यान में रखते हुए चार तेज गेंदबाजों की बजाय दो तेज गेंदबाज टीम का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं, विराट कोहली इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में बल्लेबाजी में भी बदलाव होना तय है।

08:41 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Live: बैजबॉल की होगी असली परीक्षा

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज गुरुवार (25 जनवरी) से शुरू हो रही है। पहला टेस्ट हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज में इंग्लैंड के बैजबॉल वाले रवैये की असली परीछा होनी है। बेन स्टोक्स की अगुआई और ब्रेंडन मैक्कुलम की देखरेख में इंग्लैंड की टीम टेस्ट में बेहद आक्रामक रवैये के साथ खेल रही है और बहुत हद तक सफल भी रही है। वहीं, भारतीय टीम अपने घर में पिछले एक दशक में इंग्लैंड से सिर्फ एक मैच हारी है। ऐसे में भारतीय पिचों पर इंग्लैंड के नए बैजबॉल रवैये की कड़ी परीक्षा होनी है। 

08:30 AM, 25-Jan-2024

IND vs ENG Highlights: पहले दिन का खेल खत्म, भारत का पहली पारी में स्कोर 119/1, इंग्लैंड ने बनाए 246 रन

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट आज से हैदराबाद में खेला जा रहा है। विराट कोहली शुरुआती दो टेस्ट से बाहर हो गए हैं। निजी कारणों से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। साथ ही कोच द्रविड़ ने केएल राहुल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। ऐसे में केएस भरत या ध्रुव जुरेल में से किसे खेलने का मौका मिलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें